Varanasi News Today: पेड़ से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत, आत्महत्या को उकसाने में FIR; पढ़ें खबरें
Varanasi News: वाराणसी में पेड़ से टकराकर बाइक सवार युवक ने दम तोड़ दिया। फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं, गंगा में कूदकर जान देने वाले कारोबारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: फूलपुर थाना क्षेत्र के सुरही अंडरपास के पास हाईवे किनारे पेड़ से टकराकर बृहस्पतिवार देर रात बाइक सवार सुनील राजभर (35) की मौत हो गई। जगदीशपुर निवासी सुनील बृहस्पतिवार रात शादी में शामिल होने के बाद जौनपुर की तरफ हाईवे से रहे थे। हेलमेट नहीं पहनने के कारण सिर में गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही सुनील की मौत हो गई। सड़क के किनारे गड्ढे में शव व बाइक होने की पुलिस ने जानकारी दी। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में ही सुनील की मौत की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दो बाइक की टक्कर में दो लोग घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के बेला कटहलगंज मार्ग पर शुक्रवार को दो बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। नियार गांव का एजाज अंसारी अपनी बाइक से शहर से घर लौट रहे थे। टेकारी के पास बाबतपुर नियार निवासी सियाराम यादव बाइक से घर लौट रहे थे। दोनों टकरा गए। एजाज ने हेलमेट लगा रखा था, जो टूट कर बिखर गया। एजाज को बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
आत्महत्या को उकसाने में व्यापारी समेत अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज
गंगा में कूदकर जान देने वाले कारोबारी सुरेश केशरी को आत्महत्या के लिए उकसाने, ठगी समेत अन्य आरोपों में शुक्रवार को अभिषेक बेरी व अज्ञात के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।बड़ादेव निवासी सुरेंद्र के बेटे हिमांशु केशरी ने पुलिस को बताया कि आरोपी अभिषेक बेरी ने पिता सुरेन्द्र केशरी का एक करोड़ रुपये हड़प लिया। जीवन भर की कमाई के बचत व मार्केट व बैंक से उधार, आभूषण गिरवी रखकर पिता ने एक करोड़ रुपये व्यापार के नाम पर अभिषेक को उधार दिए। पिता के बार बार मांगने पर भी अभिषेक बेरी ने रुपये वापस नहीं किए।
इसके विपरित अभिषेक ने पिता को तंग व प्रताड़ित किया और साथ ही साथ मार्केट के अन्य लोगों ने भी पिता से कर्ज मांगना शुरू कर दिया। अभिषेक बेरी व अन्य व्यक्तियों की प्रताड़ना से परेशान होकर पिता ने दो दिसंबर की दोपहर अपराह्न तीन बजे दशाश्वमेध घाट पर गंगा में कूद कर जान दे दी। पिता के आत्महत्या का जिम्मेदार अभिषेक बेरी है। दशाश्वमेध थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ट्रैक्टर से कुचलने के आरोप में गिरफ्तार
ट्रैक्टर से कुचलकर महिला कलावती देवी की मौत मामले में आरोपी ट्रैक्टर चालक प्रदुम्न चौबे को सिंधोरा पुलिस ने शुक्रवार को रूपचंदपुर से गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि विरेंद्र कुमार चौबे ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 24 नवंबर की रात 10 बजे प्रदुम्न चौबे और प्रदीप चौबे ट्रैक्टर लेकर उनके घर पर पहुंचे। साथ ही गालीगलौज, मारपीट व जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपियों ने ट्रैक्टर को तेज गति से घर के बाहर घुमाना शुरू किया। इसी दौरान भाभी कलावती देवी को ट्रैक्टर से कुचल दिया। अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
बांग्लादेशी व रोहिंग्या का सत्यापन शुरू
अवैध रूप रहने वाले बांग्लादेशी और रोहिंग्या का डीसीपी वरुणा जोन की ओर से सत्यापन कराया जा रहा है। शुक्रवार को कैंट व मंडुवाडीह में 17 लोगों का सत्यापन हुआ। कैंट व मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में चिह्नित 78 लोगों के सत्यापन के लिए 5 विशेष टीमें गठित की गईं। सात दिन तक अभियान चलेगा।
महिला दर्शनार्थी की सोने की चेन छीनकर भागे
दशाश्वमेध घाट पर नंदी सर्किल के पास शुक्रवार सुबह दर्शनार्थी हैदराबाद निवासी माधवी के गले से सोने की चेन छीनकर दो युवक भाग निकले। पीड़िता ने दशावमेध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
पुलिसकर्मी के बंद मकान में चोरी
मां गायत्री धाम कॉलोनी फेज 1 निवासी पुलिसकर्मी राकेश यादव के बंद मकान को चोरों ने खंगाल दिया। शुक्रवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। राकेश यादव ने पुलिस को बताया कि 1 दिसंबर की शाम 4.30 बजे पैतृक आवास फूलपुर गए थे। 4 दिसंबर की शाम 6 बजे घर पहुंचा तो मकान के मेन गेट की कुंडी टूटी हुई थी और कमरे में आलमारी से आभूषण समेत अन्य सामान चोरी थे। 3 लाख का सामान चोर ले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
दवा लेने घर से निकले भाई और बहन लापता
आदमपुर थाना क्षेत्र के अंसाराबाद की किशोरी और उसका 10 साल का भाई लापता है। मां ने शुक्रवार को आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सोमवार सुबह उनकी बेटी छोटे भाई के साथ घर से दवा लेने निकली थी, इसके बाद दोनों घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर खोजबीन कराई जा रही है।
मनबढ़ों ने बुनकर को पीटा, प्राथमिकी दर्ज
आदमपुर थाना क्षेत्र के तेलियाना में मनबढ़ों ने बुनकर मो. सरफराज की पिटाई कर दी। शुक्रवार को पीड़ित ने प्राथमिकी दर्ज कराई। दुल्लीगढ़ही निवासी मो. सरफराज ने पुलिस को बताया कि बेचू और उसके साथियों ने बिना किसी कारण हमला कर दिया। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि बेचू और अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पहड़िया में मंदिर से दानपेटी चोरी
जैतपुरा थाना क्षेत्र के पहाड़िया पोखरा के त्रिदेव मंदिर से दान पेटी चोरी हो गई। पुजारी भोला प्रसाद ने शुक्रवार को जैतपुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। भोला ने पुलिस को बताया कि 2 दिसंबर की अपराह्न 3 बजे मंदिर पहुंचे तो देखा कि दानपेटी का ताला टूटा हुआ था और पैसे गायब थे। थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मारपीट के बाद नमो घाट पर तनाव बरकरार
नमो घाट पर नाविकों के दो गुटों के बीच मारपीट की घटना के बाद शुक्रवार को भी स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। घाट पर बने नमस्ते हैंड के नीचे नाव लगाने को लेकर नाविकों के बीच कहासुनी और टकराव की स्थिति बनी रही। कई बार पर्यटकों से अभद्रता और मारपीट की जाती है। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि नमो घाट पर विवाद को देख जल्द ही घाट पर नाव संचालन, किराया निर्धारण और अनुशासन को लेकर मल्लाहों के साथ बैठक की जाएगी।
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म के आरोपी मानतेश विश्वकर्मा उर्फ गोलू को चेतगंज पुलिस ने शुक्रवार को पानदरीबा से 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया। डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल ने बताया कि पीड़िता ने बृहस्पतिवार शाम प्राथमिकी दर्ज कराई कि मानतेश पिछले आठ साल से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म कर रहा था। मूलरूप से वह विशेश्वरगंज के नवापुरा का रहने वाला है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया। चेतगंज पुलिस ने विवेचना पूरी कर 24 घंटे में आरोपपत्र भी कोर्ट में दाखिल कर दिया।
हाइवे के तीन कट को पुलिस ने कराया बंद
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में हाइवे किनारे तीन अवैध कट को पुलिस ने शुक्रवार को बंद कराया। डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। हाईवे किनारे पेट्रोल पंप जाने वाले प्वाइंट पर अवैध कट को पीएसी के साथ पुलिस ने बंद करवाया और चेतावनी दी कि कट खोलने वालों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि ढाबों व होटल व पेट्रोल पंप के सामने अनावश्यक कट को बंद कराया गया। अन्य कट को भी चिन्हित किया गया है, जिसे जल्द ही बंद कराया जाएगा।
एकीकृत मंडलीय कार्यालय में शिफ्ट होने वाले तीन विभागों की जमीन होगी नीलाम
वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने शुक्रवार को एकीकृत मंडलीय कार्यालय भवन में शिफ्ट होने वाले 11 विभागों का निरीक्षण किया। इन 11 विभागों में से तीन विभाग बचत, उद्यान एवं कृषि की जमीनों का तत्काल प्रभाव से नीलामी करने के निर्देश दिए। शेष विभागों को शिफ्ट करने के बाद नीलामी प्रक्रिया शुरू होगी।
इन स्थलों से संबंधित भूमि वीडीए की ओर से लेने का प्रस्ताव है। इसका क्षेत्रफल करीब 35 हजार वर्ग मीटर है। इनमें उद्यान विभाग, संयुक्त कृषि निदेशक, आबकारी विभाग, व्यवसायिक शिक्षा, पीडब्ल्यूडी, एलटी कॉलेज, बीएसए कार्यालय, उद्योग विभाग, श्रमायुक्त कार्यालय, बचत कार्यालय, जल निगम (ग्रामीण) विभाग शामिल हैं।
बता दें कि शासन के निर्देश पर प्रस्तावित एकीकृत मंडलीय कार्यालय भवन में जिले के विभिन्न मंडलीय कार्यालयों को एक ही भवन में स्थापित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा, तहसीलदार सुनील कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक सत्तार अली अंसारी, सलाहकार प्रभाकर पांडेय मौजूद रहे।
अवैध प्लॉटिंग करने वालों की तैयार हो रही कुंडली
वीडीए की अनुमति के बिना अवैध प्लॉटिंग करने वालों की कुंडली तैयार की जा रही है। कई कॉलोनाइजर्स पर कार्रवाई की जाएगी। वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने बताया कि बगैर लेआउट स्वीकृत कराए प्लॉटिंग करने वालों पर कार्रवाई होगी। अवैध प्लॉटिंग में कॉलोनाइजर्स की ओर से मास्टर प्लान में उल्लिखित भू-प्रयोग व न्यूनतम आकार का उल्लंघन कर बुनियादी अवस्थापना सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया जाता है। सीवर, पेयजल, सड़क, बिजली, पार्क और हरित क्षेत्र को विकसित किए बिना अनियमित नियोजन और विकास किया जाता है। अवैध प्लॉटिंग से कृषि भूमि और प्राकृतिक आवासों को क्षति पहुंचती है।
वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप नहीं लगाने पर 10 हजार का जुर्माना
ठंड में कोहरे को देख संभागीय परिवहन अधिकारियों ने शुक्रवार को ऑटो, ट्रक व बस यूनियन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। एआरटीओ प्रशासन मनोज वर्मा ने बताया कि परिवहन श्रेणी के वाहनों पर मानक व निर्देशों के अनुरूप टेप लगाना अनिवार्य है। नियम का उल्लंघन करने पर 10000 रुपये दंड का प्रावधान है। नियमों का पालन नहीं करने पर 30 वाहनों का चालान और 4 को सीज किया गया।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुधांशु रंजन ने बताया कि कोहरे की स्थिति और दृश्यता में कमी को देख अभियान महत्वपूर्ण है। रिफ्लेक्टिव टेप से वाहनों की दृश्यता बढ़ती है और दुर्घटनाओं की संभावना कम रहती है। वाहनों पर टेप अवश्य लगाएं। अभियान में आरआई प्रमेंद्र संपत, यात्री कर अधिकारी अखिलेश पांडेय रहे।
साइबर क्राइम और डिजिटल साक्ष्यों का ज्ञान जरूर लें प्रशिक्षु महिला आरक्षी
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षण कर रही महिला आरक्षियों के साथ संवाद किया। प्रगति, व्यावहारिक अभ्यास, शारीरिक दक्षता, ड्रिल, कानून व्यवस्था से संबंधित कौशल और विभिन्न प्रकरणों के व्यावहारिक ज्ञान की विस्तृत समीक्षा की। प्रशिक्षु आरक्षियों को कंप्यूटर, साइबर क्राइम, डिजिटल साक्ष्यों से संबंधित ज्ञान देने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान हत्या, मानव वध, एक्सीडेंट, बीएनएस व बीएनएसएस, आत्मरक्षा, संवाद कौशल, अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जनता पुलिस को आदर्श मानती है, हर पुलिसकर्मी को अपने आचरण और व्यवहार से जनता का विश्वास मजबूत करना चाहिए। इस दौरान पुलिस उपायुक्त लाइन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन डाॅ. ईशान सोनी आदि रहे।
जाम के दौरान युवक और उसके भाई पर हमला, प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र में बाबतपुर चौकी से 100 मीटर पहले बृहस्पतिवार दोपहर जाम में बाइक सवार तीन युवकों ने संतोष कुमार सिंह और उनके भाई किशन कुमार की पिटाई कर दी। संतोष की तहरीर पर तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पिंडरा (मानापुर) निवासी संतोष कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपने छोटे भाई किशन के साथ मिर्जापुर से लौट रहे थे।
बाबतपुर चौकी से 100 मीटर पहले जाम में गाड़ी रोकने के दौरान अचानक मोटरसाइकिल से आए तीन युवकों ने उनकी गाड़ी के शीशे पर हमला कर दिया। विरोध करने पर तीनों ने पिटाई कर दी। धारदार हथियार से किशन के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया। घटना के बाद तीनों मौके से भाग गए। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया प्राथमिकी दर्ज की गई है। बाइक रजिस्ट्रेशन के आधार पर तीनों की पहचान कराई जा रही है।
दिल्ली जाने वाला स्पाइस जेट का विमान 2.05 घंटे देरी से गया
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी-719 में वाराणसी से दिल्ली की बोर्डिंग के दौरान अचानक तकनीकी समस्या आ गई। कुछ यात्री विमान में बैठ चुके थे, जबकि कुछ ऐरोब्रिज में ही थे, तभी विमान में फ्यूल संबंधी तकनीकी इश्यू सामने आया। तुरंत बोर्डिंग रोक दी गई और जांच की गई। विमान को 2.05 घंटे बाद रवाना किया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार तकनीकी टीम की ओर से तुरंत जांच की गई। समस्या दूर होने के बाद विमान को शाम 4.25 बजे दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
दालमंडी से दशाश्वमेध घाट तक अपर पुलिस आयुक्त ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरी मीणा ने शुक्रवार को दालमंडी और दशाश्वमेध घाट का निरीक्षण किया। आरआरएफ, पीएसी और पुलिस फोर्स के साथ पैदल गश्त कर व्यवस्था को परखा। अनुशासन और व्यवस्था से जुड़े कई पहलुओं की समीक्षा की। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था ने दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण कर रक्षा संकेत, बैरिकेडिंग, यातायात नियंत्रण, पैदल मार्ग और कार्यस्थल सुरक्षा लागू किए जाने को निर्देशित किया। निर्माण में लगे ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पालन और यातायात जाम और भीड़-भाड़ को कम करने के लिए अतिरिक्त मार्गदर्शन और पुलिसबल तैनात किए जाने पर जोर दिया।
श्री काशी विश्वनाथ मन्दिर, नई सड़क, गिरजाघर चौराहा, गोदौलिया चौराहा से दशाश्वमेध घाट तक पैदल गश्त के दौरान उन्होंने जोखिम भरे स्थानों और संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर विशेष निगरानी और दशाश्वमेध घाट पर 24 घंटे पिकेट ड्यूटी बनाए रखने के निर्देश। अपर पुलिस आयुक्त ने सड़क किनारे अवैध ठेले, खोमचे और अन्य अतिक्रमण हटवाए।
फीनिशिंग पूरा होते ही 10 के बाद चालू होगा कज्जाकपुरा आरओबी
फीनिशिंग का काम पूरा होते ही 10 दिसंबर के बाद कज्जाकपुरा आरओबी चालू होगा। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर सेतु निगम ने यहां लोड टेस्टिंग शुरू कर दी है। डीएम ने बताया कि दस दिसंबर के बाद कज्जाकपुरा आरओबी को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। बाकी औपचारिकताएं बाद में पूरी कराई जाएंगी।
सेतु निगम के अधिकारियों के अनुसार यहां फीनिशिंग का काम अंतिम चरण में है। लोड टेस्टिंग का भी काम चल रहा है। आम जनता के लिए इसे जल्द खोला जाएगा। इससे काफी राहत मिलेगी। पिछले दिनों नगर निगम की कार्यकारिणी ने बाबा लाटभैरव के नाम पर इसका नाम प्रस्तावित किया है। जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया है। इसका निर्माण पूरा होने के बाद गाजीपुर से वाराणसी आने वालों को लोगों को जाम में फंसना नहीं पड़ेगा। इसके लिए लंबे समय से मांग की जा रही है।
किशोरी से शारीरिक शोषण के आरोपी को दस साल की सजा
किशोरी के साथ शारीरिक शोषण करने के मामले में अदालत ने एक अभियुक्त को दंडित किया है। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट तृतीय) विनोद कुमार की अदालत ने रामनगर निवासी सुनील उर्फ रतन को दोषी पाने पर दस वर्ष कारावास व 20 हजार जुर्माने की सजा सुनाई है। अर्थदंड राशि पीड़िता को देने का आदेश दिया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता ने 2015 में रामनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि वह बुआ के घर रहती थी। 23 मार्च 2015 को पड़ोस के रहने वाले सुनील उसके साथ गलत हरकत करने लगा। शिकायत करने पर मारपीट करने लगा। पुलिस ने विवेचना के बाद कोर्ट में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। कोर्ट ने दोनों पक्षों के सुनने और साक्ष्य के अवलोकन के बाद आरोपी को दोषी पाते हुए सजा सुनाई।
काशी का पारा सिर्फ 8 डिग्री, धूप लग रही अच्छी और ठिठुर रही रातें
काशी में रात का न्यूनतम पारा आठ डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। ये इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा। ये सामान्य से भी 3.4 डिग्री नीचे रहा। इसी के साथ ही रातों में हल्की ठिठुरन आ गई है। वहीं दिन की धूप भी अब अच्छी लगने लगी है। शुक्रवार को तेज धूप के बावजूद सिहरन सी महसूस हुई। पछुआ हवा सक्रिय रही और 15 किमी प्रति घंटे की गति से बही।
अधिकतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री नीचे 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक हिमालय और पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ की भी गतिविधियां बढ़ जाने से मैदानों में ठंड बढ़ सकती है। वहीं अब सुबह के समय कोहरा पड़ने की भी उम्मीद बढ़ गई है।
ऑटिज्म के शिकार बच्चों को सिखा रहे अनुशासन
खेल कैसे जीवन की राह बदल देते हैं इसकी बानगी हैं घनश्याम सिंह यादव। इंदिरा मैराथन में 31वां स्थान हासिल करने वाले घनश्याम बीएचयू के ब्रोचा मैदान पर ऑटिज्म के बच्चों को एक्टिविटी के जरिये अनुशासन का पाठ पढ़ा रहे हैं। बीएचयू के मनोविज्ञान विभाग के डॉ. प्रदीप चौरसिया ने बताया कि ऑटिज्म पीड़ित बच्चों में आक्रामकता, एक काम को बार बार करने समेत अन्य विसंगतियां होती हैं। इसमें चिकित्सकों के अलावा फिजिकल ट्रेनर अहम भूमिका निभाते हैं।
घनश्याम यादव ने बताया कि जब वे एंफीथियेटर मैदान पर खेलों की तैयारी करते थे इसी दौरान ऑटिज्म पीड़ित प्रियांशु के अभिभावकों ने उनके बच्चों को खेल सिखाने को कहा। इसके बाद उन्हें बच्चों को एथलेटिक्स, बास्केटबॉल सिखाना शुरू किया। आज उनके पास 70 बच्चे हैं जिन्हें वे खेलों की ट्रेनिंग देते हैं। इसमें से 12 से अधिक बच्चों ने स्कूली खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
राज्यमंत्री ने घर-घर जाकर लोगों से एसआईआर फाॅर्म भरवाने की अपील की
प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने शुक्रवार को बैठक कर घर-घर जाकर लोगों से फाॅर्म भरवाने की अपील की। उन्होंने शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड पांडेयपुर, वार्ड शिवपुर व वार्ड तरना में पार्षद, मंडल पदाधिकारी, बीएलए व वरिष्ठजनों के साथ बैठक कर एसआईआर का फाॅर्म घर-घर जाकर लोगों से भरवाने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम कई स्थानों पर मतदाता सूची में है, तो उसे कई स्थानों पर इन्यूमेरेशन फॉर्म (गणना प्रपत्र) प्राप्त हो सकता है, लेकिन उसे केवल एक ही गणना प्रपत्र पर भरने होंगे। उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता अपना गणना प्रपत्र अविलंब भरकर बीएलओ के पास जमा कर दें।
परेड कोठी में बनेगा सिटी बस चार्जिंग स्टेशन
कैंट स्थित परेड कोठी में सिटी बस चार्जिंग स्टेशन बनेगा। यहां पर नगर निगम की भूमि है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बुधवार को यहां निरीक्षण किया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। साथ ही रोडवेज विभाग के एआरएम को निर्देश दिए कि सिटी बस चार्जिंग स्टेशन के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम को प्रस्तुत किया जाए, ताकि आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम की ओर से शहर में सार्वजनिक परिवहन को सुदृढ़, पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में यह कदम अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
15 तक कॉलेज उपलब्ध कराएं शिक्षकों का ब्योरा
साल 2026 में होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में केंद्र व्यवस्थापकों, बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों, कक्ष निरीक्षकों और प्रयोगात्मक परीक्षा व मूल्यांकन कार्य के लिए शिक्षकों का ब्योरा मांगा है। बोर्ड ने पत्र जारी कर 15 दिसंबर तक यह ब्योरा वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की सूची लगभग फाइनल है। दावा आपत्ति की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी। इन केंद्रों पर जिन शिक्षकों की तैनाती होगी उनका विवरण कॉलेजों को 15 दिसंबर तक उपलब्ध कराना है। साथ ही उन शिक्षकों का ब्यौरा मांगा है, जिनकी मृत्यु हो गई है या फिर सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
बीएलओ का सहयोग करने के लिए बीएलए को निर्देशित करें पार्टियां : डीएम
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण एसआईआर की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई। उन्होंने एसआईआर कार्य में बीएलओ का पूर्ण रूप से सहयोग किए जाने के लिए बीएलए को अपने स्तर से निर्देशित करने की राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपील की। इस प्रक्रिया को सुचारु और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की गई। एसआईआर से संबंधित कार्यों की प्रगति एवं चुनौतियों के बारे में पूछा गया।
डीएम ने कहा कि विशेष रूप से जिन क्षेत्रों में कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां राजनैतिक दलों के लोग अपने बीएलए से बीएलओ का पूर्ण रूप से सहयोग करें। ताकि निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को प्रत्येक दिशा में पूर्ण किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि वे एसआईआर अभियान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक समय पर अपना विवरण दर्ज करा सकें। डीएम ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से यह भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को उचित जानकारी दें, जिससे कोई भी नागरिक सूची से बाहर न रह जाए।
पीएसी रामनगर ने जीती बाढ़ राहत दल चयन प्रतियोगिता
पीएसी संस्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को रामनगर किले के समीप बलुआ घाट पर प्रदेश स्तरीय श्रेष्ठ बाढ़ राहत दल चयन प्रतियोगिता हुई। इसमें पीएसी रामनगर के गोताखोरों ने, बाढ़ राहत दलों ने दक्षता, तकनीकी क्षमता और बचाव कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी राष्ट्रीय पुलिस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। गोताखोर आरक्षी आशुतोष मिश्रा और रविंद्र मौर्य गंगा की तलहटी से लॉफिंग बुद्धा की मूर्ति और बालू निकालकर लाए।
बाढ़ राहत दल ने डूबते व्यक्ति को बचाने की विभिन्न तकनीकों, प्राथमिक उपचार, सीपीआर और फेफड़ों से पानी निकालने की विधियों का प्रदर्शन किया। इसमें स्कूबा डाइविंग किट, संचार उपकरण, लाइट सहित सभी सामग्री का परिचय दिया गया। निरीक्षण चयन समिति के पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा अनुभाग अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने किया।
गायघाट से नंदेश्वर घाट तक चलाया स्वच्छता अभियान
विश्व मृदा दिवस पर पर्यावरण संतुलन में गंगा नदी को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया गया। नमामि गंगे गंगा विचार मंच महानगर इकाई और नगर निगम की ओर से शुक्रवार को गायघाट से नंदेश्वर घाट तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि के नेतृत्व में सफाई के प्रति जनजागृति लाने के उद्देश्य से टीम के सदस्यों ने गंगा किनारे श्रमदान किया। अभियान में किरण पांडेय, चारुशिला सिन्हा, अनुराग सोनकर, सुपरवाइजर प्रवीण यादव, सुनीता, मंतरा, रेनू शामिल रहीं।
रेशम उत्पादन में योगदान देने वाले किसान, उद्यमी और डिजाइनर होंगे सम्मानित
रेशम विकास विभाग की ओर से रेशम उत्पादन और संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को पं. दीनदयाल उपाध्याय रेशम रत्न से सम्मानित किया जाएगा। सहायक निदेशक (रेशम) अनिल कुमार राव ने बताया कि यह सम्मान आठ विभिन्न श्रेणियों में दिया जाएगा। इसका उद्देश्य रेशम उद्योग में नवाचार, उत्पादन डिजाइनिंग को प्रोत्साहन देना है। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार के लिए 50,000 रुपये और दूसरे पुरस्कार में 25,000 रुपये नगद दिए जाएंगे। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न भी दिए जाएंगें। कार्यक्रम से करीब 30 हजार किसान और लाभार्थी जुड़े हैं।
बालुका के गायन से सजा सुबह ए बनारस का मंच
सुबह ए बनारस में गायन विभाग मंच कला संकाय काशी हिंदू विश्वविद्यालय की शोध छात्र बालुका बेला प्रामाणिक का गायन हुआ। गायन का आरंभ राग देश में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश नईया मोरी भई पुरानी...से हुआ। इसके उपरांत द्रुत तीनताल में निबद्ध बंदिश मनवा लरजे...सुनाकर आनंदित किया। समापन भजन कलि नाम काम तारु राम...से हुआ। तबला संगति हिमांशु कुशवाहा एवं संवादिनी पर कृष्ण कुमार तिवारी ने संगत की। कलाकार को प्रमाणपत्र अश्विनी शुक्ला ने दिया। संचालन डॉ. प्रीतेश आचार्य ने किया।
बीएचयू ट्राॅमा सेंटर में अब 14 घंटे होगा ऑपरेशन
बीएचयू के ट्राॅमा सेंटर में अब 8 घंटे की जगह 14 घंटे तक ऑपरेशन थियेटर चलाया जाएगा। सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक ऑपरेशन किया जाएगा। 15 दिसंबर से ये नई व्यवस्था लागू होगी। अब दूर दराज से आने वाले मरीजों को इलाज में बड़ी राहत होगी।
ट्राॅमा सेंटर में वाराणसी और आसपास के जिलों के साथ ही बिहार से हर दिन ओपीडी में 1000 से अधिक मरीज इलाज के लिए आते हैं। इसके अलावा 200 से ज्यादा मरीज इमरजेंसी में आते हैं। अब तक जो व्यवस्था थी उसमें इलेक्टिव यानी सामान्य ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से 4 बजे तक था लेकिन अब मरीजों की भीड़ को देखते हुए इसका समय बढ़ाया गया है।
ट्राॅमा सेंटर प्रभारी प्रो. सौरभ सिंह का कहना है कि पूर्वांचल क्षेत्र में दुर्घटना और ट्रॉमा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दिन में आने वाले मामलों के अलावा शाम को भी बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। ऐसे में ओटी का समय बढ़ाने से ज्यादा से ज्यादा मरीजों को तत्काल बड़ी राहत मिलेगी। ऑपरेशन में जरूरत के अनुसार मरीजों को रेडियोलोजी की सुविधा भी मिलेगी।
यज्ञ मंडप की परिक्रमा कर श्रद्धालुओं ने की सुख समृद्धि की कामना
फलाहारी बाबा आश्रम में चल रहे नौ दिवसीय श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में यज्ञमंडप की परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। शाम को रामलीला मैदान चल में रही शिवमहापुराण कथा में कथा वाचक भगवान वेदांताचार्य महाराज ने कहा कि शिव ज्ञान की मूरत हैं। उनकी लीलाएं अद्भुत हैं। उन्होंने कहा कि जीव मात्र का कल्याण कैसे हो यह एक जीवंत प्रश्न है जो युगों से चला आ रहा है।
प्राणी मात्र का जीवन एक दर्शन है जिसका आधार धर्म ही है, जिसकी संपुष्टि पुराणों में छुपी है। शिव महापुराण की कथा सुलभता से उसे साकार करती दिखाई दे रही है। शिव कथा और लक्ष्मी नारायण महायज्ञ श्रीमहंत राम दास त्यागी बाबा के सानिध्य में चल रहा है। इस दौरान यज्ञाचार्य पं. जितेंद्र तिवारी, पं. लवकुश तिवारी एवं रोहित शुक्ला हैं। मुख्य यजमान विनोद दुबे, मंत्री पुरुषोत्तम जालान, आनंद अग्रवाल, कमलेश केशरी मौजूद रहे।
वेदमंत्र के अध्येता का सम्मान साक्षात नारायण का सम्मान
वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखे का शुक्रवार को बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र में अभिनंदन हुआ। मुख्य अतिथि आचार्य राजारामशुक्ल ने कहा कि वैदिक परंपरा का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। भारतीय ज्ञान परंपरा और मेधा शक्ति के महत्व को युवाओं तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
सारस्वत अतिथि आचार्य राममूर्ति चतुर्वेदी ने कहा कि वेदमंत्र के अध्येता का सम्मान वेदपुरुष का सम्मान है। इसको साक्षात नारायण का सम्मान माना जाता है। जो वेद का अध्ययन करता है, उसको उसके अर्थ का ज्ञान भी होना चाहिए। विशिष्ट अतिथि प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से भारतीय युवाओं की पारंपरिक विद्याओं के प्रति आस्था और अधिक दृढ़ होती है।
संपूर्ण माध्यंदिन शुक्लयजुर्वेद संहिता का दंडक्रम पारायण प्रमाणित करता है कि आज भी प्राचीन ऋषि परंपरा सदृश भारतीय मेधा सुरक्षित है। वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखे का बीएचयू के सौजन्य से अभिनंदन पत्र प्रदान करते हुए सम्मान किया गया। अभिनंदन पत्र कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल तथा भारत अध्ययन केंद्र के समन्वयक आचार्य सदाशिव कुमार द्विवेदी ने प्रदान किया।
कार्यशाला में 81 शिक्षकों को मिले प्रमाण पत्र
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में तीन दिवसीय हिंदी विषय बहुस्तरीय कक्षा शिक्षण के लिए पाठयोजना निर्माण कार्यशाला का समापन शुक्रवार को हुआ। इसमें 81 प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र दिया गया। मौके पर प्राचार्य उमेश शुक्ला ने कहा कि डायट विभाग केवल शिक्षकों को प्रशिक्षित ही नहीं करता, बल्कि उन्हें एक मंच पर लाकर आपसी अनुभव साझा भी करता है। इससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होता है। प्रवक्ता हरगोविंद पुरी ने कहा कि पाठयोजना ही वह आधार है, जिसके माध्यम से शिक्षक बच्चों को मातृभाषा हिंदी का प्रभावी रूप से ज्ञान दिया जा सकता है। कार्यशाला में प्रवक्ता शालिनी उपाध्याय, डॉ. सुमन कुमारी, अनुज श्रीवास्तव ने विचार साझा किए।
वाटर पोलो टीम का चयन ट्रायल आज
अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय वाटर पोलो प्रतियोगिता के लिए बीएचयू की टीम का चयन ट्रायल 6 दिसंबर को सुबह साढ़े आठ बजे बीएचयू परिसर स्थित पुराने स्वीमिंग पूल में होगा। बीएचयू विवि क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि विवि के छात्र ट्रायल में हिस्सा ले सकते हैं। इच्छुक खिलाड़ियों को वर्तमान सत्र की शुल्क रसीद, बीएचचयू की ओर से जारी छात्र पहचान पत्र, हाई स्कूल के प्रमाणपत्र की छाया प्रति जमा करनी होगी।
बनारस और सिटी स्टेशन एलएचएस को तय समय में पूरा करने का निर्देश
पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने सिटी स्टेशन के पास फाटकों के पास निर्माणाधीन लिमिटेड हाईट सबवे एलएचएस का निरीक्षण किया। उसका वर्क प्लान, कार्य योजना, फाउंडेशन वर्क समेत कई कार्यों की प्रगति देखी और संबधित को कार्य की गति बढ़ाने के साथ ही सभी कार्य मानक के अनुरूप गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार कक्ष में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन समेत सभी अधिकारियों के साथ मंडल पर समपार फाटकों पर चल रहे लिमिटेड हाईट सबवे निर्माण के प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उचित संस्था को टेंडर अवार्ड करने, भुगतान करने में सावधानी बरतने और कार्य के दौरान रेल यात्रियों की सुरक्षा करने हेतु नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।
सेमेस्टर में बाहरी परीक्षा कराने के लिए लेनी होगी कुलपति की सहमति
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में संबद्ध कॉलेजों को सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान बाहरी परीक्षा कराने के लिए कुलपति से सहमति लेनी होगी। सत्र नियमित किये जाने के क्रम में शैक्षिक सत्र 2025-26 की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हुईं।
परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा ने बताया सभी संबद्ध महाविद्यालयों को केंद्र और राज्य की किसी भी परीक्षा नियामक संस्था द्वारा महाविद्यालय में कोई भी परीक्षा कराने से पूर्व काशी विद्यापीठ के कुलपति और सक्षम अधिकारी की सहमति लेना जरूरी कर दिया है। विद्यापीठ ने यह आदेश तक दिया है जब उसके संबद्ध कॉलेज हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में लोक सेवा आयोग की परीक्षा होने के चलते सेमेस्टर परीक्षा विद्यापीठ के मानविकी संकाय में कराई जा रही है।
काशी सांसद बाल कवि सम्मेलन का आगाज, पहले दिन 3309 बच्चों ने लिया हिस्सा
काशी सांसद बाल कवि सम्मेलन-2025 का शुभारंभ जिले के तीन विकास खंडो और शहर के पांच जोन में शुक्रवार से हुआ। इसमें कुल 1759 बच्चों ने हिस्सा लिया। सीडीओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बाल कवि सम्मेलन दो कैटेगरी में हुआ। इसमें पहली कैटेगरी कक्षा 6 से 8 और दूसरी कैटेगरी कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। बाल कवि सम्मेलन कुल 12 थीमों पर आधारित है।
जिले के काशी विद्यापीठ ब्लॉक में कुल 1427, सेवापुरी ब्लॉक में 157 और आराजी लाइन ब्लॉक में 175 बच्चों ने प्रतिभाग किया। ऐसे ही शहर के आदमपुर और रामनगर जोन 210, दशाश्वमेध व कोतवाली जोन 637, वरुणापार जोन में 567, भेलूपुर जोन 136 बच्चों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि भजपा के मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, पूर्व मंडल मंत्री धर्मेंद्र यादव और पूर्व मंडल उपाध्यक्ष कमलेश प्रजापति रहे।
भीड़-भाड़ वाले चौराहों पर बनेगी जेब्रा क्राॅसिंग
सड़कों पर बेहतर यातायात के लिए भीड़-भाड़ वाले चौराहों पर जेब्रा क्राॅसिंग बनाई जाएगी। इस काम में पीडब्ल्यूडी और नगर निगम का सहयोग लिया जा रहा है। पेंटिंग के जरिये जेब्रा क्रासिंग बनाई जा रही है ताकि किसी प्रकार की दिक्कत यातायात में न आने पाए। शहर में 108 किमी पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की सड़कें है। इनमें 20 से अधिक ऐसे चौराहे हैं। जहां अक्सर जाम की समस्या होती है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि सिगरा के पास जेब्रा क्राॅसिंग बनाई गई है। पेंटिंग का काम कराया जा रहा है।
अनियोजित विकास से खराब हो रही मिट्टी
बीएचयू के कृषि विज्ञान संस्थान में शुक्रवार को विश्व मृदा दिवस मनाया गया। स्वस्थ मिट्टी, स्वस्थ शहर की थीम पर शहरी क्षेत्रों में मिट्टी के संरक्षण, प्रबंधन और पुनर्स्थापन की जरूरत पर बात हुई। सेमिनार हॉल में मुख्य अतिथि डॉ. रवि सिंह (आईएफएस) ने शहरी मिट्टी के तेजी से हो रहे क्षरण पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अनियोजित विकास, अपशिष्ट निपटान और औद्योगिक गतिविधियों से मिट्टी की गुणवत्ता अत्यधिक प्रभावित हो रही है। उन्होंने मियावाकी वनरोपण मॉडल को शहरी क्षेत्रों में पुनर्जीवित करने का तरीका बताया। मृदा वैज्ञानिक प्रो. जे. यादव, प्रो. एन. डे, डीन प्रो. यूपी सिंह और अनिल सिंह मौजूद रहे।
पुल पर ट्रेन की चेनपुलिंग रिलीज करने वाले दो यात्रियों सहित 11 स्टाफ का सम्मान
पूर्वोत्तर रेलवे कार्यालय में शुक्रवार को दो रेल यात्री और 11 कर्मचारियों को एक्सीलेंस अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने रेल यात्रियों दुल्लहपुर के आदेश कुमार और जखनियां श्रवण भारद्वाज को रेल के विकास के लिए उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ये दोनों 22 नवंबर को गाड़ी संख्या 15112 डाउन से यात्रा कर रहे थे।
राजवाड़ी-औड़िहार के बीच गोमती नदी के पुल संख्या 137 पर चेनपुलिंग कर दी गई और गाड़ी खड़ी हो गई। यह देख दोनों युवकों ने अदम्य साहस का परिचय देते पुल पर जाकर चेनपुलिंग रिलीज कर दी। इनके अलावा रेलवे को सुरक्षा, स्वच्छता और रेल राजस्व अर्जित कराने वाले 11 कर्मचारियों को उत्कृष्टता पुरस्कार दिया गया। ट्रैक मेंटेनर संतोष सिंह यादव, तकनीशियन राजेश कुमार, कांटावाला रमण कुमार, कीमैन विपिन पाल, लोको पायलट सतीश कुमार राय, रुस्तम अली आदि शामिल रहे।
बाबा साहेब की पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर अधिवक्ताओं ने जलाए दीप
सेंट्रल बार एसोसिएशन के प्रवेश द्वार पर बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने अधिवक्ताओं ने उनकी 69वी पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर दीप जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य वक्ता बनारस बार के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने कहा बाबा साहेब ने समाज के सबसे निचले तबके को उस दौर में ऊपर उठाने के लिए संघर्ष किया। गौतम झा, विनोद पांडेय, आशीष सिंह, शैलेश राय मौजूद रहे।
24 घंटे में पूरी हुई 25 किलोमीटर की अंतरगृही यात्रा
काशी की अंतरगृही परिक्रमा शुक्रवार को पूर्ण हुई। श्रद्धालुओं ने 24 घंटे में 25 किलोमीटर की दूरी तय की। मणिकर्णिका पर संकल्प लेकर शुरू हुई यात्रा का संकल्प वापस मणिकर्णिका घाट पर ही पूर्ण हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ और बाबा कालभैरव का दर्शन पूजन करने के बाद अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान किया।
मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि पर मंगलवार को मणिकर्णिका घाट से पारंपरिक अंतरगृही यात्रा की शुरुआत हुई थी। आसपास के शहरों और गांवों से बड़ी संख्या में आस्थावान यात्री काशी पहुंचकर इस वार्षिक परंपरा में शामिल हुए। काशी तीर्थ पुरोहित सभा के अध्यक्ष मनीष नंदन मिश्रा ने बताया कि यात्रा की शुरुआत मणिकर्णिका घाट पर स्नान और संकल्प के साथ हुई थी। इसके बाद श्रद्धालु निर्धारित क्रम में जौ विनायक, ज्ञानवापी कूप, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर सहित काशी के प्रमुख शिवालयों का दर्शन-पूजन करते हैं। सभी स्थल भ्रमण के बाद यात्रा का समापन पुनः मणिकर्णिका घाट पर ही हुआ।
बीएचयू में आठ दंत चिकित्सकों को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
बीएचयू के केएन उडुप्पा सभागार में शुक्रवार को 47वें आईडीए उत्तर प्रदेश राज्य दंत सम्मेलन के दौरान स्टूडेंट साइंटिफिक इनॉगुरल सेरेमनी का शुभारंभ हुआ। शुक्रवार को 700 डॉक्टरों की मौजूदगी में मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्रा ने 70 वैज्ञानिक और क्लिनिकल स्टॉल्स का उद्घाटन किया। इस दौरान आठ डॉक्टरों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड दिया गया।
इसमें प्रो. एचसी बरनवाल, डॉ. मुकुट बिहारी शर्मा, डॉ. वीके सिंह, डॉ. जेएल गर्ग, डॉ. पूनम निगम, डॉ. नीलम मित्तल, डॉ. अवेंद्र चड्ढा और डॉ. एके श्रीवास्तव शामिल रहे। आयुष मंत्री डाॅ. दयाशंकर मिश्रा ने टीथ स्कैनिंग टेक्नोलॉजी और सिंगल सीटिंग आरसीटी टेक्निक की सराहना करते हुए कहा कि दंत चिकित्सा का भविष्य रोगी केंद्रित होता जा रहा है।
कार्यक्रम में आए विशिष्ट अतिथि रामनगर पीएसी के कमांडेंट आईपीएस अनिल पांडेय ने कहा कि काशी ज्ञान की नगरी है। इसमें चिकित्सीय ज्ञान भी है। आईडीए हेड डाॅ. मनोज श्रीवास्तव, बीएचयू के डेंटल फैकल्टी के डीन प्रो. एचसी बरनवाल, वाइस प्रेसीडेंट डा. मुरारी शर्मा, प्रो. टीपी चतुर्वेदी, कोषाध्यक्ष डाॅ. विकास तिवारी, डाॅ. सचिन प्रकाश आदि मौजूद रहे।
सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए जागरूक नागरिकों को निगम से जोड़े: मंडलायुक्त
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने नगर निगम वाराणसी की सफाई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि शहर के जागरूक नागरिकों को नगर निगम से जोड़ा जाए। इससे सामुदायिक सहभागिता बढ़ेगी और शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा। शहर की स्वच्छता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि नगर निगम अपने सभी उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करे। शहर में खाली प्लॉट की सफाई अभियान चलाकर नियमित रूप से करे। विशेषकर साप्ताहिक आधार पर सफाई की जाए। उन्होंने सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों को फील्ड में सक्रिय रूप से मौजूद रहने और सफाई कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।
यदि आम नागरिक सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकते पाए जाएं, तो उन्हें उपयुक्त रूप से जागरूक और प्रेरित किया जाए। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सभी जोनल स्वच्छता अधिकारी, सभी स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वच्छ भारत मिशन के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।