फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi news today updates crimes including theft bribery and molestation

वाराणसी की प्रमुख खबरें: युवक ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, यूपी पुलिस और पीएसी के जवानों में हाथापाई

Tue, 21 Jul 2026 12:49 AM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Tue, 21 Jul 2026 12:49 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में सोमवार को चोरी, रिश्वतखोरी और छेड़खानी समेत कई खबरें सुर्खियों में रहीं। मोबाइल को लेकर पत्नी से विवाद के बाद पेट्रोल डालकर आग लगाने और काशी विश्वनाथ धाम के पास यूपी पुलिस और पीएसी जवानों में हाथापाई समेत कई खबरें चर्चा में रहीं। 

विज्ञापन
Varanasi news today updates crimes including theft bribery and molestation
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मोबाइल को लेकर पत्नी से विवाद के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग

विज्ञापन

मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में पत्नी से मोबाइल को लेकर विवाद के बाद एक युवक ने कथित तौर पर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पुलिस ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र निवासी इंद्रजीत साहनी (24) ने बताया कि उसने प्रेम विवाह किया है और शादी के बाद वह पत्नी के घर पर ही रह रहा था। सोमवार रात वह मोबाइल चला रहा था।

पत्नी ने मोबाइल लेने का प्रयास किया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इंद्रजीत के मुताबिक, विवाद के बाद वह घर से बाहर चला गया। कुछ देर बाद उसे पता चला कि पत्नी ने झगड़े की सूचना पुलिस को दे दी है। आहत होकर वह वापस घर लौटा और अपनी बाइक से प्लास्टिक के डिब्बे में पेट्रोल निकाल लिया। इसके बाद सीढ़ियों पर जाकर उसने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली।
विज्ञापन


शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी व कपड़े की मदद से आग बुझाई। तब तक वह शरीर के अधिकांश हिस्से में गंभीर रूप से झुलस चुका था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे मंडलीय अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।  
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; लूट गिरोह का खुलासा: फर्जी आईडी, किराये की बोलेरो और नकली नंबर प्लेट... लूट की साजिश रचने वाले चार गिरफ्तार

काशी विश्वनाथ धाम के पास यूपी पुलिस और पीएसी जवानों में हाथापाई
काशी विश्वनाथ धाम परिक्षेत्र में सोमवार को सुरक्षा ड्यूटी के दौरान यूपी पुलिस और पीएसी के जवानों के बीच विवाद हो गया। मामला अन्नपूर्णा मंदिर के पीछे अन्नक्षेत्र के पास कालिका गली का है, जहां कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले बहस हुई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक पीएसी जवान ने यूपी पुलिस के जवान पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

घायल जवान को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, पीएसी जवान का कहना है कि पुलिसकर्मी पहले गालीगलौज कर रहे थे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस और पीएसी के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दोनों पक्षों से जानकारी ली। मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

रिश्वत मांगने की शिकायत पर आउटसोर्सिंग राजस्व निरीक्षक की सेवाएं समाप्त
रिश्वत मांगने की शिकायत पर वीडीए के आउटसोर्सिंग राजस्व निरीक्षक की सेवाएं समाप्त कर दी गईं। जनता दर्शन के दौरान सोमवार को मानचित्र प्रकरण के आवेदक की ओर से वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा के समक्ष शिकायत की। प्राधिकरण के अवाप्ति और सीलिंग अनुभाग में आउटसोर्सिंग से कार्यरत राजस्व निरीक्षक राम जनम सिंह यादव ने अनापत्ति जारी करने के लिए धनराशि (उत्कोच) की मांग की गई।

क्या है मामला
शिकायतकर्ता की ओर से अपने आरोप के समर्थन में संबंधित कर्मचारी के साथ हुई वार्ता की ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई गई। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि प्राधिकरण परिसर में टू-व्हीलर पार्किंग में धनराशि के लेन-देन के लिए बुलाया गया था। वीडीए उपाध्यक्ष ने शिकायत और साक्ष्यों का तत्काल परीक्षण किया। 

प्रथम दृष्टया प्रकरण अत्यंत गंभीर प्रकृति का पाए जाने पर भ्रष्टाचार के प्रति सरकार की ''''जीरो टॉलरेंस'''' नीति के अनुरूप त्वरित और कठोर निर्णय लेते हुए राम जनम सिंह यादव, राजस्व निरीक्षक (आउटसोर्सिंग) की सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी गई हैं। ऐसे मामलों में तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। वीडीए आमजन मानस को पारदर्शी, समयबद्ध और भ्रष्टाचार-मुक्त सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। 

भूमि विवाद में एसएसबी जवान की पत्नी से छेड़खानी, तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
भूमि विवाद को लेकर एसएसबी जवान की पत्नी के साथ मारपीट, छेड़खानी के मामले में शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। श्रीनगर में तैनात जवान ने कमांडेंट को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि गांव में भूमि विवाद के दौरान पड़ोसी राजकुमार उर्फ पप्पू, प्रवेश कुमार और डब्लू कुमार ने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पत्नी के कपड़े फाड़ दिए और छेड़खानी की। पत्नी ने मिर्जामुराद थाने में सूचना दी थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बाद में चतुर्थ एसएसबी वाहिनी, मानसबल (श्रीनगर) के कमांडेंट के निर्देश पर जवान की तहरीर के आधार पर सोमवार रात पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

आईजीआरएस पर शिकायत के बाद भी लीकेज ठीक नहीं
अखरी जल निगम पानी टंकी के सप्लाई पाइप से हजारों लीटर पीने का पानी रोज बर्बाद हो रहा है। 18 दिसंबर 2025 को अखरी निवासी सचिन मालवीय ने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई थी। विभाग ने तीन महीने का समय मांगा था। कहा गया था कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है। नई पाइप डालने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। छह महीने बीत गए आज तक सुध नहीं ली गई। 

पुश्तैनी जमीन के विवाद में दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी
लोढ़ान गांव में पुश्तैनी जमीन और बालू-गिट्टी के कारोबार को लेकर दो भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष हुआ। 19 जुलाई 2026 को विवाद में फायरिंग और धारदार हथियारों का इस्तेमाल हुआ। दोनों पक्षों के लोग घायल हुए, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। एक पक्ष ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। सोमवार को दूसरे पक्ष जीत कुमार उपाध्याय से भी प्राथमिकी दर्ज कराई। 

अतुल उपाध्याय ने आरोप लगाया कि उनके बेटे रविकांत को गोली मारी गई। उनके चेहरे पर कट्टे के बट से वार हुआ। उन्होंने भाई अजीत के बेटे सौरभ उर्फ अभिजीत व अन्य पर हमला करने का आरोप लगाया। वहीं, अजीत कुमार उपाध्याय ने दावा किया कि विवादित जमीन पर अदालत का यथास्थिति बनाए रखने का आदेश है। अतुल और उनके बेटों पर जेसीबी व धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। 

अतुल के अनुसार, सौरभ और अन्य ने उनकी जमीन पर गिट्टी-बालू हटाने का दबाव बनाया। मना करने पर ईंट-पत्थर चले। हरिओम पांडेय ने उनके चेहरे पर कट्टे के बट से वार किया। अजीत ने कहा कि अतुल और उनके बेटों ने जेसीबी व धारदार हथियारों से अभिजीत पर हमला किया। उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। 

घर के सामने सामान उठा रहे मासूम को वाहन ने टक्कर मारी, हालात गंभीर
कैंट थाना क्षेत्र में सड़क पर गिरे सामान को उठाने के दौरान वाहन की चपेट में आने से एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। साइबर सेल में हेड कांस्टेबल पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पहाड़पुर कॉलोनी पुलिसलाइन में रह रहे हेड कांस्टेबल दिवाकर वत्स ने बताया कि 12 जुलाई 2026 की शाम 6:30 बजे उनका पुत्र आर्य वत्स अपनी मां रीना पांडेय और पड़ोसी पूनम के साथ सामान खरीदकर घर लौट रहा था। घर के सामने सामान सड़क पर बिखर गया। आर्य जैसे ही सामान उठाने के लिए झुका,तभी कार का चालक विनोद कुमार कथित रूप से तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया। हादसे में आर्य गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। दिवाकर वत्स ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के बाद उन्होंने वाहन का पीछा कर चालक से घटना के बारे में बात करनी चाही, लेकिन वह विवाद करने लगा। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। 

नई ई-ट्रैकिंग व्यवस्था से व्यापारी परेशान, समाधान के लिए सचिव से मिले
वाराणसी किराना व्यापार कमेटी ने 10 जुलाई से लागू नई ई-ट्रैकिंग व्यवस्था को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। कमेटी ने इस व्यवस्था से व्यापारियों को हो रही व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है। चेतावनी दी है कि जब तक खामियां दूर नहीं होतीं, इसे तत्काल प्रभाव से स्थगित किया जाए। 

कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में ज्ञापन कृषि उत्पादन मंडी परिषद के उप निदेशक प्रशासन और समिति के सचिव को दिया गया। बताया गया कि नई व्यवस्था के तहत मंडी से बाहर जाने वाली लोडिंग और अनलोडिंग के समय गंतव्य स्थल का फोटो पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। 

व्यापारियों का कहना है कि अधिकांश कर्मचारी तकनीकी रूप से प्रशिक्षित नहीं हैं। कई के पास स्मार्टफोन नहीं हैं। ऐसे में निर्धारित में पोर्टल पर अपलोड करना व्यावहारिक रूप से कठिन हो जाता है। एंड्रॉयड एप में भी तकनीकी खामियां, बार-बार हैंग होना और लॉगिन संबंधी समस्याएं सामने आ रही हैं। 

कमेटी ने नेटवर्क और इंटरनेट की समस्या की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। व्यापारियों का लोडिंग-अनलोडिंग का कार्य शहर से बाहर अथवा ऐसे क्षेत्रों में होता है, जहां मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट की सुविधा पर्याप्त नहीं होती। ऐसी स्थिति में निर्धारित समय के भीतर फोटो अपलोड करना संभव नहीं हो पाता। संजय जायसवाल, अशोक कसेरा उपस्थित थे।  

लाइब्रेरी से लैपटॉप चोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र में लाइब्रेरी से लैपटॉप चोरी होने के मामले में अभिजात कुशवाहा ने प्राथमिकी दर्ज कराई। तहरीर में पीड़ित ने बताया कि उन्होंने पुस्तकालय की 24 घंटे की सदस्यता ले रखी है। नौ जुलाई को दोपहर एक बजे वह खाना खाने के लिए अपने हॉस्टल चला गया। शाम पांच बजे लौटने पर सीट पर रखा लैपटॉप गायब मिला। लाइब्रेरी का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया। फुटेज में एक अज्ञात युवक दोपहर 3:11 बजे लाइब्रेरी में प्रवेश करता दिखाई दिया। वह अभिजात की बगल वाली कुर्सी पर बैठा और 3:55 बजे उनका लैपटॉप अपने बैग में रखकर वहां से निकल गया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

रथयात्रा मेले में महिला की सोने की चेन चोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के जवाहर नगर कॉलोनी निवासी श्रुतिका मौर्या रथयात्रा मेले में चोरी का शिकार हो गईं। वह बृहस्पतिवार को रथयात्रा चौराहे पर मेला देखने गई थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके गले से सोने की चेन उड़ा दी। मेले से लौटने के दौरान उन्हें पता चला। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

सरकारी पोखरी पर अतिक्रमण कर पक्का मकान बनाया
गौर मधुकर शाहपुर में सरकारी पोखरी पर कब्जा किए जाने का मामला सामने आया है। गांव के बृजेश मिश्रा ने एसडीएम राजातालाब को पत्र देकर पोखरे से अतिक्रमण हटाने की मांग की है। तहसीलदार राजातालाब व मिर्जामुराद पुलिस को कार्रवाई करने को कहा है। गांव में पोखरी की भूमि पर अतिक्रमण कर मकान बना लिया गया है। 

पेपर लीक के विरोध में समाजवादी पार्टी ने किया प्रदर्शन
पेपर लीक के विरोध में सोमवार को सपा ने बीएचयू सिंहद्वार पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन देकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। ज्ञापन के जरिये 6 मांगें की और शहरभर में पोस्टर लगाए। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के महासचिव योगेंद्र यादव ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने करोड़ों युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम के संयोजक रजत वाल्मीकि ने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक समाजवादी पार्टी युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष करती रहेगी। 

प्रदेश सचिव राजू यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने सारी लोकतांत्रिक मर्यादाओं को लांघ चुकी है और समाजवादी पार्टी के ताकत से घबरा कर पुलिस प्रशासन के बल पर आम जनमानस खास के छात्रों, नौजवानों की आवाज को दबाना चाहती लेकिन समाजवादी पार्टी के लोग सड़क से संसद तक संघर्ष का एलान कर चुकी है।

सपा ने नरिया पर प्रदर्शन किया गया। यहां रस्सी बांधकर सिंहद्वार जाने से रोका गया। इस दौरान यहां पर पुलिस प्रशासन से जमकर धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शन करने वालों में रितेश केसरी, वरुण सिंह, इस्तकबाल कुरैशी, लालू यादव, आरती यादव, विवेक जोसफ, ऊर्जेश गुप्ता, विनोद यादव आदि मौजूद रहे।
  
कैंट स्टेशन पर ट्रेन में मिले पांच अवैध वेंडर
कैंट स्टेशन पर सोमवार को सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, टिकट घर की चेकिंग की गई। प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ट्रेन नंबर 14005 लिच्छवी एक्सप्रेस से खानपान की सामग्री बेचते 5 अवैध वेंडर पकड़े गए। सर्कुलेटिंग एरिया में नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने के मामले में 5 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। 

अपनादल कमेरावादी ने निकाला मशाल जुलूस
लोकतांत्रिक आंदोलन कर रहे युवाओं पर नई दिल्ली में लाठीचार्ज के खिलाफ सोमवार को अपना दल कमेरावादी ने जिला मुख्यालय स्थित शास्त्री घाट से मशाल जुलूस निकाला। जो सर्किट हाउस से गोलघर होते हुए डॉ अंबेडकर पार्क में आकर सभा में तब्दील हो गया। जिलाध्यक्ष संजय पटेल ने कहा कि रोजगार, शिक्षा जैसे संवैधानिक अधिकारों की गारंटी करने, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सिस्टम को एकाउंटेबिल बनाने जैसे सवालों पर आंदोलन से संवाद होना चाहिए, दमन नहीं होना चाहिए। सरकार की ओर से किया गया दमन गैर लोकतांत्रिक एवं अपराधिक कृत्य है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, पुरजोर विरोध किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राजेश प्रधान, उमेश चंद्र मौर्य, अभय पटेल, सिकंदर पटेल, शमशेर बहादुर वर्मा, संजय आर्य आदि मौजूद रहे।

ट्रेन चपेट में आने से वृद्ध की मौत
थाना क्षेत्र के मोहनसराय पुलिस चौकी क्षेत्र के मिल्की चक रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सोमवार दोपहर प्रयागराज से वाराणसी आ रही कामाख्या अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से लल्लू साव (63) की मौत हो गई। मौके पर जीआरपी और रोहनिया पुलिस पहुंची। परिजनों की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लल्लू साव गंगापुर रजिस्ट्री कार्यालय के पास दाने की दुकान लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पुत्र अशोक और चार बेटियां हैं। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है।  

हाईवे किनारे खड़ी कार में पीछे से डंपर की टक्कर, पिता-पुत्र घायल
हाईवे-31 पर बहादुरपुर गांव के पास सोमवार तड़के सड़क किनारे खड़ी कार में पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में बृजेश्वर मौर्य और उनके पुत्र सक्षम मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार खाई में जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, गोरखपुर के बांसगांव थाना क्षेत्र के पालीखास निवासी निलेश मौर्य परिवार के साथ चित्रकूट से लौट रहे थे। सुबह 3.30 बजे थकान के कारण उन्होंने अपनी कार एक हॉस्पिटल के पास हाईवे किनारे खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में बृजेश्वर मौर्य और पुत्र सक्षम मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। बाद में परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर के एम्स ले गए। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।  

दिवंगत गोताखोरों के परिजनों को दिए 25-25 हजार
दशाश्वमेध घाट स्थित जल पुलिस चौकी के सामने सोमवार को मां गंगा निषाद राज सेवा न्यास की ओर से श्रद्धांजलि सभा हुई। इसमें हाल ही में हादसों में जान गंवाने वाले दो निषाद समाज के युवकों को श्रद्धांजलि दी गई। मां गंगा निषाद राज सेवा न्यास की ओर से दोनों मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार की आर्थिक सहायता दी गई। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि राकेश साहनी की सिद्धनाथ दरी में हुए हादसे में मृत्यु हो गई थी, जबकि रामनगर निवासी किशन साहनी की करंट लगने से जान चली गई थी। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना चाहिए। मौके पर प्रमोद माझी, शंभू निषाद, बबलू, अजीत साहनी, बाबू मौजूद रहे। 

रिश्तेदार के घर से निकला किशोर लापता
उमरहां गांव से घर लौटने के लिए निकला 15 साल का किशोर लापता हो गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।मिर्जापुर के अहरौरा थाना क्षेत्र निवासी पिता ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र 11 जुलाई को उमरहां में परिचित बहनोई के घर आया था। दो दिन बाद वह एक अन्य रिश्तेदार के यहां गया और 14 जुलाई को दोपहर भोजन के बाद अहरौरा के अपने घर जाने की बात कहकर निकल गया, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। किशोर के लापता होने से परिवार में चिंता है। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर तलाश कर रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।  

बृजेश राजभर बने सपा कैंट विधानसभा के उपाध्यक्ष
सुकुलपुरा सरायनंदन के बृजेश राजभर को कैंट विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस अवसर पर स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, योगेंद्र यादव, रीबू श्रीवास्तव, हारून अंसारी आदि ने बधाई दी।  

तहसील में एसडीएम न्यायिक पद पर ज्योति सिंह ने कार्यभार ग्रहण किया
तहसील में नवागत एसडीएम न्यायिक ज्योति सिंह ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया।एसडीएम न्यायिक ज्योति सिंह ने तहसील कर्मियों के साथ बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य के निर्देश दिए। एसडीएम न्यायिक ज्योति सिंह ने कहा कि शासन जनाओं और कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।  

एडीओ पंचायत को हटाने की मांग
खंड विकास कार्यालय के प्रभारी एडीओ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उन्हें हटाने की मांग की है। बीडीओ प्रतिभा मिश्रा को ज्ञापन में कहा कि तीन दिन के अंदर उन्हें पद से हटा दिया जाए। इस मौके पर कौशल पटेल, दिनेश, संतारा देवी, सरोज कुमार रहे। 

बड़ागांव और पिंडरा में 49 लाख की दो सड़कों का शिलान्यास
बड़ागांव और पिंडरा क्षेत्र में आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कुल 49.24 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दो सड़कों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बड़ागांव में बाबतपुर नहर मुख्य मार्ग स्थित ग्राम शाहपुर गेट से सरोवर के चारों ओर होते हुए अमित कुमार के प्लॉट और प्रशांत चतुर्वेदी के मकान तक 550 मीटर सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस पर 26.13 लाख खर्च होंगे। वहीं, पिंडरा ब्लॉक के खालिसपुर क्षेत्र में गोडिया-परसारा-पिंडरा मार्ग से स्व. राधेश्याम मिश्रा प्रधानाचार्य के घर तक 310 मीटर सड़क का निर्माण 23.11 लाख की लागत से कराया जाएगा। इस मौके पर चंद्रशेखर सिंह, शशि प्रकाश मिश्रा, गौरव राठी, इंद्रेश मिश्रा (बबलू), हरदत्त शुक्ला, प्रशांत चतुर्वेदी, संतोष सैनी, अनूप दुबे, मिथिलेश पांडेय, जितेंद्र पटेल, अजय सिंह, संजय मिश्रा, अरुण पांडेय मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed