वाराणसी में बढ़ता कोरोना संक्रमण: शासन के आदेश के बाद बदला नाइट कर्फ्यू का समय, जानें कब से कब तक रहेगा प्रतिेबंध
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश सरकार ने वाराणसी सहित 10 जिलों में रात्रि कर्फ्यू की अवधि बढ़ा दी है। अब रात 08 बजे से सुबह 07 बजे तक कोरोना कर्फ्यू प्रभावी किया जाएगा। इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कराने का निर्देश दिया गया है।
इस आदेश को गुरुवार रात से ही लागू किया जा रहा है। वाराणसी के अलावा लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर नगर, गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, गोरखपुर सहित 2000 से अधिक एक्टिव केस वाले सभी 10 जनपदों में यह आदेश लागू किया गया है।
जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि कोविड संक्रमण से बचाव के लिए कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालयों में 15 मई तक पठन-पाठन स्थगित रखा जाए। इस अवधि में कोई परीक्षा भी न आयोजित हो। माध्यमिक शिक्षा परिषद की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 20 मई के बाद आयोजित की जाएं। नई समय-सारिणी के लिए मई के पहले सप्ताह में विचार हो।
पंचायत चुनावों में संलग्न कार्मिकों की सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से अनुपालन हो। मतदान कर्मियों के लिए मास्क, ग्लब्स, सैनिटाइजेशन आदि की पर्याप्त व्यवस्था की जानी चाहिए।
वाराणसी में हर दिन टूट रहा कोरोना रिकॉर्ड
वाराणसी में कोरोना मरीजों के मिलने का आंकड़ा अब धीरे-धीरे बेकाबू होता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, गुरुवार को सुबह ही अलग-अलग जगहों से कुल 1192 नए मरीज मिले हैं। जिस तरह से मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, उसको लेकर अब स्वास्थ्य के साथ ही जिला प्रशासन की भी चिंता बढ़ रही है।
हालत यह है कि जो भी कोविड अस्पताल बनाए गए हैं, वहां भी बेड भरते जा रहे हैं। सुबह मिली 2945 की रिपोर्ट में 1192 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आज कोरोना मरीजों के अब तक एक दिन में सर्वाधिक 1520 का रिकॉर्ड भी टूट सकता है। अब नए मरीजों की संख्या भी बढ़कर 35140 हो गई है। जबकि 23761 के डिस्चार्ज, 411 की मौत होने के बाद अभी भी 10968 मरीज एक्टिव हैं।