फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Threat of being framed in terrorist incident digital arrest truck overturns due to fog

Varanasi News Today: आतंकी घटना में फंसाने की धमकी...डिजिटल अरेस्ट, कोहरे के चलते ट्रक पलटा; पढ़ें खबरें

Thu, 01 Jan 2026 06:35 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 01 Jan 2026 06:35 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में बड़ागांव थाने में डिजिटल अरेस्ट का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि युवक को पहलगाम आतंकी हमले में फंसाने की धमकी दी गई थी। वहीं, वाराणसी-गाजीपुर हाईवे पर कागज का रोल लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Threat of being framed in terrorist incident digital arrest truck overturns due to fog
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: पहलगाम आतंकी हमले में फंसाने की धमकी देकर रामजनम प्रसाद को साइबर ठगों ने पीड़ित को 10 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। उसने 28.65 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

विज्ञापन


बड़ागांव थाना क्षेत्र के वीरापट्टी बझियांबारी निवासी रामजनम प्रसाद ने बताया कि 6 दिसंबर की सुबह 8.30 बजे अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एटीएस लखनऊ का अधिकारी बताया और कहा कि पहलगाम आतंकी हमले में उनका नाम शामिल पाया गया है। उन्हें एटीएस मुख्यालय पुणे से जल्द एनओसी प्रपत्र जारी कराने को कहा गया।
विज्ञापन


इसके बाद लगभग 12 मिनट तक व्हाट्सएप पर बातचीत हुई। ठगों ने कहा कि जितना सहयोग करेंगे, जांच उतनी जल्दी पूरी होगी और पैसा वापस उनके खाते में आएगा। उन्हें एक बैंक खाता नंबर दिया गया और 15 दिसंबर से 24 दिसंबर के बीच 28,65,000 रुपये भेजे गए। बाद में पता चला कि यह साइबर ठगी का जाल था। साइबर क्राइम थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

आपसी विवाद में हुई मारपीट, महिला समेत दो घायल
चौबेपुर थाना क्षेत्र के रैमला गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई। घटना में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। महिला को गंभीर चोटें आई हैं। रैमला गांव निवासी अम्बरीश यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 दिसंबर की रात करीब आठ बजे वह घर खाना खाने जा रहा था। आरोप है कि गांव का ही चंद्रप्रकाश यादव से गाड़ी को लेकर कहासुनी हो गई। इस बीच वहां सूर्यप्रकाश यादव, सुमन देवी व शिवमूरत यादव लाठी डंडे के साथ पहुंचे और मारने पीटने लगे। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि मामले में चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

क्रिकेट मैच में युवक को पीटा, 7 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव गांव में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद में गोव निवासी अजय यादव को कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ फूलपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। अजय यादव का आरोप है कि 28 दिसंबर की शाम करीब छह बजे वह क्रिकेट खेल रहा था।

वाइड बाॅल को लेकर कहासुनी हुई तो गांव के ही किशन राजभर, अभिषेक राजभर, विरेंद्र राजभर, विजय राजभर, सत्यम राजभर, आशीष राजभर व राजकुमार राजभर ने मारपीट कर घायल कर दिया। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

कोहरे के चलते ट्रक पलटा, चालक समेत केबिन में बैठे चार लोग चोटिल
वाराणसी–गाजीपुर हाईवे पर मोलनापुर गांव के समीप कागज के रोल लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे की वजह घना कोहरा बना। दुर्घटना में ट्रक चालक समेत केबिन में बैठे चार लोगों मामूली रूप से घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों का प्राथमिकी उपचार कराया।

जानकारी के अनुसार ट्रक चालक मुंबई से कागज के रोल लादकर गोरखपुर जा रहा था। कोहरे के कारण आगे का रास्ता दिखाई नहीं देने से ट्रक हाईवे से उतर गया और खाई में जाकर पलट गया। दुर्घटना के समय केबिन में चालक सहित चार लोग सवार थे, जिन्हें शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी इंद्रेश कुमार ने बताया कि सभी की हालत खतरे से बाहर है।

होटल के किचन लगी आग, कर्मचारियों ने बुझाया
ककरमत्ता स्थित एक होटल के किचन में बुधवार शाम किचन में आग लग गई। होटल में मौजूद कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। होटल में न्यू ईयर पार्टी की तैयारियां चल रही थीं। किचन में मेहमानों के लिए भोजन बनाया जा रहा था। इसी दौरान तंदूर में कोयला डालते समय आग भड़क गई, जो देखते ही देखते किचन में फैलने लगी। कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और होटल में लगे फायर यंत्रों का इस्तेमाल कर आग बुझा दिया। होटल के मैनेजर विकास अग्रवाल ने बताया कि आग से किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है। मंडुवाडीह थाना क्राइम प्रभारी विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि किचन में आग लगी थी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया।

पर्यटक का पर्स चोरी कर एटीएम से निकाले पैसे
मध्य प्रदेश के रतलाम निवासी रामगोपाल यादव का पर्स चोरी कर लिया। पर्स में 15 हजार रुपये थे। जबकि चोरी के बाद एटीएम मशीन से दो बार में 50 हजार की निकासी कर ली गई। पीड़ित ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। रामगोपाल यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि परिवार के साथ काशी भ्रमण पर सोमवार को आये थे।

मंगलवार को संकट मोचन मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद परिवार के साथ अन्नपूर्णा भोजनालय में भोजन करने पहुंचे। इस दौरान उनकी जेब में रखा पर्स गायब हो गया। पर्स में 15 हजार रुपये, रेलवे विभाग का पहचान कार्ड व जरूरी कागजात थे। इसके कुछ ही देर बार उनके मोबाइल पर दो बार में एटीएम मशीन से 50 हजार रुपये कटने का मेसेज आया। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद

महिलाओं पर छींटाकशी करने वाला युवक गिरफ्तार
रोहनिया थाना क्षेत्र के गंगापुर बाजार में आने-जाने वाली महिलाओं पर छींटाकशी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली थी कि गंगापुर मंदिर के पास गंगापुर निवासी अरमान खान अश्लील गाने गाते हुए महिलाओं से अभद्रता कर रहा है। उसे मौके पर छींटाकशी करते हुए पाया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।

साइबर जालसाज के झांसे में आई महिला के खाते से 37 हजार की निकासी
अस्पताल में बच्चे के भर्ती होने का झांसा देकर कैंट क्षेत्र निवासी महिला से साइबर ठग ने 37 हजार रुपये की ठगी कर ली। नदेसर निवासी रफीला बेगम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 26 नवंबर की शाम करीब 5:18 बजे कॉल आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को अस्पताल काउंटर पर तैनात बताते हुए कहा कि उनका बच्चा इमरजेंसी में भर्ती है और इलाज के लिए तुरंत पैसों की जरूरत है।

आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह रकम उनके खाते में ट्रांसफर कर रहा है और डॉ. अतुल के नाम पर 37 हजार रुपये भेजने को कहा। ठग की बातों में आकर पीड़िता को पहले 200 रुपये, फिर 12 हजार रुपये और उसके बाद 25 हजार रुपये भेजे जाने के मैसेज मिले, लेकिन यह रकम उनके खाते में कभी जमा नहीं हुई। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर लेनदेन के खातों को खंगाला जा रहा है।

पिस्टल दिखाकर व्यापारी को दी धमकी, शिकायत दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर में एक व्यापारी को पिस्टल दिखाकर धमकाने का मामला सामने आया। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पुलिस ने जांच शुरु कर दी है। पीड़ित के अनुसार घटना दुकान में लगे सीसी कैमरे में कैद है।

खालिसपुर निवासी शरद कुमार मिश्रा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर वह अपनी खाद-बीज की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान विक्रमपुर निवासी दो युवक दुकान पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उनमें से एक ने पिस्टल निकालकर उन्हें दिखाया और पैसा मांगा। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार मौके पर जुट गए। लोगों को आता देख दोनों आरोपी धमकी देते हुए भाग निकला। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला लेन-देन से जुड़ा है।

बड़ागांव थाना प्रभारी लाइन हाजिर, तीन निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव
बड़ागांव थाना क्षेत्र में रसुलपुर निवासी समीर सिंह की हत्या मामले में लापरवाही बरतने पर बड़ागांव थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा को बुधवार की रात पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने लाइन हाजिर कर दिया साथ ही तीन निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया। फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह को बड़ागांव थाने का प्रभार सौंपा गया। चितईपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह को फूलपुर थाने का चार्ज सौंपा गया। साइबर क्राइम थाना के राकेश गौतम को चितईपुर थाना प्रभारी बनाया गया।

देहरादून में एमबीए छात्र की हत्या के विरोध में प्रदर्शन
देहरादून में एमबीए के विद्यार्थी एंजेल चकमा की हत्या के विरोध में बुधवार को बीएचयू कैंपस में छात्रों ने प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। श्रद्धांजलि सभा में छात्र बाजोम ने कहा कि एंजेल चकमा के हत्यारों ने नस्लवादी टिप्पणी और नफरत से प्रेरित होकर दर्दनाक हत्या की, जो देश के लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और मानवीय मूल्यों पर सवाल खड़ा करती है।

छात्र राहुल ने कहा कि धर्म, जाति और नस्ल के नाम पर लगातार हिंसा हो रही है, जिसका विरोध होना चाहिए। छात्र तकुंग ने कहा कि नॉर्थईस्ट भारत का अभिन्न हिस्सा है। यहां छात्रों की सुरक्षा खतरे में हैं। इस दौरान छात्र–छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत एंजेल चकमा को विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शिवम, सागरिका,अस्मित कन्नौजिया, निक्कू पटेल, सत्यम यादव आदि लोग मौजूद रहे।

कचनार, रानी बाजार के मतदाताओं के नाम सूची से गायब
आराजीलाइन विकास खंड क्षेत्र में प्रकाशित पंचायत की नई मतदाता सूची में ग्रामीणों ने गड़बड़ी का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों ने यह गड़बड़ी की है। राजकुमार गुप्ता, सोनू पटेल, बबलू पटेल, अरविंद विश्वकर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कचनार व रानी बाजार गांव के वह मतदाता जो करीब 20 साल से इस गांव में मतदान कर रहे थे, उनके नाम सूची से गायब है। बहुत से बाहरी के नाम जोड़ दिए गए हैं।

इतना ही नहीं, अन्य गांवों में पहले से पंजीकृत मतदाताओं के नाम कचनार व रानी बाजार गांव की सूची में शामिल कर दिए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि यह धांधली जानबूझकर की गई है। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कौड़ी माता मंदिर में 15 दिन में दूसरी बार चोरी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के दुर्गाकुंड स्थित कौड़ी माता मंदिर में 15 दिनों के अंदर दूसरी बार चोरी हुई है। इससे पहले 15 दिसंबर को मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। पुलिस अभी पहले मामले की जांच में जुटी ही थी कि दूसरी घटना सामने आ गई, जिससे मंदिर और आसपास के लोगों में नाराजगी है।

मंदिर के पुजारी मनीष तिवारी ने बताया कि 15 दिसंबर को भी यहां चोरी हुई थी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। पहली चोरी का खुलासा अभी हुआ ही नहीं था कि 30 दिसंबर की रात चोर ने दोबारा मंदिर को निशाना बनाया। चोर ने पहले दानपेटी तोड़ने का प्रयास किया। असफल रहने पर मंदिर परिसर में स्थित पूजन सामग्री की दुकान में सेंध लगाकर 1.50 लाख रुपये नकद और पीतल का सामान चोरी कर लिया। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।

पुजारी ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में पुलिस को लिखित तहरीर दी जा चुकी है और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी उपलब्ध कराई गई है। उधर, बीते 23 दिसंबर को शिवाला क्षेत्र स्थित फूलमती माता मंदिर में भी चोरी की घटना हुई थी। पुलिस केवल सीसीटीवी फुटेज खंगालने तक ही सीमित रही है। थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही दोनों मामलों का खुलासा किया जाएगा।

Varanasi News Today Threat of being framed in terrorist incident digital arrest truck overturns due to fog
युवक से पूछताछ। - फोटो : संवाद

एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से मिला कारतूस
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार शाम सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के बैग से कारतूस बरामद हुआ।जानकारी के अनुसार हैदराबाद जाने के लिए सुल्तानपुर निवासी ओमभद्र सिंह एयरपोर्ट पहुंचे थे। चेकिंग के दौरान सीआईएसएफ ने उनके बैग से एक कारतूस बरामद किया। एयरपोर्ट प्रशासन ने उन्हें बाबतपुर पुलिस के हवाले किया। यहां एलआईयू, आईबी सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

डॉ आंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
फूलपुर थाना क्षेत्र के नथईपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर के पुतले पर गंदगी करने का वीडियो वायरल होने पर बुधवार की शाम आक्रोशित आजाद पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की टीमें दबिश दे रही है।

आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी और फूलपुर निवासी लक्ष्मीकांत ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर नथईपुर निवासी वीरेंद्र मिश्रा उर्फ वीरू की आईडी से एक वीडियो वायरल हुआ। एक खेत में पुतला लगाने के बाद उस पर गंदगी फैलाने और पुतले में आग लगाते हुए नारे लगा रहा है। डॉ. आंबेडकर के अपमान से आक्रोशित भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष लवकुश साहनी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए।

बाबतपुर- जमालापुर मार्ग पर नथईपुर चौराहे पर एकत्र लोगों को फूलपुर पुलिस ने किसी तरह समझाया। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने एफआईआर की कॉपी दिखाई और कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी जा रही है। जिला प्रभारी लक्ष्मीकांत के तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

गोमती जोन में 93 आरोपी बने गुंडा, 30 आरोपियों की खुली हिस्ट्रीशीट
वर्ष 2025 अपराधियों के खिलाफ गोमती जोन में प्रभावी कार्रवाई की गई। हिस्ट्रीशीटरों की थाना परेड के साथ ही 93 पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर के तहत 9 प्राथमिकी, 30 अभ्यस्त अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। गोमती जोन के डीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि शस्त्र अधिनियम के तहत 17 अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। साथ ही 8 मुठभेड़ में विभिन्न अपराधी गिरफ्तार किए गए। पशु तस्करी पर नियंत्रण रखने के उद्देश्य से 29 अपराधियों के खिलाफ 11 प्राथमिकी दर्ज कर 127 पशु बरामद किए गए। साथ ही वर्ष 2025 में कई महत्वपूर्ण एवं सनसनीखेज आपराधिक मामलों का पर्दाफाश किया गया।

ट्रक का सेफ्टी पटरा टूटा, सड़क पर गिरकर 10 बकरियां मरीं
मिर्जामुराद क्षेत्र के भिखीपुर गांव के समीप नेशनल हाईवे पर बुधवार देर शाम प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रही एक ट्रक से अचानक दर्जनों बकरियां हाईवे पर गिर पड़ीं। हादसा सेफ्टी पटरा के टूटने से हुआ इस दौरान 10 बकरियों मर गईं। ट्रक चालक राजू कुमार निवासी प्रतापगढ़ ने बताया कि बकरियां प्रतापगढ़ से पश्चिम बंगाल ले जाई जा रही थीं। चलने के दौरान ट्रक के पिछले हिस्से की सेफ्टी पटरा टूट गया जिससे बकरियां एक-एक कर सड़क पर गिरने लगीं। चोटिल होकर 10 मर गईं। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि मृत बकरियों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया गया।

पुलिस लाइन में क्वार्टर के सामने कूड़ा फेंकने वाले 45 लोगों को नोटिस जारी
पुलिस लाइन में क्वार्टरों के सामने गंदगी और कूड़ा-कचरा फेंकने वाले 45 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। सीसी कैमरे के जरिये इनकी पहचान हुई है। गंदगी करने के बाबत नोटिस के तहत उन्हें हिदायत दी गई कि दोबारा गंदगी पाए जाने पर जुर्माना भी वसूला जाएगा। बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था शिवहरी मीणा, डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार और एसीपी लाइन डॉ. ईशान सोनी ने पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ श्रमदान भी किया। डीसीपी लाइन प्रमोद कुमार ने संबंधित पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों से अपील की है कि लाइन को स्वच्छ बनाएं और डस्टबिन में ही कूड़ा डालें। ब्यूरो

साइबर फ्रॉड से बचाव की पुलिस ने दी जानकारी
फूलपुर पुलिस ने बुधवार को सामुदायिक भवन में व्यापारियों के साथ बैठक कर साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। उपनिरीक्षक सुनील यादव और गोविंद यादव ने बताया कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को ठग रहे हैं। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मैसेज से सतर्क रहें। बैठक में फूलपुर व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल सपालू, रमेश विश्वकर्मा, सोनू सेठ, जनार्दन चौरसिया, राहुल गुप्ता, विक्की गोंड मौजूद रहे।

एक दिन में 619 भवन स्वामियों ने जमा किए 1.73 करोड़ रुपये संपत्तिकर
नगर निगम में साल के अंतिम दिन बुधवार को 619 भवन स्वामियों ने 1.73 करोड़ रुपये संपत्तिकर जमा किए। इनमें 250 भवन स्वामी ऐसे हैं, जिन्हें पूर्व में डिमांड नोटिस भेजा गया था। इन्होंने संपत्तिकर के रूप में 1.03 करोड़ रुपये जमा कराए। इसके अलावा एक से 31 दिसंबर तक सोलर प्लांट लगाने वालों को संपत्तिकर एकमुश्त जमा करने पर 10 से 12 प्रतिशत की छूट दी गई थी। इसके तहत किसी ने लाभ नहीं लिया है।

संपत्तिकर की वसूली के लिए हुई बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवविस्तारित इलाकों में भवनों का एसेसमेंट करें। व्यावसायिक भवनों का एसेसमेंट करें। इसके अलावा आउटर इलाकों में गेस्ट हाउस, व होटल चलाने वालों से व्यावसायिक टैक्स वसूलने की कार्रवाई करें। इसके अलावा जनवरी में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वसूली करें। ज्यादा वसूली करने वालों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

बीएचयू में रेक्टर ने दिया इस्तीफा, कुलपति ने किया मंजूर
बीएचयू में विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार ने अपने रेक्टर के पद से इस्तीफा दे दिया है। कुलपति ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। विश्वविद्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। पूर्व कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन ने 2 नवंबर 2024 को प्रो. संजय को रेक्टर पद की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद से इनकी तैनाती को लेकर शिक्षकों ने सवाल भी खड़ा किया था।

तैनाती के बाद 14वें महीने में कुलसचिव कार्यालय के सामान्य प्रशासन विभाग के उपकुलसचिव की ओर से आदेश जारी किया गया है। इसमें बताया गया है कि प्रो. संजय कुमार ने कुलपति से रेक्टर पद से कार्यमुक्त करने की सिफारिश की थी। कुलपति ने उनके अब तक के कार्यकाल की सराहना भी की। अब विश्वविद्यालय में नया रेक्टर कौन होगा, इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

Varanasi News Today Threat of being framed in terrorist incident digital arrest truck overturns due to fog
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू के असिस्टेंट प्रोफेसर को मिला यंग साइंटिस्ट अवॉर्ड
आईआईटी बीएचयू के स्कूल ऑफ बायोकेमिकल इंजीनियरिंग में सहायक प्रोफेसर डॉ. आदित्य कुमार पाधी को जैविक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध एवं नवाचार के लिए भारतीय रसायनज्ञ एवं जीव विज्ञानी सोसाइटी यंग साइंटिस्ट अवाॅर्ड–2025 से नवाजा गया।

भुवनेश्वर ओड़िशा के कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) में आयोजित समारोह में इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिक्स के निदेशक प्रो. करुणाकर नंदा और डीम्ड टूबी यूनिवर्सिटी के कुलपति डाॅ. सरनजीत सिंह और महाराजा सयाजीराव विवि, बड़ौदा के कुलपति प्रो. भालचंद्र महादेव भनगे ने उन्हें सम्मानित किया। डॉ. आदित्य को यह पुरस्कार डॉ. पाधी के जैविक विज्ञान के क्षेत्र में असाधारण अनुसंधान योगदान, नवाचार एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए दिया गया।

उनके अनुसंधान में कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी, संरचनात्मक एवं ट्रांसलेशनल बायोइन्फॉर्मेटिक्स, मॉलिक्यूलर मॉडलिंग और सिमुलेशन, प्रेडिक्टिव मॉडलिंग व मशीन लर्निंग का समन्वय शामिल है। इसके माध्यम से औषधि खोज, प्रोटीन एवं एंजाइम इंजीनियरिंग, चिकित्सीय एंटीबॉडी डिजाइन, होस्टमाइक्रोब अंतः क्रियाओं से जुड़ी चुनौतियों, विशेषकर चिकित्सकीय रूप से महत्वपूर्ण रोगजनकों में प्रतिरोध से संबंधित उत्परिवर्तनों पर कार्य किया जा रहा है।

6.70 करोड़ से होंगे 30 विकास कार्य
नवविस्तारित तीन इलाकों में 6.70 करोड़ से 30 विकास कार्य कराए जाएंगे। बुधवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी ने इंटरलाॅकिंग, सीसी रोड का शिलान्यास किया। इनमें गणेशपुर (वार्ड 14) में 13, फुलवरिया (वार्ड 03) में 13 और लोढ़ान (वार्ड 20) में 4 महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। गणेशपुर के खरगपुर में जच्चा-बच्चा केंद्र से आंगनवाड़ी केंद्र तक 70.58 लाख की लागत से सीसी रोड सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। फुलवरिया के गंगापुरी कॉलोनी में करीब 29.97 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे। लोढ़ान में 26.92 लाख की लागत से इंटरलॉकिंग सहित अन्य कार्य कराए जाएंगे।

हवन पूजन के साथ शिवमहापुराण कथा की हुई पूर्णाहुति
काशी खंडेश्वर स्थित अति प्राचीन कृतिवाशेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शिवमहा पुराण कथा में बुधवार को पूर्णाहुति हुई। कथा वाचक पं. आशीष शुक्ला ने भगवान शिव के विभिन्न प्रसंगों से श्रद्धालुओं को रसासिक्त किए। मंदिर के पुजारी आचार्य मयूर पांडेय ने हवन पूजन हुआ। भक्तों में प्रसाद का वितरण हुआ। पूजन में विनोद यादव, बलवंत सिंह, चंद्रभूषण शुक्ला, महेंद्र सिंह आदि रहे।

प्रायोगिक परीक्षा में मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं
यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार नकल करने वालों को पकड़ने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रायोगिक परीक्षाओं में भी इस बार सख्ती बरती जाएगी। परीक्षकों को मोबाइल साथ ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्हें मोबाइल बाहर जमा करना होगा। क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार इस बार की परीक्षा में कड़ाई से कराई जाएगी। इसमें इस बार बोर्ड की ओर से बदलाव करते हुए प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड को अनिवार्य किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार बोर्ड परीक्षाओं को नकल मुक्त बनाने के लिए तकनीक का प्रयोग किया जाएगा। एक ओर जहां केंद्र सीसीटीवी कैमरे से लैस होंगे वहीं दूसरी ओर प्रत्येक केंद्र की जियो टैगिंग कराई गई है। अधिकारियों के अनुसार इस बार प्रायोगिक परीक्षाओं में लगाए जाने वाले परीक्षकों को एक पहचान पत्र जारी होगा। इसे दिखाकर ही उन्हें प्रवेश मिलेगा।

अधिकारी के सेवानिवृत्त होने पर कर्मचारियों ने दी विदाई
नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की वाराणसी मंडल की प्रशासनिक अधिकारी सीमा सक्सेना के सेवानिवृत्त होने पर कर्मचारियों ने विदाई दी। कर्मचारियों ने उनके उत्कृष्ट कार्यकाल, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उनके सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। विदाई समारोह में मंडल प्रबंधक विकास सिंह, अमित सिंह, गगन सेठ, दीपांकर सिंह सहित कंपनी के अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।

सीएमओ सेवानिवृत्त, एसीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद को मिली जिम्मेदारी
जिले के सीएमओ डाॅ. संदीप चौधरी 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी जगह एडिशनल सीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद को कार्यवाहक सीएमओ की जिम्मेदारी मिली है। सीएमओ कार्यालय में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अधिकारियों, डॉक्टरों, कर्मचारियों ने डॉ. चौधरी के कार्यकाल की सराहना करते हुए टीकाकरण, जांच, संक्रामक रोग नियंत्रण, आपातकालीन तैयारियों में दिए गए मार्गदर्शन की चर्चा की। डॉ. संदीप चौधरी ने सभी को मरीजों की सेवाओं के लिए अनुशासन, पारदर्शिता के साथ काम करते रहने के लिए प्रेरित किया।

तहसील राजातालाब बार एसोसिएशन के कार्यकारी सदस्यों की विदाई
तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब में कार्यकारिणी सदस्यों एवं पदाधिकारियों के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। महामंत्री अमृत पटेल ने अधिवक्ताओं को संबोधित कर कहा कि अधिवक्ताओं ने कानून के माध्यम से हमेशा समाज की सेवा की है। वे अधिकार और हक की लड़ाई में आमजन के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं। समारोह के दौरान 2025 की कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न दिया गया। 2026 के चुनाव को संपन्न कराने वाली चुनाव संचालन समिति के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय, राजकुमार यादव, प्रेम शंकर पाठक, रामनरेश यादव, रितेश कुमार सिंह सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

प्रतिष्ठा द्वादशी पर गंगातट पर पूजे गए प्रभु श्रीराम
अयोध्या में भगवान रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य पर बुधवार को प्रतिष्ठा द्वादशी पर नमामि गंगे ने गंगा तट पर प्रभु श्रीराम का पूजन किया। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर रामलला की आरती उतारी। प्रभु से समृद्धशाली, विकसित, आत्मनिर्भर और आरोग्य पूर्ण स्वस्थ भारत के आशीर्वाद मांगे। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने बताया कि दो वर्ष पूर्व पौष महीने की शुक्ल पक्ष की द्वादशी के दिन ही अयोध्या में रामलला मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। पूजन में धर्मचंद शर्मा, सुवर्णा, दत्तात्रेय, रामजानकी शर्मा, महादेव मिश्रा, हनुमान प्रसाद मौजूद रहे।

प्रतियोगिताओं में 300 से ज्यादा बच्चों ने लिया भाग
बंग दर्शन संस्था की ओर से सोनारपुरा स्थित कूच बिहार कालीबाड़ी में लगे तीन दिवसीय आनंद मेले के अंतिम दिन बुधवार को खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही। इस दौरान हुईं प्रतियोगिताओं में 300 से ज्यादा बच्चों ने भाग लिए। विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी मेले का लुत्फ उठाने पहुंचे थे। चित्रकला में जूनियर वर्ग में श्रेयांश डे प्रथम, अद्विता सिंह द्वितीय एवं अदृजदास गुप्ता तृतीय रहीं।

सीनियर वर्ग में तनुश्री बनर्जी प्रथम, श्रेया सेन द्वितीय एवं दुलारी कनौजिया तृतीय रही। एकल नृत्य में जूनियर वर्ग में सांची मौत्रा, धनश्री एवं हरसिद्धि क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर में प्रकृति भट्टाचार्य ने प्रथम, लक्ष्य सोलारपुरकर ने द्वितीय और संचिता सेन ने तृतीय प्राप्त किया।

सज्जा में मृणाल सेन गुप्ता प्रथम, अंशिका पांडेय द्वितीय तथा सूर्यांश पाठक तृतीय रहे। शाम को हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में कुमारी अंकिता भट्टाचार्य के निर्देशिन में नृत्य की मोहक प्रस्तुति रही। सुधीर ने सैक्सोफोन की प्रस्तुति की। संचालन सौरभ चक्रवर्ती ने किया। मौके पर संस्था के सभापति डॉ. केएन चक्रवर्ती, सचिव अनीता मुंशी, अतनु भट्टाचार्य, तपन कांति चक्रवर्ती, तपन चटर्जी मौजूद रहे।

सुदामा-कृष्ण व राजा परीक्षित मोक्ष के प्रसंग से किया विभोर
माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से महमूरगंज स्थित माहेश्वरी भवन में विश्व कल्याण के लिए चल रही श्रीमद्भागवत कथा में बुधवार को व्यासपीठ से पं. संजय शास्त्री कथामृत से श्रद्धालुओं को आनंदित किया। उन्होंने सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष का सुंदर वर्णन किया। कहा कि सच्ची मित्रता, निस्वार्थ भक्ति और मृत्यु के भय पर विजय पाने की शिक्षा सुदामा चरित्र से मिलता है। कथा श्रवण करने किशोर मूंदड़ा, जेठमल चांडक, कमल सोनी, धीरज मल, कविता मारू, कुमुद चांडक, सुनीता राठी, संगीता सोनी, राजश्री धूत, सीमा गट्टानी, आशा झवर, गौरव राठी, मधु राठी, संतोष सारडा, शशि राठी आदि रहीं।

राज्यमंत्री ने 38 कार्यों का किया शिलान्यास
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बुधवार को सिगरा गुलाब बाग स्थित अपने कार्यालय से डूडा की ओर से 12 करोड़ स्वीकृत धनराशि से उत्तरी विधानसभा में होने वाले कुल 38 कार्यों का शिलान्यास किया। राज्यमंत्री ने कहा कि मोदी-योगी सरकार कि यह प्राथमिकता है कि सभी क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास हो। कोई भी गली कच्ची ना रह जाए। कहीं भी नल से पानी की समस्या न रह जाए। उन्होंने डूडा के अधिकारी को भी निर्देशित किया कि कार्य के दौरान गुणवत्ता पर विशेष नजर रखें। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता व समयबद्धता से समझौता नहीं किया जाएगा।

दिल्ली से 12 घंटे लेट आई स्वतंत्रता सेनानी, वंदेभारत 4 घंटे देर से पहुंची
बढ़ते कोहरे के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी में लगातार वृद्धि हो रही है। बुधवार को नई दिल्ली से आने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस 12 घंटे लेट होकर वाराणसी पहुंची, जबकि वंदेभारत एक्सप्रेस चार घंटे देर से स्टेशन पर आई। नई दिल्ली से 22436 वंदेभारत एक्सप्रेस दोपहर 2 बजे की बजाय शाम 6.15 बजे आई। 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सुबह 4.40 बजे के बजाय 8.40 बजे पहुंची।

12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस सुबह 2.35 बजे के बजाय 4.15 बजे आई। 22416 वंदेभारत एक्सप्रेस अपराह्न 3 बजे की बजाय रात 12 बजे पहुंची। 14006 लिच्छवी एक्सप्रेस सुबह 6 बजे की बजाय 11 बजे आई। 12560 शिवगंगा एक्सप्रेस सुबह 6.10 बजे के बजाय दोपहर 12.50 बजे स्टेशन पर पहुंची। 12562 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 8.05 बजे के बजाय रात 8 बजे आई। कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

आज शोभायात्रा के साथ शुरू होगी श्रीमद्भागवत कथा
भारत भारती परिषद की ओर से श्रीमद्भागवत कथा एक से सात जनवरी तक चलेगी। अग्रवाल भवन आसभैरव में कथा का श्रवण करने विभिन्न प्रांतों के अलावा तीन देशों से भी कथाप्रेमी शामिल होंगे। कथावाचक आचार्य दिलीप शास्त्री, पं. अंबुज कृष्णा शास्त्री, संस्था के अध्यक्ष अशोक वल्लभदास ने अग्रवाल भवन में पत्रकारों को बताया कि युवा पीढ़ी को भारतीय सनातन संस्कृति के मूल आदर्शों को आत्मसात कराने के लिए 25 वर्षों से लगातार हो रही श्रीमद्भागवत कथा के क्रम में सप्तदिवसीय कथा होगी।

बृहस्पतिवार को सुबह नौ बजे से श्रीमुकुंद गोपाल प्रभु की मंगला आरती व दर्शन के बाद कलश व भागवत पोथी की शोभायात्रा जाएगी। जो गोपाल मंदिर चौखंभा से अग्रवाल भवन तक गाजेबाजे के साथ कथा स्थल पहुंचेगी। पूर्वाह्न 11:30 बजे से विधिवत श्रीमद्भागवत पूजन के बाद कथा शुरू होगी। प्रतिदिन कथा दोपहर 12 से तीन बजे तक होगी। बताया कि प्रतिदिन सुबह भागवत का मूल पाठ होगा। शाम चार से सात बजे तक रासपंचाध्यायी पर प्रवचन होगा। वृंदावन के पं. अम्बुज कृष्णा शास्त्री एवं आचार्य दिलीप शास्त्री का प्रवचन करेंगे।

निजीकरण और कार्रवाई के विरोध में कालीपट्टी बांधेंगे कर्मचारी, अभियंता
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का बिजली कर्मी एक जनवरी को काली पट्टी बांधकर विरोध करेंगे। इससे पहले 31 दिसंबर को बिजली कार्यालयों पर कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर निजीकरण का फैसला वापस लेने के साथ ही कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई को निरस्त करने की मांग की। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर निजीकरण और छंटनी सहित अन्य कार्रवाई का विरोध बढ़ता ही जा रहा है।

समिति की ओर से अंकुर पांडेय, मायाशंकर तिवारी ने बताया कि आंदोलन के 400 दिन पूरा होने पर साल के पहले दिन 1 जनवरी को प्रदेश के सभी जिलों की तरह बनारस के बिजली कर्मचारी, संविदा कर्मी, जूनियर इंजीनियर और अभियंता कालीपट्टी बांधकर विरोध दर्ज करवाएंगे। पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन की ओर से निजीकरण के विरोध में आंदोलन कर रहे बिजली कर्मियों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। इस दौरान अवधेश मिश्रा, राजेंद्र सिंह, राजेश सिंह, हेमंत श्रीवास्तव, चंद्रशेखर कुमार मौजूद रहे।

दो कर्मचारियों को वीडीए उपाध्यक्ष ने दी शुभकामनाएं
वीडीए सभागार में बुधवार को सहायक अभियंता संजीव कुमार और विजय शंकर तिवारी के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। अध्यक्षता कर रहे वीडीए उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि इन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण भाव से किया। उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं, स्वस्थ, सुखमय भविष्य की कामना की। इस अवसर पर सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव गुड़ाकेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता अजय पवार, अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा, नगर नियोजक प्रभात कुमार आदि ने विचार रखे।

ओडीओपी कारीगरों को प्रशिक्षण देगा उद्योग विभाग
जिले में ओडीओपी कारीगरों को उद्योग विभाग प्रशिक्षण देगा। इसके बाद कारीगरों को टूलकिट भी बांटे जाएंगे। इसके लिए विभाग ने ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से आवेदन मांगे हैं। इस योजना के अंतर्गत जिले के चिह्नित उत्पाद गुलाबी मीनाकारी, वुडन चेयर (लकड़ी का कार्य) और सिल्क उत्पादों से जुड़े कारीगरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सामान्य तकनीकी ज्ञान, क्राफ्ट की बेसिक और एडवांस ट्रेनिंग के साथ-साथ उद्यमिता विकास से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी शामिल होगी।

प्रशिक्षण के लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी। उद्योग विभाग के उपायुक्त अजय गुप्ता ने बताया कि इसमें अभ्यर्थी की शैक्षिक योग्यता, तकनीकी योग्यता, आयु, परिवार की वार्षिक आय, सामाजिक श्रेणी, विशिष्ट श्रेणी तथा ओडीओपी उत्पाद से संबंधित जानकारी के आधार पर निर्धारित अंकों के अनुसार चयन किया जाएगा। इसका उद्देश्य वास्तविक जरूरतमंद और सक्रिय कारीगरों को योजना का लाभ पहुंचाना है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed