Varanasi News Today: अकासा एयरलाइंस की सीधी उड़ान 17 से, हादसे में चालक की मौत; पढ़ें वाराणसी की खबरें
Varanasi News: अकासा एयरलाइंस 17 फरवरी से वाराणसी–नवी मुंबई–वाराणसी रूट पर अपनी नई उड़ान सेवा शुरू करेगी। वहीं, चौबेपुर थाना क्षेत्र में बोलेरो की टक्कर से ऑटो चालक की मौत हो गई। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नवी मुंबई के लिए सीधी विमान सेवा की शुरुआत होने जा रही है। अकासा एयरलाइंस 17 फरवरी से वाराणसी–नवी मुंबई–वाराणसी रूट पर अपनी नई उड़ान सेवा शुरू करेगी। नवी मुंबई एयरपोर्ट के परिचालन में आने के बाद, वाराणसी से वहां के लिए उड़ान शुरू करने वाली अकासा एयरलाइंस पहली विमानन कंपनी होगी।
उड़ान संख्या क्यूपीआई-2001 नवी मुंबई से सुबह 06:50 बजे प्रस्थान कर 09:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी, जबकि वापसी में उड़ान संख्या क्यूपीआई-2004 वाराणसी से शाम 18:20 बजे रवाना होकर 20:50 बजे नवी मुंबई पहुंचेगी। यह सेवा प्रतिदिन संचालित की जाएगी। इस नई उड़ान के शुरू होने से वाराणसी और मुंबई महानगर क्षेत्र के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के उद्देश्य से यात्रा करने वालों के लिए यह सेवा लाभकारी साबित होगी।
अकासा एयरलाइंस के यूपी हेड राहुल सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग आकाश एयरलाइंस की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल एप अथवा अधिकृत ट्रैवल एजेंट के माध्यम से उपलब्ध है। नई उड़ान सेवा से वाराणसी एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी में और विस्तार होगा तथा क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बोलेरो ने ऑटो में मारी टक्कर, चालक की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के भभियार पांडेयपुरा गांव के पास चौबेपुर-बाबतपुर मार्ग पर शुक्रवार रात 8 बजे बोलेरो की टक्कर से ऑटो चालक रामलाल मौर्य (45) की मौत हो गई। वहीं, ऑटो सवार अशोक मौर्य (42) और सीमा गुप्ता (35) घायल हो गईं, जिन्हें पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उन्हें बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। उधर, हादसे के बाद बोलेरो छोड़कर चालक भाग निकला।
चोलापुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी रामलाल मौर्य मुनारी से सवारी लेकर चोलापुर के मोहांव जा रहा था। ऑटो में जगदीशपुर निवासी अशोक मौर्य और मुनारी चौबेपुर निवासी सीमा गुप्ता सवार थी। रात 8 बजे भभियार पांडेयपुरा गांव के पास ऑटो को बोलेरा ने टक्कर मार दी। ऑटो सवार रामलाल मौर्य को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि रामलाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। बोलेरो को जब्त कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
स्कूटी सवार युवती के पैर को ट्रैक्टर ने कुचला, पैर कटा
रामनगर थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल पर शुक्रवार सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवार रिंकी मौर्य घायल हो गई। ट्रैक्टर से कुचलने से रिंकी का दाहिना पैर काटना पड़ा। युवती को रामनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के चाचा कैलाश मौर्या ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
करसड़ा थाना क्षेत्र की रिंकी स्कूटी से रामनगर अपने कार्य पर जा रही थी। विश्वसुंदरी पुल पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी में टक्कर मारी और रिंकी के दाहिने पैर को कुचल दिया। अचेत रिंकी को पीडीडीयूनगर के राहुल तिवारी समेत अन्य ने पुलिस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुरी तरह कुचलने से चिकित्सकों ने एक पैर काट दिया। रिंकी का उपचार चल रहा है। रामनगर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रिंकी के पति की पहले ही मौत हो चुकी है।
पति समेत छह पर दहेज उत्पीड़न मामले में प्राथमिकी दर्ज
विवाहिता ने पति समेत छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता प्रीति सैनी के प्रार्थना पत्र पर पति, ससुर, सास, जेठ, जेठानी समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बेनीपुर निवासी पीड़िता प्रीति सैनी ने पुलिस को बताया कि पति संदीप समेत ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक लाख की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। मई 2020 को ससुराल वालों ने पिटाई के बाद भगा दिया। पति संदीप सैनी ने चंदौली निवासी एक युवती से दूसरी शादी कर ली है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पति, ससुर कैलाश सैनी, सास मालती देवी, जेठ संतोष माली, जेठानी व मधु के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर 20 उड़ानें देर से पहुंची
मौसम सामान्य होने के बावजूद शुक्रवार को 20 उड़ान देरी से पहुंचीं और प्रस्थान की। बाबतपुर एयरपोर्ट अकासा एयर की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 51 मिनट, स्पाइस जेट दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 1 घंटे 59 मिनट, इंडिगो की हैदराबाद-वाराणसी-हैदराबाद 1 घंटे 43 मिनट, आइसलैंड एयर की काठमांडू-वाराणसी-काठमांडू 15 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की बंगलूरू-वाराणसी-बंगलूरू 1 घंटे 12 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 47 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली-वाराणसी-दिलली 23 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई-वाराणसी-मुंबई 17 मिनट, एयर इंडिया एक्सप्रेस की शारजाह-वाराणसी-शारजाह 55 मिनट और इंडिगो की दिल्ली-वाराणसी-दिल्ली 19 मिनट देरी से पहुंची और प्रस्थान की।
युवक पर रॉड और फाइटर से हमला, प्राथमिकी दर्ज
लालपुर बेलवा बाबा निवासी यशोवर्धन मिश्र की पिटाई के मामले में पांच के खिलाफ लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 15 जनवरी को वह पेट्रोल पंप से घर लौट रहा था, तभी आरआर कांप्लेक्स के पास पहले से मौजूद कार्तिक त्रिपाठी, जय श्री त्रिपाठी, सथवां निवासी सूरज श्रीवास्तव ने रॉड व फाइटर से हमला किया। बचाव के लिए भागा तो दूसरी तरफ से निखिल त्रिपाठी व बाबू पंडित ने पिटाई की। दोनों परिचित थे। आसपास के लोगों के जुटने पर सभी काले रंग की स्कार्पियो से भाग निकले। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अस्सी घाट पर पिटाई मामले में प्राथमिकी दर्ज
अस्सी घाट पर मित्तल साहनी, बेटे अजय और बेटी श्वेता से मारपीट के मामले में तीन के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों में पवन साहनी, गणेश साहनी और राहुल साहनी है। सुबह-ए-बनारस में कार्यरत मित्तल साहनी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पार्किंग में मारपीट करने वाले 6 नामजद पर प्राथमिकी दर्ज
अस्सी घाट पर पार्किंग संचालन से जुड़े कर्मियों से मारपीट के मामले में छह नामजद के खिलाफ भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। अस्सी क्षेत्र के विकास विश्वनाथ झा ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात 8 बजे भाई गोपाल और कर्मचारी आनंद थे। इस बीच हेमंत कुमार, विनय तिवारी, केशव कुमार, अंकित यादव, शिवम मिश्रा, हर्ष मिश्रा पहुंचे और गालीगलौज कर पिटाई की। भाई गोपाल के सिर पर कड़े से वार कर लहूलुहान कर दिया। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घर में घुसकर युवकों ने की मारपीट
आदमपुर थाना क्षेत्र के मुकीमगंज में श्याम कुमार जायसवाल के घर में घुसकर मारपीट और 2000 लूट के मामले में आरोपी हेमंत यादव उर्फ बाबू व फैजान को बलुआबीर प्राथमिक विद्यालय से गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों में विशाल यादव, आशू यादव, गोलू यादव और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। सीसी कैमरे में घटनाक्रम कैद है। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।
हत्या के मामले में बाल अपचारी पकड़ाया
एक दिसंबर 2025 को भेलूपुर थाना क्षेत्र के नारद घाट पर रोहित राजभर की हत्या के मामले में बाल अपचारी को पुलिस ने शुक्रवार को कूड़ाखाना तिराहे से पकड़ा। रोहित की उपचार के दौरान एक महीने बाद मौत हो गई। इस मामले में दूसरा आरोपी जय शर्मा पहले से जिला जेल में है। दशाश्वमेध निवासी रोहित का नारद घाट पर जय शर्मा और बाल अपचारी से विवाद हो गया। बांस से रोहित की पिटाई की गई थी। दोनों के खिलाफ रोहित की चाची ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बाल अपचारी को पकड़ा गया है।
गलत साइड से आए युवकों पर बाइक सवार को पीटने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के भोजूबीर में बृहस्पतिवार दोपहर बाइक सवार भोलानाथ गुप्ता की गलत साइड से आए युवकों ने पिटाई कर दी। आरोपी साहिल सोनकर और अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। सरसौली के वृंदा नगर कॉलोनी निवासी भोलानाथ गुप्ता ने पुलिस को बताया कि मेडिकल स्टोर जा रहे थे। गलत साइड से आ रहे साहिल और साथियों ने बाइक में जानबूझकर टक्कर मारी। बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लखनऊ में तैनात एडिशनल डायरेक्टर के मकान में चोरी
शिवपुर थाना क्षेत्र के बाईपास पर गौतम गार्डन कॉलोनी में स्टील कंपनी के एडिशनल डायरेक्टर मिथिलेश कुमार सिंह के मकान में चोरी हो गई। चांदी के 32 सिक्के, सात ग्लास समेत आठ लाख के आभूषण और 35500 नकद पर चोरों ने हाथ साफ किया है। 15 नवंबर की चोरी के बाबत पीड़ित ने लखनऊ से पहुंचने के बाद शुक्रवार को शिवपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित मिथिलेश कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि वह लखनऊ में स्टील कंपनी में एडिशनल डायरेक्टर हैं। परिवार के साथ लखनऊ में रहता हूं। मकान को किराये पर इंडियन ऑयल के अधिकारी किशन कुमार को दे रखा है। 15 जनवरी की रात किरायेदार किशन कुमार ने फोन पर सूचना दी कि मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और घर का सामान बिखरा पड़ा है। पत्नी नीलम सिंह लखनऊ से शिवपुर पहुंची। बृहस्पतिवार को किशन कुमार के यहां भी चोरी हुई है। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि आसपास के सीसी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
स्कूटी चोरी के दो आरोपियों को सिगरा पुलिस ने किया गिरफ्तार
वाहन चोरी के दो आरोपियों को सिगरा पुलिस ने बृहस्पतिवार रात अमूल डेयरी मोड़ के आगे रेलवे फाटक के सामने से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की स्कूटी, लैपटॉप, मोबाइल मिले। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में राजातालाब के शहंशाहपुर निवासी राहुल कुमार और सिगरा के शिवपुरवा निवासी दीपक रावत उर्फ मंगल है। दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में छह और सात आपराधिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। 12 जनवरी को आरोपियों ने नेहरू मार्केट सिगरा से स्कूटी चोरी की थी। स्कूटी में लैपटाॅप, मोबाइल और अन्य सामान थे।
दरोगा पर महिला ने लगाया पिटाई का आरोप
आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक रेलवे क्रॉसिंग के पास शुक्रवार रात स्कूटी सवार दंपती की एक दरोगा से कहासुनी हो गई। महिला ने आरोप लगाया कि दरोगा ने पिटाई की और पति को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। महिला ने आदमपुर थाने में तहरीर दी है। हनुमान फाटक निवासी पीड़िता नेहा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि पति के साथ घर लौट रही थी। तेलियाना के पास स्कूटी पंचर हो गई। हनुमान फाटक की ओर जाने वाली गली के मोड़ पर रुक कर पंचर बनवा रहे थे। तभी हनुमान फाटक चौकी पर तैनात एक दरोगा ने स्कूटी हटाने हटाने कहा, जब टायर पंचर की बात कही तो दरोगा ने थप्पड़ जड़ दिया। बीच बचाव में पति को भी धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इंस्पेक्टर विमल मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
छात्र की पिटाई में पांच पर प्राथमिकी दर्ज
बड़ागांव के कुंभापुर गांव के पास 12 जनवरी को परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र सोनू कुमार की पिटाई के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। कुड़ी गांव निवासी छात्र सोनू कुमार ने पुलिस को बताया कि कनियर के इंटर कॉलेज से घर लौट रहा था। तभी गांव के अखिलेश, विकास, विनित, कृष्णा व हरीपुर गांव निवासी महेश कुमार ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है।
रंजिश में पिटाई, दो आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
मिर्जामुराद के करधना गांव में बृहस्पतिवार रात रंजिश में दशरथ की पिटाई कर दी गई। दो आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित दशरथ ने पुलिस को बताया कि गांव के मिथुन और अज्ञात ने लाठी डंडे से पिटाई की और जान से मारने की धमकी भी दी। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद
महिला से 57 हजार की साइबर ठगी
यूपीआई पर लिंक भेजकर शशिकला के खाते से साइबर ठगों ने 57499 रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने चितईपुर थाने में साइबर ठगी मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चितईपुर थाना क्षेत्र के नुआव नारायणपुर निवासी पीड़िता शशि कला ने पुलिस को बताया कि 1 जनवरी को बैंक खाते से 57499 रुपये कटने का मेसेज आया। यूपीआई से एक लिंक आया। उसे खोलते ही खाते से पैसे कट गए। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।
पुलिस बूथ के पीछे दो दुकानों में चोरी, एक में प्रयास
सारनाथ के पंचक्रोशी चौराहे पर पुलिस बूथ के पीछे बृहस्पतिवार रात दो दुकानों में चोरी हो गई। छत की पटिया उखाड़कर चोरों ने मोबाइल की दुकान से 75 हजार रुपये और 70 हजार के डिजिटल उपकरणों पर हाथ साफ किया। जनरल स्टोर से 45 हजार की चोरी हुई। बगल के रेडीमेंट गारमेंट की दुकान में चोरी का प्रयास किया गया। शुक्रवार को पुलिस ने छानबीन की है। दुकान में लगे सीसी कैमरे की डीवीआर भी चोर उठा ले गए।
पैगंबरपुर निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को बताया कि दुकान से 3 स्मार्ट फोन, 6 कीपैड फोन, 8 चार्जर, 6 ईयरबग, 6 पेनड्राइव, 6 मेमोरी कार्ड चोरी हुए हैं। काउंटर का ताला तोड़कर 76 हजार की नकदी चोरी हुई।
दुकानदार राजू यादव ने पुलिस को बताया कि छत की पटिया उखाड़कर चोरों ने दुकान से 45 हजार की नकदी चोरी की। रेडीमेट गारमेंट के दुकानदार राहुल ने पुलिस को बताया कि दुकान में चोरों ने छत तोड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि आसपास लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही हैं। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य संकलन किया है।
दो जगहों पर जुए के फड़ से 13 आरोपी गिरफ्तार
अर्दली बाजार के एलटी कॉलेज परिसर में मंदिर के पास जुए के फड़ पर छापा मारकर कैंट पुलिस ने शुक्रवार को 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से ताश के पत्ते, 20 हजार रुपये और 6 मोबाइल मिले। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों में विशाल कुमार निवासी गोलघर कचहरी, रोहन यादव और रवि यादव, रोहित श्रीवास्तव, रविंद्र कुमार, सचिन यादव निवासी अर्दली बाजार हैं। उधर, मिर्जामुराद के थाना क्षेत्र के गौर गांव पिछवड़िया मुस्लिम बस्ती में बृहस्पतिवार रात पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से ताश के पत्ते और 1530 रुपये मिले। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में बारिख, विशाल, बृजेश मिश्रा, आजिद उर्फ माज खान, विमलेश कुमार व शिवम सेठ हैं। आरोपियों को निजी मुचलका पर छोड़ दिया गया।
ढाई किलो गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बनकट तिराहे के पास बृहस्पतिवार की रात ढाई किलो गांजे के साथ संजय कुमार को गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष इंद्रेश कुमार ने बताया कि आरोपी चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर का निवासी है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस करवा रही थी सफाई, राजकुमारी ने रुकवाया काम
रामनगर के कुतुलुपुर रामबाग पोखरे के पास पुलिस की ओर से यार्ड बनाने के लिए काशीराज परिवार की जमीन पर जेसीबी से हो रही साफ-सफाई कार्य को राजकुमारी ने शुक्रवार को रुकवा दिया। उन्होंने जमीन पर स्टे के बाबत कागजात दिखाए। विरोध के बाद पुलिस जेसीबी लेकर लौट गई। पोखरे के पास जमीन पर रामनगर पुलिस की ओर से यार्ड बनाए जाने की तैयारी है।
विभूति नारायण सिंह की पुत्री कृष्ण प्रिया पुत्रों के साथ के पर पहुंचीं और साफ-सफाई कार्य का विरोध शुरू कर दिया। पुलिस की ओर से कहा गया कि काशीराज परिवार के कुंवर डॉ. अनंत नारायण सिंह से अनुमति ली गई ह। जबकि कृष्ण प्रिया ने कहा कि जमीन पर चार हिस्सेदार हैं तो चारों की अनुमति जरूरी है। रामनगर थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि फिलहाल कार्य रोक दिया गया है।
मणिकर्णिका पर अहिल्याबाई की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने से पाल समाज में रोष
काशी में मणिकर्णिका तीर्थ घाट पर अहिल्याबाई की प्रतिमा के साथ महादेव, गणेश की प्राचीन प्रतिमा तोड़ी गई। इससे पाल समाज में रोष है। ये बातें शुक्रवार को सारनाथ स्थित टूरिस्ट बंगलो में पत्रकारों से पाल विकास समिति के संस्थापक भईयालाल पाल ने कही। उन्होंने कहा कि सुंदरीकरण के नाम पर प्राचीन भगवान की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करना प्रशासन की लापरवाही है। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि विग्रह मूर्तियों को पुनः स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का कृत्य दोबारा किया जाएगा तो पाल समाज की ओर से इसकी लिखित सूचना प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को दी जाएगी। अहिल्याबाई पाल समाज की प्रेरणास्रोत रहीं हैं। इस मौके पर पाल समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र पाल पिंटू, नीरज पाल, संजय पाल मौजूद रहे।
भगवान का कीर्तन, वंदन व कथा श्रवण से समस्त पाप नष्ट होते हैं : अमर चैतन्य
मणिकर्णिका घाट स्थित सिद्ध पीठ नरसिंह मठ में वेदांताचार्य डॉ. अमर चैतन्य की श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन भक्तिमय वातावरण रहा। कथावाचक ने कहा कि भगवान का कीर्तन, वंदन और कथा श्रवण से समस्त पाप नष्ट होते हैं। उन्होंने बताया कि अभिमान तपस्या में बाधक है तथा मंत्र, माला और ईष्ट की एकता से ही मनोरथ सिद्ध होता है। मुख्य यजमान संघ के पूर्व संघचालक विजय चौधरी सपत्नीक रहे। व्यासपीठ की आरती धर्म जागरण न्यास के परशुराम उपाध्याय, श्याम सुंदर सिंह एवं कामेश्वर पाठक ने संपन्न कराई।
मुख्य न्यायाधीश ने काशी विश्वनाथ के दर्शन किए
भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने शुक्रवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन किया। मंदिर प्रशासन ने उन्हें उनकी पिछले साल की विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के दौरान पत्नी के साथ खींची गई तस्वीर भेंट की। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने गंगा आरती भी देखी। कार्यक्रम के दौरान गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी, सचिव हनुमान यादव, अतुल अंजान, एसीपी दशाश्वमेध सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
बिजली कर्मचारी नेताओं ने नए कनेक्शन देने पर उठाया सवाल, जांच की मांग
बिजली निगम में नये कनेक्शन देने पर बिजली कर्मचारी नेताओं ने सवाल उठाते हुए गहनता से जांच कर दोषियों पर ठोस कार्रवाई की मांग की है। विद्युत मजदूर पंचायत की बैठक में इस मुद्दे को पदाधिकारियों ने उठाया। पंचायत के प्रांतीय कार्यवाहक महामंत्री आरबी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष आरके वाही का कहना है नगरीय विद्युत वितरण खंड प्रथम भेलूपुर के तहत 15 लोगों को नया कनेक्शन देने में अनियमितता की शिकायत मुख्य अभियंता से की गई थी। इस पर अधीक्षण अभियंता की ओर से दो सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। समिति ने जांच शुरू कर दी है। कहा कि शिकायत में भी बताया गया कि बजरडीहा के तीन ऐसे मकानों में नया कनेक्शन दे दिया गया, जिन पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज था। अन्य कनेक्शन देने में भी नियमों की अनदेखी की गई।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता को मातृ शोक, मरणोपरांत किया नेत्रदान
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अशोक पांडेय की माता श्यामा देवी पांडेय (90) का शुक्रवार को निधन हो गया। वह काफी दिनों से अस्वस्थ थीं। उनका इलाज रविंद्रपुरी के एक हॉस्पिटल में चल रहा था। श्यामा देवी अपने पीछे दो पुत्रों, दो पुत्रियों और नाती-पोतों का भरा पूरा परिवार छोड़ गई हैं। उनका अंतिम संस्कार हरिश्चंद्र घाट पर हुआ। मुखाग्नि कनिष्ठ पुत्र अनूप पांडेय ने दी। श्यामा देवी का मरणोंपरांत नेत्रदान भी कराया गया। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, मेयर अशोक तिवारी, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने श्रद्धांजलि दी।
भाजपा की जीत पर महादेव की पूजा
काशी में महाराष्ट्र समाज ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बीएमसी चुनाव में मिली सफलता के उपलक्ष्य में महादेव से कामना की। शुक्रवार को प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव का अभिषेक किया गया। इस कार्यक्रम में बृहन्महाराष्ट्र मंडल के उत्तर प्रदेश विभाग के अधिकारी षडानन पाठक कारखेडकर, काशी के तीर्थ पुरोहित पंडित श्रीकांत पाठक, श्री राम मंदिर प्रतिष्ठा कार्यक्रम के आचार्य पंडित अनुपम दीक्षित, पंडित आशीष औंधेकर और पंडित आश्रय मिटकर उपस्थित रहे।
विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि तक ऑनलाइन टिकट बुकिंग बंद
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि तक सुगम दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग नहीं की जा सकेगी। 15 और 16 फरवरी को किसी भी तरह की टिकट बुकिंग निलंबित कर दी गई है, और इसके बाद की टिकट भी उपलब्ध नहीं हैं। हालांकि, मंदिर में बने काउंटरों से त्योहारों के अलावा अन्य दिनों के लिए ऑफलाइन टिकट प्राप्त किया जा सकता है।
विश्वनाथ मंदिर में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इस महीने मंदिर में हर दिन लगभग तीन लाख भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। इस तरह नए वर्ष के पहले 16 दिनों में लगभग 50 लाख लोगों ने दर्शन किए। वहीं, 18 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान के बाद भक्तों की भीड़ मंदिर में और बढ़ सकती है। ऐसे में मंदिर की ओर से स्पर्श दर्शन और अन्य विशेष सुविधाएं बंद रहेंगी। बाबा विश्वनाथ मंदिर में स्लॉट के अनुसार ही प्रतिदिन दर्शन कराए जाते हैं। 300 रुपये लेकर भक्तों को लाइन से इतर विशेष दर्शन की सुविधा दी जाती है।
काशी में गूंजा स्वदेशी का संदेश, संकल्प यात्रा का भव्य स्वागत
स्वदेशी जागरण मंच, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित अंतर्राज्यीय उत्तर प्रदेश–उत्तराखंड स्वदेशी संकल्प यात्रा का काशी में शुक्रवार को भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा शाम को लमही–पांडेपुर से आगे लालपुर–आजमगढ़ रोड स्थित एक कॉलेज तक पहुंची, जो पूर्वी उत्तर प्रदेश में काशी क्षेत्र का प्रथम पड़ाव रहा। काशी आगमन पर स्वदेशी जागरण मंच के संघर्ष वाहिनी प्रमुख काशी प्रांत शैलेंद्र पांडे के नेतृत्व में यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर महानगर संयोजिका कविता मालवीय, महानगर सह-संयोजक नवीन सिंह एवं नीरज चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी के संकल्प को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यात्रा का उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया।
बीएचयू मंच कला संकाय की सहायक आचार्य डॉ. सुप्रिया शाह को सहजानंद सरस्वती सेवा श्री सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया है। सम्मान की प्राप्ति पर डॉ. शाह ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और गौरव का अनुभव है।
डॉ. शाह को यह सम्मान डॉ. श्वेता राय, संस्थापक निदेशक, स्वरात्मिका फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में प्रदान किया गया। इस अवसर पर राम बहादुर राय (पद्म भूषण), अध्यक्ष, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, अशोक भगत (पद्मश्री) तथा अनेक प्रतिष्ठित विद्वान उपस्थित रहे।
यह सम्मान उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने शिक्षा, संस्कृति, सेवा एवं राष्ट्र-निर्माण के क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है। यह सम्मान सांस्कृतिक संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार और स्वरात्मिका फाउंडेशन ट्रस्ट, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में राजगुरु मठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी आत्मानंद सरस्वती के औपचारिक अनुमोदन से दिया गया।
पुलिसिंग के अनुभव के लिए 155 छात्रों ने किया रजिस्ट्रेशन
कमिश्नरेट में स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग कार्यक्रम का शुक्रवार को विभिन्न थानों पर शुभारंभ हुआ। युवाओं को पुलिसिंग के व्यावहारिक अनुभव देने, कानून व्यवस्था की समझ विकसित करने और सामुदायिक सेवा की भावना को मजबूत करने के लिए डिजाइन किया गया है। 155 छात्रों का पोर्टल पर शत-प्रतिशत रजिस्ट्रेशन हुआ।
एडीसीपी महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव ने बताया कि अपराध रोकथाम, ट्रैफिक प्रबंधन, साइबर सुरक्षा व आपदा प्रबंधन जैसे बहुआयामी क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला एनएसएस अधिकारी डॉ. अभिषेक दत्त त्रिपाठी, उप निरीक्षक हिमांशु त्रिपाठी, प्रांजल के अथक प्रयासों से कार्यक्रम हुए। पुलिस मुख्यालय लखनऊ के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने एसपीईएल-3.0 कार्यक्रम की समीक्षा की और कमिश्नरेट वाराणसी की उत्कृष्ट तैयारी की सराहना की।
36 केंद्र पर सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा आज, 21562 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा 2026 जिले में शनिवार और रविवार को होगी। शनिवार को 36 केंद्रों पर 21,562 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दोनों दिनों की परीक्षा के लिए 750 शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन शनिवार और रविवार को दो दिन किया जाएगा। शनिवार को 36 केंद्रों पर 21,562 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर डबल लेयर फ्रिस्किंग (पुलिस और कार्यकारी संस्था दोनों द्वारा जांच) अनिवार्य होगी।
स्टैटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट की सीधी निगरानी में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल, पर्ची या अन्य अनुचित सामग्री लेकर कक्षा में प्रवेश न कर सके। परीक्षा शुरू होने के 45 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य है। सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहेंगे। एसटीएफ और एलआईयू की टीमें सक्रिय रहेंगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सॉल्वर गैंग पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।
कैलाश मठ में शिव पुराण और ‘त्रिपुरारी कथा’ में हिंदू एक हो का आह्वान
कैलाश मठ में चल रहे श्री शिव महापुराण कथा के छठे दिन ‘त्रिपुरारी कथा’, सनातन एकता और काशी महात्म्य का दिव्य वर्णन किया गया। महामण्डलेश्वर स्वामी आशुतोषानंद गिरि जी महाराज के सानिध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने कथाओं को सुना। श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिकता के साथ भक्तों ने कथा को सुना। कथा में आशुतोषनंद गिरी की ओर से कमलाक्ष और उसके भाई तारकाक्ष के साथ ही विद्युन्माली की दिव्य कथा का वर्णन किया गया। इसे ‘त्रिपुरारी कथा’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने जातिगत भेदभाव को त्यागकर “हिंदू–हिंदू एक हो” का आह्वान किया। कहा कि सनातन धर्म की शक्ति उसकी एकता में निहित है। जब तक समाज जाति और भेदभाव में बंटा रहेगा, तब तक धर्म की रक्षा संभव नहीं है। काशी केवल तीर्थ नहीं, बल्कि मोक्षदायिनी नगरी है।
बौद्ध भिक्षुओं ने की धर्म चक्र पूजा, विश्व शांति के लिए जले 3 हजार धम्म दीप
भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली में सात दिवसीय धम्म पूजा के दूसरे दिन सैकड़ों बौद्ध भिक्षुओं ने शुक्रवार की दोपहर धमेख स्तूप की परिक्रमा कर विश्व शांति और कल्याण के लिए दो घंटे तक पूजा की। आज की पूजा व पाठ थाई बौद्ध बिहार के भिक्षु मांगलिको के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इससे पूर्व दिनभर मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में पूजा जारी रही।
अंतरराष्ट्रीय धर्म चक्र पूजा समिति और महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में सात दिनों तक चलने वाली धर्म चक्र पूजा के दूसरे दिन की शुरुआत देशना पाठ से हुई। दोपहर लगभग 1 बजे सोसाइटी के महासचिव भिक्षु पी. शिबली थेरो के नेतृत्व में सैकड़ों बौद्ध भिक्षु कतारबद्ध होकर धमेख स्तूप पहुंचे और स्तूप की परिक्रमा कर दो घंटे तक पूजा की। इसके पूर्व सुबह से शाम तक मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में पूजा चलती रही।
शाम को बोधि वृक्ष का परिक्रमा कर विश्व में शांति का प्रकाश फैलाने के लिए पूरे मंदिर प्रांगण में 3 हजार दीपदान कर जगह-जगह रोशनी की गई। इस पूजा में वियतनाम, कम्बोडिया, म्यांमार, थाईलैंड, जापान, श्रीलंका, तिब्बत, भूटान, कोरिया सहित अन्य देशों के बौद्ध भिक्षु और भिक्षु आर. सुमित्ता नन्द थेरो, भिक्षु चंदिमा, भिक्षु टाग, भिक्षु नागवंसा सहित अन्य भिक्षु शामिल हुए।
बरेका कर्मचारी परिषद चुनाव में संयुक्त सचिव के लिए पांच का नामांकन
बरेका कर्मचारी परिषद चुनाव(सत्र 2025-28) में संयुक्त सचिव पद के लिए पांच लोगों ने नामांकन किया है। इसमें कर्मशाला 1 से प्रदीप कुमार यादव, 3 से मनीष कुमार सिंह, 4 से धर्मेंद्र कुमार सिंह और 5 से अमित कुमार के साथ ही सिविल एवं विविध-08 से श्रीकांत यादव ने नामांकन पत्र भरा है। पिछले दिनों हुए मतदान में कर्मचारी परिषद के जिन आठ सदस्यों का निर्वाचन हुआ था, उन्हीं की ओर से एक संयुक्त सचिव का चुनाव किया जाना है।