फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News today Criminal of Jhunna Pandit gang arrested seven FIRs registered man dies due snake attack

News: झुन्ना पंडित गिरोह का बदमाश अरेस्ट, दर्ज हैं सात FIR, सर्प दंश से बुजुर्ग की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें

Sun, 03 Aug 2025 10:54 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sun, 03 Aug 2025 10:54 AM IST
सार

Varanasi News Today: वाराणसी में दो युवकों पर गोली चलाने के आरोप में दो युवकों को जेल भेज दिया गया। ये लोग झुन्ना पंडित गिरोह से जुड़े थे। वहीं, शिवपुर थाना क्षेत्र के नेपाली बाग में ऑटो चालक की सांप के काटने से मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News today Criminal of Jhunna Pandit gang arrested seven FIRs registered man dies due snake attack
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: वाराणसी के मढ़वा में दो युवकों पर फायरिंग करने के आरोपी यश सिंह राजपूत को लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने शुक्रवार रात गोइठहा मटरू पार्क के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पिस्टल और कारतूस मिला। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। जेल में बंद झुन्ना पंडित गिरोह के लिए पूर्व में हत्या, लूट की वारदात को आरोपी अंजाम दे चुका है। 

विज्ञापन


मूलरूप से आजमगढ़ के पवई थाने के बलईपुर निवासी यश वर्तमान में भक्तिनगर कॉलोनी पांडेयपुर में रहता है। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को गोइठहा निवासी अभिनव सिंह और चोलापुर के हरिबलपुर निवासी आयुष पाठक ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि वह मढ़वा में यश, प्रभांशु सिंह, रवि सोनकर ने मारपीट की और जान लेने की नियत से फायरिंग भी की। यश सिंह समेत तीन के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य आरोपों में 7 मुकदमे दर्ज हैं। 
विज्ञापन


गोइठहा में पान मसाला कंपनी के वाहन चालक लालजी पाल और खलासी मनीष से लूट की नियत से फायरिंग मामले में मनीष की मौत हुई थी। 2022 में हुई घटना में यश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। यह झुन्ना पंडित गिरोह के लिए काम करता था। उसने गिरोह के लिए कई वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस उसकी काफी दिन से तलाश कर रही थी। 
विज्ञापन
विज्ञापन


खेत में मिली वृद्ध व्यक्ति की लाश, मानसिक बीमारी की चल रही थी दवा
राजातालाब के बेलवा शाहंशाहपुर के निवासी सच्चे लाल (73) वर्ष की लाश गांव में ही एक धान के खेत में मिली। धान के खेत में पानी लगा हुआ था। लोगों का कहना है कि उसमें गिरने से ही सच्चे लाल की मौत हुई। सच्चे लाल के परिजनों ने बताया कि वे मानसिक बीमारी से परेशान थे। बीमारी की दवा चल रही थी। शनिवार की शाम से घर से निकल गए थे। घर के लोग शाम से ही ढूंढ रहे थे।

गांव के लोगों ने रविवार की दोपहर उनकी लाश गांव में एक खेत में देखा। वे खेत में मुंह के बल गिरे पड़े थे। मौके पर पहुंची जक्खिनी पुलिस ने शव को धान के पानी लगे खेत से बाहर निकाला। सूचना पर घर वाले भी मौके पर पहुंच गए। धान के खेत में पानी भरा हुआ था। लोगों का कहना है कि पानी भरे खेत में गिरने से उनकी मौत हो गई। सच्चे लाल को तीन पुत्र राम कुसुम, संतोष और ओमकार है। मृतक एफसीआई में का पूर्व कर्मचारी था और अवकाश ग्रहण करके घर पर ही रहा था।

गैस सिलिंडर चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार 
कैंट थाना क्षेत्र में हॉकरों की ट्रॉली से गैस सिलिंडर चोरी करने के दो आरोपियों को कैंट पुलिस ने शुक्रवार रात मानसिक अस्पताल के पास धोबी घाट से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार सिलिंडर और 12 हजार नकद, एक बाइक बरामद हुई। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि  गिरफ्तार आरोपियों में बड़ागांव थाना क्षेत्र के पुआरी खुर्द गहनी निवासी मोनू खान और चोलापुर मुर्दहा बाजार निवासी ओमप्रकाश यादव हैं। 

ईएसआईसी हॉस्पिटल के सामने होगा मेडिकल कॉलेज का मुख्य द्वार
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल के सामने मेडिकल कॉलेज बनाए जाने का काम तेज हो गया है। मानसिक अस्पताल परिसर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का मुख्य द्वार ईएसआईसी हॉस्पिटल के सामने होगा। अस्पताल की बाउंड्री तोड़ दी गई है। मेडिकल कॉलेज की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 फरवरी 2024 को रखी थी। 

पांडेयपुर में 400 बेड वाले इस मेडिकल कॉलेज में एक ही छत के नीचे सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं का लाभ मिलेगा। मेडिकल कॉलेज के निर्माण की जिम्मेदारी शासन ने पीपीपी मॉडल पर दमानी ग्रुप को दी है। लखनऊ में एमओयू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब काम शुरू हो गया है। दीनदयाल अस्पताल परिसर और मानसिक अस्पताल को मिलाकर मेडिकल कॉलेज का कैंपस विकसित किया जाएगा। इस मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों पर पढ़ाई होगी। 

ब्रेक जाम से दो घंटे खड़ी रही सुकिया एक्सप्रेस
अमृतसर न्यू तीन सुकिया एक्सप्रेस 15834 के पावर के प्रेशर से कोच का ब्रेक शनिवार दोपहर जाम हो गया। इसकी वजह से ट्रेन लगभग दो घंटे देरी से रवाना हुई। ट्रेन चलने के लिए हरी झंडी दिखाई दी तो ट्रेन नहीं चल पाई। इसके बाद जांच की गई तो पता चला कि कोच का ब्रेक जाम हो गया है। जिसके बाद ब्रेक को ठीक किया गया। तब तक अन्य ट्रेनें आ गई जिसकी वजह से रूट क्लीयर नहीं मिल पाया। रूट क्लीयर होने पर इसको चलाया गया। 

कैंट रेलवे स्टेशन पर मिले चार नाबालिग बच्चे
ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के तहत आरपीएफ और एएचटीयू की टीम ने शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन से चार नाबालिग बच्चों को अकेले घूमते हुए पकड़ा। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें रेस्क्यू कर चाइल्ड लाइन को सुपुर्द किया गया। गोरखपुर से सूर्यांश दुबे(16), लोहता वाराणसी से अभिषेक, सुरेंद्र (6), यश (9) है। चाइल्ड लाइन इनके परिजनों से संपर्क कर रही है। 

छात्रनेता को पुलिस चौकी में नजरबंद किया गया
बीएचयू के छात्रनेता शिवांश सिंह को सीर गेट पुलिस चौकी में नजरबंद किया गया। शिवांस का आरोप है कि वह तीन दिन पहले प्रधानमंत्री कार्यालय पर गए और ज्ञापन देकर उनसे मिलने की मांग रखी थी। इसके बाद से ही शिवांश पर कड़ी नजर रखी जा रही थी। लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि शिवांश व समर्थक विरोध-प्रदर्शन कर सकते थे इसलिए उन्हें नजरबंद किया गया। वहीं, अजय फौजी को लंका थाने में नजरबंद किया गया। 

Varanasi News today Criminal of Jhunna Pandit gang arrested seven FIRs registered man dies due snake attack
सांप काटने से माैत - फोटो : Adobe Stock

सर्प दंश से वृद्ध ऑटो चालक की मौत
शिवपुर थाना क्षेत्र के नेपाली बाग में ऑटो चालक पन्नालाल (65) की शनिवार सुबह सांप के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पन्नालाल अपने कमरे में चौकी पर सोए हुए थे। सुबह 4 बजे दाहिने हाथ की अंगुली में सांप ने काट लिया। पन्नालाल के चीखने पर बेटे अजय कुमार गुप्ता ने जिला अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।  

पिकअप पलटी, फल का ठेला क्षतिग्रस्त
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर चौराहे पर शिव मंदिर के सामने मोड़ पर शनिवार को अनियंत्रित पिकअप पलट गई। फल का ठेला चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया। फल को भी नुकसान हुआ। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और किसी तरह वाहन को हटवाया।

कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग, छह के खिलाफ मुकदमा
कावड़ यात्रा और प्रधानमंत्री के आगमन को देख रेलवे सुरक्षा बल और डॉग स्क्वॉएड ने कैंट स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और टिकट घर की सघन चेकिंग की गई। सीसीटीवी कैमरे से लगातार निगरानी की गई। एक्सीलरेटर में बाधा डालने पर 2, अवैध पार्किंग, अवैध वेंडर के खिलाफ 4 पर मुकदमा दर्ज किया गया। रेलवे सुरक्षा बल वाराणसी प्रभारी संदीप कुमार यादव ने बताया कि कुल 6 मुकदमे दर्ज हैं। जो भी रेलवे नियम का पालन नहीं करेंगे आरपीएफ उन पर कार्रवाई करेगा। 

बुआ के घर से लापता महिला पटना से मिली
सुंदरपुर में बुआ के घर से लापता महिला अवंतिका कुमारी को चितईपुर पुलिस ने पटना से बरामद किया। साथ ही परिजनों को सौंप दिया। चितईपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि पटना के बैली रोड निवासी अवंतिका बुआ के यहां वाराणसी आई थीं। बहन सोनी तिवारी ने 29 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई। इस बीच पुलिस टीम ने सीसी कैमरे और सर्विलांस के जरिये अवंतिका को पटना से बरामद किया।

रंजिश में पड़ोसियों ने पीटा, तीन घायल
जंसा थाना क्षेत्र के कपरफोरवा गांव में शुक्रवार रात पड़ोसी ने साहब लाल पटेल समेत परिजनों की पिटाई कर दी। पीड़ित ने केस दर्ज कराया। साहब लाल ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी प्रियांशु और अनीता ने मारा पीटा। भाई गोलू और भाभी उर्मिला समेत तीन घायल हो गए। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

रंजिश में फसल नष्ट करने के आरोपियों पर केस दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के खपड़हवा गांव में पिछले माह रंजिश के चलते खेत की फसल नष्ट करने के आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार रात केस दर्ज किया गया। गांव के किसान दूधनाथ पटेल ने पुलिस को बताया कि गांव के ही चंद्रदेव पटेल से उनकी रंजिश है। मुकदमे से नाराज चंद्रदेव, दोनों बेटों राहुल व सोनू ने 12 जुलाई को एक बीघा फसल को जड़ से नष्ट कर दिया। मारपीट के दौरान धमकी भी दी। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। 

टेंट व्यवसायी से मारपीट, दो मजदूरों पर मुकदमा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के साधोगंज बाजार में शुक्रवार शाम रुपये के लेनदेन को लेकर दो मजदूरों ने टेंट व्यवसायी को पीट दिया। बलरामपुर बिरांव निवासी टेंट व्यवसायी रोहित मिश्रा उर्फ राहुल ने थाने में केस दर्ज कराया। रोहित ने पुलिस को बताया कि खरावन गांव निवासी गोपाल व उसका भाई दुकान में काम करते हैं। उन्हें पांच हजार एडवांस दिया है। इसके बाद मजदूरी के हजार रुपये की मांग को लेकर दोनों ने हमला कर दिया। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। 

एबीसी सेंटर में पशु चिकित्सक करेंगे कुत्तों का बंध्याकरण
पीएम ने एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर (एबीसी सेंटर) एवं डॉग केयर सेंटर का लोकार्पण किया। इसके बनने से नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग को काफी राहत होगी। 1.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सेंटर में कुत्तों की जनसंख्या में नियंत्रण रखा जाएगा। अब तक नगर निगम किसी निजी एजेंसी के माध्यम से कुत्तों का बंध्याकरण करती थी। अब इस सेंटर का निर्माण होने से खुद के पशु चिकित्सक कुत्तों का बंध्याकरण करेंगे। 

पीएम की सभा में पहुंचे फेरी-पटरी और ठेला वाले
राष्ट्रीय फेरी-पटरी और ठेला व्यवसायी शनिवार को जवाहर लाल नेहरू मार्केट इंग्लिशिया लाइन कैंट वाराणसी में एकत्रित हुए। संगठन के महासचिव अभिषेक निगम के नेतृत्व में सभी जुलूस की शक्ल में पीएम की जनसभा में गए। महासचिव ने कहा कि पीएम का आगमन फेरी पटरी ठेला व्यवसायियों के लिए उत्सव जैसा प्रतीत होता है। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से लाखों पटरी व्यवसायियों को बिना किसी गारंटी के ऋण देकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में मजबूती दी गई है। जुलूस की शक्ल में राजेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिन्हा, अनिल कुमार, अजय सिंह (बॉबी), डॉ. गौरव प्रकाश शामिल रहे। 

सड़क न बनने से काॅलोनीवासी परेशान
नगर निगम वाराणसी के वार्ड नंबर तीन फुलवरिया के हथियान वीर बाबा काॅलोनी की लेन नंबर 6 से 12 तक की सड़क नहीं बन सकी है। जरा सी बारिश में पानी इतना भर जाता है कि रास्ता दिखता ही नहीं। राम कुमार गुप्ता, हथियान वीर बाबा काॅलोनी, लेन नंबर ने कहा कि नगर निगम की ओर से ग्रामीण इलाकों से नव शहरी इलाके बनाने के समय ही सभी तरह की मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने को कहा गया था लेकिन दो साल से अधिक समय हो गया, समस्या जस की तस है। न तो सड़क बन पाई है और न ही घरों से निकलने वाले पानी की निकासी का कोई ठोस प्रबंध हो सका है।

कांग्रेस ने दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण की परियोजना पर रोक लगाने की मांग की
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मैदागिन स्थित राजीव भवन में बैठक की। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण की परियोजना पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए। बनारस की गलियां केवल धरोहर नहीं, एक जीवित संस्कृति हैं। इन्हें चमकाने से पहले समझना जरूरी है। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री से मिलना चाहते थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इस दौरान सतनाम सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता, वकील अंसारी, रमजान अली मौजूद रहे।

Varanasi News today Criminal of Jhunna Pandit gang arrested seven FIRs registered man dies due snake attack
मेयर अशोक कुमार तिवारी। - फोटो : अमर उजाला

वेस्ट टू एनर्जी प्लांट में पहुंचाएं पर्याप्त कूड़ा : मेयर
बारिश के चलते वेस्ट टू एनर्जी के तीन प्लांट को पर्याप्त कूड़ा नहीं मिल पा रहा है। इसके लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कूड़ा उठाने वाली कंपनी को किचन का कूड़ा इन प्लांटों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। प्लांट में कचरे का उपयोग बिजली पैदा करने के लिए किया जाता है। शहर में भवनिया पोखरी, आईडीएच कज्जाकपुरा, पहाडिया मंडी में वेस्ट टू एनर्जी प्लांट बने हैं। इन तीनों प्लांट को पर्याप्त मात्रा में गीला कचरा नहीं है।

मेयर ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी को कचरा एकत्र करवाने, संयंत्र के श्रमिकों का रजिस्टर बनाने और उत्पन्न कचरे पर दैनिक रिपोर्ट देने को कहा है। निर्देश दिए गए हैं कि प्लांट के बाउंड्रीवॉल व मशीन की पेंटिंग कराई जाए। प्लांट बंद होने पर कई स्ट्रीट लाइटों को बिजली मिलनी बंद हो जाएगी। 

प्रमुख सचिव ने किया प्रयोगशाला का निरीक्षण
प्रमुख सचिव कृषि रविंद्र ने शनिवार को क्षेत्रीय भूमि परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। पीएच पटल, पोटाश  फाॅस्फोरस, ऑर्गेनिक और नाइट्रोजन पटल पर की जानकारी ली। सहायक निदेशक मृदा परीक्षण राजेश राय ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में पूरे मंडल से 75,600 मृदा नमूना विश्लेषण का लक्ष्य है। अब तक 32,000 किसानों के मृदा नमूनों का परीक्षण कर उन्हें मृदा हेल्थ कार्ड दिए जा चुके हैं। इस मौके पर संयुक्त कृषि निदेशक शैलेंद्र कुमार, एके सिंह, अमित जायसवाल, विशाल सिंह, संगम सिंह आदि उपस्थित रहे। 

व्यापारियों की समस्या के समाधान के लिए बैठक
व्यापार में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए नदेसर स्थित होटल में 30 और 31 अगस्त को एमएसएमई विभाग के अधिकारियों के साथ व्यापारियों की दो दिवसीय बैठक होगी। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा के आवास पर राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। उन्होंने बताया कि इस बैठक में कुटीर लघु उद्योग के सभी उद्यमी, एमएसएमई के सभी अधिकारी शामिल होंगे। इस दौरान मनीष गुप्ता, संजय गुप्ता, प्रिया अग्रवाल, कन्हैया गुप्ता मौजूद रहे।

बादलों ने बढ़ाई उमस बारिश का यलो अलर्ट
बनारस में दोपहर भर बादल छाए रहने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई। शनिवार को दिन और रात के तापमान में सिर्फ 4.5 डिग्री का ही अंतर रहा। अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 दर्ज किया गया। हवा में नमी 90 फीसदी से ज्यादा रही। इसी के चलते उमस बढ़ गई थी।

हवा 17 किमी प्रति घंटे की गति से चली। हालांकि रात आठ बजे तक तापमान गिरकर 28 डिग्री पर चला आया। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से रविवार को बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, उसके बाद मौसम सामान्य हो सकता है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगस्त महीने में रुक-रुककर बारिश होते रहने का अनुमान है। 

मंडुवाडीह में आज दो घंटे कटी रहेगी बिजली
बिजली निगम की ओर से रविवार को कंचनपुर उपकेंद्र, भेलूपुर उपकेंद्र और मंडुवाडीह उपकेंद्र के तहत बिजली आपूर्ति दो घंटे तक बाधित रहेगी। अधीक्षण अभियंता कार्यालय की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें तीन अगस्त को डीपीएच, मंडुवाडीह चौराहा, लहरतारा और आसपास के इलाके में सुबह 11 बजे से 1 बजे तक और भदैनी रविंद्रपुरी, अस्सी, हरिश्चंद्र घाट और आसपास इलाके में सुबह 10 से 12 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। 

अगस्त में मिलेगा सितंबर का राशन
बारिश को ध्यान में रखकर आपूर्ति विभाग की ओर से एक महीने का एडवांस राशन बांटा जा रहा है। बीते मई में जून का, जून में जुलाई का, जुलाई में अगस्त का राशन दिया गया है। 25 अगस्त के बाद सितंबर का भी राशन भी दे दिया जाएगा। जिलापूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि सभी कोटेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी कार्डधारक को कोई परेशानी न होने पाए। 

चारों तीर्थ की यात्रा कराएगी ट्रेन
रेलवे तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई विशेष ट्रेन चलाएगा। यह ट्रेन यात्रियों को एक साथ चार प्रमुख तीर्थस्थलों, काशी, अयोध्या, महाकाल (उज्जैन) और वैष्णोदेवी, के दर्शन कराएगी। यह विशेष ट्रेन सितंबर के अंतिम सप्ताह में शुरू हो सकती है। इस ट्रेन में स्लीपर, थर्ड एसी, सेकेंड एसी और फर्स्ट एसी होंगे। किराया, बुकिंग प्रक्रिया और यात्रा कार्यक्रम, जल्द ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। 

रोडवेज को जल्द मिलेंगी 59 मिनी बसें
जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) की सार्वजनिक परिवहन सेवा में संचालित 130 बसों को कंडम घोषित कर दिया गया है। इन सभी बसों की उम्र 15 साल हो गई थी। कुछ दिनों में 59 मिनी बसें आने की उम्मीद है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक और वीसीटीएसएल के एमडी परशुराम पांडेय ने बताया कि कुछ दिनों में 59 मिनी बसें आ जाएंगी। यात्रियों को परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है। 

नगर निगम, जलकल में कल रहेगा अवकाश
हर साल की भांति सावन के अंतिम सोमवार को नगर निगम और जलकल कार्यालय में अवकाश रहेगा। इस आशय का पत्र नगर निगम में जारी किया गया है। केवल कार्यालय के कर्मचारियों पर यह आदेश लागू किया गया है। सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों पर यह लागू नहीं होगा। 

प्रो. गणेशन होंगे फॉरेसिंक साइंस के समन्वयक
बीएचयू के विज्ञान संस्थान स्थित फॉरेंसिक साइंस सेंटर का समन्वयक प्रो. वी गणेशन को बनाया गया है। कुलसचिव कार्यालय की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि प्रो. गणेशन छह अगस्त से अगले तीन वर्ष के लिए समन्वयक बने रहेंगे। 

Varanasi News today Criminal of Jhunna Pandit gang arrested seven FIRs registered man dies due snake attack
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ। - फोटो : अमर उजाला

विद्यापीठ से संबद्ध कॉलेजों में खुलेंगे काउंसिलिंग सेंटर
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध वाराणसी समेत अन्य जिलों के महाविद्यालयों में काउंसिलिंग सेंटर स्थापित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय कैंपस प्लेसमेंट सेल की निदेशक प्रो. शेफाली वर्मा ठकराल ने बताया कि काउंसिलिंग सेंटर का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के बारे में जागरूक किया जाएगा। समय-समय पर कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रो. ठकराल ने बताया कि इसके लिए उद्योग और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। 

संबद्ध कॉलेजों की एलएलबी की परीक्षाएं टलीं
काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों की एलएलबी की सेमेस्टर परीक्षाएं टाल दी गई हैं। पांच से आठ अगस्त तक की परीक्षा को लेकर अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नयी समय-सारिणी जारी की गई है। अब परीक्षाएं अगस्त के तीसरे सप्ताह में करवाई जाएगी।

विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार ने बताया कि एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर के प्रथम और द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा अब क्रमशः 20 और 22 अगस्त को होंगी। इसके साथ ही चतुर्थ सेमेस्टर के प्रथम और द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा 21 और 23 अगस्त को होगी। उधर, विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर और संबद्ध विधि महाविद्यालयों के एलएलबी (त्रिवर्षीय) और बीए एलएलबी (पंचवर्षीय) के जिन विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा छूट गई है, अब 14 अगस्त को होगी। 

Varanasi News today Criminal of Jhunna Pandit gang arrested seven FIRs registered man dies due snake attack
BHU - फोटो : अमर उजाला

भारतीय कृषि आयात से अधिशेष तक पहुंची
बीएचयू में उत्तर प्रदेश के कृषि परिदृश्य में परिवर्तन विषय पर छात्रों से आईसीआरआईएसएटी हैदराबाद के महानिदेशक डॉ. हिमांशु पाठक ने बात की। शनिवार को शताब्दी कृषि प्रेक्षागृह में अपने स्पेशल लेक्चर में उन्होंने कहा कि अकाल व खाद्यान्न की कमी के दौर से गुजरी भारतीय कृषि की जरूरतें आयात से पूरी होती थी। वहीं आज हम खाद्य अधिशेष के चरण में आ चुके हैं। पिछले कुछ दशकों में कृषि में 4पी (उत्पाद, मूल्य, प्रमोशन और स्थान)अपनाने से यह कमाल हुआ है। 

पीजी में चौथे राउंड का दाखिला शुरू
बीएचयू में पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए शनिवार को चौथे राउंड की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई। पीजी में बीएचयू मेन कैंपस की 90 फीसदी से ज्यादा सीटें भर चुकी हैं। बीएचयू में स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया में रजिस्ट्रेशन की तिथि अब खत्म हो गई है। अब तक कुल एक लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। स्नातक की 9200 सीटों पर एक लाख आवेदकों की दावेदारी है। यानी कि एक सीट पर करीब 11 अभ्यर्थी होंगे। वहीं कल यानी कि सोमवार को आवेदन में सुधार की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। यह पांच अगस्त तक चलेगी। 

आवेदन की अंतिम तिथि 11 अगस्त
बीएचयू में स्पेक्ट्रोस्कोपी में एक साल के पीजी डिप्लोमा कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। विज्ञान संस्थान स्थित भौतिकी विभाग में इसकी कक्षाएं शाम को चलेंगी। इस कोर्स के तहत विद्यार्थियों को स्पेक्ट्रोस्कोपी की तकनीक के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग के स्पेक्ट्रोस्कोपी यूनिट से आवेदन के लिए फाॅर्म प्राप्त कर सकते हैं। फार्म जमा करने की अंतिम तारीख 11 अगस्त है। 

वाराणसी में लगेंगे 363 पिलर और 68 साइन बोर्ड
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र आजाद ने बताया कि एनजीटी की पहल पर हरिद्वार से बलिया तक सुव्यवस्थित फ्लड जोन (बाढ़ क्षेत्र) तय किए गए हैं। प्रदेश में गंगा किनारे वाले जिलों में सिंचाई विभाग चिह्नित फ्लड जोन को सुरक्षित करेगा। 200 मीटर की दूरी पर कंक्रीट के पिलर और एक किमी में साइनेज बोर्ड लगाए जाएंगे। वाराणसी परिक्षेत्र के चार जिलों में तय फ्लड जोन में कुल 1508 पिलर और 279 साइन बोर्ड लगेंगे। 1.48 करोड़ खर्च होने का अनुमान है। 

यूपी बोर्ड : व्यक्तिगत परीक्षा के लिए 12 केंद्र कैदियों और विदेशी नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्था
यूपी बोर्ड ने 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की प्राइवेट परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार कर ली है। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वाराणसी में 12 विद्यालयों को व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र जारी करने और उनका पंजीकरण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि विशेष श्रेणियों के लिए समर्पित केंद्र बनाए गए हैं ताकि प्रक्रिया सुगम हो सके। जेलों में बंद कैदी जो अपनी शिक्षा पूरी कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, वे राजकीय हाईस्कूल, छाही से पंजीकरण करा सकेंगे। वाराणसी में रहने वाले विदेशी नागरिक जो यूपी बोर्ड से परीक्षा देना चाहते हैं, उनके लिए क्वींस इंटर कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया है।

क्वींस इंटर कॉलेज को हाईस्कूल के 500 और इंटरमीडिएट के 400 परीक्षार्थियों का पंजीकरण करने का कोटा दिया गया है। दो विशेष केंद्रों के अलावा जिले के अन्य 10 विद्यालयों को भी जिम्मेदारी दी गई है। ताकि छात्र सुविधानुसार नजदीकी केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकें। 

बाइक से आज निकलेगी पंचक्रोशी यात्रा
सामाजिक संस्था ऑक्सीजन क्लब की ओर से तीन अगस्त को पंचक्रोशी यात्रा निकलेगी। समाजसेवी कौशल कुमार सिंह ने बताया कि 85 किलोमीटर की यह यात्रा बाइक से की जाएगी। क्लब की ओर से आयोजित यात्रा का उद्देश्य लोगों को अपने धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। तीन अगस्त को मणिकर्णिका घाट से सुबह छह बजे संकल्प के साथ यात्रा शुरू होगी और 56 देवालयों में 108 शिवलिंग, 11 विनायक के दर्शन-पूजन करने के साथ वापस मणिकर्णिका घाट पर संपन्न होगी। 

संकट मोचन का पूजन कर लगाया भोग
श्रावण मास के चौथे शनिवार को संकल्प संस्था के संकल्प अन्न क्षेत्र की ओर से चौक स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में पूजन कर भोग लगाया गया। इसके बाद श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने आए भक्तों और राहगीरों में खिचड़ी और शीतल जल का वितरण हुआ। सेवा में संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन, मृदुला अग्रवाल, गिरधर दास अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, संतोष रहे। 

सिंगापुर गोष्ठी में जाएंगे काशी के ज्ञान शंकुल 
पारंपरिक दंगल के खिलाड़ी दशाश्वमेध घाट निवासी ज्ञान शंकुल सिंह सिंगापुर में आयोजित पारंपरिक व्यायाम संगोष्ठी में शाामिल होंगे। यह संगोष्ठी सिंगापुर की संस्था ब्लैक कैट मूवमेंट की ओर से आयेाजित है। शनिवार को ज्ञान शंकुल सिंह बाबतपुर से सिंगापुर के लिए रवाना हुए। इसमें पारंपरिक भारतीय व्यायाम पद्धतियों, दंड-बैठक, जोड़ी-गदा, काई करलई, समतोला अखाड़ा प्रशिक्षण पर चर्चा होगी। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत से संबंधित फिटनेस के तरीकों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करना है। 

त्रिदेव मंदिर में सजेगी जल विहार की झांकी
त्रिदेव मंदिर दुर्गाकुंड में राधा कृष्ण की जल विहार की झांकी का दर्शन भक्तों को तीन अगस्त को मिलेगा। मंदिर परिसर को फूलों और पत्तियों से सजाया जा रहा है। 60 फीट की झील में रंग-बिरंगे फूलों से सजे झूले पर राधा कृष्ण की जीवंत झांकी सजाई जा रही है। फव्वारों के बीच बाबा काशी विश्वनाथ का ज्योतिर्लिंग विराजमान रहेगा। यह सूचना संस्था के अध्यक्ष भरत सराफ ने दी। 

पीजी के छात्रों को बांटे टैबलेट
स्वामी विवेकानंद डिजी शक्ति योजना के तहत शनिवार को श्री हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदागिन में हुकुलगंज पार्षद बृजेश चंद्र श्रीवास्तव ने 51 छात्रों को टैबलेट बांटे। उन्होंने कहा कि मेरे लिए गर्व की बात है कि भारतेंदु की जिस बगिया का हिस्सा रहा हूं। छात्र संघ के पूर्व महामंत्री रितेश श्रीवास्तव शीबू, पूर्व छात्र नेता घनश्याम सिंह मुन्ना, भाजपा नेता राजेश वर्मा, दिनेश मौर्या मौजूद रहे। 

700 लोगों ने एक रुपये में बीएसएनएल के सिम लिए
भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अपने ग्राहकों के लिए एक नया फ्रीडम प्लान शुरू किया है। इसके तहत वाराणसी, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर, सोनभद्र व गाजीपुर के सभी बीएसएनएल उपभोक्ता सेवा केंद्र पर एक रुपये में लोगों को नई बीएसएनएल की सिम दी जा रही है। एक रुपये में मौजूदा नंबर को बीएसएनएल में पोर्ट कराने की सुविधा भी है। नए कनेक्शन पर सिम मुफ्त में दी जा रही है। बीएसएनएल वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अनीश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को 700 लोगों ने नई सिम खरीदी। प्लान 31 अगस्त तक उपलब्ध है। 

पुरी में जगन्नाथ हैं तो काशी में विश्वनाथ
मंगलपीठाधीश्वर माधवाचार्य ने कहा कि पुरी में जगन्नाथ हैं तो काशी में विश्वनाथ भगवान। शिव के त्रिशूल की नोक पर शिव की नगरी बसी है। शिव और कालभैरव की यह नगरी अद्भुत है। यहां सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। वह अस्सी स्थित रामजानकी मठ में शनिवार को सवा 11 लाख पार्थिव शिवलिंग के महारुद्राभिषेक अनुष्ठान को संबोधित कर रहे थे। सुबह सात बजे से सवा 11 लाख शिवलिंग का महारुद्राभिषेक अनुष्ठान शुरू हुआ। 

वैदिक ब्राह्मणों ने वेद मंत्रों के साथ गणेश, भगवान सीताराम और पंजाबी महाराज का पूजन कर अनुष्ठान प्रारंभ किया। इस दाैरान महामंडलेश्वर राधे बाबा (इंदौर) ने कहा कि सप्तपुरियों में स्थित काशी की भूमि प्रकाशमान है। श्रीमहंत रामकृष्ण दास महाराज, सीताराम दास महाराज, लक्ष्मण दास महाराज, बालकदेवाचार्य, हरिओम दास महाराज, काशीदास, हरिदास महाराज, गरीब रामदास आदि माैजूद रहे।

वेदव्यास ने अपने आंसुओं से लिखे गोपी गीत : बालव्यास
कथा मर्मज्ञ पं. श्रीकांत शर्मा बालव्यास ने कहा कि श्रीमद्भागवत में गोपी विरह ऐसा क्षण है जिसे लिखते समय वेदव्यास भी निढाल हो गए। उन्होंने गोपीगीत को अपने आंसुओं से लिखा है। भागवत में उल्लेख मिलता है कि श्रीकृष्ण के विरह में गोपियां ऐसा रोई, जिससे यमुना जी से एक अलग धारा बह निकली हो।

वह शनिवार को महमूरगंज स्थित शुभम लॉन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण रुक्मिणी विवाहोत्सव का वर्णन कर रहे थे। बालव्यास ने कहा कि भागवत की कथा कभी पुरातन नहीं हो सकती है। श्रीकृष्ण ने कंस को मारा धन के लिए नहीं, उसके साम्राज्य के लिए नहीं बल्कि उसके अधर्म से मुक्ति दिलाने के लिए उसका संहार किया। 

श्रीश्याम मंडल ट्रस्ट एवं श्री काशी सत्संग सेवा समिति की ओर से चल रही कथा में नासिक से पधारे संत स्वामी संविदानंद ने कहा कि काशी के महात्म्य का वर्णन नहीं किया जा सकता। स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रविंद्र जायसवाल, बैजनाथ भालोटिया, दीनानाथ झुनझुनवाला, दीपक बजाज, राजेश अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, सुरेश मौजूद रहे। 

महिलाओं ने किया डांडिया 
कथा में मारवाड़ी युवा मंच अन्नपूर्णा शाखा की महिलाओं ने रुक्मिणी विवाहोत्सव मनाया। पूजा खेमका, प्रीति बाजोरिया, नैना जैन, प्रीति प्रहलादका प्रिया तुलस्यान आर्या तुलस्यान के नेतृत्व में महिलाओं ने डांडिया नृत्य किया।  श्वेता अग्रवाल कृष्ण व हीना अग्रवाल रुक्मिणी के रूप में रहीं। संचालन महेश चौधरी ने किया।

पुत्र की कामना के लिए विष्णु की करेंगे पूजा
श्रावणमास शुक्ल पक्ष की पुत्रदा एकादशी पांच अगस्त को मनाई जाएगी। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीहरि विष्णु का पूजन करने कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। मान्यता है कि इस व्रत को रखने से दाम्पत्य जीवन में संतान की प्राप्ति होती है। इस दिन विष्णु मंदिरों में दर्शन पूजन होता है। ज्योतिषविद् विमल जैन के अनुसार श्रावण शुक्लपक्ष की एकादशी तिथि चार अगस्त को पूर्वाह्न 11:43 बजे से पांच अगस्त को दोपहर 1:13 बजे तक रहेगी।  

हस्तनिर्मित राखियां बनीं आकर्षण का केंद्र
सावन माह में अग्रवाल समाज के समाज सेवा विभाग के तहत श्री अग्रसेन महिला समिति ने अग्रसेन सावन मेले का आयोजन शनिवार को सरोजा पैलेस में किया। इसमें 70 स्टाॅलों पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी, बनारसी साड़ी, मऊ की फैंसी चूड़ियां, खिलौने और हस्तनिर्मित राखियां आकर्षण का केंद्र रहीं।

मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि किरन कौशिक, विशिष्ट अतिथि उद्यमी आर. के. चौधरी, समाज के सभापति संतोष अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। महिलाओं की निशुल्क स्वास्थ्य जांच भी की गई। लोगों ने खास ताैर से महिलाओं ने मेले में जमकर खरीदारी की।

स्वागत शशिबाला साह, संचालन अर्चना अग्रवाल व धन्यवाद ज्ञापन बृजकमल दास ने किया। संयोजन रीता प्रकाश एवं मालिनी चौधरी ने किया। उपसभापति दीपक अग्रवाल, बल्लभ अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, समाज की प्रधानमंत्री डॉ. रचना अग्रवाल रहीं। 

12 शिविरों में करवाया 548 यूनिट रक्तदान
रोटरी क्लब की ओर से 12 अलग-अलग शिविरों में 548 यूनिट रक्तदान करवाया गया। इसमें वाराणसी में रोटरी की तीन शाखाएं शामिल हैं। रोटरी डिस्ट्रिक्ट ब्लड डोनेशन चेयरमैन राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जुलाई माह में 12 कैंपों के माध्यम से वाराणसी क्षेत्र में टॉप 3 क्लब रोटरी बनारस में 154 यूनिट, रोटरी सारनाथ में 60 यूनिट, रोटरी ग्रेटर के तहत 30 यूनिट किया गया। उधर प्रयागराज क्षेत्र में रोटरी इलाहाबाद एकेडमिया में 103 यूनिट, रोटरी प्लेटिनम में 74 यूनिट, रोटरी संगम में 17 यूनिट रक्तदान हुआ। रोटरी गवर्नर डॉक्टर आशुतोष अग्रवाल ने कहा कि आगे भी ऐसे कार्यक्रम होंगे। 

हड्डी रोग के इलाज की बताई गईं बारीकियां
आईएमएस बीएचयू के ऑर्थोपेडिक विभाग की ओर से चल रहे तीन दिवसीय कार्यक्रम का दूसरा दिन ऑर्थोपेडिक केस अध्ययन, सटीक जांच, व्यावहारिक प्रदर्शन पर केंद्रित रहा। शनिवार को अलग-अलग सत्र में हुए आयोजन में चिकित्सकों, मेडिकल छात्रों को हड्डी रोग के मरीजों के जांच, इलाज की बारीकियां बताई गईं। विश्वविद्यालय परिसर के केएन उडुप्पा सभागार में अस्थि रोग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में यूपी आर्थोपेडिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। 

चार शैक्षणिक सत्रों में हड्डी के मरीजों का इलाज कैसे करेंगे, इसका प्रस्तुतिकरण भी किया गया। डॉ. वेंकट संपत कुमार ने बोन स्वेलिंग और ट्यूमर की नैदानिक प्रक्रिया बताई। डॉ. शरद अग्रवाल ने फुट और एंकल केस की क्लिनिकल अप्रोच के बारे में बताया। डॉ. अजीत तिवारी ने हैंड और रिस्ट इंजरी पर व्याख्यान दिया। डॉ. संजय यादव, डॉ. अभिषेक कश्यप, डॉ. सुनील, डॉ. अमित रस्तोगी मौजूद रहे। 

कजरी गीत से झंकृत हुई वरुणा संध्या
छावनी परिषद एवं दीपिका कल्चरल सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित वरुणा संध्या में कलात्मिका संगीत संस्थान की छात्राओं ने सावनी कजरी गायन की प्रस्तुति दी। उन्होंने हरे रामा भोला की नगरी काशी बादल गरजे बिजुरी चमके..., रिमछिम बरसेला बदरिया...के बाद अंत में पुराना गोदना गीत सखी गोदवा लिया गोदनवा ना... प्रस्तुत किया। गायन में प्रियंका, सर्वदा, गरिमा प्रज्ञा, अहिंसा, पारुल, रिद्धि, राजनंदिनी शामिल रहीं। स्वागत अजय गुप्ता और धन्यवाद ज्ञापन सचिन श्रीवास्तव ने दिया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed