News: हादसों में बच्ची समेत चार लोगों की मौत, झाड़-फूंक के बहाने ले जाकर दुष्कर्म किया; पढ़ें वाराणसी की खबरें
Varanasi News Today: वाराणसी में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में नाै माह की मासूम के साथ चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं, कपसेठी थाने की पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से बीते साल अमेरिका में भारत में सिखों को लेकर दिए गए बयान पर अदालत में लंबित निगरानी याचिका पर बुधवार को सुनवाई हुई। विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए कोर्ट) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में बहस शुरू कर दी गई है। याचिकाकर्ता नागेश्वर मिश्रा और राहुल गांधी की ओर से अधिवक्ता ने बहस शुरू की। अदालत ने सुनवाई के लिए अगली तिथि 30 जून नियत कर दी।
याचिकाकर्ता तिलमापुर निवासी नागेश्वर मिश्रा के अनुसार, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बीते साल सितंबर में अमेरिका में भड़काऊ बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि भारत में सिखों के लिए माहौल अच्छा नहीं है। इस बयान को नागेश्वर मिश्र ने देश में गृह युद्ध भड़काने की साजिश करार देते हुए न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) की अदालत में वाद दाखिल किया था।
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एमपी-एमएलए कोर्ट) की अदालत ने वाद को सुनवाई के बाद खारिज कर दिया था। लोअर कोर्ट के आदेश के खिलाफ नागेश्वर मिश्रा ने सत्र न्यायालय में निगरानी याचिका दाखिल की। सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से आपत्ति दाखिल कर मुकदमे को निरस्त करने की अदालत से अपील की गई। उसके खिलाफ निगरानी कर्ता ने अपनी प्रति आपत्ति दाखिल की है।
झाड़-फूंक के बहाने ले जाकर दुष्कर्म किया, गिरफ्तार
कपसेठी थाने की पुलिस ने एक महिला से दुष्कर्म के आरोप में गोकुलपुर सुरवां निवासी पतिराज बनवासी को बुधवार को गिरफ्तार किया। मामले में पुलिस को पतिराज के जीजा फुनई की तलाश है।
कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद सोनकर ने बताया कि गत 22 जून को एक महिला तहरीर दी थी। महिला का आरोप है कि उसका पट्टीदार फुनई उसे झाड़-फूंक कराने के लिए 20 जून को गांव के समीप हीरापुर के जंगल में बुलाया था। वहां फुनई के साले पतिराज ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस की पूछताछ में पतिराज ने बताया कि उसका जीजा फुनई झाड़-फूंक करता है। महिला को झाड़-फूंक के लिए जंगल ले जाकर फुनई नीबू-जायफल काटकर कपूर जलाया। फिर, शौच का बहाना कर उसने उससे महिला को वापस पहुंचाने को कहा। लौटते समय उसने महिला से दुष्कर्म किया और धमकाकर घर भेज दिया।
फावड़े से प्रहार कर पत्नी की हत्या करने वाले को उम्रकैद
विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट हरेंद्र प्रसाद की अदालत ने करीब तीन साल पहले पत्नी की फावड़े से प्रहार कर हत्या के मामले में बुधवार को पति देवेंद्र यादव को दोषी करार दिया। उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई। 20 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया गया। जुर्माना न देने पर एक महीने की अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।
मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र का है। अभियोजन के अनुसार, कोतवाली घोसी क्षेत्र के बहलोलपुर माऊरबोझ गांव निवासी अंकुल यादव की तहरीर पर एफआईआर दर्ज हुई थी। अंकुल ने बताया था कि उसकी बहन कृपा देवी की शादी सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर बडिहार गांव निवासी देवेंद्र यादव के साथ हुई थी।
आरोप था कि छह अगस्त 2022 की सुबह 5 बजे उसकी बहन कृपा देवी बर्तन धो रही थी। इसी दौरान पति देवेंद्र यादव ने फावड़े से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले की विवेचना की और आरोप पत्र अदालत में दाखिल कर दिया। अदालत ने कुल 10 गवाह पेश किए गए। बचाव पक्ष से कहा गया कि उसे झूठा फंसाया गया है। विशेष न्यायाधीश ने दोनों पक्षों के तर्कों को सुनने तथा पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद पति देवेंद्र यादव को दोषी पाया।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार मैकेनिक की मौत
खेल मैदान के पास मंगलवार शाम तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार मैकेनिक की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार हादसा एक मवेशी को बचाने के चक्कर में हुआ। दानियालपुर, डुबकियां निवासी हुसैन अली गूड्डू (32) बाइक की एक एजेंसी में मैकेनिक का काम करता था। वह चौबेपुर बाजार से बाइक से अपने घर जा रहा था।
चौबेपुर खेल मैदान के पास एक मवेशी से टक्कर बचाने के चक्कर में एक तेज रफ्तार वाहन ने हुसैन की बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हुसैन को पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि हुसैन का एक बेटा और एक बेटी है। पत्नी हेमा बेगम की हालत बेसुधों जैसी थी। चौबेपुर थानाध्यक्ष ने बुधवार को बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
सद्भावना एक्सप्रेस में यात्री की तबीयत बिगड़ी, मौत
आनंद विहार से वाराणसी आ रहे एक यात्री की सद्भावना एक्सप्रेस में सफर के दौरान तबीयत बिगड़ गई। रेलवे स्टेशन पहुंचने पर परिजनों ने 108 नंबर की एंबुलेंस को फोन कर बुलाया। साथ ही उसे दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूलरूप से आजमगढ़ निवासी आशीष यादव (32) पत्नी और साले के साथ आनंद विहार से लौट रह थे। ट्रेन के एम-2 (इकोनॉमी क्लास) में आरक्षण था। कैंट पहुंचने से पहले रास्ते में आशीष की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद आपात नंबर पर मदद मांगी गई। ट्रेन सुबह प्लेटफॉर्म नंबर छह पर पहुंची। परिजनों के अनुसार आशीष का उपचार चल रहा था। आराम करने के लिए आजमगढ़ लौट रहे थे।
पत्नी से विवाद के बाद ट्रेन के सामने कूदकर जान दी
सारनाथ के चंद्रा-पंचक्रोशी रेलवे क्रॉसिंग के बीच मंगलवार देर रात ट्रेन के सामने कूदकर राजपुर कमौली निवासी अमन उर्फ काजू राजभर (28) ने जान दे दी। सूचना पाकर सारनाथ थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। अमन के बड़े भाई पांचू के अनुसार, पत्नी से विवाद के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया है।
पांचू ने बताया कि अमन कालभैरव क्षेत्र की साड़ी की एक दुकान पर सेल्समैन था। पांच भाइयों में सबसे छोटे अमन की पत्नी प्रीति गर्भवती है। उसकी तीन साल की एक बेटी भी है। पांचू ने कहा कि मंगलवार रात दो बजे अमन ने फोन कर कहा कि भैया ट्रेन से कटकर जान देने जा रहा हूं। पांचू ने उसे रुकने के लिए कहा।
समझाया कि वह आ रहा है। मगर, अमन का कहना था कि पत्नी से रोज के विवाद से वह परेशान है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन ऑफ हो गया। बाद में पता लगा कि रात में उसने सिटी स्टेशन की तरफ से सारनाथ स्टेशन की ओर जा रही बलिया पैसेंजर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। सारनाथ थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।
ट्रक की टक्कर से नौ माह की बच्ची की मौत, मां-बाप घायल
तमाचाबाद में नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे ट्रक की टक्कर से स्कूटी पर मां की गोद में सवार नौ माह की ऋषिका की मौत हो गई। हादसे में ऋषिका के पिता सनोज गौतम (26) और मां अर्चना (23) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी सनोज गौतम पत्नी अर्चना और पुत्री ऋषिका के साथ स्कूटी से औराई निवासी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी ग्रामीणों ने बताया कि तमाचाबाद में नेशनल हाईवे पर वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रहे एक ट्रक ने अंडरपास पार करते ही सनोज की स्कूटी में टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ऋषिका की मौत हो गई।
मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने सनोज और अर्चना को उपचार के लिए बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। डॉक्टर ने अर्चना गौतम की हालत गंभीर बताई है। मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक को सीज कर आरोपी चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बिजली चोरी के मामले में सात लोगों पर मुकदमा, 35 कनेक्शन काटे गए
वाराणसी में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य चलाए जा रहे अभियान में बुधवार को ग्रामीण इलाकों में 7 लोगों पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया जबकि 35 लोगों के कनेक्शन काटे गए।अधिशासी अभियंता मनीष कुमार झा ने बताया कि ज्यादा बिजली चोरी वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर अभियान चलाया जा रहा है। मरूई गांव जक्खिनी पचाई फीडर में विद्युत चोरी रोकने एवं लाइन लॉस को कम करने के लिए गहन कांबिंग अभियान चलाया गया।
सात उपभोक्ताओं के परिसर पर विद्युत चोरी पाए जाने पर एफआईआर कराया गया। इसके अलावा 22.50 लाख बकाए पर 35 कनेक्शन काटे गए। अभियान में एसडीओ, जेई राजातालाब, रोहनिया, आराजी लाइन विजिलेंस टीम एवं मीटर विभाग के कर्मचारी सहितअन्य कर्मचारी रहे मौजूद।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि आगे भी अभियान लगातार चलता रहेगा। खंड में 1 सप्ताह में चयनित 1 फीडर पर चेकिंग पूर्ण कराकर बिजली चोरी एवं बकायेदारों पर कठोर कार्यवाही की जाएगी । 10 हजार रुपए से अधिक बकायेदारों पर शिकंजा कसा जाएगा और बिजली चोरी कर रहे उपभोक्ताओं के कनेक्शन को काटकर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
हत्या में वांछित चौथा आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाने की पुलिस ने हेमंत बिंद की हत्या के चौथे आरोपी भदोही जिले के कुरौना गांव निवासी श्रीकांत बिंद को बुधवार को गिरफ्तार किया। श्रीकांत को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद सोनकर ने बताया कि गत 25 अप्रैल की रात दिलावलपुर गांव स्थित नहर में एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान बरकी गांव के हेमंत बिंद के रूप में हुई थी।
मामले को लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान कुरौना (उगापुर) के अनिल कुमार बिंद उर्फ अमित कुमार, कुरौना के गोविंद कुमार और बरकी के नीरज कुमार उर्फ पिंटू के अलावा श्रीकांत का नाम सामने आया।
अनिल, गोविंद और नीरज पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। श्रीकांत ने बताया कि वह अपने चार साथियों अनिल, नीरज, गोविंद और हेमंत के साथ दिलावलपुर में शादी में गया था। वहां शराब पीने को लेकर हेमंत के साथ विवाद हुआ। हेमंत पर ईंट-पत्थर और लात-घूसे से हमला किया गया तो उसकी मौत हो गई। चारों ने हेमंत का शव नहर में फेंक दिया और उसका मोबाइल व बाइक भी वहीं छोड़ दी थी।
जमीन पर कब्जा न मिलने पर पीड़ित ने लगाई डीएम से गुहार
सारनाथ थाना क्षेत्र के निवासी अजय श्रीवास्तव (रिटायर रेल कर्मी) ने 2005 में 2720 वर्ग फिट की जमीन का बैनामा कराया था। इसके बाद जब वह उस पर कब्जा लेने पहुंचे तो क्षेत्र के कुछ लोगों ने उस पर विरोध जताया। उन्होंने शिकायत में कहा कि क्षेत्र के ही कॉलोनाइजर व उनके लोगों ने जमीन कब्जे पर रोक लगा रखी है। त्रस्त आकर पीड़ित ने अधिकारियों के यहां न्याय की गुहार लगाई, जिस पर कार्रवाई न होने पर बुधवार को जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले से अवगत कराया। अजय के कथनानुसार डीएम ने जांचकर उचित कार्रवाई का आदेश दिया है।
कंपोजिट विद्यालय बेलवरिया का ताला तोड़कर चोरी
कंपोजिट विद्यालय बेलवरिया का ताला तोड़कर चोर चार मॉनिटर, एक वेब कैमरा, इनवर्टर की दो बैटरी, प्रिंटर और हारमोनियम चुरा ले गए। अध्यापिका बेबी फरीदा ने बुधवार को घटना की सूचना शिवपुर थाने की पुलिस को दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
पति समेत छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज
दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप में वारीगढ़ही मोहल्ले की पूनम खान ने बहन के पति, सास, ससुर, ननद और जेठ समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पूनम खान ने पुलिस को बताया कि वह 21 जून को बहन सीमा खातून के घर गई तो वह बेड पर कराह रही थी। पूरे परिवार ने मारपीट कर उसे कोई दवा खिला दी थी। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
उसके परिवार का कोई सदस्य देखने तक नहीं आया। बहन को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता है। रामनगर थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बुधवार को बताया कि सीमा के पति अनीश खान, सास बेबी, जेठ रहीस, ननद रूबी और परिवार के दो अन्य लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
दो दुकानदारों के खिलाफ चौकी प्रभारी ने केस दर्ज कराया
नदेसर क्षेत्र में चेतावनी देने के बाद भी सड़क पर आवागमन बाधित कर लस्सी की दुकान संचालित करने के आरोप में दो दुकानदारों के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। नदेसर चौकी प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि नदेसर निवासी नीरज पाल और महेंद्र पाल ने लस्सी की दुकान खोल रखी है। दोनों की दुकान के कारण रोज जाम लगता है। चेतावनी देने के बावजूद दोनों नहीं माने तो उनके खिलाफ कैंट थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
हत्या में वांछित चौथा आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी थाने की पुलिस ने हेमंत बिंद की हत्या के चौथे आरोपी भदोही के कुरौना गांव निवासी श्रीकांत बिंद को बुधवार को गिरफ्तार किया। श्रीकांत को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। कपसेठी थानाध्यक्ष अरविंद सोनकर ने बताया कि 25 अप्रैल की रात दिलावलपुर गांव के नहर में एक युवक का शव मिला था। उसकी पहचान बरकी गांव के हेमंत बिंद के रूप में हुई थी। मामले को लेकर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान कुरौना (उगापुर) के अनिल कुमार बिंद उर्फ अमित कुमार, कुरौना के गोविंद कुमार और बरकी के नीरज कुमार उर्फ पिंटू के अलावा श्रीकांत का नाम सामने आया। अनिल, गोविंद और नीरज पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
दहेज हत्या के आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार
राजातालाब थाने की पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में ऊंचगांव निवासी नितीश पटेल और पिता चंद्रशेखर पटेल को बुधवार को वीरभानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। बहोरनपुर गांव निवासी मंगला प्रसाद ने राजातालाब थाने में केस दर्ज कराया था।
मंगला के अनुसार उनकी बेटी दीपा पटेल (23) की शादी ऊंचगांव निवासी नितीश पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दीपा से मायके से तीन लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल मंगवाने के लिए नितीश उसे परेशान करता था। नितीश का साथ उसकी मां सुखवती देवी और पिता चंद्रशेखर पटेल भी देते थे।
16 जून को नितीश ने दीपा को बगीचे में बुलाकर शीतल पेय पदार्थ में जहर मिलाकर पिला दिया। दीपा की तबीयत बिगड़ गई तो नितीश मौके से भाग गया। दीपा को परिजन बीएचयू अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजातालाब थानाध्यक्ष ने बताया कि विवाहिता के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी पति और ससुर को जेल भेजा गया है।
श्रीकांत ने बताया कि वह अपने चार साथियों अनिल, नीरज, गोविंद और हेमंत के साथ दिलावलपुर में शादी में गया था। शराब पीने को लेकर हेमंत के साथ विवाद हुआ। हेमंत पर ईंट-पत्थर और लात-घूसे से हमला किया गया तो उसकी मौत हो गई। चारों ने हेमंत का शव नहर में फेंक दिया और उसका मोबाइल व बाइक भी वहीं छोड़ दिया था।
गंगा में डूब रहे दो युवकों को बचाया
मुंशी और जानकी घाट पर बुधवार को गंगा में स्नान के दौरान डूब रहे दो युवकों को जल पुलिस और एनडीआरएफ ने बचाया। लोगों ने जल पुलिस और एनडीआरएफ के जवानों की प्रशंसा की। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र निवासी अर्जुन सिंह (20) गंगा में नहाने के दौरान पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में जाने से डूबने लगा।
उप निरीक्षक आनंद कुमार ओझा और आरक्षी कुमार गौरव ने अर्जुन को पानी से बाहर निकाल लिया। वहीं, लखनऊ के केशव नगर निवासी विवेक कुमार वर्मा (30) जानकी घाट पर नहाने के दौरान पैर फिसलने के कारण गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। जल पुलिस और 11 एनडीआरएफ की टीम ने विवेक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तालाब खोदाई के नाम पर प्रधान पर 4 लाख निकालने का आरोप
सेवापुरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव के किसान ने प्रधान के खिलाफ तालाब खोदाई के नाम पर पौने पांच लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया। डीएम, बीडीओ को पत्र देकर जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। किसान प्रदुम्न कुमार सिंह ने कहा है कि संयुक्त परिवार की भूमि धरी आराजी नंबर 78 में 2024 में जिला सहकारी बैंक सेवापुरी से छह लाख का लोन लेकर मत्स्य पालन के लिए तालाब खुदवाया था। जिसमें मछली पालन भी किया है।
इधर, प्रधान ने तालाब खोदाई मनरेगा से दिखवाकर 4 लाख 84 हजार रुपये निकाल लिए। इसमें ब्लॉक के कुछ कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायती पत्र मिला है। जांच कराई जाएगी।
एफआईआर के लिए निगम ने कैंट थाना प्रभारी को भेजा पत्र
नगर निगम की ओर से कलेक्ट्रेट के सहायक सलगूराम, दिनेश, संतोष, रामजी के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कैंट थाना प्रभारी को पत्र भेजा है। पत्र के अनुसार पूर्व में फ्री होल्ड जमीन डीएम ने निरस्त की थी। बावजूद सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया है। नियमानुसार कार्रवाई कर प्रभारी अधिकारी नजूल एडीएम एफआर वंदिता श्रीवास्तव को बताएं। कैंट थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने कहा कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कछवा रोड मंडी के सामने से अतिक्रमण हटाया गया, दी चेतावनी
वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर चित्रसेनपुर के सब्जी मंडी के सामने अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम को लेकर डीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने सख्त रुख अख्तियार किया है। डीसीपी गोमती जोन बुधवार को मंडी क्षेत्र पहुंचे। मंडी के सामने सड़क और फुटपाथ से अतिक्रमण हटवाया। साथ ही सड़क पर दुकान लगाने वाले दुकानदारों को मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
बुधवार के अंक में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर अवैध सब्जी मंडी से जाम शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। जिसके बाद डीसीपी गोमती जोन मंडी का निरीक्षण करने पहुंचे। सामने आया कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण जाम लगता है। साथ ही, सड़क हादसे भी होते हैं।
मंडी क्षेत्र में जगह होने के बावजूद कई दुकानदार अपनी दुकान सड़क और फुटपाथ पर लगाते हैं। सुबह स्थिति यह हो जाती है कि हाईवे की एक लेन पर ठेले और अस्थायी दुकानें सजा दी जाती हैं। भारी मालवाहक भी मंडी के अंदर न जाकर हाईवे पर ही सामान उतारते हैं। इसके चलते आमजन, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
मालवीय प्रतिमा के कंधे पर चढ़ा युवक, वीडियो वायरल
सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर बुधवार रात नौ सेकंड का एक वीडियो वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक लंका में महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा के कंधे पर चढ़ा दिखा। जबकि, एक अन्य युवक उसके बगल में खड़ा था। युवक को मालवीय प्रतिमा के कंधे पर चढ़े देख कर रास्ते से गुजरने वाले लोग उसे समझा रहे थे कि ऐसा मत करो। यह कतई उचित नहीं है। लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि वीडियो की मदद से दोनों युवकों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा था अस्पताल, नोटिस
बड़ागांव के बसनी के निजी हॉस्पिटल के बिना रजिस्ट्रेशन के चलने के मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से नोटिस दिया गया है। निरीक्षण करने गई टीम ने पंजीकरण न होने तक हॉस्पिटल संचालित न करने की चेतावनी दी थी। बुधवार को स्वास्थ विभाग की टीम ने हॉस्पिटल संचालक को एक नोटिस रिसीव कराते हुए निर्देश दिया कि बिना पंजीकरण किसी भी स्थिति में हॉस्पिटल नहीं चलेगा। हॉस्पिटल का संचालन पाया गया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
तीन बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
तीन बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई बड़ागांव थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह की तहरीर पर की गई है। बड़ागांव थानाध्यक्ष ने बुधवार को बताया कि 9 फरवरी को अहरक (पश्चिमपुर) बाजार में आभूषण की दुकान में बैठे सियाराम वर्मा और उनके पुत्र विकास वर्मा को बदमाशों ने गोली मारकर लूटपाट की थी।
चौबेपुर थाने के रामपुर (लठवां) उक्थी के आशीष यादव, गाजीपुर के खानपुर थाने के घोघवा के विकास यादव और जौनपुर के सिकरारा थाने के काकोहिया के शिवम यादव को गिरफ्तार किया गया था। इस गिरोह का सरगना विकास यादव है। शिवम और आशीष उसके गुर्गे हैं। तीनों का आपराधिक इतिहास देख गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
मकान का ताला तोड़कर 1.70 लाख रुपये चुरा ले गए
रोहनिया के विशाल नगर काॅलोनी, अखरी के एक बंद मकान का ताला तोड़ कर चोर एक लाख 70 हजार रुपये चुरा ले गए। चंदौली के चकिया बलुआ निवासी रोहन मिश्रा ने बताया कि वह सोमवार सुबह एक काम के सिलसिले में चहनिया गए थे। वापस लौट कर आए तो उनके घर का ताला टूटा हुआ था। घर में बैग में रखे एक लाख 70 हजार रुपये गायब थे। रोहनिया थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बुधवार को बताया कि मुकदमा दर्ज कर मकान के आसपास सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
मोहर्रम पर किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने देंगे
चेतगंज के आईएमए सभागार में बुधवार को एडीसीपी सरवणन टी ने काशी जोन के ताजियादारों के साथ बैठक की। एडीसीपी काशी जोन ने उनकी समस्याएं पूछीं। साफ-सफाई, सीवर, सड़क और बिजली संबंधी समस्याओं का संबंधित विभागों की मदद से जल्द निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
एडीसीपी काशी जोन ने कहा कि मोहर्रम पर किसी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। ताजिया परंपरागत मार्ग से ही जाएंगे। ताजिया की ऊंचाई इतनी ज्यादा न हो कि वह बिजली के तार से छू जाए। ताजिया जुलूस में असलहों का प्रदर्शन कोई नहीं करेगा। लोग पुलिस का सहयोग करते हुए चलेंगे।
विजयानगरम के होटल-गेस्ट हाउस संचालकों को दी गई चेतावनी
नगर निगम की ओर से विजयानगरम के 18 होटल व गेस्ट हाउस संचालकों को चेतावनी दी गई। निर्माण तोड़कर स्थल खाली करने को कहा गया। निगम की ओर से सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने कहा कि जल्द से जल्द अवैध संचालक खाली कर दें। सभी का ध्वस्तीकरण आदेश पास हो गया है। कभी भी इसे गिराया जा सकता है। नगर निगम के अतिक्रमण और प्रवर्तन दस्ते को कार्रवाई के लिए रूपरेखा बनाने को कहा गया है।
नगर निगम की ओर से पहुंचे अधिकारियों ने एनाउंसमेंट कर कहा कि अगर अतिक्रमण नहीं तोड़ते हैं तो नगर निगम की ओर से बुलडोजर चलाया जाएगा। इसका खर्च भी नगर निगम अतिक्रमण करने वालों से ही वसूल करेगी। पूरे क्षेत्र को तोड़कर पर्यटकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जाएगा। उनके लिए बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाएंगी।
पिकअप से सात संरक्षित मवेशी बरामद, दो गिरफ्तार
परानापट्टी गांव के पास से मंगलवार आधी रात बाद चोलापुर थाने की पुलिस ने एक पिकअप से सात संरक्षित मवेशियों को बरामद किया। चोलापुर थानाध्यक्ष ने बताया कि मवेशियों के साथ परानापट्टी गांव के राहुल यादव और सिंधौरा थाने के मुरदी गांव के मनोज राजभर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में बताया कि वह अलग-अलग स्थानों से मवेशियों को एकत्र कर बिहार ले जाते हैं।
तेज रफ्तार बोलेरो नहर में पलटी, तीन घायल
सिंधौरा के मझवा गांव के पास नहर में बुधवार शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई। संयोग अच्छा था कि उसमें सवार तीन लोगों को मामूली चोट लगी। सिंधौरा थानाध्यक्ष ने बताया कि बोलेरो सवार भदोही के तीन लोगों को हल्की चोट लगी थी। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घर चले गए।
निगम ने 16.70 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी, एक लाख का जुर्माना
नगर निगम की ओर से बुधवार को शहर भर में प्रतिबंधित प्लास्टिक और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर लठिया चौराहे पर प्लास्टिक फैक्ट्री से 16.70 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी गई। जब्त कर एक लाख का जुर्माना लगाया गया। दारानगर में अभियान चलाकर 12 पशुओं को पकड़कर कांजी हाउस भेजा गया। अस्सी घाट से दुकानें, काउंटर, अवैध वेंडरों को हटवाकर 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
चुरामनपुर में चबूतरा बनाकर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले को राजस्व विभाग में बुलाया गया। रविंद्रपुरी लेन नंबर चार में सड़क पर ईंट, बालू रखने वाले मकान मालिक को दो दिन का समय दिया गया। सारनाथ खजूरी में हैप्पी होम इंग्लिश स्कूल के सामने सड़क से गिट्टी, बालू हटवाया गया। सारनाथ के खालिसपुर में मलबा हटवाया गया। मीरापुर बसहीं में रोड के दोनों तरफ गुमटी, ठेला, सब्जी कि दुकानों को हटवाया गया।
कैंट रेलवे स्टेशन पर जांच में पकड़े गए 239 टिकट यात्री
कैंट रेलवे स्टेशन पर बुधवार को बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। सुबह 8 से शाम 4 बजे तक 239 लोगों को पकड़ा गया। यात्रियों से 150430 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी के निर्देश पर वाणिज्य निरीक्षक-प्रथम धनन्जय, सीआईटी जनार्दन सिंह के साथ ही मुख्य टिकट निरीक्षक बीबी सिंह, संजय कुमार सिंह, प्रवीन कुमार, समीर जेड सुरीन, वरिष्ठ टिकट परीक्षक राजेश कुमार तिवारी, राजहंस सोनकर, पूजा गुप्ता, पूजा चौबे ने जांच की।
स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
बनारस रेलवे स्टेशन के सामने लेन नंबर 4, अंजनीपुरम कॉलोनी, करौंदी निवासी बाइक सवार विमलेश कुमार चौबे को स्कॉर्पियो सवार ने टक्कर मार दी। स्कॉर्पियो की टक्कर से विमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके दाएं पैर की हड्डी टूट गई। बेटे शक्ति चौबे की तहरीर पर भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को बताया सीसी फुटेज की मदद से वाहन को चिह्नित कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट के मामले में दो के खिलाफ केस दर्ज
कर्माजीतपुर के आशू यादव की तहरीर पर चितईपुर थाने में अजय यादव उर्फ शेरू यादव और अंकित यादव के खिलाफ मारपीट सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज किया गया है। आशू का आरोप है कि 23 जून की शाम वह अपने घर से आदित्य नगर त्रिमुहानी जा रहे थे। उसी दौरान दोनों ने अकारण ही मारपीट की। उनके सिर में गंभीर चोट लगी है। चितईपुर थानाध्यक्ष ने बुधवार को बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
फरार आरोपी के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा
चिरईगांव के छितौना गांव में बुधवार को चौबेपुर थाने की पुलिस ने डुगडुगी बजवा कर अमितेश यादव के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा कराया। चौकी प्रभारी जाल्हूपुर लल्लन सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि अमितेश पर पड़ोसियों से मारपीट का आरोप है। वह मामले में वांछित है। अदालत ने उसे फरार घोषित कर उसके घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा करने का आदेश दिया है।
बोलेरो से सात संरक्षित मवेशी बरामद, एक गिरफ्तार
रामपुर अंडरपास पर चेकिंग के दौरान फूलपुर थाने की पुलिस ने बुधवार को एक बोलेरो से सात संरक्षित मवेशियों को मुक्त कराया। पुलिस ने चंदौली के बबुरी थाने के रामपुर चमरही निवासी लवकुश गुप्ता को गिरफ्तार किया है। लवकुश के खिलाफ मवेशियों की तस्करी सहित अन्य आरोपों में वाराणसी और चंदौली में 10 मुकदमे दर्ज हैं।
थानाध्यक्ष फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार, पूछताछ में लवकुश गुप्ता ने बताया कि जिस वाहन में संरक्षित मवेशी लदे थे, वह चंदौली के अलीनगर थाने के कटरिया निवासी रामलखन गुप्ता का है। उसी के माध्यम से वह तस्करी करता है। मवेशियों को जौनपुर के जलालपुर से बिहार ले जा रहा था। वहां से कंटेनर में लाद कर पश्चिम बंगाल ले जाया जाता। लवकुश ने बताया कि मवेशियों के तस्करी में जो पैसा मिलता है उसे वह और रामलखन आपस में बांट लेते हैं।
वीडीए ने दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस को सौंपा
वीडीए की ओर से बुधवार को दो अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। मदनपुरा टाकातल्ला के जमील अख्तर, अतिउर्रहमान की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृति कराए अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसके लिए पूर्व में नोटिस दिया गया था। बावजूद इसके काम कराने पर अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया।
शिवपुर के होलापुर में भी बगैर मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध निर्माण कराया जा रहा था। नोटिस देने के बावजूद इसके काम कराने पर अवैध निर्माण सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति और शिवाजी मिश्रा इस दौरान मौजूद रहे।
शहर के अवैध प्लॉटिंग कराएं ध्वस्त : अपर सचिव
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा की ओर से बुधवार को समीक्षा बैठक की गई। कहा कि शहर में हो रहे अनियोजित विकास, अवैध प्लाटिंग को चिह्नित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कराएं। लंबित शमन मानचित्रों की समीक्षा कर शीघ्र मानचित्र निस्तारण के लिए कहा। वार्ड शिवपुर, सिकरौल में कुल शमन धनराशि 1,81,21,857 रुपये जमा कराई गई।
स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश जोनल अधिकारी को दिया। सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।
वीडीए के अधिकारियों के आवास निर्माण की हुई शुरुआत
डीआईजी कॉलोनी खजुरी में अधिकारियों के आवासीय भवन के पुनर्निर्माण की शुरुआत बुधवार से हुई। वीडीए की ओर से मकबूल आलम रोड के प्लॉट संख्या 58 पर नवीन आवासीय भवन के निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई है। इसका अनुमोदन वीडीए बोर्ड की बैठक में किया गया। परियोजना के तहत पुराने भवन को ध्वस्त कर पुनः नवीन भवन तीन तल का निर्माण किया जा रहा है।
इसकी लागत 2.68 करोड़ है। इसमें भवन निर्माण से संबंधित कार्य आरसीसी, फिनिशिंग, आंतरिक विद्युतीकरण, प्लंबिंग, फायर फाइटिंग, मशीन रूम शामिल हैं। निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों, तकनीकी दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है। यह कार्य 18 माह में पूरे कराने का लक्ष्य है।
बीएचयू के डेयरी में 5 छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट
बीएचयू के डेयरी साइंस एंड फूड टेक्नोलॉजी विभाग के कैंपस प्लेसमेंट में पांच छात्रों का चयन हुआ है। कोकाकोला कंपनी ने सभी को 3-3 लाख रुपये का पैकेज दिया है। लिखित परीक्षा और दो चरणों के साक्षात्कार के बाद छात्रों को नौकरी ऑफर की गई। इस प्लेसमेंट डाइव में विभाग से एमटेक और बीटेक कर चुके छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया था। इस प्लेसमेंट प्रक्रिया में कोकाकोला से सैयद हुसैन अमीर और विभागाध्यक्ष प्रो. अनिल कुमार चौहान, डॉ. अभिषेक दत्त त्रिपाठी, डॉ. सुनील मीणा सक्रिय रूप से शामिल रहे।
आईआईटी में कॉशन मनी रिफंड के लिए मिलेंगे 2 महीने
आईआईटी बीएचयू ने 2024-25 सत्र में उत्तीर्ण छात्रों को कॉशन मनी रिफंड के लिए दो महीने का समय दे दिया है। 20 अगस्त अंतिम तारीख तय की गई है। संस्थान की ओर से गूगल फॉर्म का लिंक जारी कर दिया गया है। इसे भरकर अपना रिटर्न लिया जा सकता है। यदि 20 अगस्त के बाद आवेदन किया गया तो फिर कॉशन मनी लौटाई नहीं जाएगी।
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में इग्नू में 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन
हरिश्चंद्र पीजी काॅलेज परिसर में चलने वाले इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र में दाखिले के लिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। इस केंद्र पर स्नातक स्तर पर बीए, बीकॉम, स्नातकोत्तर स्तर पर एमए, एमकॉम, एमएससी रसायन विज्ञान और विभिन्न विषयों में सर्टिफिकेट, डिप्लोमा व पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा (विधि के छात्रों के लिए) पाठयक्रम चलाया जाता है।
हश्चिंद्र पीजी कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र में स्नातक, स्नातकोत्तर में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। केंद्र के समन्वयक प्रो. अनिल कुमार ने बताया कि सत्र जुलाई 2025 के लिए प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन चल रही है। पाठ्यक्रमों के लिए 31 जुलाई तक आवेदन किया जा सकेगा। इग्नू में प्रवेश के बाद अध्ययन सामग्री विद्यार्थियों के लिए बिना किसी खर्च अध्ययन केंद्र पर उपलब्ध है। अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति के लिए प्रवेश निशुल्क है। इच्छुक छात्र ऑनलाइन आवेदन कर प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश संबंधी कोई भी जानकारी अध्ययन केंद्र से ली जा सकती है।
पीपल की परिक्रमा की, पितरों का श्राद्ध
आषाढ़ कृष्णपक्ष की अमावस्या पर बुधवार को श्रद्धालुओं ने स्नान-दान कर अपने पितरों का तर्पण किया। पीपल के वृक्ष की पूजा कर इसकी 108 बार परिक्रमा की। श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान ध्यान कर अपने आराध्य देवी-देवताओं की विधि-विधान से पूजा की। पितरों का श्राद्धकर्म किया। पीपल के वृक्ष और भगवान विष्णु की पूजा कर आरोग्य व सौभाग्य की प्राप्ति की कामना की। ब्राह्मणों को मिश्री, चीनी, खोवे से बने मिठाई, वस्त्र, चांदी और सफेद रंग की वस्तुएं दक्षिणा में दिया। उनका आशीर्वाद लिये।
आषाढ़ मास का गुप्त नवरात्र आज से
आषाढ़ मास का गुप्त नवरात्र गुरुवार से शुरू होगा। श्रद्धालु घरों और देवी मंदिरों में नौ दिनों तक विधिवत पूजन अर्चन करेंगे। अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर मां दुर्गा की पूजा और आराधना करेंगे। दुर्गा सप्तशती का पाठ करेंगे। कन्याओं की भी पूजा करेंगे। मां दुर्गा के नाम से घट स्थापना करेंगे। अभिजीत मुहूर्त सहित अन्य शुभ मुहूर्त में पूजा करेंगे। सप्तशती पाठ और जपकर देवी को प्रसन्न करेंगे। नवरात्र के नौ दिनों तक श्रद्धालु दुर्गा सप्तशती का पाठ और देवी मंत्र का जप करेंगे।
पुरानापुल में पेयजल पाइप फटी जलापूर्ति बाधित
सारनाथ के पुरानापुल क्षेत्र में जलकल की पाइप फटने से बुधवार को जलापूर्ति बाधित रही। पाइप की मरम्मत का काम चल रहा है। नलकूप ऑपरेटर पप्पू ने बताया कि बड़ी ईदगाह के समीप जलकल के नलकूप से क्षेत्र में जल आपूर्ति होती है। बुधवार को पुरानापुल में पाइप लाइन फटने की सूचना पर पहुंचे कर्मियों ने मरम्मत कार्य शुरू कराया है। इसके चलते क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित हुई। पानी घरों तक न पहुंचने से लोगों की टंकियां खाली हो गईं। इससे आम जनता को पेयजल की समस्या बनी है।
सामने घाट पर की सफाई, स्वच्छता का लिया संकल्प
सामनेघाट पर आरती के बाद नमामि गंगे के नेतृत्व में बुधवार को स्वच्छता अभियान चला। सभी ने घाट की सफाई की। गंगा तट पर बिखरे कचरे को एकत्र कर कूड़ेदान में डाला। मानव शृंखला बनाकर सफाई के प्रति संकल्प लिया। नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि नदियों का संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। अभियान में सुभाष श्रीवास्तव, उषा सिंह, महेंद्र तिवारी, सुषमा कौशिक, राम सिंह, डॉ. मीना मानसी, पुष्पा तिवारी, अजय सिंह, सुधा सिंह आदि रहीं।
काशी सर्राफा मंडल का नये सिरे से होगा गठन
काशी के सर्राफा व्यापारियों के हितों को लेकर आवाज उठाने वाली संस्था काशी सर्राफा मंडल का नये सिरे से गठन किया जाएगा। बुधवार को प्रेसकांफ्रेंस में अध्यक्ष रवि सर्राफ ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से श्री मंडल के पदाधिकारी निष्क्रिय हो गए थे।
साथ ही विगत कई वर्षों से संस्था का नवीनीकरण भी नहीं हो पाया था। इसका नवीनीकरण कराने के पश्चात लीगल तौर से चलाना चाहिए। रवि सर्राफ ने बताया कि बहुत जल्द आम सभा की बड़ी बैठक बुलाकर संस्था के पदाधिकारियों व टीम का गठन किया जाएगा। इस दौरान पवन मिश्रा, कुमार दबे (राघव), प्रद्युम्न जी अग्रवाल, शैलेंद्र वर्मा, दयाशंकर सेठ आदि लोग मौजूद रहे।
मणिकर्णिका की बजाय पड़ाव पर हो दाह संस्कार
श्री सतुआ बाबा आश्रम के महामंडलेश्वर सतुआ बाबा ने मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी को पत्र भेजा है। उन्होंने मांग की है कि बाहर से आने वाले शवों का दाह संस्कार मणिकर्णिका की बजाय भगवान अवधूत राम समाधि स्थल पड़ाव के पास कराया जाए।
उन्होंने पत्र में कहा है कि मणिकर्णिका घाट पर काफी शवदाह हो रहे हैं। घाट पर धीमी गति से निर्माण कार्य चल रहा है। बारिश में जब गंगा का जलस्तर बढ़ जाता है तो शवों का दाह संस्कार छतों पर होता है। इस समय 24 घंटे शव का दाह संस्कार छतों पर हो रहा है।
इससे आसपास रहने वालों को दिक्कत रही है। जब तक निर्माण कार्य चल रहा है तब तक भगवान अवधूत राम समाधि स्थल के पास दाह संस्कार कराया जाए। मणिकर्णिका पर केवल स्थानीय लोगों के शवों को जलाने की अनुमति दी जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो संत, छात्र और आश्रम वाले कड़ा कदम उठाने को बाध्य होंगे।
रोपवे के लिए चार महीने में तैयार हुआ उपकेंद्र, आपूर्ति शुरू
शहर में रोपवे संचालन के लिए भारत माता मंदिर कैंपस में चार महीने में बने बिजली उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू हो गई। इस उपकेंद्र पर पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफाॅर्मर के साथ ही सभी जरूरी उपकरण भी लगवाए गए हैं। इससे रोपवे के सभी स्टेशनों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलती रहेगी। बुधवार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम में निदेशक तकनीकी जीतेंद्र नलवाया ने उपकेंद्र से आपूर्ति का शुभारंभ किया गया।
भारत माता मंदिर परिसर में बने इस उपकेंद्र का काम 10 फरवरी को इसी साल शुरू हुआ था। करीब 7.50 करोड़ की लागत में बनकर तैयार इस उपकेंद्र पर मुख्य अभियंता प्रथम राकेश पांडे की उपस्थिति में उद्घाटन करने के बाद निदेशक तकनीकी ने आपूर्ति की व्यवस्था का जायजा लिया।
अधीक्षण अभियंता प्रमोद गोगानिया ने बताया कि इस उपकेंद्र से रोप वे परियोजना के काशी विद्यापीठ, कैंट, रथयात्रा और गिरिजाघर स्टेशन पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में यह उपकेंद्र इन स्टेशन को विद्युत आपूर्ति करने के लिए तैयार है। इस दौरान अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार वर्मा, रोशन कुमार मौजूद रहे।
आपातकाल के विरोध में हाथों में मशाल लेकर निकले बीएचयू के छात्र
बीएचयू के छात्रों ने आपातकाल की 50वीं बरसी पर महिला महाविद्यालय चौराहे से लंका चौराहे तक मशाल यात्रा निकाली। इस दौरान एबीवीपी के 50 से ज्यादा सदस्य हाथ में मशाल लेकर जमकर नारेबाजी की। 25 जून 1975 को आपातकाल लागू करने के फैसले को तानाशाही शासन बनाया। कांग्रेस और तात्कालीन पीएम इंदिरा गांधी के खिलाफ खरीखोटी सुनाई गई।
एबीवीपी में काशी प्रांत के प्रांत मंत्री अभय प्रताप सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में अभाविप मिसाबंदियों से भी मिल कर उनका सम्मान करेगी। आपातकाल के दौरान न्यायपालिका की शक्तियां खत्म कर नागरिकों को उनके मूलभूत अधिकारों के वंचित कर दिया गया था। छात्र नौजवानों को जेलों में भर कर यातनाएं दी गईं थी।
कहा कि आज का मशाल यात्रा इस बात का प्रतीक है कि कांग्रेस की संविधान विरोधी मानसिकता के विरूद्ध आज भी युवा डट कर मुकाबला करने को तैयार हैं। इकाई अध्यक्ष प्रशांत राय ने कहा कि संविधान को कुचल कर जनता को उसके अधिकारों से वंचित कर देश को जेल में तब्दील कर दिया गया था।
बीएचयू के डॉ. एसएस पांडेय राष्ट्रीय विशेषज्ञ समिति में नामित
आईएमएस बीएचयू के आर्थोपेडिक्स विभाग में फिजियोथेरेपी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. एसएस पांडेय को केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय विशेषज्ञ समिति में शामिल किया गया है। यह समिति वरिष्ठ नागरिकों के लिए राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम के अंतर्गत फिजियोथेरेपिस्ट और पुनर्वास कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण मॉड्यूल और मार्गदर्शक पुस्तिका तैयार करेगी।
डॉ. पांडेय ने बताया कि विशेषज्ञ समिति को 90 दिनों के भीतर प्रशिक्षण मॉड्यूल और मार्गदर्शक पुस्तिका का प्रारूप तैयार कर स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंपना होगा। डॉ. पांडेय की विशेषज्ञता और अनुभव इस कार्य में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विद्यालयों के विलय के विरोध में शिक्षक संघ का प्रदर्शन कल
जूनियर हाईस्कूल पूर्व माध्यमिक विद्यालय शिक्षक संघ ने बुधवार को कम छात्र संख्या वाले विद्यालयों को समीप के विद्यालयों में मिलाने के शासनादेश का विरोध किया है। जिसके खिलाफ 27 जून प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। संघ की ओर से आशापुर बीआरसी सभागार में आयोजित बैठक में शिक्षकों ने फैसले को वापस लेने की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शिक्षकों ने सरकार की इस योजना के गंभीर परिणामों पर चर्चा की। संघ के जिला महामंत्री रविन्द्र नाथ यादव ने बताया कि शिक्षकों का मानना है कि विद्यालयों के विलय से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित होगी, बल्कि दूर-दराज के क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने में भी कठिनाई होगी।
शिक्षकों ने इस शासनादेश को शिक्षा व्यवस्था के लिए हानिकारक बताया और इसे अव्यवहारिक करार दिया। 27 जून तक सभी शिक्षक, शिक्षामित्र और अनुदेशक बीआरसी कार्यालय पर एकत्रित होंगे और सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे।
आईआईटी बीएचयू में चलेगा कानपुर और इंदौर के भी छात्रों का प्रीप्रेटरी कोर्स
आईआईटी बीएचयू में अगस्त से 1000 से ज्यादा विद्यार्थियों के लिए एक वर्ष का प्रीप्रेटरी कोर्स चलेगा। आईआईटी बीएचयू इस कोर्स में सेंट्रल जोन का होस्ट होगा। इस बार इसमें जेईई एडवांस्ड परीक्षा से उत्तीर्ण कर चुके आईआईटी कानपुर और आईआईटी इंदौर के भी छात्र शामिल होंगे। आईआईटी बीएचयू के करीब 400, आईआईटी कानपुर के 300 और आईआईटी इंदौर के 123 छात्र और छात्रा शामिल होंगे। अनुसूचित जाति, जनजाति और पीडब्ल्यूडी वर्ग के छात्र और छात्राओं को एक साल तक विश्लेषात्मक क्षमता का विकास किया जाएगा।
ब्रम्हलीन महंत अभयानंद को 13 अखाड़ों के साधु-संतों ने किया नमन
श्री सिद्धपीठ यमुनेश्वर आश्रम (आरा मठ) भदऊ चुंगी राजघाट में बुधवार को ब्रम्हलीन महंत अभयानंद महाराज की चौथी पुण्यतिथि मनाई गई। साधु-संतों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भी श्रद्धांजलि दी। सुंदरकांड का पाठ किया। भंडारे में सैकड़ों साधु-संतों और भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आश्रम के महंत वैभव गिरि महाराज ने बताया कि सुबह सुंदरकांड का पाठ और पूजन अर्चन हुआ। भंडारे में 13 अखाड़ों के साधु संत और भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। अनुष्ठान में महंत जितेन्द्र गिरि, माधव गिरि, शिवानंदपुरी, मंडल कोतवाल पुरुषोत्तम गिरि, संजय पांडेय, ओमप्रकाश, रिशु पांडेय, गोलू पाठक, पवन गिरि आदि रहे।
काशी विद्यापीठ में 15 तक कर सकेंगे आवेदन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में सत्र 2025-26 के लिए स्नातक की काउंसिलिंग शुरू हो गई है। स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। विश्वविद्यालय की ओर से पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून थी। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने तिथि बढ़ा दी है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन प्रवेश आवेदन-पत्र भरने की अंतिम तिथि 15 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। इस बारे में विश्वविद्यालय की वेबसाइट से विस्तृत जानकारी ली जा सकती है।
काशी विद्यापीठ में आज से दो दिन होगी बीकॉम, बीम्यूज की काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 26 जून से बीकॉम रिटेल आपरेशंस मैनेजमेंट और बी म्यूज की काउसिंलिंग करवाई जाएगी। विश्वविद्यालय की ओर से इसके लिए मेरिट सूची जारी करते हुए इसकी सूचना अभ्यर्थियों को भेजी जा चुकी है।
विश्वविद्यालय में बीकॉम रिटेल मैनेजमेंट में 33 सीट हैं। इसके लिए इस बार 94 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है जबकि बीम्यूज में 45 सीट के सापेक्ष 70 से अधिक आवेदन आए हैं। विश्वविद्यालय प्रवेश सेल के समन्वयक प्रो. बंशीधर पांडेय ने बताया कि 26-27 जून को वाणिज्य संकाय में बीकॉम रिटेल ऑपरेशंस मैनेजमेंट की काउंसिलिंग करवाई जाएगी।
इन्हीं दो दिन में मंच कला संकाय में बीम्यूज की काउंसिलिंग होगी। प्रवेश सेल के सदस्य प्रो. नलिनी श्याम कामिल ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थी जिनको ई-मेल पर लिंक भेजा गया है, उन सभी को अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों, सभी की एक प्रति फोटो स्टेट, 6 पासपोर्ट साइज फोटो, अपनी कैटेगरी का अद्यतन प्रमाण पत्र सहित 10:30 बजे आना होगा।
बीएचयू में पीजी की पहली जीडीपीआई कॉल लिस्ट जारी
बीएचयू में पीजी प्रवेश की प्रक्रिया के तहत पहली जीडीपीआई कॉल लिस्ट जारी कर दी गई है। मास्टर ऑफ पर्सनल मैनेजमेंट एंड इंडस्ट्रियल रिलेशंस कोर्स के 341 उम्मीदवारों के नाम भी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। तीन से लेकर पांच जुलाई तक इन सभी को सामूहिक चर्चा और साक्षात्कार के लिए बीएचयू में आना होगा। यहां टेस्ट के बाद मिले स्कोर को सीयूईटी स्कोर के साथ जोड़कर अंतिम रिजल्ट जारी किया जाएगा।
इसके बाद एक साथ सभी कोर्स की काउंसिलिंग शुरू हो सकेगी। बीएचयू की पीजी प्रवेश प्रक्रिया में जुलाई महीने में प्रैक्टिकल परीक्षा, स्पोर्ट्स कोटा के छात्रों का फिजिकल और फिटनेस टेस्ट, संगीत एवं मंच कला संकाय में गायन और वादन विधा समेत दृश्य कला संकाय में पेंटिंग आदि की परीक्षा होगी।
प्रधानाचार्य परिषद् का चिंतन शिविर आज
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद् की ओर से माध्यमिक शिक्षा के उन्नयन और प्रधानाचार्यों की सेवा सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श के लिए एक प्रांतीय ग्रीष्मकालीन चिंतन शिविर बुधवार को चेतगंज स्थित आर्य महिला पीजी कॉलेज के सभागार में होगी। शिविर में प्रदेश के सभी जिलों से माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य हिस्सा लेंगे और शिक्षा के विकास पर मंथन करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. अखिलेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शिविर के मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी होंगी, जबकि आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी और माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेन्द्र देव शामिल होंगे।
चिंतन शिविर में प्रधानाचार्यों की ओर से माध्यमिक शिक्षा मंत्री के समक्ष तदर्थ प्रधानाचार्यों के नियमितीकरण, शिक्षा सेवा चयन आयोग की नियमावली में संशोधन, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति, प्रत्येक विद्यालय को निशुल्क सौर ऊर्जा, विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षकों के पद और मुफ्त चिकित्सा सुविधा जैसी प्रमुख मांगें रखी जाएंगी।
कैबिनेट मंत्री मंदिरों के जीर्णोद्धार को सराहा
प्रदेश की बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबीरानी मौर्या बुधवार को सेंटर फॉर सनातन रिसर्च सिगरा में पहुंची। सेंटर द्वारा किए जा रहे मंदिरों के जीर्णोद्धार के कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्था के कार्य को सदियों तक याद रखा जाएगा। उन्होंने सेंटर को सहयोग देने का आश्वासन दिया। कैबिनेट मंत्री का स्वागत हुआ। सेंटर के प्रभारी रामकृष्ण पांडेय ने उनको अंगवस्त्रम् एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मान किया।
संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए डीएम को भेजा पत्र
भगवानपुर के मुरारी चौक से छित्तूपुर संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए डीएम को पत्र भेजा गया है। क्षेत्र के लोगों ने शिकायती पत्र में कहा कि नमामि गंगे योजना के तहत सीवर डालने के लिए सड़क की खोदाई की जा रही है। अधिवक्ता सौरभ तिवारी की ओर से डीएम से कहा गया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत मल-जल को एसटीपी तक ले जाने के लिए सीवर पाइप डालकर ज्यादातर हिस्से को पाटकर छोड़ दिया गया है। सामनेघाट क्षेत्र के दर्जनों कालोनियों में बड़ी आबादी इससे प्रभावित है जिनके लिए कोई वैकल्पिक मार्ग मौजूद नहीं। बारिश से स्थानीय लोगों का सड़क पर निकलना मुश्किल है।
संपत्तिकर जमा करने के लिए आईएमए में कैंप आज से
शहर के चिकित्सा संस्थानों के लिए तीन दिवसीय विशेष कैंप लहुराबीर के आईएमए भवन में लगाया जाएगा। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने कहा कि 26 से 28 जून तक कैंप का उद्घाटन बृहस्पतिवार को होगा। सुबह 10 से शाम 4 बजे तक अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लीनिक के अनुज्ञप्ति शुल्क, संपत्तिकर जमा होंगे। गृहकर, जलकर, सीवर कर भी जमा कर सकेंगे। हॉस्पिटलों के संचालकों को जन्म मृत्यु की सूचना देने के लिए इनफॉर्मेंट आईडी बनवाने का मौका दिया जा रहा है।
बीएचयू में विज्ञान संस्थान के डीन समेत दो नए विभागाध्यक्षों की नियुक्ति
बीएचयू में विज्ञान संस्थान के डीन समेत दो नए विभागाध्यक्ष बनाए गए हैं। भूविज्ञान विभाग के प्रो. राजेश कुमार श्रीवास्तव को विज्ञान संस्थान का संकाय प्रमुख नियुक्त किया गया। वह तीन साल या रिटायरमेंट तिथि, जो भी पहले हो तब तक इस पद पर काम करेंगे। वह एक जुलाई से अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे। कुलपति के आदेश से उन्हें डीन बनाया गया है। इससे पहले सांख्यिकी विभाग के प्रो. एसके उपाध्याय विज्ञान संस्थान के डीन थे।
बीएचयू में डॉ. शीतल राणा को संग्रहालय विज्ञान विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है। वह 30 जुलाई से तीन वर्ष के लिए अपना कार्यभार ग्रहण करेंगी। उनके अलावा प्रो. राजेश्वर प्रसाद सिन्हा को वनस्पति विज्ञान विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है। उनकी नियुक्ति 1 जुलाई से अगले तीन वर्षों के लिए होगी।
काशी की फ्रीडम तुर्किये में दिखाएंगी दम, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती के लिए इंडिया टीम में चयन
काशी की महिला पहलवान फ्रीडम यादव ने एक बार फिर अपने शहर और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन तुर्किये में 26 से 29 जून, 2025 तक आयोजित होने वाले यासर दोगु, वेहबी एमरे और हामित कपलान अंतरराराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए भारतीय टीम में हुआ है। भारतीय वरिष्ठ महिला और ग्रीको-रोमन टीमें इस प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए रवाना हो गईं।
मूल रूप से गाजीपुर जिले के नंदगंज की निवासी फ्रीडम यादव का परिवार वर्तमान में वाराणसी के आशापुर इलाके में रहता है। उन्होंने कुश्ती के शुरुआती दांव-पेच सिगरा स्टेडियम में ही सीखे और आज भी जब वे राष्ट्रीय कैंप से लौटती हैं, तो यहीं अभ्यास करना पसंद करती हैं। फ्रीडम का राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है।
वर्ष 2018 से लेकर अब तक वे लगातार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपना परचम लहरा रही हैं। फ्रीडम के भारतीय टीम में चयन की खबर के बाद वाराणसी कुश्ती संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने पहलवान को फोन पर व्यक्तिगत रूप से बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भरतपुर गांव पहुंचे सपा सांसद ने प्रशासन से की मुआवजे की मांग
भरतपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से पशुपालक महिला हीरामनी पाल झुलस गई थी। इनके अलावा 26 भेड़े मर गई थीं। बुधवार को गांव पहुंचे चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना जताई। साथ ही जिला प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की। उन्होंने जिलाधिकारी से बातकर 20 लाख मुआवजे की मांग की। घायल महिला को 50 हजार और प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कराने को कहा।
सांसद ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं में जन और पशु हानि दुखद होती है। शासन प्रशासन का यह कर्तव्य है कि वह पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करें। इस दौरान सांसद के साथ सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, जिला उपाध्यक्ष सुनील सोनकर, विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव, रामबालक पटेल, पिंट पाल शामिल रहे।
आयुष मंत्री ने वरिष्ठ कार्यकर्ता का जाना हाल
भाजपा महानगर खेल कूद प्रकोष्ठ के पूर्व उपाध्यक्ष शिवशंकर केशरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें रविंद्रपुरी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र "दयालु" बुधवार को उन्हें देखने पहुंचे। उनका हालचाल जाना और उनके स्वास्थ्य की जानकारी चिकित्सकों से ली। इस मौके पर भाजपा नेता संजय मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी गौरव राठी, पार्षद संजय केसरी समेत अन्य मौजूद रहे।
शहर में स्वच्छता के प्रति चलाया महाअभियान
नगर निगम की ओर से बुधवार को स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। इस दौरान आईईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी, डाक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह की ओर से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर रेवड़ी तालाब, सीरगोबर्धनपुर, मदनपुरा, बजरडीहा, कृतिवाशेश्वर, सलारपुर, पहड़िया में अभियान चलाया गया।
कर्नाटक लीग में चमकेगी काशी की बेटी अमृता
काशी की युवा फुटबॉलर अमृता शर्मा अब कर्नाटक लीग में अपने खेल का जौहर दिखाएंगी। अगस्त में बंगलुरू में होने वाली प्रतियोगिता के लिए पहाड़ी गांव की रहने वाली अमृता का चयन पास एफसी टीम में हुआ है। अमृता 28 जून को बंगलुरू के लिए रवाना होंगी, जहां वह टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगी। पिछले आठ साल में अमृता ने चार बार राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में काशी और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। बरेका इंटर कॉलेज के खेल मैदान में अमृता को अभ्यास करने वाले प्रशिक्षक भैरव दत्त ने बताया कि इसमें सात से आठ टीमें हिस्सा लेने पहुंचीं हैं।
प्रयागराज में चमके शेख जीशान
लालपुर स्थित एथलेटिक्स छात्रावास के होनहार खिलाड़ी शेख जीशान ने प्रयागराज में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए त्रिकूद स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया है। प्रशिक्षक मंजूर आलम ने बताया कि मंगलवार को प्रयागराज में हुई फेडरेशन कप में शेख जीशान ने तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
मूल से प्रयागराज के रहने वाले जीशान लालपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल के छात्रावास में रहकर अभ्यास करते हैं। बीते मई जीशान ने पटना में आयोजित खेलो इंडिया यूथ इंडिया गेम्स में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 15.48 मीटर छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतकर एक नया रिकाॅर्ड भी बनाया। जिनकी इस उपलब्धी की चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम मन की बात में जिक्र किया था।
जनांदोलन की भूमिका को स्पष्ट करता है आपातकाल
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ दर्शनशास्त्र विभाग में राष्ट्रीय आपातकाल दिवस की 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने आपातकाल से जुड़ी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य अतिथि एल्यूमुनाई सेल के निदेशक प्रो.नलिनी श्याम कामिल ने कहा कि आपातकाल की विस्तार से चर्चा की। कहा कि यह दिन लोकतंत्र के संरक्षण के लिए जन आन्दोलन की भूमिका स्पष्ट करता है।
कार्यक्रम में सहायक कुलानुशासक डॉ. अम्बरीष राय ने बताया कि आपातकाल के समय में लोकतांत्रिक मूल्यों को समाप्त कर तानाशाही सरकार के माध्यम से विरोधी पक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया और सभी विरोधियों को अकारण जेल में भर दिया गया।
अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय आपात दिवस हमें यह याद दिलाता है कि लोकतंत्र को किस प्रकार तानाशाही की भेंट चढ़ाया गया। आपातकाल लोकतांत्रिक मूल्यों में अनास्था का प्रतीक है। कार्यक्रम में आईक्यूएसी की निदेशक प्रो. नंदिनी सिंह, प्रो. पिताम्बर दास, डॉ. चन्द्रमणि,धन्यवाद ज्ञापन डॉ. गनेश जायसवाल ने किया।