वाराणसी में क्राइम की खबरें: फर्जी फोटो वायरल कर मांगी पांच लाख की रंगदारी, बंद मकान में चोरी में एफआईआर
वाराणसी में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें सिगरा थाना क्षेत्र में साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग मामले में चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी समेत कई मामले सुर्खियों में रहे।
विस्तार
सिगरा थाना क्षेत्र में साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग मामले में चार आरोपियों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। युवती और उसके भाई की फर्जी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर शादी तुड़वाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है।
पीड़ित भाई ने सिगरा पुलिस को बताया कि अमित सोनकर, रवि भारती, शनि और अन्य एक युवती ने इंस्टाग्राम का उपयोग कर बहन की फोटो को किसी अन्य व्यक्ति के साथ छेड़छाड़ कर पोस्ट किया। मेरी भी फोटो सोशल मीडिया पर डाली। अगले महीने घर में शादी है। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उन्हें पांच लाख रुपये नहीं दिए गए, तो वह छेड़छाड़ की गई फोटो और वीडियो ससुराल वालों को भेजकर शादी तुड़वा देंगे।
दुष्कर्म का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर डालने की भी झूठी धमकी दी। पीड़ित परिवार के विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। आरोपियों की तलाश जारी है। साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी की जांच की जा रही है।
बंद मकान में सेंध लगाकर दो लाख के गहने चोरी, 15 दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
वाराणसी जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र के खालीसपुर गांव में बंद मकान में सेंध लगाकर चोरों ने करीब दो लाख रुपये के आभूषण और घरेलू सामान चुरा लिए। चोर मकान में खड़ी बाइक के दोनों स्टेपनी भी उठा ले गए। मामले में घटना के करीब 15 दिन बाद मंगलवार रात पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। गांव निवासी सुखदेयी देवी का परिवार मुंबई में रहकर व्यापार करता है। घर लौटने पर मुख्य दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गईं। चोरों ने बाउंड्री के पीछे से मकान में सेंध लगाई थी और पांच बक्सों को तोड़कर उनमें रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी गए सामान में आभूषण, करधनी, चेन, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दुकान हड़पने की साजिश में छह लोगों पर धोखाधड़ी मामले में प्राथमिकी दर्ज
दुकान की फर्जी खरीद-बिक्री और संपत्ति हड़पने की कोशिश मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मंगलवार की रात सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिगरा थाना क्षेत्र के छित्तूपुर निवासी रतन चंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 30-35 वर्षों से रतन सीड स्टोर नाम से बीज का कारोबार करते हैं। वर्ष 2002 में मनीष मेहरोत्रा से दुकान खरीदी थी। मनीष मेहरोत्रा और उनके भाई प्रशांत मेहरोत्रा ने 9 अप्रैल को अपनी बची हुई जमीन राहुल संजय दूबे और विनीता राहुल दूबे को बेची। इस बैनामे में जानबूझकर दुकान का उल्लेख छिपा दिया गया।
इसी गलत बैनामे के आधार पर सितंबर माह में राहुल दूबे के पिता संजय बालमुकुंद दूबे और राजकुमार मिश्रा ने दुकान में घुसकर धमकी दी। उन्होंने दुकान गिराने और जबरन संपत्ति बेचने का दबाव बनाया। आरोपियों ने नगर निगम में फर्जी तरीके से दाखिल-खारिज का आवेदन दिया है। बलपूर्वक दुकान पर कब्जा करने का प्रयास किया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है मामले की जांच उपनिरीक्षक अभय सिंह परिहार को सौंपी गई है।
रिंग रोड के नीचे छात्र को पीटकर किया लहूलुहान
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ऐढ़े हरबलमपुर के पास रिंग रोड पुल के नीचे तीन युवकों ने 11वीं के छात्र आयुष (स्वदीप राव) को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। छात्र की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। आयुष के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब दो बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह घर लौट रहा था। इसी दौरान यशवर्धन, अविन्व पंडित और कृष्णा ने उसे रोक लिया और पिटाई करने लगे। यशवर्धन और अविन्व ने लोहे के कड़े से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार
शादी का भरोसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एजाज अहमद (33) को गड़ही वाली मस्जिद के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर को पीड़िता ने आरोपी पर शादी का भरोसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा गया।
साइकिल विवाद में ईंट से हमला
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोयेपुर में साइकिल के विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित नंदलाल सेठ ने उमेश पर गाली-गलौज कर लात-घूंसों और ईंट से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना में उनका सिर फट गया। पीड़ित के अनुसार, 26 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे आरोपी उनके घर के आंगन में पहुंचा और विवाद करने लगा। विरोध करने पर मारने लगा। जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
घर में घुसकर युवक को पीटा, जान से मारने की धमकी, 9 पर प्राथमिकी
कपसेठी थाना क्षेत्र के बाजार कालिका गांव में घर में घुसकर युवक के साथ मारपीट के मामले में पीड़ित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। बाजार कालिका निवासी देवेंद्र मोदनवाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 25 अक्तूबर की शाम करीब चार बजे हरिभानपुर गांव के जाहिद, इलियास, बाडू, छोटू, आबिद, एकलाख समेत नौ नामजद और अन्य लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने उनके पुत्र अनुज मोदनवाल को लाठी और चाकू से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
पत्रकारपुरम कॉलोनी में दूसरी बार मकान में तोड़फोड़
कैंट थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर स्थित पत्रकारपुरम कॉलोनी में अज्ञात लोगों ने एक मकान में दोबारा घुसकर तोड़फोड़ की। इसके बाद अंदर लगे बिजली के एमसीबी और कई बोर्डों को क्षतिग्रस्त कर दिया। लगातार दूसरी बार हुई घटना से मकान की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मकान मालिक शिव कृपा मिश्रा ने 27 अक्तूबर को पुलिस से शिकायत की थी। इसके बावजूद दोबारा तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर मामले की जांच की जाएगी।
युवक ने फंदे से लटककर दी जान
लंका थाना क्षेत्र के साकेतनगर पार्क नंबर दो इलाके में किराये के कमरे में रहने वाले 25 वर्षीय आशीष पटेल ने फंदे से लटककर जान दे दी। मंगलवार की भोर में उसका शव कमरे में चादर के सहारे फंदे से लटका मिला। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर बगल के कमरे में रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि आशीष पटेल बड़ागांव का निवासी था। वह साकेतनगर में किराए का कमरा लेकर रहता था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
एक करोड़ की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार
रोहनिया पुलिस और एएनटीएफ यूनिट वाराणसी की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 505 ग्राम चरस के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। एएनटीएफ यूनिट वाराणसी के सीओ राजकुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंद्रभूषण यादव पुत्र राजेश यादव निवासी जोगिनी, थाना करमा, जिला सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही चरस तस्करी के नेटवर्क और गिरोह में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।
डिलीवरी के बाद महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रविंद्रपुरी स्थित एक निजी हॉस्पिटल में बुधवार को 28 वर्षीय नीलम पटेल की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक दूसरे निजी हॉस्पिटल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, नीलम की डिलीवरी के बाद तबीयत बिगड़ने पर निजी हॉस्पिटल से उन्हें रविंद्रपुरी स्थित एक निजी हॉस्पिटल रेफर किया गया था। नीलम के परिजन आशीष का आरोप है कि उन्हें यहां बेहतर इलाज, सुविधाओं और बड़े ऑपरेशन थिएटर का हवाला देते हुए भेजा गया। बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे एंबुलेंस से नीलम को वहां पहुंचाया गया।आशीष के मुताबिक, हॉस्पिटल पहुंचने पर कर्मचारियों ने जांच के बाद नीलम की नब्ज ठीक से नहीं चलने की बात कही और परिजनों को नीचे इंतजार करने के लिए कहा। परिवार के लोग करीब डेढ़ घंटे तक मरीज की हालत में सुधार होने की उम्मीद में इंतजार करते रहे। बाद में एक रिश्तेदार ऊपर पहुंचे तो उन्हें नीलम की मौत होने की जानकारी दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर वार्ड नंबर 39 के पार्षद सुरेश पटेल उर्फ गुड्डू भी मौजूद रहे।
गंभीर हालत में लाई गई थी मरीज
हॉस्पिटल प्रशासन का कहना है कि नीलम को अस्पताल लाए जाने के समय उनकी हालत गंभीर थी। उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं, भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि परिजनों को समझाकर शांत करा दिया गया है। उनकी शिकायत की जांच की जा रही है। परिजन जिस अस्पताल से मरीज को रेफर किया गया अब उसपर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। मामले की जांच की जा रही है।