फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Firing on went to play match FIR against 20 people gun shot manager absconding

News: मैच खेलने गए युवक पर फायरिंग, 20 के खिलाफ FIR, मैनेजर को गोली मारने वाला फरार; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Thu, 03 Jul 2025 06:09 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Thu, 03 Jul 2025 06:09 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी के शिवपुर थाने में युवक पर गोली चलाने और मारने-पीटने का मामला दर्ज हुआ है। वहीं, कूरियर कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर विकास तिवारी को गोली मारने वाले आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Firing on went to play match FIR against 20 people gun shot manager absconding
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: शिवपुर के खुशहाल नगर सेक्टर एक निवासी अभिनव प्रतीक की तहरीर पर पुलिस ने 20 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में प्रतीक ने बताया कि मंगलवार शाम दोस्त सुशांत के साथ ग्राउंड पर मैच खेल रहा था। इस दौरान सुशांत को खोजते हुए 20 लोग पहुंचे। देखते ही देखते सुशांत मौके से भाग गया। जिसके बाद उन लोगों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। सिर में चोट आई है। आरोपियों ने चार राउंड फायरिंग भी की। किसी तरह से जान बचाकर भागा। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है।

विज्ञापन


नए आपराधिक कानून के बारे 5,483 पुलिसकर्मियों को बताया
कमिश्नरेट के 5,483 पुलिसकर्मियों को नए कानूनों के बारे में प्रशिक्षित किया गया है। ई-साक्ष्य एप से 5931 मामलों में निरीक्षण और साक्ष्य संकलन हुआ है। जीरो एफआईआर के तहत 27 मामले दर्ज किए गए और समयबद्ध तरीके से वास्तविक घटनास्थल पर स्थानांतरित किए गए, जिससे पीड़ितों को भटकना नहीं पड़ा।
विज्ञापन


साथ ही, अन्य जिलों/ राज्यों से प्राप्त 9 जीरो एफआईआर पर भी कानूनी कार्रवाई की गई। फोरेंसिक फील्ड यूनिट ने 1525 ऐसी घटनाओं का त्वरित निरीक्षण किया, जिनमें 7 वर्ष से अधिक की सजा का प्रावधान है, और वैज्ञानिक तरीकों से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए, जिससे विवेचना की गुणवत्ता में सुधार आया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

Varanasi News Today Firing on went to play match FIR against 20 people gun shot manager absconding
वाराणसी कोर्ट। - फोटो : Amar Ujala

फर्जी जमानत मामले में पांच दोषियों की सजा बरकरार
फर्जी आदेश तैयार कर जमानत के मामले में पांच अभियुक्तों को लोअर कोर्ट से मिली पांच वर्ष की सजा को सेशन कोर्ट ने बरकरार रखा है। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) सुशील खरवार की अदालत ने अभियुक्त विनय पांडेय उर्फ चुन्नू, शिवमूरत, ओमकार यादव, फूलचंद व दीपचंद की सजा और जुर्माने को यथावत रख तीन दिन में लोअर कोर्ट में समर्पण का आदेश दिया है। 

वादी विजय कुमार गुप्ता के भाई की हत्या के मामले में गाजीपुर में दर्ज मुकदमे में अभियुक्तों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी। अभियुक्तों ने गाजीपुर के हत्या मामले में फर्जी जमानत आदेश तैयार कर गैंगस्टर कोर्ट, वाराणसी में दाखिल कर जमानत हासिल कर ली थी। शिकायत के बाद जांच में जमानत आदेश फर्जी पाया गया। विवेचना के दौरान एक अभियुक्त राम रूप की मृत्यु हो गई थी।

दहेज प्रताड़ना व छेड़खानी के मामले में पति ने किया समर्पण, मिली अंतरिम जमानत
दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने और अश्लील वीडियो बनाने के मामले में आत्मसमर्पण के बाद पति को कोर्ट से राहत मिल गई। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) प्रवीण कुमार की अदालत ने भुल्लनपुर, मंडुआडीह निवासी सतीश चंद्र राय को 25-25 हजार की दो जमानतें एवं बंधपत्र पर रिहा करने का आदेश दिया। खुशबू राय ने मंडुआडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

आरोप था कि उसकी शादी 25 जनवरी 2023 को सतीश से हुई थी। शादी के बाद जब वह विदा होकर ससुराल गई तो पति, ससुर दरोगा राय व सास रेनू राय दहेज में पिता के नाम पर शिवपुर की जमीन या दस लाख रुपये की मांग को लेकर मारने पीटने लगे। पति जबरदस्ती उसके साथ अनैतिक संबंध बनाता और वीडियो भी बना ली। जब उसने सास से यह बात बताई तो उसने कहा कि ज्यादा नाटक करोगी तो ससुर भी ऐसा ही करेंगे। 

इसकी शिकायत पिता से की तो वे डॉक्टर को दिखाने को कहकर मायके आ गए। 17 मई को पिता के साथ वापस ससुराल पहुंची तो पति ससुर और सास ने मारपीट की। साथ ही दुष्कर्म का प्रयास किया। बाद में पता चला कि पति ने नवंबर 2024 में रेवतीपुर, गाजीपुर निवासिनी रेनू राय से दूसरी शादी कर ली है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बुधवार को आरोपित ने आत्मसमर्पण कर जमानत के लिए अर्जी दी थी।

कूरियर मैनेजर को गोली मारने वाला फरार, पुलिस की कई टीमें गठित
चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित सुसुवाही के प्रज्ञा नगर कॉलोनी में मंगलवार रात कूरियर कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर विकास तिवारी को गोली मारने वाले आरोपी की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। वहीं विकास तिवारी का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस घटना के दूसरे एंगल पर भी जांच कर रही है और आसपास लगे दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपी की लोकेशन भी ट्रेस करने में जुटी है।

Varanasi News Today Firing on went to play match FIR against 20 people gun shot manager absconding
वाराणसी विकास प्राधिकरण। - फोटो : अमर उजाला

जानकी बाग में अर्धनिर्मित होटल का पांचवा तल वीडीए ने किया ध्वस्त
वीडीए की ओर से बुधवार को जानकी बाग में एक अर्ध निर्मित होटल का पांचवा तल ध्वस्त किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार वार्ड-भेलूपुर, जानकी बाग के शाही निवास पर अवैध रूप से निर्मित होटल, जिसे वीडीए ने पूर्व में सील किया था। सीलबंद होटल भवन के पांचवें तल की छत को श्रमिकों ने ड्रिल मशीन से लगभग 35 स्थानों पर क्षतिग्रस्त किया। इस तल पर निर्मित अवैध दीवारों को हटा दिया गया। इस प्रकार पांचवें तल को पूर्ण रूप से ध्वस्त कर किया गया है। उषा शाही की ओर से वेल्स इन होटल का निर्माण कराया जा रहा है।

गुम हुई बच्ची को जीआरपी ने एक घंटे में ढूंढ निकाला
कैंट रेलवे स्टेशन पर मिशन मुस्कान के तहत जीआरपी ने प्लेटफॉर्म नंबर 8 से लापता हुई 4 साल की एक बच्ची को मात्र 1 घंटे के अंदर उसके परिजनों से मिला दिया। परिजनों ने जीआरपी को धन्यवाद दिया। जानकारी के अनुसार सुबह के समय गोंडा के रहने वाला एक परिवार ट्रेन पकड़ने के लिए कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचा था। प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर एक महिला अपने पति से फोन पर बात कर रही थी, तभी उनकी 4 साल की बच्ची कहीं चली गई। 

बच्ची के गुम होने की सूचना मिलते ही जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने अपनी टीम के साथ तुरंत खोजबीन शुरू की। पैदल गश्त के दौरान रोती हुई बच्ची प्लेटफॉर्म पर मिली। जीआरपी के पुलिसकर्मी उसे थाने ले आए और मिशन मुस्कान के तहत बच्ची की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इसके परिणामस्वरूप, 1 घंटे के अंदर बच्ची के परिजन थाने पहुंच गए।

रास्ता रोककर महिला और पिता को धमकी, केस
बड़ागांव के बसनी गांव के मौजा हकीम बाजार में रास्ते के विवाद को लेकर एक महिला और उसके पिता को पड़ोसियों ने धमकी दी। इसे लेकर महिला ने थाने में केस दर्ज कराया है। आरोप है कि उसके घर आने-जाने के एकमात्र सार्वजनिक रास्ते को गांव के ही कुछ लोगों ने अवरुद्ध कर दिया है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। सबीना बानो ने बताया कि गांव के अशफाक अहमद, ताहिर, महफूज और इबरार ने रास्ते पर मिट्टी, ईंट और पत्थर डालकर बंद कर दिया है, उनका घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चार्जर मांगने पर दाई से मारपीट, वार्ड बॉय पर मुकदमा
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव में कार्यरत महिला स्वास्थ्यकर्मी दाई शकीला बानो से मारपीट के मामले में वार्ड बॉय अंकुर के खिलाफ चौबेपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार शाम पीड़िता ने आरोपी से मोबाइल चार्जर मांगा था। इस बात पर वार्ड बॉय भड़क गया। उसने पहले धक्का दिया, फिर जबरन बेड पर पटक कर लात-घूंसे से पिटाई की। आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि पहले भी वह गालीगलौज और बदसलूकी करता था। कई बार शिकायतें कीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी रविकांत मलिक ने बताया कि जांच चल रही है। 

रोजगार सेवक को जान से मारने की धमकी
थानाक्षेत्र के खटौरा (भरथरा) गांव में रोजगार सेवक धनंजय सिंह के मनरेगा के तहत नाली सफाई का कार्य कराने पर कुछ लोगों ने उसे जबरन रोक दिया। काम दोबारा शुरू कराने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। भयभीत रोजगार सेवक ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्द कराया है। धनंजय सिंह ने ऋषि सिंह, ओमप्रकाश सिंह, विकास, आदर्श और अनिकेत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

नाबालिग का अपहरण करने वाला गिरफ्तार
थाना लक्सा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 13 साल की अपहृत नाबालिग को मंगलवार बेनिया बाग पार्क के पास से बरामद कर लिया। लक्सा प्रभारी दयाराम ने बताया कि आरोपी शौविक नाग (32) को आननबाग मस्जिद के पास से बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

लेखपाल के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान के इंस्पेक्टर ने दर्ज कराया केस
स्थानीय सेक्टर (सतर्कता अधिष्ठान) थाने में गाजीपुर के चौकिया गांव निवासी विंध्याचल यादव के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार तिवारी की तहरीर पर की गई है। इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार, 5 जनवरी 2024 को लेखपाल विंध्याचल यादव के खिलाफ खुली जांच का आदेश मिला था। सामने आया कि विंध्याचल यादव तरना गांव के लेखपाल के तौर पर कार्यरत था। उ

स दौरान रामबली यादव, सर्वेश कुमार उपाध्याय उर्फ डब्बू, आशीष कुमार सिंह और बब्बुन यादव के साथ उसकी मिलीभगत थी। विंध्याचल ने कानून के निर्देश का उल्लंघन करते हुए सरकारी संपत्ति निजी व्यक्तियों को हस्तांतरित की। उसने कपट करते हुए सरकार को संपत्ति की क्षति पहुंचाई। खतौनी की कूटरचना की। इसलिए उसके खिलाफ वाराणसी सेक्टर (सतर्कता अधिष्ठान) थाने में केस दर्ज कराया गया है। 

गो तस्करी में वांछित गिरफ्तार
लंका पुलिस ने मंगलवार को लौटूबीर पुलिया एनएच-19 के पास से गो तस्करी के मामले में वांछित तुलसी प्रसाद (30) को गिरफ्तार कर लिया। तुलसी मूलरूप से ग्राम जमालपुर पतेरी, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार का रहने वाला है। वर्तमान में नारायणपुर डाफी में रह रहा था। 29 जून को लंका पुलिस ने 58 संरक्षित पशुओं को बरामद कर 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में वांछित वाहन मालिक तुलसी की तलाश जारी थी। 

चार प्रदूषण जांच केंद्र 3 महीने के लिए सस्पेंड
जिले में संचालित प्रदूषण जांच केंद्रों की कार्यप्रणाली पर परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए चार केंद्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। तकनीकी टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद इन केंद्रों को तीन माह के लिए निलंबित कर दिया गया है। आरटीओ कार्यालय की जांच के दौरान ये केंद्र नियमों के विरुद्ध कार्य करते पाए गए। इसके बाद इनकी रिपोर्ट उप परिवहन आयुक्त (न्यायाधिकरण), परिवहन आयुक्त कार्यालय, उत्तर प्रदेश को संस्तुति के रूप में भेजी गई थी।

जांच और संस्तुति के आधार पर उप परिवहन आयुक्त (प्राविधिक) उत्तर प्रदेश द्वारा चारों प्रदूषण जांच केंद्रों के प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए हैं। निलंबित किए गए जांच केंद्रों में जमालपुर के साईं समाज कल्याण सेवा समिति, आरएसपी प्रदूषण जांच केंद्र, ओम साई पर्यावरण सेवा समिति, मां प्रभावती समाज कल्याण सेवा समिति शामिल हैं। 

इन सभी केंद्रों के प्राधिकार पत्र कार्यालय आदेशों के आधार पर तीन महीने की अवधि के लिए निलंबित किए गए हैं। आरटीओ (प्रशासन) शिखर ओझा ने बताया कि प्रदूषण जांच केंद्रों पर निगरानी लगातार जारी रहेगी। तकनीकी निरीक्षण अभियान आगे भी चलता रहेगा, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि केवल मानक के अनुरूप कार्य करने वाले केंद्र ही सक्रिय रहें। 

वृद्धा के खाते से 2.42 लाख की धोखाधड़ी
पांडेपुर निवासी वृद्धा ललिता देवी के दो बैंक खाते से 2.42 लाख की धोखाधड़ी हो गई। पीड़िता ने बैंक, साइबर सेल और कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तहरीर में बताया कि उन्होंने बलिया एसबीआई और मकबूल आलम रोड के एसबीआई से किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं किया था। पासबुक अपडेट कराने पर उन्हें जानकारी मिली। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

मकान का अगला हिस्सा गिरा, कोई हताहत नही
मोहनसराय से लहरतारा तक सड़क चौड़ीकरण के दौरान शहावाबाद बाजार में सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढों से समस्या बढ़ गई है। बारिश का पानी भरने से बुधवार कोमल यादव और विजय यादव के मकान का हिस्सा गिर गया, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ। छह परिवारों को डर है कि उनके घर भी गिर सकते हैं। स्थानीय लोगों ने जल्द समाधान की मांग की है।

धारदार वस्तु से हमला कर किया अधमरा, गिरफ्तार
टोटो चार्जिंग के दौरान पड़ाव के डोमरी में मंगलवार दो लोगों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर परमेश्वर पटेल ने अभिषेक वर्मा पर धारदार नुकीली वस्तु से हमला कर दिया। अभिषेक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को परमेश्वर पटेल को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि पकड़ा गया परमेश्वर डोमरी का रहने वाला है। मामला दर्ज आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रामनगर में वीडीए ने अवैध निर्माण किए सील
वीडीए की ओर से बुधवार को रामनगर में अवैध निर्माण सील किया गया। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार रामनगर वार्ड के मछरहट्टा में छन्नू लाल यादव की ओर से बिना मानचित्र स्वीकृत अनधिकृत निर्माण कर दुकान चलाई जा रही थी। वीडीए की ओर से उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की धारा के तहत सील की कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी सिंह गौरव जयप्रकाश एवं अवर अभियंता अशोक कुमार मौजूद रहे। 

राजातालाब तहसील के अधिवक्ता रहे हड़ताल पर
राजातालाब तहसील के अधिवक्ता बुधवार को हड़ताल पर रहे। मंगलवार को एक अधिवक्ता और उप जिलाधिकारी न्यायिक के पेशकार के बीच कहासुनी हो गई थी। अधिवक्ताओं का आरोप था कि पेशकार गलत तरीके से फाइलों में तारीख बदल देते हैं। मामला उप जिलाधिकारी शांतनु सिनसिनवार तक पहुंचा था। उन्होंने समस्या के निराकरण की बात कही थी। 

बुधवार को समाधान नहीं होने पर अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की और एक दिन की हड़ताल पर रहे। द तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब की बैठक में अधिवक्ता राजेश कुमार सिंह के प्रस्ताव पर महामंत्री अमित कुमार पटेल और अध्यक्ष चंद्रशेखर उपाध्याय ने विचार कर पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की। 

समिति में दिनेश कुमार शर्मा, सर्वजीत भारद्वाज, रामजी पटेल, नंदकिशोर पटेल और विजय भारती हैं। यह समिति उप जिलाधिकारी राजातालाब से बातचीत कर समस्या का समाधान करेगी। अधिवक्ताओं का कहना था कि हम लोग चाहते हैं कि तहसील में काम समय से हों। सभी कार्यालय भ्रष्टाचार मुक्त हों। मगर, कर्मचारी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उच्च पद पर बैठे अधिकारी इस ओर ध्यान ही नहीं देते।

परिषदीय विद्यालयों के विलय को लेकर आप का प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को शास्त्री घाट से जिला मुख्यालय तक जुलूस निकालकर प्राथमिक विद्यालयों को विलय का विरोध किया। जिलाध्यक्ष कैलाश पटेल ने कहा कि सरकार ने कम संख्या वाले विद्यालयों का विलय कर रही है। ये पहल बाल अधिकार और शिक्षा अधिकार कानून का उल्लंघन है।

काशी प्रांत के पूर्व सचिव अब्दुल्ला खान ने कहा कि विद्यालय के विलय से टीईटी उत्तीर्ण अभ्यर्थी अवसाद ग्रस्त हैं। यह आरटीई एक्ट का भी उल्लंघन है। इसके तहत बच्चों को घर से 1 किमी के अंदर शिक्षा मिलनी चाहिए। महिला विंग की प्रदेश महासचिव रेखा जायसवाल ने इसे निजीकरण को बढ़ावा देने वाला कदम बताया।

अवैध पार्किंग पर जुर्माने के साथ निरस्त होगा लाइसेंस
अवैध पार्किंग पर सख्ती के लिए नगर आयुक्त को विशेष अधिकार दिए गए हैं। उनके नेतृत्व में गठित विशेष समिति का कार्य कर करेगी। अब अवैध पार्किंग चलाने वालों पर 5000 का जुर्माना लगाया जाएगा। लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा। एफआईआर का भी प्रावधान किया गया है। 

अधिकारियों ने बताया कि अवैध पार्किंग का सीधा असर शहर के यातायात पर पड़ता है। सड़क के किनारे अवैध रूप से खड़े वाहन न केवल जाम का कारण बनते हैं, बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी प्रभावित करते हैं। इस नियम के लागू होने से सड़क किनारे अवैध वाहन खड़े करने की प्रवृत्ति रुकेगी। नगर निगम के पास बेहतर राजस्व स्रोत उपलब्ध होंगे। आम लोगों को सस्ते और सुरक्षित पार्किंग विकल्प मिलेंगे। 

सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी पार्किंग स्थल अधिकृत लाइसेंसधारी व्यक्तियों या संस्थाओं की ओर से ही संचालित हो। हर घंटे के हिसाब से पार्किंग शुल्क निर्धारित किया गया है, ताकि जनता को उचित और पारदर्शी शुल्क देना पड़े। जो लोग कम समय के लिए वाहन खड़ा करते हैं, उन्हें कम शुल्क देना होगा, जबकि पहले फिक्स रेट लिया जाता था। 

14 स्कूली बसों का चालान, एक सीज
जिले में स्कूली बसों के खिलाफ अभियान शुरू हो गया है। आरटीओ प्रवर्तन मनोज कुमार वर्मा, उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र वाराणसी भीमसेन सिंह के नेतृत्व में बसों की फिटनेस जांची गई। साथ ही कागजात के मिलान किए गए। बिना पंजीकरण चलने वाली बस को सीज किया गया। अलग-अलग मामलों में गड़बड़ी मिलने पर 14 बसों का चालन किया गया। यात्री कर अधिकारी वाराणसी अखिलेश पांडे, कर अधिकारी चंदौली ललित मालवीय मौजूद रहे। 

वैवाहिक वर्षगांठ में गए युवक पर हमला, जीजा-साले पर केस
तुलसीपुर में रहने वाले लक्ष्मण प्रसाद सोनकर के बेटे राहुल सोनकर के साथ 30 जून की रात 11 बजे मारपीट की गई। मारपीट के आरोप में तुलसीपुर के गुननी लाल सोनकर और उसके साले कटेसर निवासी राहुल सोनकर के खिलाफ भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया है। लक्ष्मण ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा राहुल अपने दोस्त की वैवाहिक वर्षगांठ पर गया था। 

पहले से मौजूद आरोपियों ने रंजिश में राहुल से गालीगलौज कर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। थानाध्यक्ष भेलूपुर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बुधवार को बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। 

Varanasi News Today Firing on went to play match FIR against 20 people gun shot manager absconding
BHU - फोटो : अमर उजाला

बीएचयू के पांच छात्रों का भारतीय सूचना सेवा में चयन
बीएचयू के पांच पूर्व छात्रों का भारतीय सूचना सेवा (ग्रुप बी) के लिए चयन हुआ है। ये पूर्व छात्र निखिल उपाध्याय, सतेंद्र कुमार, सोनू कुमार, प्रशांत कुमार और सुविज्ञ शुक्ला को सफलता मिली है। इन्होंने कला संकाय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग से पढ़ाई पूरी की है। छात्रों का चयन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत हुआ है।

मास कम्युनिकेशन में एमए बैच 2018-2020 से स्नातकोत्तर निखिल उपाध्याय को ऑल इंडिया रेडियो, पणजी, गोवा में समाचार संपादक के रूप में नियुक्त किया गया है। 2018-2020 बैच के ही सोनू कुमार पीआईबी मुख्यालय, नई दिल्ली में सूचना सहायक बने हैं। 2020-2021 में मास कम्युनिकेशन में एमए करने वाले प्रशांत कुमार प्रेस रजिस्ट्रार ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में पंजीकरण सहायक बनाए गए हैं। 2019-2021 बैच के पासआउट और बीएचयू से बीए (ऑनर्स) गणित स्नातक सुविज्ञ शुक्ला को भी पीआईबी मुख्यालय, नई दिल्ली में सूचना सहायक के पद पर नियुक्त किया गया है।

पौधे रोपें और वेबेसाइट पर 3 माह तक करें अपलोड
रोटरी क्लब ऑफ वाराणसी नॉर्थ की ओर से हरित काशी की पहल के साथ बुधवार को लहरतारा स्थित स्कूल में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम हुआ। क्लब की अध्यक्ष रुचि भार्गव ने छात्रों और शिक्षकों को पौधरोपण के साथ इसको सुरक्षित रखने के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि क्लब की वेबसाइट पर पौधरोपण कर प्रति तीन माह पौधे के साथ फोटो अपलोड करें। तीन बार ऐसा करने पर उन्हें क्लब उन्हें प्रमाणपत्र देगा। इस मौके पर सुरेश खंडेलवाल, सीए सतीश जैन, दीपक माहेश्वरी, डॉ. राकेश जायसवाल, नीरज अग्रवाल, डॉ. डाली, एनएन दुबे मौजूद रहे।

Varanasi News Today Firing on went to play match FIR against 20 people gun shot manager absconding
IIT BHU - फोटो : अमर उजाला

आईआईटी बीएचयू में शिक्षक पद के लिए 21 जुलाई तक आवेदन
आईआईटी बीएचयू के 17 ब्रांच में शिक्षकों की नियुक्तियां होंगी। इसके लिए संस्थान ने सूचना जारी कर दी है। इसमें असिस्टेंट, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर पदों के लिए विशेष भर्तियां की जाएगी। असिस्टेंट प्रोफेसर की न्यूनतम योग्यता पीएचडी और उसके ऊपर के पदों पर अनुभव की अनिवार्यता होनी चाहिए।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया एक जुलाई से शुरू हो गई है। जो कि 21 जुलाई तक चलेगी। एसोसिएट प्रोफेसर के लिए अनुभव छह वर्ष और प्रोफेसर के लिए 10 वर्षों का होना चाहिए। एक वर्ष के लिए प्रोबेशन पीरियड पर रखा जाएगा। एसोसिएट प्रोफेसरों को करीब 1.40 लाख और प्रोफेसरों को लगभग 1.60 लाख रुपये वेतन दिए जाएंगे। 

बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किग व्यवस्था कराएं : अपर सचिव
वीडीए के अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा ने बुधवार को वीडीए में बैठक की। इस दौरान लंबित शमन मानचित्रों का निस्तारण प्राथमिकता पर करने को कहा। सील प्रकरणों की जांच और बेसमेंट खाली कराते हुए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। स्वीकृत शमन पत्रावली के सापेक्ष बकाया शमन शुल्क जमा न करने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ प्रभावी प्रवर्तन और विधिक कार्रवाई का निर्देश जोनल अधिकारी को दिया। वार्ड शिवपुर, सिकरौल में अब तक कुल शमन धनराशि 1,81,21,857 जमा कराया गया है। 

जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने को कहा। सचेत किया कि अधिकतम एक सप्ताह में जनशिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर सुनिश्चित किया जाए। शहर में हो रहे अनियोजित विकास और अवैध प्लाॅटिंग चिह्नित करते हुए ध्वस्तीकरण सुनिश्चित कराएं। अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए कार्यों में किसी प्रकार की कोई लापरवाही और शिथिलता न बरती जाय।

सीएचसी पर जन्मे नवजात शिशु को मिला ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट
वन महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को काशी विद्यापीठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जन्मे नवजात शिशु को ग्रीन गोल्ड सर्टिफिकेट और एक सागौन का पौधा भेंट स्वरूप दिया गया। यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता लाने की दिशा में एक सराहनीय कदम है। केंद्र पर लहरतारा निवासी करिश्मा देवी और चांदपुर निवासी रचना देवी को पुत्र हुआ था।

प्रभागीय वनाधिकारी स्वाति श्रीवास्तव ने सीएचसी परिसर में पौध रोपण कर वन महोत्सव मनाया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से पौधरोपण और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी दिवाकर दुबे, उप क्षेत्रीय वनाधिकारी राजकुमार गौतम, वन दरोगा अनिल श्रीवास्तव और स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक मौजूद रहे।

पॉलिटेक्निक में आज होगी सीट अलॉटमेंट
यूपी पॉलिटेक्निक में काउंसिलिंग प्रक्रिया पूरी हो गई। गुरुवार से सीटअलॉटमेंट शुरू होगा। जिले में कुल 45 पॉलिटेक्निक संस्थान हैं। इसमें एक राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, सुंदरपुर, पिंडरा में राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान और 43 निजी संस्थान हैं।

महिला पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार ने बताया कि काउंसिलिंग के दौरान ही महिला पॉलिटेक्निक में 85 प्रतिशत सीट भर गई है। बृहस्पतिवार को सभी अभ्यर्थियों को संस्थान की जानकारी मिल जाएगी। शुक्रवार से दस्तावेजों की जांच शुरू होगी। अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड, मेरिट लेटर, दसवीं और इंटरमीडिएट के अंकपत्र, जाति प्रमाण पत्र, टीसी अनिवार्य है।

श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज में इनडोर गेम्स हॉल का किया अवलोकन
श्री अग्रसेन कन्या इंटर कॉलेज मैदागिन में बुधवार को विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इनडोर गेम्स हॉल का अवलोकन किया। इसके बाद नए वाटर कूलर का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार की सुविधाएं न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य व सुविधा को बढ़ावा देती हैं, बल्कि उनके आत्मबल और संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होती हैं। 

शारीरिक और मानसिक विकास के लिए योग व खेल अत्यावश्यक हैं। ये अनुशासन, नेतृत्व और सहयोग जैसी आवश्यक जीवन-शैलियों को विकसित करते हैं। इस दौरान सहायक मंत्री पवन कुमार मित्तल, आरसी जैन, संतोष कुमार अग्रवाल, डॉ. रचना अग्रवाल, गिरधर दास अग्रवाल, देवांग अग्रवाल उपस्थित रहे। 

श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे पूर्व मंत्री रामअचल राजभर
सेवापुरी विधानसभा के ग्राम पंचायत हरपुर में बुधवार को सपा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष कन्हैया लाल राजभर के चाचा स्वर्गीय सोहनलाल राजभर और स्वर्गीय आशा राजभर की श्रद्धांजलि सभा हुई। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामअचल राजभर ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। विगत दिनों सोहनलाल राजभर का निधन हो गया था। उनके निधन के कुछ घंटों बाद ही उनकी पत्नी आशा राजभर का भी निधन हो गया था। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, प्रदीप मौर्य, संतोष यादव, राजेश यादव नत्थू, डॉ. रमेश राजभर आदि शामिल रहे।

वरूणापार जोन में रात में चला सफाई अभियान
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा के निर्देश पर बुधवार की रात वरुणा पर क्षेत्र के अर्दलीबाजार, भोजूबीर, महावीर मंदिर आदि क्षेत्रों में शाम 6 से रात 8 बजे तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। सर्किट हाउस से शुरू हुआ अभियान अर्दली बाजार, भोजूबीर, महाबीर मंदिर से तहसील होते हुए अतुलानंद चौराहे तक के क्षेत्रों में चलाया गया।

अभियान का नेतृत्व क्षेत्रीय स्वास्थ्य निरीक्षक राजन सिंह यादव, राकेश भार्गव तथा डाक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह ने किया। उधर, इंद्रानगर काॅलोनी नेवादा, तिलभांडेश्वर, भरत मिलाप कालोनी, सुन्दरपुर, ईश्वरगंगी, कैलाशपुरी चितईपुर, मानस नगर कालोनी, नरिया, संकुलधारा आदि क्षेत्रों में अभियान चलाया गया।

अनुसूचित जाति के किसानों के लिए विशेष प्रशिक्षण, मुफ्त में मिले बीज
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर) ने अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत बुधवार को अनुसूचित जाति के किसानों, महिला उद्यमियों और स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) के सदस्यों को मिर्च, टमाटर और बैंगन की नर्सरी और उत्पादन तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के मार्गदर्शन में 10 वैज्ञानिकों की टीम ने कार्यक्रम में भाग लिया। 

मुख्य अतिथि डॉ. नागेंद्र राय ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम क्षेत्र के सब्जी किसानों को तकनीकी ज्ञान से लाभान्वित करेगा। उन्होंने किसानों को विकसित उन्नत सब्जी किस्मों को अपनाकर व्यावसायिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह ने सूक्ष्म जीवों से बीज उपचार की आधुनिक तकनीक के लाभों के बारे में बताया। 

किसानों को मिर्च, टमाटर और बैंगन के उन्नत बीज, पोर्ट ट्रे, कोकोपिट और वर्मीकुलाइट जैसी आवश्यक सामग्री मुफ्त वितरित की गई। साथ ही, सहजन के पौधे भी बांटे गए। संचालन डॉ. इंदीवर प्रसाद ने किया। फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के डॉ. गोविंद नारायण सिंह और लवकुश सतनामी ने भी इसमें महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बारिश के बाद हुए गड्ढे भरने का काम शुरू
बारिश के बाद नगर निगम और पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़कों के गड्ढों को भरने की योजना पर काम शुरू हो गया है। उधर, जलभराव के अलावा कीचड़ आदि की समस्याओं को दूर कराने के लिए जोनवार टीम लगाई गई है। जिन स्थानों पर एक दिन पूर्व बारिश के चलते गड्ढे हुए थे, वहां 0मलबा और गिट्टी डालकर समतल किया जा रहा है।

उधर, पीडब्ल्यूडी की ओर से गड्ढा मुक्त करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए कुल 50 मार्गों को चिह्नित किया है। इनमें गोदौलिया से अस्सी होते हुए लंका बीएचयू तक, कैंट से लंका तक और शिवपुर में रेलवे क्राॅसिंग से बाजार तक की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाएगा। 

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि सावन से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा। कैंट से लंका और पांडेयपुर से हुकुलगंज तक सड़क पर पैचिंग का काम होगा। भोजूबीर से सिंधोरा मार्ग पर मीरापुर बसहीं और भोजूबीर सब्जी मंडी में गड्ढों को भरा जाएगा। नरिया, रवींद्रपुरी मार्ग, रवींद्रपुरी से सोनारपुरा मार्ग, सोनारपुरा से मदनपुरा मार्ग, सिगरा से नई सड़क मार्ग के गड्ढे भरे जाएंगे।

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए समय से टीकाकरण जरूरी
आईएमएस बीएचयू के साथिया केंद्र की ओर से बीएचयू परिसर स्थित 28 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पोषण, मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान विशेषज्ञों ने सर्वाइकल कैंसर के कारण और उपचार के उपाय बताए।

बताया कि सर्वाइकल कैंसर(गर्भाशय ग्रीवा) के रोकथाम के लिए समय से टीकाकरण बहुत जरूरी है। स्त्री रोग विभाग की प्रो.ममता ने छात्रा कैडेटों को माहवारी के दौरान सेनेटरी पैड्स के सही उपयोग और निस्तारण के बारे में बताया। अतिथियों का स्वागत कमांडिंग ऑफिसर जीपी सिंह ने किया। इस दौरान हर्ष कुमार सिंह, मजाहिर अब्बास हैदरी, आलोक सिंह, मुस्कान परवीन आदि लोग मौजूद रहे।

स्कूलों चलो व संचारी रोग अभियान के तहत निकली रैली
ग्रीष्मावकाश के बाद खुले स्कूल में दूसरे दिन बुधवार को भी छात्र- छात्राओं का स्वागत का दौर चला। वहीं शासन के निर्देशानुसार विभिन्न स्कूलों में स्कूल चलो व संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत रैली निकाल कर अभिभावकों व ग्रामीणों को जागरूक किया गया। प्राथमिक विद्यालय नाथपुर, असवालपुर, धरसौना, जाठी, बढ़ौना, राजपुर, वार, औराव, जमालपुर,हीरापुर गंजारी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय पिंडरा, बसंतपुर, थानारामपुर, गरथमा समेत अनेक विद्यालयों में रैली निकाली गई और संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।

विश्वनाथ धाम में श्रीरंजनी के गायन से शुरू हुआ कला उत्सव
श्री काशी विश्वनाथ धाम में बुधवार को चार दिवसीय कला उत्सव का शुभारंभ हुआ। कर्नाटक की गायिका श्रीरंजनी संथानगोपालन ने सुमधुर स्वर से बाबा की महिमागान किया। चार दिनों तक देश-विदेश के कलाकारों की प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। धाम स्थित शिवार्चनम मंच पर उत्सव का शुभारंभ मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

इसके बाद श्रीरंजनी गायन से बाबा की आराधना की। उन्होंने विभिन्न रागों में बंदिशों को पिरोया। कर्नाटक शैली की बंदिशों को भी स्वर देकर प्रभावित किया। बृहस्पतिवार को प्रसिद्ध कर्नाटक के गायक के भरत सुंदर, चार जुलाई को युवा शास्त्रीय गायक अभिषेक रघुराम की संगीतमयी प्रस्तुति होगी। अंतिम दिन पांच जुलाई वीणा वादिका डॉ. जयंती कुमारेश सुमधुर वीणा वादन की प्रस्तुति करेंगे।

Varanasi News Today Firing on went to play match FIR against 20 people gun shot manager absconding
Bijli Vibhag Varanasi - फोटो : अमर उजाला

नौ जुलाई को हड़ताल करेंगे बिजलीकर्मी
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण पर कर्मचारियों ने 9 जुलाई को हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया। उनके इस फैसले का समर्थन रेल कर्मचारी, एलआईसी सहित अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी किया। बुधवार को भी कर्मचारियों ने भिखारीपुर एमडी ऑफिस पर प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद कर निजीकरण प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की।

विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बिजली के निजीकरण का विरोध चल रहा है। प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चे के पदाधिकारी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए आरके वाही ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, और सुरक्षा हमेशा से आम जनमानस की मूलभूत आवश्यकताएं हैं। इन्हें सरकारी ही रहना चाहिए। 

संयुक्त किसान मोर्चा के नेता अफलातून और किसान मजदूर परिषद के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र ने कहा कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के तहत 25 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटर खरीदे जा चुके हैं। उपभोक्ताओं के यहां लगाकर निजी कंपनियों को मुनाफा कमाने का रास्ता पहले ही खोल दिया है। नीरज बिंद ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने विद्युत वितरण निगमों में घाटे के भ्रामक आंकड़े देकर पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का निर्णय लिया है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। इस दौरान ओपी सिंह,रविन्द्र यादव, विजय सिंह,प्रमोद कुमार,रामकुमार झा,धर्मेन्द्र यादव, पंकज यादव मौजूद रहे।

क्षमता से आधी सवारी ही बैठाएं नाविक
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। जल पुलिस ने नाविकों से अपील की है कि किसी भी नाव पर उसकी निर्धारित क्षमता से आधे से अधिक लोगों को न बैठाया जाए। इसके अलावा यात्रियों को नाव के आगे के हिस्से में बैठाने से मना किया गया है, ताकि नाव का संतुलन बना रहे। जल पुलिस प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जल पुलिस लगातार गश्त कर रही है। लाइफ जैकेट के लिए लोगाें को जागरूक कर रही है। बावजूद इसके लापरवाही करने वाले नाविकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

45 खिलाड़ियों को क्लीन और जर्क की दी जानकारी
दी हेल्थ इंप्रूविंग एसोसिएशन मिश्र पोखरा में बुधवार को ग्रीष्मकालीन वेट लिफ्टिंग प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। 15 से 30 जून तक चले इस शिविर में 45 खिलाड़ियों (25 बालक, 15 बालिका) को क्लीन और जर्क तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। समापन में मुख्य अतिथि जिला वेट लिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष प्रो. प्रवेश भारद्वाज और विशिष्ट अतिथि संघ के महामंत्री चंद्र मोहन शुक्ला उपस्थित रहे। 

प्रो. भारद्वाज ने खिलाड़ियों को मन और शरीर के संतुलन का महत्व बताया और उन्हें नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। शिविर में प्रशिक्षक देवेंद्र गोस्वामी, विनय चौरसिया, डॉक्टर दिनेश सिंह, सोनू यादव और विक्की यादव ने खिलाड़ियों को तकनीकी जानकारी दी। केंद्र सरकार की नई खेल नीति 2025 पर भी चर्चा हुई।

बलिदानी तिलकधारी यादव की अस्थियां परिवार को सौंपी गई
रेजांगला युद्ध (1962) में चक्का गांव निवासी अमर बलिदानी तिलकधारी यादव की अस्थियां बुधवार को परिजनों को सौंप दी गईं। इसका उद्देश्य वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देना है, जिन्होंने देश की रक्षा में प्राणों का बलिदान दिया। जांबाज सैनिक कैप्टन रामचंद्र यादव रेवाड़ी हरियाणा से टीम के साथ मंगलवार को अस्थियां लेकर वाराणसी पहुंचे थे। 

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन अशोक पांडेय (अ.प्रा) वायु सेना मेडल (वीरता) ने शहीद सेवा दल फाउंडेशन दल के सदस्यों का स्वागत पुष्पगुच्छ देकर किया। अशोक पांडे ने बताया गया कि ऐतिहासिक युद्ध में 13 कुमाऊँ रेजिमेंट की एक कंपनी ने मेजर शैतान सिंह के नेतृत्व में लद्दाख की रेजांगला चौकी पर 16000 फीट की ऊंचाई पर 3000 चीनी सैनिकों के खिलाफ मात्र 122 जवानों के साथ मोर्चा संभाला था। 

भीषण सर्दी, विषम परिस्थितियों में वीरों ने दुश्मन के सामने अद्वितीय साहस का परिचय दिया। युद्ध में 114 जवान वीरगति को प्राप्त हुए, जबकि केवल 6 सैनिक ही जीवित बचे थे। इस दौरान पारसनाथ यादव, सूबेदार मेजर राजबली पाल (सेवानिवृत्त), सूबेदार मेजर एसके मिश्रा, सूबेदार आरए यादव, नायब सूबेदार अरुण कुमार सिंह मौजूद रहे। 

थाना क्षेत्रों में जनचौपाल लगाकर करें जागरूक : नम्रिता
अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रिता श्रीवास्तव ने बुधवार को सर्किल कोतवाली के महिला बीट प्रभारियों और कर्मियों के साथ एक गोष्ठी की। बैठक का उद्देश्य महिला सम्मान, सुरक्षा और उनसे संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए महिला बीट आरक्षी प्रणाली को मजबूत करना था। 

नम्रिता श्रीवास्तव ने महिला बीट कर्मियों को निर्देश दिए कि वे अपने थाना क्षेत्रों में जनचौपाल लगाकर बालिकाओं, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और नारी सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं पर जागरूक करें। उन्होंने कहा कि महिला बीट कर्मी सप्ताह में कम से कम पांच दिन अपने बीट क्षेत्रों में भ्रमणशील रहें। महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करें और उनकी शिकायतों का तत्काल निस्तारण करें। 

बीएचयू में एमवॉक में दाखिले के लिए हुई 61 आवेदकों की जीडी-पीआई
बीएचयू की ओर से मास्टर ऑफ कॉरपोरेट कम्युनिकेशन मैनेजमेंट कोर्स में पीजी प्रवेश के लिए 137 अभ्यर्थियों को जीडी-पीआई देनी होगी। समूह चर्चा और पर्सनल इंटरव्यू होगा। उत्तीर्ण उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है। वहीं सात जुलाई से जीडी-पीआई का दौर शुरू हो जाएगा। इसके अलावा एमवॉक कोर्स में दाखिले के लिए दो दिनों में 61 आवेदकों ने जीडी-पीआई टेस्ट दिया। इसमें फैशन टेक्नोलॉजी और हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट से पीजी में प्रवेश मिलेगा। इसी के साथ कई कोर्स में दाखिले के लिए एक और दो जुलाई को फिटनेस टेस्ट और जीडी-पीआई चली।

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में सात जुलाई से शुरू होंगी प्रवेश परीक्षाएं
हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में सत्र 2025-26 में स्नातक, स्नातकोत्तर सहित अन्य कोर्स में दाखिले के लिए सात जुलाई से प्रवेश परीक्षाएं शुरू होंगी। इसमें पहले दिन बीसीए, बीएससी बायो की प्रवेश परीक्षा करवाई जाएगी। कॉलेज के प्राचार्या प्रो. रजनीश कुंवर ने बताया कि 7 से 12 जुलाई तक की प्रवेश परीक्षा अपराह्न 3 से 5 बजे तक और 13 जुलाई को विधि प्रवेश परीक्षा सुबह 10 से 12, बीए की दोपहर 2 से 4 बजे और बीकॉम की प्रवेश परीक्षा 14 जुलाई को अपराह्न 3 से 5 बजे तक करवाई जाएगी। प्रवेश परीक्षाओं के बारे में विस्तृत जानकारी कॉलेज की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।

वाराणसी हेल्प ग्रुप ने किया 130 डॉक्टर्स का सम्मान
डॉक्टर्स डे पर वाराणसी हेल्प ग्रुप के ओर से सम्मान समारोह हुआ। इसमें बीएचयू समेत 130 डॉक्टरों का सम्मान किया गया। इस सम्मान समारोह में नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट के फाउंडर डायरेक्टर डॉ. जीके रथ और विधायक रमेश जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे। इस दौरान डॉ. अजय गुप्ता, डॉ. राजेंद्र सिंह, केशव जवान, निधि देव जालान, डॉ. निरंजन, जमुना शुक्ला, स्वाती, डॉ. तरुण, समाजसेवी देवश्री, अपर्णा सिंह, खुशबू सिंह आदि शामिल रहे। संचालन हिमांशु गुप्ता ने किया। 

109 असहायों को दिया भोजन-कपड़ा
महावीर सत्संग सभा की ओर से शिवदासपुर ब्लॉक रोड के पास 109 असहाय और जरूरतमंद लोगों में कपड़े और भोजन का वितरण हुआ। उन्हें मदद के लिए कुछ धनराशि भी दी गई। सतयुग दर्शन ट्रस्ट फरीदाबाद (हरियाणा) समूचा पृथ्वी ही हमारा परिवार है की भावना के साथ जरूरतमंदों की सेवा करता है। इसी की तर्ज पर महावीर सत्संग सभा ने भी निष्काम सेवाभाव से जरूरतमंदों की सेवा के साथ ही हर रविवार और मंगलवार को सत्संग का आयोजन करेगा। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि संकटग्रस्त व्यक्तियों की सहायता से आत्मिक प्रसन्नता होती है। 

77वें सीए दिवस पर चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का हुआ सम्मान
दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की वाराणसी शाखा ने 77वां सीए दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अलावा ध्वजारोहण, स्वच्छता अभियान और पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में सीए के पेशे में 15 साल पूरे कर चुके सदस्यों को शाखा की कार्यकारिणी समिति ने सम्मानित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में शाखा अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह ने स्वागत किया। शाखा सचिव विकास द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

50 से 100 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध
जिले के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर किसान जिले की विभिन्न योजनाओं के तहत उर्द, मूंग, अरहर, तिल, हाइब्रिड मक्का, हाइब्रिड बाजरा और हाइब्रिड ज्वार का बीज प्राप्त कर सकते हैं। इन बीजों पर 50 से लेकर 100 प्रतिशत तक का अनुदान मिल रहा है।

जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह मौर्य ने बताया कि श्री मोटे अनाज, दलहनी और तिलहनी फसलों को बढ़ावा देने के लिए ज्वार, बाजरा, मडुआ, उर्द, मूंग, अरहर और तिल के मिनीकिट भी मुफ्त में उपलब्ध हैं। ये मिनीकिट सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर वितरित किए जा रहे हैं। इसके लिए किसान पंजीकरण योजना में किसानों का पंजीकृत होना अनिवार्य है। वहीं, वितरण पीओएस मशीन से बायोमेट्रिक प्रक्रिया के माध्यम से होगा। एक फसल सत्र में प्रति किसान अधिकतम एक मिनीकिट ही मिलेगा। जल्द ही 667 पैकेट कोदो और 800 पैकेट सांवा के बीज मिनीकिट भी उपलब्ध होंगे। 

एनसीसी ने 350 से ज्यादा किशोरों और युवतियों को दी ट्रेनिंग
बीएचयू के 28 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी की ओर से पोषण, मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता और किशोरावस्था से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इसमें 350 से ज्यादा किशोरों और युवतियों को ट्रेनिंग दी गई। इसमें एनसीसी स्टाफ भी मौजूद रहे। आईएमएस, बीएचयू की डॉ. ममता और डॉ. संगीता राय ने प्रशिक्षण दिया। इसमें कहा गया कि गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण जरूरी हो जाता है। कैडेट्स को सर सुंदर लाल अस्पताल के किशोर स्वास्थ्य ओपीडी से आगे की जानकारी और सेवाएं प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। 

गंगा शाखा ने आयोजित की जीवन रक्षक कार्यशाला
मारवाड़ी युवा मंच वाराणसी गंगा शाखा के ओर से बुधवार को मारवाड़ी समाज भवन में एक महत्वपूर्ण और जनोपयोगी जीवन रक्षक सूत्र कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य आम जनमानस को आपातकालीन स्थितियों में तुरंत और प्रभावी प्राथमिक उपचार के तौर-तरीकों से अवगत कराना था। मुख्य प्रशिक्षक के रूप में प्रसिद्ध स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. संजीव अग्रवाल ने प्रतिभागियों को सीपीआर, चोकिंग की स्थिति में गले में फंसे भोजन को निकालने की विधि, और अन्य जीवनरक्षक तकनीकों के बारे में सरल भाषा में जानकारी दी

पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल के. जाजोदिया ने भी कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य केवल डॉक्टरों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हमारी भी जवाबदेही है। शुभारंभ मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा की अध्यक्ष निशा अग्रवाल द्वारा स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कार्यशाला की आवश्यकता और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन समता डिडवानिया ने किया और धन्यवाद ज्ञापन अनिता सिंघानिया द्वारा प्रस्तुत किया गया। इनमें प्रीति बाजोरिया, ज्योति अग्रवाल, सारिका प्रसाद, उषा तुलस्यान, स्मिता लोहिया, कृष्णा चौधरी, मेघा यादुका, प्रदीप तुलस्यान, सुरेश तुलस्यान, महेश चौधरी, प्रदीप जाजोदिया शामिल रहे। 

कैंट रेलवे स्टेशन के जनरल टिकट काउंटर पर लंबी कतार
कैंट रेलवे स्टेशन पर इन दिनों जनरल टिकट लेने के लिए यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। पहले जहां 10 से अधिक एटीवीएम चलते थे वहीं पिछले दिनों एटीवीएम से टिकट बनाने में फर्जीवाड़ा पकड़ में आने के बाद किसी तरह तीन से चार एटीवीएम ही चल रह हैं। ऐसे में खिड़की से टिकट लेने वालों की भीड़ बढ़ गई है। 

कैंट रेलवे स्टेशन से हर दिन बड़ी संख्या में यात्री दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, अहमदाबाद सहित अन्य जगह जाते हैं। बुधवार को जनरल टिकट के तीन काउंटर पर यात्रियों की इस तरह लाइन लगी रही कि लोगों को टिकट लेने में 10 से 15 मिनट लग रहा था। भीड़ अधिक होने की वजह से आरपीएफ स्टाफ भी निगरानी करता रहा।

सिंचाई विभाग के एई और ठेकेदार पर धमकी का केस दर्ज
सिंचाई विभाग के एई और ठेकेदार के खिलाफ धमकी देने के आरोप में मंगलवार को सिगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। अश्विनी कुमार दुबे की शिकायत पर कार्रवाई की गई। अश्विनी ने मूसाखाड़ बांध प्रखंड के सहायक अभियंता राकेश कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ शासकीय धन की बंदरबाट की शिकायत की थी। आरोप है कि नाखुश सहायक अभियंता और करीबी ठेकेदार रमेश तिवारी ने 30 मई को फोन पर धमकी दी। शिकायतकर्ता ने साक्ष्य के तौर पर पुलिस को वॉयस रिकॉर्ड भी प्रस्तुत किया।

सीएचसी मिसिरपुर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने जानी सुविधाएं
काशी विद्यापीठ विकास खंड के सीएचसी मिसिरपुर पर बुधवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की चार सदस्यीय टीम पहुंची। टीम में शामिल डॉ. सी अर्पणा, डॉ. राहुल पांडेय, डाॅ. प्रणय शर्मा आदि ने स्वास्थ्य केंद्र पर सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान संचालित गैर संचारी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम, मधुमेह नियंत्रण, रक्तचाप नियंत्रण समेत संचालित अन्य गैर संचारी कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी हासिल की।

टीम में शामिल सदस्यों ने आरबीएसके टीम द्वारा स्कूलों में बच्चों के आंख की जांच करने, मोतियाबिंद के रोगियों का रेफर आपरेशन कराने, कम सुनाई देने वाले रोगियों का उच्चस्तरीय अस्पताल में उपचार के लिए रेफर करने की बात कही। इस दौरान नोडल अधिकारी डाॅ.वाईबी पाठक, डॉ. संजय राय, सीएचसी अधीक्षक डॉ. रामबली सिंह आदि लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed