फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News Today Accident two people died one and half lakh rupees defrauded in name of updating Paytm

Varanasi News Today: वाराणसी में हादसे...दो लोगों की मौत, पेटीएम अपडेट करने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी

Sat, 11 Oct 2025 05:56 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Sat, 11 Oct 2025 05:56 AM IST
सार

Varanasi News: वाराणसी में विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में दो लोगों ने अपनी जान गंवा दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, जालसाज ने पेटीएम अपडेट करने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी कर दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi News Today Accident two people died one and half lakh rupees defrauded in name of updating Paytm
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

Varanasi News in Hindi: मिर्जामुराद नेशनल हाईवे पर 10 सितंबर की रात 8 बजे सड़क पार कर रहे खजूरी निवासी लौटूराम बिंद को वाहन ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। एक महीने बाद गुरुवार को पुत्र राजेंद्र प्रसाद बिंद मिर्जामुराद थाने पहुंचे और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि रोड किनारे लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

विज्ञापन


हादसे में मजदूर की मौत
जंसा थाना क्षेत्र के परमपुर गांव निवासी श्याम बहादुर उर्फ मग्गू (38) पुत्र स्वर्गीय बालकिशन शुक्रवार को सुबह घर से मजदूरी करने राजातालाब की तरफ गया था। देर रात 10 बजे वापस घर जा रहा था। जैसे ही क्रिकेट स्टेडियम के पास ओवरब्रिज पर पहुंचा कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी बाजार ले गई, जहां डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को अपने साथ लेकर रिंग रोड पहुंच गए और चक्काजाम करने की प्रयास किया लेकिन पुलिस ने रोक दिया।

विज्ञापन

छात्रा की मौत के मामले में छात्र अधिष्ठाता कार्यालय के बाहर हंगामा
बीएचयू के महिला महाविद्यालय में बीए सेकंड ईयर की छात्रा प्राची सिंह की मौत के मामले को लेकर छात्र अधिष्ठाता कार्यालय के बाहर हंगामा और विरोध प्रदर्शन हुआ। शुक्रवार को छात्रों को जबरन गेट पर रोका गया। छात्र-छात्राओं डीन ऑफ स्टूडेंट्स प्रो. एके नेमा से मिलने की जिद पर अड़े रहे। काफी देर तक विरोध और धक्कामुक्की के बाद छात्रों को प्रो. नेमा से मिलवाया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासानिक लापरवाही के चलते मौत हुई है। इससे छात्राओं की सुरक्षा पर सवाल उठ रहा है।

जमीन के विवाद में दो पक्ष भिड़े, दो घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के अदमापुर गांव में शुक्रवार सुबह जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष से संजय कुमार, राजू सोनकर और बेबी देवी घायल हो गए। घायल राजू सोनकर ने गांव के दिनेश, बिक्की, जमुना और जैन के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।

पेटीएम अपडेट करने के नाम पर डेढ़ लाख की ठगी
जालसाज ने पेटीएम अपडेट करने के नाम पर आवश्यक कागजात लेकर 1.45 लाख का लोन लिया। फिर डेढ़ लाख की ठगी की। शशिकांत सिंह निवासी बाबतपुर ने बताया कि वह बाजार में चाय की दुकान चलाते हैं। कुछ दिन पहले एक युवक उनकी दुकान पर आया और खुद को पेटीएम कंपनी का कर्मचारी बताया। शशिकांत से कहा कि उन्हें अपना पेटीएम अपडेट करना होगा। 

जालसाज ने शशिकांत से उनका आधार नंबर और ओटीपी मांगा। तीन बार एक-एक रुपये भेजकर शशिकांत का भरोसा जीता। इसके बाद पेटीएम बॉक्स और सिम लेकर चला गया। 5 अक्तूबर को शशिकांत के मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें बताया गया कि उनके नाम पर 1.45 लाख का लोन स्वीकृत हुआ है। 

जांच करने पर पता चला कि यह रकम बड़ागांव स्टेट बैंक खाते में जमा हुई थी, जिसे जालसाज ने तुरंत निकाल लिया था। पीड़ित ने शुक्रवार को बड़ागांव थाना व साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि कि मामला संज्ञान में नहीं है। कोई भी प्रार्थना पत्र नहीं मिला है।

विज्ञापन

1.12 लाख की धोखाधड़ी में मुकदमा दर्ज करने का आदेश
जमीन बेचने के नाम पर 1.12 लाख की धोखाधड़ी कर हड़पने के मामले में अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय श्रीकांत गौरव की अदालत ने विनोद कुमार विश्वकर्मा व प्रमोद कुमार विश्वकर्मा समेत अन्य लोगों पर लंका पुलिस को मुकदमा दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया। 

वादी के अनुसार विपक्षी विनोद, प्रमोद व प्यारी देवी ने वादी और उसकी पत्नी को मौजा भगवानपुर में 2720 वर्गफीट जमीन 1.12 लाख में विक्रय की। वादी कब्जा लेने पहुंचा तो पता चला कि जमीन पहले ही किसी अन्य को विक्रय कर दी थी। बावजूद धोखाधड़ी कर जमीन बेचकर 1.12 लाख हड़प लिए।

फुलवरिया पुल पर लगे टायर किलर से ट्रैक्टर निकालने वाले चालक पर होगा मुकदमा
इसी महीने फुलवरिया पुल के वन वे पर वाहनों को एक तरफ से रोकने के लिए पुलिस ने टायर किलर लगवाए थे। शनिवार को एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें एक ट्रैक्टर चालक ट्राली सहित उससे निकाल रहा है। पुलिस अब ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने जा रही है।

वायरल वीडियो में ट्रैक्टर चालक धीमी गति से ट्रैक्टर टायर किलर से निकाल लेता है। कुछ बाइक चालक भी धीमी गति से बाइक निकालते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। पुलिस ऐसे लोगों को चिन्हित करेगी जो उस वन वे पर लगे टायर किलर के ऊपर से वाहन निकाल रहे हैं। सबके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

भाई-भाभी ने पीटा, मुकदमा दर्ज
शिवपुर के लमही गांव में बुधवार सुबह दो पक्षों के बीच विवाद के मारपीट हो गई। अधिवक्ता राजेश प्रजापति ने आरोप लगाया कि चचेरे भाई दिलीप कुमार प्रजापति उर्फ गुड्डू और उनकी पत्नी उर्मिला देवी ने गालीगलौज कर उन्हें व उनके परिवार को मारा। बीचबचाव करने पर उर्मिला ने ईंट से हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। जेब में रखे 5,000 रुपये भी निकाल लिए। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दिलीप कुमार प्रजापति और उनकी पत्नी उर्मिला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 

अश्लील टिप्पणियां करने वाला युवक गिरफ्तार
मंडुवाडीह पुलिस और मिशन शक्ति की ओर से एंटी रोमियो टीम ने कार्रवाई कर एक युवक को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सब्जी मंडी में एक व्यक्ति महिलाओं और लड़कियों पर अशोभनीय टिप्पणियां कर रहा है। कस्बा चौकी इंचार्ज राहुल कुमार सिंह और मिशन शक्ति टीम ने विकास पुत्र बिंदु पटेल निवासी तुलसीपुर मंडुवाडीह को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पटाखों का अवैध भंडारण किया तो होगी कार्रवाई
अपर पुलिस आयुक्त शिव हरी मीणा के नेतृत्व में शुक्रवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर धाम से दालमंडी क्षेत्र में अवैध पटाखा भंडारण के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने पटाखों की दुकानों का निरीक्षण किया। फायर सेफ्टी उपकरणों की जांच की गई। कई स्थानों पर खराब और एक्सपायरी डेट के उपकरण मिले। दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई। इस दौरान डीसीपी गौरव बंशवाल, चौक थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा, दशाश्वमेध थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे।

छात्र के साथ मारपीट में तीन पर केस
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के बीए तृतीय वर्ष के छात्र मिहिर कुमार की तहरीर पर अंशुमान चौबे, शुभम साहू, प्रिंस मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि आठ अक्तूबर को मित्र के साथ लंका में किसी काम से गया था। आरोपी 10-12 साथियों के साथ पहुंचा और कड़ा, फाइटर व चाकू से हमला कर दिया। उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।

छात्र को मारी टक्कर, चढ़ाया ऑटो, केस
चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर निवासी छात्र गुरुवार को बीएचयू के केंद्रीय विद्यालय से साइकिल से वापस लौट रहा था। सुंदरपुर में ऑटो चालक तेज गति से आया और छात्र को टक्कर मारते हुए कुछ दूर तक घसीटा। उसके बाद चालक ने भागने के चक्कर में छात्र पर ऑटो चढ़ा दिया। स्थानीय लोगों ने छात्र को बचाया। पुलिस ने छात्र के पिता सुशील कुमार की शिकायत पर ऑटो नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है।

लापता बालक को तीन घंटे में खोजा
लोहता कस्बा के रहने वाले सलीम का बेटा शुक्रवार को कहीं लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल पाया। हारकर पुलिस के पास पहुंचे। थानाध्यक्ष निकिता सिंह के निर्देशन में कस्बा इंचार्ज ऋतुराज मिश्रा ने तीन घंटे में बालक को खोज लिया।

बच्चों पर छीटाकशी का विरोध किया तो दी गालियां
चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा सुंदरपुर निवासी लखी देवी ने पड़ोसी जितेंद्र पटेल पर मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जितेंद्र पटेल नशे में धुत हो कर अपशब्दों का प्रयोग कर रहा था। बच्चों पर छींटाकशी की, मैंने विरोध तो जान से मारने की धमकी देते हुए गालियां देने लगा। बताया कि आरोपी आए दिन ऐसा करता है। थाना प्रभारी चितईपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

चांदपुर, लोहता में आज 4 घंटे कटेगी बिजली
लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क चौड़ीकरण का काम करवाया जा रहा है। इस कार्य में बीच सड़क आ रहे पोल, तार को हटाने के लिए बिजली निगम की ओर से शनिवार से चांदपुर और टाउन 3 फीडर से शटडाउन लिया जाएगा। इसके लिए सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चांदपुर, धमरिया, लोहता सहित आसपास के इलाके में बिजली गुल रहेगी।

ड्रग वेयर हाउस से लिए कफ सिरप के छह सैंपल
मध्य प्रदेश में मिलावटी कफ सिरप के पीने से बच्चों की मौत के बाद वाराणसी समेत अन्य जिलों में अभियान चलाकर सैंपल लिए जा रहे हैं। शुक्रवार को औषधि निरीक्षक जुनाब अली की अगुवाई में शिवपुर के यूपी मेडिकल कार्पोरेशन लिमिटेड के ड्रग वेयर हाउस पहुंचकर जांच की गई। छह सैंपल लेकर जांच के लिए लखनऊ के लैब में भेजा। बताया कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। 

अवैध प्लॉटिंग कराने वाले पर एफआईआर
वीडीए की ओर से शुक्रवार को अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ रोहनिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि नगवां वार्ड के मिसिरपुर पंडितपुर में तीन बीघे की अवैध प्लॉटिंग हो रही थी। शिकायत पत्र ज्योति अग्रवाल ने दिया था।

पाया गया कि अज्ञात की ओर से बिना तल पट मानचित्र स्वीकृत कराए 3 बीघा भूमि में अवैध प्लॉटिंग की गई थी। प्राधिकरण ने पूर्व में ध्वस्तीकरण का आदेश दिया था। निर्धारित अवधि बीतने पर अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त न करने पर कार्रवाई होगी। रोहनिया थाने में जोनल अधिकारी संजीव कुमार, अवर अभियंता आदर्श निराला की ओर से एफआईआर कराई गई। 

शादी का झांसा देकर युवती ले भागा, केस
जैतपुरा थाना क्षेत्र के कुंती बिहार कॉलोनी में युवती को पड़ोसी शादी का झांसा देकर घर ले गया। युवती की मां ने जैतपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मां ने पुलिस को बताया कि 9 अक्तूबर 2025 को 20 साल की बेटी को ड़ोसी सोनू साथ ले गया। आरोप लगाया कि सोनू ने पहले बेटी से दोस्ती की, फिर विवाह का झांसा देकर साथ ले गया। थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों की खोज की जा रही है।

पार्षद समेत तीन भाइयों को पीटा, केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के भोगबीर निवासी पूजा सिंह की शिकायत पर रणधीर सिंह और पत्नी स्वीटी सिंह के खिलाफ मारपीट और गालीगलौज सहित अन्य मामलों में केस दर्ज कराया है। पूजा ने पुलिस को बताया कि 8 अक्तूबर को सुबह 8 बजे जेठ रणविजय घर में बनी दुकान पर कपड़ा डाल रहे थे। इस दौरान आरोपी ने चाय बनाने वाले पैन से पीछे से कई बार सिर पर हमला किया। जेठ वही गिर गए। 

मेरे शोर मचाने पर दूसरे जेठ और दुर्गाकुंड के पार्षद अक्षयबर सिंह और पति शक्ति सिंह बीच बचाव करने पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें भी ईंट से मारकर घायल कर दिया। जेठ अक्षयबर के गले से सोने की चेन भी छीन ली। थाना प्रभारी लंका राजकुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

महिलाओं पर फब्तियां कस रहे युवक को पकड़ा
कोतवाली थाना क्षेत्र के मैदागिन में हरिश्चंद्र पार्क में महिलाओं पर कमेंट कर रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक रोशनी नरवरिया टीम के साथ गश्त कर रही थीं। सूचना मिली कि युवक पार्क में टहल रही महिलाओं पर फब्तियां कस रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और काली महल मुगलसराय (चंदौली) निवासी रामबाबू को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर कोतवाली दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अभद्र व्यवहार और शांति भंग की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 

बाजार में कर रहा था स्टंट, युवक गिरफ्तार
फूलपुर पुलिस ने वाहन की चेकिंग के दौरान बाइक से स्टंट करने वाले युवक को फूलपुर बाजार से गिरफ्तार किया। उसकी पहचान गोरख उर्फ राजन निवासी फूलपुर के रूप में हुई है। बाजार में लोग खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने स्टंट शुरू कर दिया। इससे बाजार में भगदड़ मच गई। इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि युवक को रात में निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। 

घर में घुसकर महिला से मारपीट, केस
आदमपुर थाना क्षेत्र के कोनिया में विजईपुरा निवासी पिंकी सोनकर को पड़ोसी ज्योति समेत एक अन्य व्यक्ति ने घर में घुसकर ईंट-पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। पिंकी ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि मामूली बात को लेकर पड़ोसियों ने मारपीट की है। इंस्पेक्टर आदमपुर विमल मिश्रा ने बताया कि घायल महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

बागेश्वरी वार्ड में गली निर्माण का विधायक ने किया शिलान्यास
पूर्व मंत्री व शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने शुक्रवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र के मां बागेश्वरी वार्ड में गली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य के तहत क्षेत्र की समस्त बाहरी एवं आंतरिक गलियों में स्मार्ट चौका लगाने का कार्य किया जाएगा। त्वरित आर्थिक विकास निधि से होने वाले कार्य की लागत करीब 82 लाख आएगी। इसे ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से कराया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व महानगर उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता, मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप चौरसिया, पार्षद विवेक जायसवाल आदि मौजूद रहे।

कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे सीडीओ, पर्यटन बूथ की ली जानकारी
कैंट रेलवे स्टेशन पर बनने वाले नए इंटीग्रेटेड पर्यटन बूथ जिस जगह पर बनाया जाना है, उसे देखने सीडीओ हिमांशु नागपाल शुक्रवार को दोपहर में पहुंचे। यहां उन्होंने स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता से जानकारी ली। दोनों अधिकारियों ने सर्कुलेटिंग एरिया, एक स्टेशन एक उत्पाद स्टाॅल, प्लेटफॉर्म एक पर बने प्रीमियम लाउंज, एग्जीक्यूटिव लाउंज का निरीक्षण कर यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि यात्रियों को और बेहतर अनुभव देने तथा यात्री सुविधा में बढ़ोतरी के लिए इंटीग्रेटेड पर्यटन बूथ बनाया जा रहा है। 

पेंशन बहाली रैली में शामिल होंगे लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी
उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग मिनिस्ट्रीरियल एसोसिएशन का 41वां महाधिवेशन और चुनाव लखनऊ में 23 और 24 अगस्त को संपन्न हुआ था। इस अधिवेशन में प्रदेश स्तर पर संगठन को अधिक गतिशील और प्रभावशाली बनाए रखने के उद्देश्य से वाराणसी जिले से विनय कुमार गौतम को 3040 मिनिस्ट्रीरियल एसोसिएशन का प्रांतीय उपाध्यक्ष नामित किया गया था। 

शुक्रवार को एसोसिएशन वाराणसी के संघ भवन में नवनिर्वाचित व् नामित पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इस दौरान सदस्यों से अनुरोध किया गया कि वह आगामी आठ नवंबर को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेंशन बहाली के समर्थन में आयोजित रैली में सक्रिय रूप से शामिल हों। कार्यक्रम में हितेंद्र नारायण भट्टाचार्य, सतीश गुप्ता, कांति तिवारी, अरुण पाठक आदि मौजूद रहे। 

महिला अधिकारों की दी जानकारी
बाबतपुर बाजार के एक लाॅन में पुलिस की ओर से जागरूकता कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल ने महिलाओं, छात्राओं को योजनाओं की जानकारी दी। लैंगिक अपराध से बचाव के लिए सरकार के हेल्पलाइन नंबरों और थानों में महिला हेल्प डेस्क सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। 

काशी विद्यापीठ में स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए होगी पूल काउंसिलिंग
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2025-26 में स्नातकोत्तर, डिप्लोमा स्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में तीन चरण में काउंसिलिंग करवाने के बाद भी सीट नहीं भर पाई है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से पूल काउंसिलिंग करवाने का निर्णय लिया गया है। कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय ने बताया कि स्नातकोत्तर की रिक्त सीटों पर पूल काउंसिलिंग के लिए 12-13 अक्तूबर को पोर्टल खोला जाएगा। इसमें वहीं अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिनके द्वारा पूर्व में ऑनलाइन आवेदन किया गया है। इस बारे में विस्तृत जानकारी वेबसाइट से ली जा सकती है।

रोजगार मेले में 14 युवाओं को जॉब ऑफर
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में शुक्रवार को रोजगार मेला लगा। छह कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में 78 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। साक्षात्कार के बाद 14 युवाओं को नौकरी मिली। सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने उन्हें जॉब ऑफर दिया। कहा कि ईमानदारी और मेहनत से काम करें, आगे और सफलता मिलेगी। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि युवाओं को बैंक, सेल्समैन, सिक्यूरिटी गार्ड आदि पदों पर नौकरी मिली है। 

डॉ. तरुण ने बताई कोलन पुलअप की बारीकियां
आईएमएस बीएचयू के सर्जिकल आंकोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. तरुण कुमार ने ब्रिस्बेन में आयोजित रोगों के शोध और शल्य चिकित्सा नवाचार के बारे में बताया। 18 से 20 सितंबर तक आयोजित इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर डिजीजेज ऑफ द एसोफैगस (आईएसडीई) कांग्रेस में डॉ. तरुण कुमार ने कहा कि ग्रासनली या भोजन नली कैंसर की सर्जरी में, कैंसर से प्रभावित पूरी नली निकाल दी जाती है। 

हालांकि, यह अंग मुंह से पेट तक भोजन पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए इसका पुनर्निर्माण आवश्यक हो जाता है। पारंपरिक रूप से, सर्जन पेट को एक ट्यूब का आकार देकर निरंतरता बहाल करते हैं, ताकि मरीज सामान्य रूप से खा सके। लेकिन, 1-2 प्रतिशत मामलों में यह तरीका विफल हो जाता है। 

खासकर ऐसी परिस्थिति में जब पेट भी कैंसर से ग्रस्त हो या उसकी पहले कोई सर्जरी हुई हो, ऐसी दुर्लभ और जटिल स्थितियों में कोलन (बड़ी आंत) का उपयोग एक नया मार्ग बनाने के लिए किया जाता है। इसे कोलन पुलअप कहते हैं। यह एक तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया है जिसमें असाधारण शल्य कौशल की आवश्यकता होती है।

बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की एडी बेसिक ने की समीक्षा
वाराणसी समेत मंडल के जौनपुर, गाजीपुर और चंदौली में बेसिक शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की शुक्रवार को एडी बेसिक हेमंत राव ने समीक्षा की।विद्यालयों का सुदृढ़ीकरण, समग्र शिक्षा अंतर्गत उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालयों में स्वीकृत फर्नीचर की उपलब्धता की प्रगति, जर्जर विद्यालयों की नीलामी की प्रगति, पीएम श्री विद्यालयों में कराए गए निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति आदि के बारे में सभी जिलों के बीएसए ने बताया। 

एडी बेसिक ने सभी बीएसए को उनके जिलों में योजनाओं के सही ढंग से क्रियान्वयन और शिक्षा में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि आगामी 14 अक्तूबर को महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक की समीक्षा बैठक प्रस्तावित है। 

इसमें वाराणसी मंडल के सभी जिलों के बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारी और सहायक वित्त एवं लेखाधिकारियों को शामिल होना है। बैठक में बीएसए वाराणसी अनुराग श्रीवास्तव, जौनपुर बीएसए गोरखनाथ पटेल, चंदौली बीएसए सचिन कुमार तथा खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय गाजीपुर आलोक कुमार मौजूद रहे। 

समाज में प्रेम व मानवीय मूल्यों का प्रसार करें
साई उत्सव वाटिका में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में चौथे दिन शुक्रवार को असम के राज्यपाल लक्ष्मण आचार्य पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ का पूजन किया। भगवान श्रीकृष्ण की आरती उतारी। राज्यपाल ने कथावाचक कृष्णदास महाराज को अंगवस्त्र देकर उनका आशीर्वाद लिया। लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सद्भाव, सेवा और संस्कारों को सशक्त करने का प्रेरक माध्यम है। 

कथावाचक ने भक्ति और कर्म के महत्व का वर्णन किया। कहा कि भागवत का कथा सुनना जीवन को शुद्ध और सकारात्मक बनाने का सर्वोत्तम माध्यम है। कथा सुनने एमएलसी धर्मेंद्र राय, शैलेंद्र किशोर पांडेय मधुकर, रितेश पाल, रामकुमार यादव, अंकित राय, राजकुमार सिंह, आयोजक मुरारी लाल यादव आदि रहे।

प्रेम से पुकारो तो स्वयं आ जाते हैं ईश्वर: अवधेश महाराज
नौ दिवसीय संगीतमय श्रीरामकथा में शुक्रवार को पुष्पवाटिका गिरिजा पूजन प्रसंग जीवंत हुआ। कथाव्यास अयोध्या धाम के अवधेश महाराज ने बालकांड के मधुर प्रसंग को अपनी ओजस्वी वाणी से भक्ति, प्रेम और सौंदर्य से सभी को सराबोर कर दिया। 

आवास विकास एवं क्षेत्रीय काॅलोनी समिति की ओर से दौलतपुर मार्ग स्थित भक्ति पार्क के गेट नंबर दो के पास चल रही कथा में उन्होंने कहा कि ईश्वर प्रेम के वशीभूत हैं, जो उन्हें सच्चे भाव से पुकारता है, वहां वे स्वयं चले आते हैं। संचालन अनिल कुमार सिंह ने किया। कथा श्रवण करने डॉ. बेनीमाधव, डॉ. गंगाधर, राकेश रघुवंशी, राम दर्शन सिंह, शिव कुमार राय, सुनील कुमार सिंह आदि पहुंचे थे।

ब्रह्मज्ञान के बांध से रोक सकते हैं युवाओं में आईं बुराइयां
दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से चौबेपुर स्थित एक स्कूल के खेल मैदान में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शुक्रवार को साध्वी स्वाति भारती ने गोवर्धन पूजन, सुदर्शन उद्धार, कंस वध आदि प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि नदी के जल पर बांध बनाकर कई सकारात्मक कार्य किए जा सकते हैं, लेकिन बांध के अभाव में यह किनारों की मर्यादा तोड़ बाढ़ जैसी विभीषिका को जन्म देती है। 

आज समाज में युवाओं की ऊर्जापूर्ण नदी के साथ भी यही हो रहा है। नशाखोरी, अश्लीलता, चरित्रहीनता जैसे व्यसन उनके जीवन में आ चुके हैं। ब्रह्मज्ञान के बांध द्वारा युवाओं की अपरिमित ऊर्जा को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। कथा श्रवण करने विधायक त्रिभुवन राम, भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष रामप्रकाश सिंह बीरू, जीत्तू सिंह, प्रवीण यादव, डॉ. शैलेंद्र पांडेय, डॉ. एके पांडेय, कुमुद उपाध्याय, दीनानाथ बरनवाल आदि पहुंचे थे।

दीपावली को ध्यान में रखकर सफाई की बनी कार्ययोजना
दीपावली को ध्यान में रखकर नगर निगम ने सफाई की कार्ययोजना बनाई है। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसके चौधरी को निर्देश दिया है कि दीपावली पर निकलने वाले कूड़े का निस्तारण की कार्ययोजना बना लें। सभी वार्ड में बीटवार सफाई कर्मचारियों की तैनाती कर लें। इनका पर्यवेक्षण कर लिया जाए। ताकि समय पर किसी प्रकार की अड़चन न आने पाए। इसके लिए सभी जोनल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों व सुपरवाइजराें को कहा गया है। कूड़ा निस्तारण केंद्र पर भी पूरी व्यवस्था कराने को कहा गया।

हालैंड के सनातनी काशी में 12 दिनों तक करेंगे साधना
इंटरनेशनल वेदांत सोसाइटी के स्वामी प्रबुद्धानंद पूरी महाराज से हॉलैंड के 30 लोग सनातन की दीक्षा लेकर के काशी पहुंचे। वह काशी में 12 दिनों तक आध्यात्मिक विकास के लिए साधना करेंगे। दीपावली पर भी विदेशी अनुयायी ब्रह्मचर्य की दीक्षा लेंगे।

सोसाइटी के महासचिव स्वामी प्रबुद्धानंदपुरी महाराज ने बताया कि नवरात्र में नीदलैंड में लोगों ने सनातन धर्म की दीक्षा ली और सनातन धर्म, संस्कृति और इसके महान संतों के आदर्शों को के प्रचार प्रसार के लिए संकल्प लिया था। बताया कि अभी यूरोप के स्पेन, हॉलैंड, इंग्लैंड और इंडोनेशिया, हांगकांग आदि देशों में सोसाइटी की शाखाओं में सत्संग के साथ भागवत गीता, वेदांत, उपनिषद, सनातन धर्म की शिक्षाओं प्रसार कर रहे हैं। एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत हुआ। इसके बाद वह दशाश्वमेध स्थित सोसाइटी के आश्रम पर पहुंचे, जहां पर मां दुर्गा व काली का विधिवत पूजा की। बुधवार को काशी अनुयायी का दल आया था।

भागवत कथा से समाज में फैली कुरीतियां होंगी दूर: आचार्य तुंगनाथ
आचार्य तुंगनाथ त्रिपाठी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं जीवन दर्शन का ज्ञान कराती है, जिससे भक्तों को आध्यात्मिक सुख, शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। कलयुग में यह कथा जीव के मोक्ष प्राप्ति का सबसे उत्तम उपाय है।

नैपुरा कला (बीएचयू) स्थित एक लॉन में शुक्रवार को शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा के पूर्व सुबह महिलाओं ने कलशयात्रा निकाली, जो विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर कथा स्थल पहुंचीं, जहां उन्होंने कलश स्थापना हुई। दोपहर बाद कथा शुरू हुई। कथाव्यास ने कहा कि भागवत कथा से हम समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर सकते हैं। युवा पीढ़ी को इससे अधिकाधिक जुड़ना चाहिए, तभी मजबूत समाज की स्थापना होगी। 

उन्होंने कहा कि कथा अमृतपान करने वाले मृत्यु को प्राप्त नहीं करते हैं, बल्कि ज्ञान से वह मृत्यु को पार कर जाते हैं। अज्ञान और भय ही मृत्यु है। प्रारंभ में व्यासपीठ का पूजन व आरती रामदुलार यादव ने की। कथा 15 अक्तूबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शुरू होगी। शोभायात्रा में कन्हैयालाल, शोभा, शिवनरेश, जयश्री, राजनाथ आदि शामिल रहे।

अभिनव श्रीवास्तव बने कायस्थ महासभा युवा संभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा की फुलवरिया स्थित जिला कार्यालय में हुई बैठक में अभिनव श्रीवास्तव को युवा संभाग का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। इस दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि अभिनव के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद कायस्थ समाज के युवाओं को एक नया आयाम मिलेगा। इस दौरान महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश श्रीवास्तव, आरुणी चंद्र सिन्हा, प्रदीप कुमार, मकरंद श्रीवास्तव, अभय श्रीवास्तव, योगेश श्रीवास्तव आदि ने अभिनव को युवा संभाग का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने पर प्रसन्नता जाहिर की।

न्यायिक प्रक्रिया जटिल नहीं बल्कि सरल और सुलभ होगी : जिला जज
द सेंट्रल बार एसोसिएशन व दी बनारस बार एसोसिएशन वाराणसी की तरफ से शुक्रवार को परिचय सम्मान समारोह में जिला जज संजीव शुक्ला का स्वागत किया गया। जिला जज ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया जटिल नहीं बल्कि सरल व सुलभ होगी। 

अगर हमारे अधीनस्थ अधिकारी अपने निर्णयों में पारदर्शिता नहीं रखते हैं तो उनके कार्यों की समीक्षा की जाएगी। उनके प्रति मिलने वाली शिकायतों की जांच कराई जाएगी। मामला सही पाए जाने पर न्यायिक कार्यवाही की जाएगी। हमारी मंशा न्याय दिलाने की है। न्याय की मंशा विफल करने की नहीं है। 

अधिवक्ताओं ने न्यायिक निर्णयों के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग रखी। साथ ही कहा कि अदालतों में न्यायिक अधिकारी समय से बैठें, यह भी सुनिश्चित होना चाहिए। अध्यक्षता द सेंट्रल बार के अध्यक्ष मंगलेश दुबे ने की। बनारस बार के अध्यक्ष सतीश तिवारी व महामंत्री शशांक ने स्मृति चिह्न भेंट किया।

144 किलो आटा, सूजी-मैदा, 50 हजार के 16 टिन सरसों तेल जब्त
वाराणसी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी खाद्य, पेय पदार्थों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। टीम ने मुकीमगंज, बढ़ालालपुर, भदैनी, राजातालाब, मातलदेई में 58 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। 20 प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर दूध, आटा, सूजी, पनीर, बिस्कुट, बर्फी, सरसों के तेल के 26 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। 50782 रुपये के सरसों के तेल और पांच हजार रुपये अधिक के आटा, सूजी और मैदा जब्त किए गए। 450 लीटर दूध नष्ट कराया गया। 

सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय/अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा कौशलेंद्र शर्मा की अगुवाई में आठ अक्तूबर से शुरू अभियान में शुक्रवार को भी अभियान चला। टीम ने मुकीमगंज के दुकान से नमूने लेने के साथ ही 50782 रुपये के 16 टिन सरसों के तेल जब्त किए। करखियांव में खाद्य प्रतिष्ठान से 1488 के 48 किलो आटा, 1488 रुपये के 48 किलो मैदा  और 1536 रुपये के 48 किग्रा सूजी जब्त  किए। टीम ने भदैनी कला, राजातालाब बिना खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण के संचालित डेयरी में गंदगी में रखे दूध व पनीर का नमूना लेने के बाद 450 लीटर दूध नष्ट कराया। 

भारत बड़ा बाजार, हमें स्वदेशी अपनाना होगा
स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि सरकार ने 25 प्रतिशत की खरीददारी एमएसएमई इकाइयों से करने के लिए प्रेरित किया है। ताकि स्वदेशी इकाइयों को बढ़ावा दिया जा सके। भारत खुद में ही बड़ा बाजार है। स्वदेशी अपनाकर हम इसको गति दे सकते हैं। हमें सभी के बीच वोकल फाॅर लोकल-लोकल फाॅर वोकल की चर्चा करनी होगी। 

राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय दोगुनी करने को लेकर खरीफ और रवि फसलों पर एमएसपी दरों में लगातार बढ़ोतरी कर रही है। सरकार ने 22 सितंबर को ही जीएसटी दरों को कम किया ताकि आने वाले त्योहारों में अर्थव्यवस्था को तेज गति मिल सके। स्वदेशी इकाइयों को भी इससे बड़े स्तर पर गति मिली है। कुम्हारों को मुफ्त में मिट्टी उपलब्धता सुनिश्चित की है। 

उन्होंने कहा कि स्वदेशी आंदोलन भारत के सबसे सफल पूर्व-स्वतंत्रता आंदोलनों में से एक था। बताया कि एमएसएमई की सहायता और कारोबार के नए अवसर के लिए चैंपियंस पोर्टल लॉन्च किया गया है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। छह करोड़ से अधिक एमएसएमई जीडीपी में 29 प्रतिशत और निर्यात में लगभग 50 प्रतिशत योगदान करते हैं। इस क्षेत्र में 11 करोड़ से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला हुआ है। 

10 से ज्यादा पुस्तकों का हुआ लोकार्पण
बीएचयू में सामाजिक विज्ञान संकाय के पूर्व डीन प्रो. कौशल किशोर मिश्रा की पहली पुण्यतिथि पर एक स्मारिका समेत 10 से ज्यादा किताबों का लोकार्पण किया गया। ‘कौशल स्मारिका’ में प्रो. मिश्र के जीवन, चिंतन और कार्यों पर आधारित लेखों का संकलन प्रकाशित किया गया। इस दौरान प्रो. कौशल किशोर मिश्र द्वारा लिखित ‘प्राचीन भारतीय राजनैतिक चिंतन का इतिहास’ का भी लोकार्पण किया गया। 

डीएवी के प्रो. अनूप कुमार मिश्र ने की नई किताब ‘संस्कृति और स्वदेशी अर्थनीति: आत्मनिर्भर भारत के भविष्य की पूंजी’ सहित प्रो. कौशल किशोर मिश्र की अन्य किताबों का भी लोकार्पण हुआ। मुख्य अतिथि मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि प्रो. कौशल किशोर मिश्र बनारस की आत्मा और एकात्म मानववाद के जीवंत प्रतीक थे। 

वे केवल राजनीति शास्त्र के आचार्य नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा और नैतिकता के संवाहक थे। आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने कहा कि कौशल किशोर का जीवन सरलता, सहजता और सच्ची बनारसी आत्मा का प्रतीक था। सामाजिक विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. अशोक उपाध्याय, अशोक पांडेय और डाॅ. भारती मिश्रा मौजूद रहीं। 

भागवत कथा से कुरीतियां होंगी दूर
आचार्य तुंगनाथ त्रिपाठी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और जीवन दर्शन का ज्ञान कराती है। इससे भक्तों को आध्यात्मिक सुख, शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। कलयुग में यह कथा जीव के मोक्ष प्राप्ति का सबसे उत्तम उपाय है। 

नैपुरा कला (बीएचयू) स्थित एक लॉन में शुक्रवार को शुरू हुई श्रीमद्भागवत कथा के पूर्व सुबह महिलाओं ने कलशयात्रा निकाली, जो विभिन्न इलाकों में भ्रमण कर कथा स्थल पहुंचीं, जहां उन्होंने कलश स्थापना हुई। कथाव्यास ने कहा कि भागवत कथा से हम समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर सकते हैं। कथा 15 अक्तूबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शुरू होगी। शोभायात्रा में कन्हैयालाल, शोभा, शिवनरेश, जयश्री, राजनाथ आदि शामिल रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed