News: स्टेशन पर बम की झूठी सूचना देने वाला नासिर अरेस्ट, 98,500 रुपये की साइबर ठगी; पढ़ें वाराणसी की खबरें
Varanasi News: वाराणसी में कैंट रेलवे स्टेशन पर लोगों को डराने के लिए बम ब्लास्ट की झूठी सूचना दी गई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, डिलिवरी अपडेट और लिंक के बहाने से महिला के खाते से 98,500 रुपये की धोखाधड़ी की गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi News in Hindi: कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार को जीआरपी ने नदेसर निवासी नासिर खान को स्टेशन पर बम की झूठी सूचना देने के मामले में गिरफ्तार किया है। नासिर ने मंगलवार को स्टेशन पर लोगों को डराने के लिए बम ब्लास्ट की झूठी सूचना कंट्रोल रूप को दी थी। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ ने तलाशी अभियान चलाया था। जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।
मुखबिर की सूचना पर जीआरपी ने बुधवार को गश्त कर प्लेटफॉर्म नाै के पूर्वी छोर से नासिर को गिरफ्तार किया है। नासिर का फोन चेक करने पर बम की सूचना देने की पृष्टि हुई। जीआरपी थाना प्रभारी रजोल नागर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
मेडिकल स्टोर पर तीमारदार की जेब से निकाले 12 हजार, गिरफ्तार
जिला अस्पताल गेट के पास तीमारदार की जेब से 12 हजार रुपये चोरी के आरोप में कैंट पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी शिवपुरी सिनेमा हाल शिवपुर निवासी आकाश जायसवाल है। रुपये बरामद हो गए। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि पांडेयपुर निवासी रोहित कुमार सिंह ने केस दर्ज कराया कि वह मेडिकल स्टोर पर दवा ले रहे थे, तभी आरोपी ने जेब से पैसे निकाले।
गुमशुदगी के बजाय अपहरण का केस दर्ज
रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखूं गांव निवासी अमित कुमार की गुमशुदगी के मुकदमे में बुधवार को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने अपहरण की धारा बढ़ाई है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि अमित की खोजबीन की जा रही है।
शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने के आरोपी बहादुरपुर निवासी अजय कुमार को बाबतपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र की युवती ने 19 अगस्त को मुकदमा दर्ज कराया। आरोप लगाया कि चौबेपुर थानाक्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी अजय कुमार ने शादी का झांसा दिया और शारीरिक शोषण किया। दबाव बनाने पर शादी से इंकार करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
महिला के खाते से 98,500 रुपये की साइबर ठगी
साइबर जालसाजों ने डिलिवरी अपडेट और लिंक के बहाने से महिला के खाते से 98,500 रुपये की धोखाधड़ी की। पीड़िता ने मंगलवार रात जैतपुरा थाने में केस दर्ज कराया। भरतनगर कॉलोनी (सारंग तालाब) निवासी सुप्रिया पांडेय ने पुलिस को बताया कि 11 अगस्त को उनके मोबाइल पर डिलीवरी अपडेट के नाम पर कॉल आया।
कॉल करने वाले ने एक लिंक और एपीके फाइल डाउनलोड करवाई, जैसे ही फाइल को ओपन किया बैंक खाते से 50 हजार और 48,500 रुपये निकल गए। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
जमीन विवाद में पड़ोसियों ने दिव्यांग दंपती को पीटा, 5 के खिलाफ केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रामसिंहपुर गांव में 3 दिन पहले जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट मामले में बुधवार को पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पिटाई में दिव्यांग दंपती समेत पांच घायल है। रामसिंहपुर गांव निवासी दिव्यांग मधु गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी सत्यनारायण गुप्ता, मीना, रश्मि, राज नारायण गुप्ता व शकुंतला देवी ने मारपीट की। इसमें पति दिव्यांग मन्नू गुप्ता, बेटी श्रेया, साक्षी व आराध्या घायल हो गईं। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि पांच के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विवाहिता लापता, केस दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित एक गांव की दो बच्चों की मां 12 दिन पूर्व घर से लापता है। पति ने बुधवार मिर्जामुराद थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पति ने पुलिस को बताया कि पत्नी 4 अगस्त की दोपहर अपने 10 व पांच वर्षीय बेटों को छोड़कर लापता है। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि केस दर्ज किया गया है।
देह व्यापार के आरोपी दो सगे भाइयों की जमानत मंजूर
विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट, (द्वितीय) नितिन पांडेय की अदालत ने देह व्यापार में आरोपी बड़ागांव के खटौरा निवासी दो सगे भाई सर्वेश सिंह व अर्जुन सिंह को एक-एक लाख रुपये की दो जमानत और बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया है। बाबतपुर में रेस्टोरेंट और गेस्टहाउस में एसओजी-2 ने छापा मारकर देह व्यापार का छह अगस्त को भंडाफोड़ किया था।
पत्नी समेत अज्ञात पर कोतवाली में दर्ज कराया केस
पति ने पत्नी पर जबरन घर में घुसकर आलमारी में तोड़फोड़ और धमकी के मामले में बुधवार को कोतवाली थाने में केस दर्ज कराया।बुलानाला सप्तसागर निवासी रजत चौरसिया ने पुलिस को बताया कि पत्नी रोशनी और अज्ञात ने 25 जुलाई को घर में घुसकर आलमारी तोड़ने का प्रयास किया। माता-पिता ने विरोध किया तो गालीगलौज और जान से मारने की धमकी दी। वह ऑनलाइन सट्टा भी संचालित कराती है, जिसकी डिटेल उसके बैंक खातों से मिल सकती है। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि रोशनी और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बिना नंबर के पांच वाहन किए सीज, 55 वाहनों से वसूला 1.45 लाख
कैंट थाने की पुलिस ने बुधवार की रात छावनी क्षेत्र समेत नदेसर, अर्दली बाजार में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर के 55 दोपहिया वाहन सीज किए गए। वहीं, नियम तोड़ने वाले 55 वाहनों से मौके पर आनलाइन 1455000 रुपये जुर्माना वसूला गया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाश अभियान में यातायात नियम का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को कड़ी हिदायत दी गई।
दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल
जंसा थाना क्षेत्र के नोनखरा गांव में बुधवार देर शाम दो पक्षों में जमीन के विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इसमें तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभाजीत विश्वकर्मा की सगे भाई राकेश उर्फ पप्पू विश्वकर्मा से जमीन को लेकर मारपीट हो गई।
सभाजीत ने पुलिस को बताया कि राकेश के लोगों ने फावड़े से वार किया, जिसमें पत्नी प्रमिला देवी, मां गीता देवी घायल हो गए। थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि सभाजीत की तहरीर पर राकेश उर्फ पप्पू, सुशील उर्फ सोनू, भानु प्रताप, सतीश कुमार विश्वकर्मा पर केस दर्ज किया गया है। पप्पू को हिरासत में लिया गया है।
जमीन के विवाद में 6 पर केस दर्ज
एसीपी राजातालाब के निर्देश पर मिर्जामुराद पुलिस ने बुधवार को जमीन के विवाद मामले में करधना गांव निवासी अरविंद कुमार, कुमार मंगलम सिंह, राधिका पटेल, मंजू देवी, सुनैना देवी, सुशील पटेल समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया।
मिर्जामुराद क्षेत्र के हीरूपुर (करधना) गांव निवासी उदय नारायण पटेल ने सहायक पुलिस आयुक्त राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव को बताया कि 8 जून को पुश्तैनी जमीन पर मड़ई लगा रहा था। गांव के मंगलम सिंह, समेत छह से सात लोगों ने लाठी डंडे से पिटाई की। पत्नी निर्मला देवी को घायल करने के बाद जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
50 हजार चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, नकदी व मोबाइल मिले
विशेश्वरगंज के चीनी आढ़ती शशांक साहू की बाइक पर 50 हजार की नकदी से भरा झोला चोरी करने के आरोपी विनोद को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को राजघाट से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 1530 रुपये और मोबाइल मिला। कोतवाली इंस्पेक्टर कोतवाली दयाशंकर सिंह ने बताया कि विशेश्वरगंज सब्जी मंडी के पास आदमपुर निवासी शशांक साहू का बाइक से झोला चोरी हुआ था। सीसी फुटेज और सर्विलांस से विनोद को पकड़ा गया।
नौकरी का झांसा देकर पांच लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार
फर्जी और कूटरचित दस्तावेज के आधार पर एम्स नई दिल्ली में नौकरी लगवाने का झांसा देकर पांच लाख की धोखाधड़ी के आरोपी सौरभ मिश्रा को लोहता पुलिस ने बुधवार को लोहता थाना परिसर से गिरफ्तार किया। बराबंकी के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के निवासी सौरभ मिश्रा के खिलाफ युवती ने केस दर्ज कराया है।
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता का आरोप था कि सौरभ ने उसे एम्स नई दिल्ली में नौकरी दिलाने के नाम पर झांसा दिया। फर्जी व कूटरचित दस्तावेज के आधार पर कई बार में क्यूआर कोड से पांच लाख रुपये लिए। बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
बैंक खाते से 45 हजार की जालसाजी, केस
क्रेडिट कार्ड की जानकारी देने के बहाने युवक के बैंक खाते से 45 हजार की रुपये की जालसाजी हो गई। पीड़ित ने मंगलवार रात भेलूपुर थाने में केस दर्ज कराया। रानीपुर निवासी नवनीत कुमार ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त को फोन करने वाले ने खुद को एसबीआई के क्रेडिट कार्ड विभाग से होने की बात कही। साथ ही कहा कि आपके कार्ड पर इंश्योरेंस प्लान चालू है। कार्ड बंद कर लें नहीं तो 4 हजार रुपये प्रतिमाह देने होंगे।
कार्ड का विवरण लिया और कुछ ही देर बाद खाते से 45000 का भुगतान स्क्रीनकप सॉफ्टवेयर न्यू दिल्ली में हो गया। खाते से पैसे निकालने की जानकारी दूसरे दिन होने पर क्रेडिट कार्ड सहायता केंद्र को सूचना देकर कार्ड ब्लॉक कराया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
रेलवे ने चलाया स्वच्छता अभियान
भारतीय रेल 16 अगस्त से 31 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मना रही है। बुधवार को वाराणसी सिटी, बनारस, आजमगढ़, बलिया सहित कई स्टेशनों पर सफाई अभियान चला। इसमें वाराणसी मंडल के स्टेशनों पर कार्यरत स्वास्थ्य निरीक्षकों ने रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वच्छता संबंधी नारे, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से जन जागरूकता रैली निकाली। स्टेशनों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग कूड़ेदान लगाए गए और यात्रियों को जागरूक करने के लिए साइन बोर्ड भी लगे। नेतृत्व पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने किया।
जिले के हर ब्लॉक में बनेगा मिनी स्टेडियम
जिले के सभी आठ ब्लॉकों में मिनी स्टेडियम बनाने की तैयारी है। इससे ग्रामीण युवाओं को अपनी खेेल की प्रतिभा निखारने और खेलों में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। जिले के तीन ब्लॉक सेवापुरी, काशी विद्यापीठ और बड़ागांव में मिनी स्टेडियम का निर्माण हो चुका है। इन स्टेडियमों में रनिंग ट्रैक, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसे खेलों के लिए सुविधाएं हैं। खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शकों के लिए पवेलियन भी बनाए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने बताया कि ये स्टेडियम खिलाड़ियों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रहे हैं। हर गांव के बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिले इसके लिए पांच ब्लॉकों चोलापुर, हरहुआ, चिरईगांव, पिंडरा और आराजीलाइन में भी मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है। इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलते ही इन क्षेत्रों में भी निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
काशी विद्यापीठ में आज से बीए की पेड सीट पर काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में स्नातक पाठ्यक्रम बीलिब आईएससी, एमलिब आईएससी और बीबीए में 51 अभ्यर्थियो ने काउंसिलिंग करवाई। गुरुवार से बीए में दाखिले के लिए पेड सीट पर काउंसिलिंग होगी। विश्वविद्यालय में स्नातक की काउंसिलिंग की प्रक्रिया अंतिम दौर में हैं। अब पेड सीट पर भी दाखिले शुरू हो गए हैं। प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि बीए की पेड सीट पर काउंसिलिंग 21 से 23 अगस्त तक होगी।
इसके लिए नियमानुसार अभ्यर्थियों को ईमेल एवं मेसेज भेजे गए हैं। ई-मेल में दिये गये लिंक पर जाकर अपना ई-मेल और जन्मतिथि लिखकर अभ्यर्थी अपना गेट पास डाउनलोड कर सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों को ई-मेल पर लिंक भेजा गया है, उनको अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, सभी की एक सेट फोटो स्टेट, 06 पासपोर्ट साइज फोटो, अपनी कैटेगरी के अद्यतन प्रमाण-पत्र सहित सुबह 10:30 बजे वाणिज्य संकाय भवन में आना होगा।
पॉलिटेक्निक में विशेष काउंसिलिंग का छठा चरण 21 से
उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से वर्ष 2025 की पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए छठे चरण की विशेष काउंसिलिंग 21 अगस्त से 2 सितंबर तक होगी। काउंसिलिंग उन सभी छात्रों के लिए है जो 27 जून से 14 अगस्त तक हुई मुख्य काउंसिलिंग में भाग नहीं ले पाए थे या जिन्हें पिछले पांच चरणों में कोई सीट नहीं मिली थी। इसके अलावा, जो छात्र विशेष काउंसलिंग के चौथे चरण में अपने दस्तावेज सत्यापित नहीं करा सके थे, वे भी इस चरण में शामिल हो सकते हैं।
वीडीए ने 82 आवासों का आवंटन किया
वीडीए की ओर से बुधवार को चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 82 आवासों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया से किया गया। इस लॉटरी में कुल 642 लाभार्थियों के सापेक्ष ग्राम हरहुआ एवं कुरहुआ स्थित आवासों का आवंटन किया गया। लाभार्थियों की उपस्थिति में पूरी कार्यवाही कराई गई। इस दौरान वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, एडीएम वित्त एवं राजस्व वंदिता श्रीवास्तव, सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, परियोजना अधिकारी (डूडा) निधि वाजपेयी मौजूद रहे।
बरेका में तीन महीने का सतर्कता अभियान शुरू
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में निवारक सतर्कता को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 17 नवंबर तक चलेगा। इस अभियान की थीम सतर्कता हमारी साझा जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान 27 अक्तूबर से 2 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का भी आयोजन किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही की भावना को मजबूत करना है। इस दौरान बरेका में जागरूकता व्याख्यान, निबंध, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, पोस्टर और नारा लेखन जैसी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह, अंकुर चंद्रा उपस्थित रहे।
रेल अधिकारियों को सद्भावना की शपथ दिलाई
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर सद्भावना दिवस मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों को सद्भावना की शपथ दिलाई। मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह ने बताया कि सद्भावना दिवस का मुख्य उद्देश्य देश में सांप्रदायिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देना है। मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार सिंह, अजय सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान मौजूद रहे।
शिविर में आध्यात्मिक पुस्तकों का वितरण
शिवपुर स्थित केंद्रीय कारागार में बुधवार को योगी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने 200 कैदियों को योग प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। इस दौरान भगवद्गीता का वितरण किया। जेल कार्यालय में रामायण, गीता, विष्णु पुराण जैसी आध्यात्मिक पुस्तकें भी भेंट कीं। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राधा कृष्ण मिश्रा, जेलर अखिलेश कुमार ने बताया कि योगी दीपक कुमार श्रीवास्तव मैहर के हैं। वह जॉब से रिटायरमेंट लेने के बाद समाज में सकारात्मक सोच लाने के कार्य में लग गए।
बीएचयू में दो दिन होगी लाइव सर्जरी
आईएमएस बीएचयू में फेलोशिप ऑफ द इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ कोलो प्रोक्टोलॉजी कॉन्फ्रेंस 23-24 अगस्त को होगी। इसमें देश-विदेश के कई सर्जन प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान ऑपरेशन थियेटर में मरीजों की सर्जरी का लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। बीएचयू के जनरल सर्जरी विभाग की ओर से केएन उडुप्पा ऑडिटोरियम में होने वाले इस आयोजन में डॉक्टरों के साथ मेडिकल के छात्र भी शामिल होंगे।
कॉन्फ्रेंस में कोलो प्रोक्टोलॉजी प्रक्रियाओं से जुड़ी बीमारियों पर चर्चा होगी। इसमें पैनल चर्चा, वाद-विवाद और वैज्ञानिक विचार-विमर्श, शोधपत्र और पोस्टर की प्रस्तुति होगी। इसमें फेलोशिप परीक्षा भी होगी। कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रांची के निदेशक प्रो. राजकुमार करेंगे। कार्यशाला संरक्षक आईएमएस निदेशक डॉ. एसएन संखवार, डीन, फैकल्टी ऑफ मेडिसीन डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. गोपाल नाथ, डीन (रिसर्च) मौजूद रहेंगे।
बीएचयू के पर्यावरण विकास संस्थान में दीक्षारंभ शुरू
बीएचयू के पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान में दीक्षारंभ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। नवप्रवेशी छात्र और छात्राओं को बताया गया कि इस कैंपस में उपाधि के साथ ही चरित्र और समृद्ध विरासत भी हासिल होती है। रेक्टर प्रो. संजय कुमार और छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके नेमा ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन सिर्फ शैक्षणिक उपलब्धियों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व निर्माण का आधार भी है।
बीएचयू की प्रदर्शनी में किताब का हुआ लोकार्पण
बीएचयू में विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित मेरी पसंदीदा फोटोग्राफ प्रदर्शनी के दूसरे दिन व्यू फाइंडर - तमाशा मेरे आगे किताब का लोकार्पण किया गया। दृश्य कला संकाय के अहिवासी कला वीथिका में जगदीश यादव की इस किताब की समीक्षा भी की गई। संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित ने बताया कि इस किताब की मदद से फोटो जर्नलिज्म की बारीकियों को सीखा जा सकता है। ये प्रदर्शनी 23 जुलाई तक चलेगी। इसमें कई फोटोग्राफरों का संवाद कार्यक्रम भी किया जा रहा है।
यूपी कॉलेज : बीएड में प्रवेश 22-23 अगस्त को
यूपी कॉलेज के बीएड कोर्स में प्रवेश के लिए 22 और 23 अगस्त को अभ्यर्थियों को टीचर एजुकेशन विभाग में बुलाया गया है। सुबह 10 बजे से तीन बजे तक दस्तावेजों का वेरिफिकेशन किया जाएगा। राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों काे कॉल लेटर भी भेज दिया गया है। उनसे 1500 कार्यशाला शुल्क के साथ कुल 10 तरह के डॉक्यूमेंट्स मांगे गए हैं। कॉलेज ने आवेदन पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र और अंक पत्र, अधिभार प्रमाण पत्र, आरक्षण प्रमाण पत्र, एंटी रैगिंग शपथ पत्र, कॉलेज आवंटन पत्र की कॉपी, चरित्र प्रमाण पत्र, ट्रांसफर सर्टिफिकेट और पासपोर्ट साइज की फोटो लेकर उपस्थित होना होगा।
हजयात्रा की पहली किस्त अब 25 तक जमा होगी
हज कमेटी ऑफ इंडिया ने हज यात्रा की पहली किस्त जमा करने की तिथि पांच दिन और बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव एसपी तिवारी ने बताया कि अब 25 अगस्त तक जमा होगी। जायरीन को पहली किस्त 152300 रुपये जमा करने होंगे। हजयात्री एसबीआई, यूनियन बैंक के अलावा ऑनलाइन वेबसाइट https://.hajcommittee.gov.in, हज सुविधा एप, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड, नेट बैंकिंग के जरिए भी किस्त जमा कर सकते हैं। उप्र राज्य हज समिति के लखनऊ कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
जिला अस्पताल में नोटिस बोर्ड पर जिनकी तैनाती नहीं, उनके नाम दर्ज
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में ओपीडी के पास डिस्प्ले बोर्ड लगा है, उस पर सीएमएस और डॉक्टरों के नाम ही गलत हैं। लंबे समय से इसे अपडेट नहीं किया गया है। डिस्प्ले बोर्ड पर डॉक्टरों के नाम अंकित हैं जो यहां लंबे समय से सेवा ही नहीं दे रहे हैं। बोर्ड पर अब भी सीएमएस के नाम के आगे डॉ. दिग्विजय सिंह लिखा है जबकि वह छह माह से यहां तैनात ही नहीं हैं। यही नहीं उन फिजीशियन, सर्जन, आर्थो सर्जन के नाम यहां दर्ज हैं, जो इस समय अस्पताल में तैनात नहीं है।
वाराणसी मंडल ने 95% ट्रेनें समय से चलाईं
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने एक कीर्तिमान बनाया है। मंडल ने मंगलवार को अपने यहां से चलने वाली और समाप्त होने वाली ट्रेनों के लिए 95 प्रतिशत का उत्कृष्ट समय-पालन प्रतिशत दर्ज किया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने बताया कि वाराणसी मंडल यात्रियों को बेहतर एवं तेज गति की सुविधा प्रदान करने के लिए अपनी आधारभूत संरचना और कार्यप्रणाली के आधुनिकीकरण हेतु निरंतर प्रयासरत है। मंडल के सभी बड़ी लाइन के रेल खंडों का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है और शेष पर काम चल रहा है।
सेंट जोसेफ ने 42 पदकों पर किया कब्जा
सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल शिवपुर के एथलीटों ने यूपी इंटर जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में कुल 42 पदक अपने नाम किए हैं। इसी के साथ सेंट जोसेफ प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा पदक जीतने वाला स्कूल बन गया है। स्कूल के खेल प्रशिक्षक अनिल सिंह ने बताया कि कुल 20 खिलाड़ियों ने यह उपलब्धि हासिल की। इसमें 23 स्वर्ण, 11 रजत और 8 कांस्य पदक शामिल हैं।
स्वरोजगार के लिए कल से शुरू होगी ट्रेनिंग
मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण 22 अगस्त से शुरू होगा। राजकीय फल संरक्षण केंद्र के प्रभारी आरसी अग्रवाल ने बताया कि हरहुआ ब्लाॅक के न्याय पंचायत दासेपुर में सुबह 11 बजे से प्रशिक्षण होगा। उन्हें आचार, मुरब्बा, पापड़, दुग्ध उत्पाद, मसाले आदि के लघु उद्योग लगाने के बारे में जानकारी दी जाएगी। 30 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सांसद निधि से होने वाले तीन कार्यों का हुआ शिलान्यास
भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बुधवार को सांसद निधि से होने वाले तीन कार्यों का शिलान्यास किया। सारनाथ अकथा वार्ड में मुसहर बस्ती अशोका कॉलेज रोड से लेकर शिवकुमार वनवासी के मकान तक इंटरलॉकिंग की जाएगी। इस कार्य की लागत 15.58 लाख रुपये है। वहीं, चौकाघाट पानी टंकी के पास राजेंद्र गांधी के मकान से शनि देव मंदिर तक की सड़क का निर्माण होगा। इसकी लागत 17.31 लाख होगी। गिलट बाजार मस्जिद से नंदिनी बाल निकेतन स्कूल सेंट्रल जेल रोड तक इंटरलॉकिंग कार्य 27.81 लाख से होगा।
लाटभैरव की आरती में शामिल हुए श्वेत उल्लू के जोड़े
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के स्वर्ण शिखर के ताखे में श्वेत उल्लू दिखाई पड़ने की चर्चा सोशल मीडिया पर चल रही है। कज्जाकपुरा स्थित लाट भैरव मंदिर की रात्रि में होने वाली दैनिक आरती में भी श्वेत उल्लू के जोड़े के कई दिनों से आ रहे हैं। मंदिर प्रबंध ने इसका वीडियो बनाकर जारी किया है। श्री कपाल भैरव अथवा लाट भैरव प्रबंधक समिति के शिवम अग्रहरि ने बताया कि घंट-धड़ियाल की ध्वनियों के बीच पेड़ पर बैठे श्वेत उल्लू के जोड़े दिखाई पड़ रहे हैं।
बनारस में आज से 3 दिन बारिश का का यलो अलर्ट
बनारस में गुरुवार से तीन दिन के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली चमकने और तेज हवा चलने के साथ जोरदार बारिश हो सकती है। बुधवार को सुबह 11 बजे तक तेज हवा के साथ बादल छाने लगे, लगा कि बारिश हो सकती है लेकिन उसके बाद हवा गर्मी हो गई और उमस बढ़ने लगी। इससे बनारस का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो कि सामान्य से एक फीसदी ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा 27.4 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। बनारस में हवा भी अधिकतम 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बही।
उपस्वास्थ्य केंद्र का काम लटका, ग्रामीणों का धरना
ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोसाईपुर में 32 लाख की लागत से उपस्वास्थ्य केंद्र बनाया जाना है लेकिन बजट के अभाव में निर्माण कार्य रुका हुआ है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन कर काम जल्द पूरा करवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि 16 लाख रुपये की किस्त सरकार ने जारी कर दी है। इसके बाद भी स्थिति जस की तस है।
दो सप्ताह में अधूरे उपकेंद्र का कार्य शुरू नहीं हुआ तो उच्चाधिकारियों को पत्रक देकर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। ग्राम प्रधान संजय कुमार यादव का कहना है कि अधिकारियों की अनदेखी से काम नहीं हो पा रहा है। धरना देने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य कन्नू बनवासी, डॉ. दशमी पटेल, भोला प्रसाद, मंजू देवी, शीला देवी रहीं। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण से संबंधित समस्याओं का समाधान करवाया जाएगा।
आईआईवीआर ने गाजर घास के खिलाफ शुरू किया अभियान
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) में बुधवार को पार्थेनियम (गाजर घास) के खिलाफ जागरूकता पखवाड़े की शुरुआत की। इसके तहत किसानों, वैज्ञानिकों और छात्रों को इस खरपतवार के हानिकारक प्रभावों और इसके नियंत्रण के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
संस्थान के कार्यवाहक निदेशक डॉ. नागेंद्र राय ने बताया कि पार्थेनियम एक ऐसा खरपतवार है जो न सिर्फ फसलों की पैदावार कम करता है। इसके परागकण से लोगों में सांस और त्वचा संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। अभियान प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सिद्धार्थ कुमार सिंह की देखरेख में हुआ।
42 को लोन के लिए कराया आवेदन
पीएम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त 60 लाभार्थियों में से 42 को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी सम्मान योजना के विकास अभियान के माध्यम से लोन के लिए आवेदन कराया गया। लहरतारा स्थित जिला उद्योग कार्यालय में कैंप के माध्यम से अभ्यर्थियों को योजनाओं के बारे में बताया गया।
संयुक्त आयुक्त उद्योग प्रभात रंजन ने बताया कि अब तक पीएम विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 19 लोगों को बैंकों के माध्यम से लोन दिलाया गया है। अधिकारियों ने सभी आवेदनों को बैंकों को भेज दिया है। जिला उद्योग विभाग के उपायुक्त मोहन कुमार शर्मा ने बताया कि सभी लोगों के आवेदन बैंकों को भेज दिए गए हैं।
13 दिनों तक 13 ब्लाॅक और 100 वार्डों में कांग्रेस निकालेगी पदयात्रा
महानगर कांग्रेस कमेटी 13 दिनों तक 13 ब्लाॅक और शहर के 100 वार्डों में पदयात्रा निकालेगी। इस दौरान वहां निवास कर रहे लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कालभैरव क्षेत्र से निकली पदयात्रा में शामिल होकर जनता से बात की। कांग्रेस नेताओं ने मैदागिन स्थित पूर्व पीएम की प्रतिमा को श्रद्धांजलि देकर यात्रा का शुभारंभ किया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राजीव भारत को 21वीं सदी में ले जाने की नींव रखी और कंप्यूटर, टेलीकॉम, पंचायती राज व्यवस्था और युवाओं को अवसर देने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। आज संस्थाओं को पंगु बनाया जा रहा है और जनता के वोट की चोरी हो रही है। मौके पर जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, प्रजानाथ शर्मा, दुर्गाप्रसाद गुप्ता रहे।
अंडरग्राउंड केबल फाल्ट से ढाई घंटे गुल रही बिजली
शिवपुर के मेहता नगर कॉलोनी के पास बुधवार को सुबह अंडरग्राउंड केबल में फाॅल्ट होने के कारण सुबह ढाई घंटे तक बिजली गुल रही। इस वजह से शिवपुर बाजार, मेहता नगर कॉलोनी व नारायण पार्क के लोग परेशान रहे। सुबह सात बजे से लेकर शाम 6 बजे तक बिजली की आवाजाही जारी रही। एसडीओ मनीष राय का कहना है कि मेहता नगर कॉलोनी के समीप 11 हजार वाट के अंडरग्राउंड केबल में फाल्ट आ गया जिस कारण भोर में करीब ढाई घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
पुलिस आयुक्त से मस्जिद में असामाजिक तत्वों को रोकने की मांग
शिया जामा मस्जिद के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। मस्जिद परिसर में असामाजिक तत्वों की हरकतों से उन्हें अवगत कराया और ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में मस्जिद के मुतवल्ली जहीर हैदर, मौलाना अमीन हैदर हुसैनी मौजूद रहे।
सोलह शृंगार कर गीत-संगीत से बांधा समा
श्री हैहय वंशीय क्षत्रिय कसेरा महिला कला केंद्र की ओर से बुधवार को गुरुबाग स्थित एक कैफे में तीजोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं ने सोलह शृंगार कर हरतालिका तीज के उपलक्ष्य में माता पार्वती और शिव जी की पूजा की। महिलाओं ने कजरी और फिल्मी गीतों पर मोहक नृत्य किया। मनोरंजक गेम्स शो का भी लुत्फ उठाया। सभी को शृंगार की सामग्री दी गई। धन्यवाद ज्ञापन राजेश सिंह कसेरा ने दिया। इस मौके पर रीना, पूनम सरिता, सुमन, लक्ष्मी वर्मा, सुनीता, संगीता दास, चंचल आदि मौजूद रहीं।
ऑपरेशन बेलपत्र अभियान तीसरे दिन भी जारी, 800 ने किए हस्ताक्षर
काशी के मंदिरों में स्थानीय निवासियों को प्रमुखता से दर्शन कराने के लिए ऑपरेशन बेलपत्र बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इसपर 800 से ज्यादा लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। अभियान की शुरुआत मां संकठा मंदिर में दर्शन के साथ हुआ। संयोजक दिलीप सिंह ने बताया कि अब तक 2700 घरों में जाकर लोगों से हस्ताक्षर कराए जा चुके हैं। एक लाख परिवारों से हस्ताक्षर कराने का लक्ष्य है। इस मौके पर विपिन मेहता, सोमनाथ तिवारी, पीयूष कपूरिया, बच्चा यादव, किशन कपूरिया, विक्रम व्यास, अंश शर्मा, रानी सेठ मौजूद रहे।
भीटी गांव में 22.63 लाख से बनेगी सड़क
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भीटी गांव में सीमा तिवारी के आवास से हनुमान के आवास तक 22.63 लाख की लागत से होने वाले 183 मीटर इंटरलॉकिंग कार्य का बुधवार को शिलान्यास किया। शिलापट्ट का अनावरण प्रधान प्रतिनिधि संजय सोनकर और भाजपा कार्यकर्ता अमृता दुबे ने संयुक्त रूप से किया।
जिले के छह खिलाड़ियों का राष्ट्रीय तैराकी के लिए चयन
लखनऊ में हुई प्रदेश स्तरीय विद्यालयीय तैराकी प्रतियोगिता में जिले के छह खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई कर लिया है। कोच विमल राय ने बताया कि बाबू केडी सिंह स्टेडियम में हुई तीन दिवसीय 69वीं माध्यमिक विद्यालय राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता के आखिरी दिन बंगाली टोला इंटर कॉलेज के छात्र सुमित साहनी ने जूनियर वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, सनातन धर्म इंटर कॉलेज के छात्र सत्यम साहनी ने 200 मीटर फ्री स्टाइल में स्वर्ण जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
इनके अलावा रिया पटेल ने भी रिले टीम में दूसरा स्थान प्राप्त करके अपनी योग्यता साबित की। इन सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया है। वाटर पोलो में जिले की टीम चौथे स्थान पर रही, फिर भी तैराकी में मिली यह सफलता जिले के लिए गर्व का विषय है। इन युवा खिलाड़ियों से अब राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
पर्युषण पर्व : आठ दिनों के उपवास में 32 बार ग्रहण करेंगे जल
अहिंसा, त्याग, तपस्या, संयम सहित पांच महामंत्रों का महापर्व पर्युषण बुधवार को शुरू हुआ। जैन धर्म के श्वेतांबर समाज के अनुयायियों ने उपवास रखकर भगवान पार्श्वनाथ अभिषेक कर पूजन किया। वह आठ दिनों के उपवास के दौरान 32 बार उबला हुआ जल ग्रहण करेंगे। विभिन्न शहरों से 50 से अधिक अनुयायी उपवास करने आए हैं।
उपवास रखने वालों ने सुबह प्रवचन, सत्संग में हिस्सा लिया और भगवान पार्श्वनाथ की पूजा की। साध्वियों ने कलपसूत्र ग्रंथ का पाठ किया। साध्वी दिव्या दर्शना और सम्यक दर्शना ने कहा कि भगवान महावीर ने इंसानियत धर्म का पालन करने का संदेश दिया है। पर्युषण पर्व का समापन 27 अगस्त को होगा। दिगंबर परंपरा के अनुयायियों का पर्युषण पर्व 28 अगस्त से छह सितंबर तक चलेगा।
निजीकरण के विरोध में होगा आंदोलन
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण के प्रस्ताव पर बिजलीकर्मियों का विरोध जारी है। बुधवार को कर्मचारियों ने कार्यालयों पर प्रदर्शन कर आवाज बुलंद की। अगले सप्ताह से आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि निजीकरण के विरोध में अगले सप्ताह से केंद्रीय पदाधिकारियों के प्रांतव्यापी दौरे शुरू होंगे।
देवेंद्र पाठक को मिलेगी डॉक्टरेट की उपाधि
काशी के समाजसेवी देवेंद्र कुमार पाठक को डॉक्टरेट की मानद उपाधि दी जाएगी। ग्लोबल इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी अमेरिका की ओर से 24 अगस्त को नेपाल के काठमांडू में आयोजित एक समारोह में उन्हें यह उपाधि मिलेगी। उन्हें इस सम्मान के लिए उनकी समाजसेवा, शिक्षा, संस्कृति, अध्यात्म के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए चुना गया है। उनको नेपाल के उप प्रधानमंत्री प्रकाश मान सिंह, प्रथम उपराष्ट्रपति परमानंद झा सम्मानित करेंगे।
हरिश्चंद्र घाट पर हटवाई जा रही सिल्ट
हरिश्चंद्र घाट पर अत्याधुनिक शवदाह स्थल बनाने के लिए जेसीबी से जमी सिल्ट हटवाई जा रही है। यहां नए सिरे से शवदाह स्थल का निर्माण होना है। बाढ़ के चलते काम बंद हो गया था। अब जलस्तर नीचे होने के बाद सफाई शुरू हो गई है। वहीं, नमो घाट, हरिश्चंद्र घाट, मणिकर्णिका घाट, दशाश्वमेध घाट पर सिल्ट की समस्या बनी हुई है। अस्सी घाट पर सफाई शुरू हो गई है।
बाढ़ का पानी आने के बाद मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे कई बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। वरुणापार इलाके में भी घरों में पानी भरा हुआ है। गंगा के बैकफ्लो का असर वरुणा किनारे सरैया, पुरानापुल, उंचवा, अमरपुर मढ़िया, शैलपुत्री, शक्कर तालाब, कोनिया, विजईपुरा, नई बस्ती इलाकों में पड़ रहा है।
शारदा सहायक नहर में गिर रहा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का पानी, किसानों ने किया विरोध
एसटीपी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट गोईठहां का गंदा पानी शारदा सहायक नहर में गिर रहा है। इससे क्षेत्र की फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसानों ने बुधवार को विरोध जताते हुए उसे बंद करने की मांग की। बुधवार को किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीडीओ हिमांशु नागपाल से भी मुलाकात की।
किसानों का कहना है कि खरगीपुर, उमरहां, पियरी, तोफापुर सहित करीब 20 गांवों की 200 हेक्टेयर उपजाऊ भूमि की सिंचाई का प्रमुख साधन यही नहर है। जबसे एसटीपी का गंदा पानी इसमें गिरना शुरू हुआ है, तब से धान, गेहूं, सब्जियां और बागवानी की फसलें रोगग्रस्त हो रही हैं। इससे फल, सब्जियों और अन्न की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।
किसानों ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए भविष्य में नहर में किसी भी तरह का मलजल गिराए जाने पर सख्त रोक लगाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में नागेंद्र सिंह, अजीत कुमार, लौटू राम, धर्मराज पटेल, लल्लू वर्मा, रणजीत प्रताप सिंह, पंकज सिंह, हिरालाल, जियालाल, शुद्ध राम, उदय लाल, कैलाश राम और संतोष कुमार सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
वेतन रोके जाने से नाराज शिक्षकों ने किया प्रदर्शन
चिरईगांव ब्लॉक के 24 स्कूलों के शिक्षकों का वेतन रोक दिए जाने से नाराज शिक्षकों ने बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) पर विरोध प्रदर्शन किया। ये कार्रवाई स्कूलों में 80 प्रतिशत से कम छात्र उपस्थिति दर्ज होने के कारण हुई थी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ चिरईगांव के नेतृत्व में प्रभावित शिक्षकों ने खंड शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की।
संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति भूषण त्रिपाठी ने बताया कि शिक्षक लगातार छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी ने आश्वासन दिया कि इस महीने किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं रोका जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से बात करेंगे। शिक्षकों ने अगस्त तक उपस्थिति 80 प्रतिशत तक कराने का भरोसा दिलाया। मौके पर पार्थेश्वर पांडे, सुधीर कुमार सिंह और राजेश यादव मौजूद रहे।
असम के राज्यपाल का किया स्वागत
असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य मंगलवार को बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। मौके पर नागेंद्र रघुवंशी, सुरेश सिंह, सोमनाथ यादव, अवधेश सारथी, अनिल श्रीवास्तव रहे।
नहर में एसटीपी का गंदा पानी जाने से फसलें हो रहीं बर्बाद
चिरईगांव के गोईठहा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से निकलने वाला गंदा पानी शारदा सहायक नहर में छोड़े जाने से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। इसे लेकर बुधवार को किसानों के एक समूह ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु नागपाल से मुलाकात कर इस पर रोक लगाने की मांग की।
किसानों ने सीडीओ को बताया कि खरगीपुर, उमरहां, पियरी और तोफापुर समेत करीब 20 गांवों की 200 हेक्टेयर उपजाऊ जमीन की सिंचाई इसी नहर के पानी से होती है। जब से एसटीपी का गंदा पानी नहर में आने लगा है, तब से धान, गेहूं, सब्जियां और बागवानी की फसलें खराब हो रही हैं। किसानों ने नहर में दूषित पानी न डाले जाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में नागेंद्र सिंह, अजीत कुमार, लौटू राम, धर्मराज पटेल, लल्लू वर्मा शामिल रहे।