वाराणसी: 3 साल तक नाबालिग के साथ शोषण, शादी होने के बाद पति-परिजनों को दे रहा था धमकी; 60 साल का आरोपी अरेस्ट
वाराणसी के जैतपुरा क्षेत्र में मदद करने के बहाने 60 वर्षीय व्यक्ति पर नाबालिग का तीन साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है। एक माह पहले पीड़िता की शादी होने के बाद आरोपी उसके पति और परिजनों को धमकाने लगा। शिकायत पर जैतपुरा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
विस्तार
जैतपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक विवाहिता ने बार-बार जबरन शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस मामले में जैतपुरा पुलिस ने 60 वर्षीय आरोपी मो. जमाल अंसारी को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि जमाल ने मदद करने के बहाने पीड़िता से संपर्क किया और करीब तीन साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा। उस समय पीड़िता नाबालिग थी। करीब एक माह पहले उसकी शादी होने के बाद भी आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। वह पीड़िता पर मिलने का दबाव बनाने के साथ उसके पति और परिवार के लोगों को भी प्रताड़ित करने लगा।
पुलिस ने की कार्रवाई
एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, काजी सादुल्लापुरा (बड़ी बाजार) निवासी मो. जमाल अंसारी पीड़िता से जुड़े एक प्रकरण में मदद करने के बहाने उसके संपर्क में आया था। इसके बाद उसका पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हो गया। इसी दौरान उसने पीड़िता का शोषण करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि वह करीब तीन वर्षों तक उसे डराकर और धमकाकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। पीड़िता की शादी करीब एक माह पहले हो गई। इसके बाद भी जमाल अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और उस पर मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा।
पीड़िता के पति और घरवालों को भी प्रताड़ित करने का आरोप है। इस मामले में पीड़िता ने 10 नवंबर को जमाल के खिलाफ जैतपुरा थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बुधवार को मुखबिर की सूचना पर सरैया स्थित वरुणा कॉरिडोर के पास से आरोपी जमाल अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का करीबी होने का उठाता था फायदा
आरोप है कि जमाल अंसारी जैतपुरा थाने पर पूर्व में तैनात रहे कुछ पुलिसकर्मियों का करीबी था और अक्सर थाने आता-जाता था। इसी कथित पहचान और पहुंच का फायदा उठाकर वह पीड़िता को डराता-धमकाता था। हालांकि मौजूद समय में उन पुलिसकर्मियों का तबादला हो चुका है। जमाल की गिरफ्तारी के बाद जैतपुरा थाने पर उसे छुड़ाने के लिए पैरवीकारों की भीड़ लगी हुई थी।