वाराणसी पुलिस ने की शांति की अपील, 10 मुकदमों के 73 आरोपी गिरफ्तार, 6000 की कर रहे तस्दीक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर तरह-तरह की अफवाहों के बीच वाराणसी पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी के उकसावे में ना आएं। खासतौर से कम उम्र के बच्चों के अभिभावक ध्यान दें। इससे जिले का सौहार्दपूर्ण वातावरण और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
पुलिस ने कहा है कि कुछ लोग योजनाबद्ध तरीके से कम उम्र के बच्चों को भड़काऊ भाषण एवं सोशल मीडिया के माध्यम से उग्र कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पुलिस चिह्नित कर रही है। इनमें से कुछ को पहचान लिया गया है, और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने रविवार को बताया कि अब तक जिले में 10 मुकदमें पंजीकृत कर 91 नामजद आरोपियों में से 73 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। 6000 अज्ञात लोगों की फोटो-वीडियो और सीसी कैमरे की फुटेज से शिनाख्त कराई जा रही है।
शिनाख्त होने के बाद उनको गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी ने कहा कि जिले के लोगों से यह भी अपील है कि किसी भी तरह की भड़काऊ बातें, फोटो-वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से या पंफलेट के माध्यम से प्रचारित प्रसारित न करें। ऐसे लोगों की वाराणसी पुलिस की सोशल मीडिया सेल द्वारा कड़ी निगरानी की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वाराणसी पुलिस की यह भी अपील है कि किसी भी तरह से कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली बात जिले में कहीं पर भी हो तो तत्काल मोबाइल नंबर 7839857011 पर सूचना दें। सूचना देने वाले के नाम और पते की गोपनीयता बरकरार रखी जाएगी।