Varanasi News Today: 175 वाहनों का चालान, 5 सीज, 16 पर मुकदमा; अजय राय ने सरकार-प्रशासन पर साधा निशाना
Varanasi News: वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस ने अभियान चलाकर सैकड़ों वाहनों पर कार्रवाई की। वहीं, कांग्रेस नेता अजय राय ने करंट लगने से हो रही मौतें को सरकार और प्रशासन की नाकामी बताया है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News in Hindi: वाराणसी पुलिस ने 112 स्थानों में 175 का चालान और सात वाहनों को सीज किया गया। स्टंटबाजी करने वालों 53 वाहनों का चालान कर दो को सीज किया गया। 34 वाहनों से काली फिल्म और 11 से हूटर व सात वाहनों से बत्ती हटवाई गई। 33 वाहनों पर लिखे शासकीय और जातिसूचक शब्द हटाए गए। 423 वाहन स्वामी की गलती मिलने पर कठोर चेतावनी दी गई।
एंटी रोमियो स्क्वाड ने स्कूल, कॉलेज, पार्क, भीड़ वाले 183 स्थानों पर चेकिंग की गई। 2909 लोगों को चेतावनी दी गई। 16 पर मुकदमा और चार को गिरफ्तार किया गया। 17 साल की बालिका का अपहरण करने वाले रोहित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। गाजीपुर से भटकी बालिका को लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस ने परिजनों को सुपुर्द किया।
करंट से हो रही मौतें सरकार और प्रशासन की नाकामी का सबूत
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि करंट लगने से हो रही मौतें सरकार और प्रशासन की नाकामी का सबूत हैं। स्व. हिमांशु सिंह की मृत्यु सरकारी भ्रष्टाचार और बिजली विभाग की घोर लापरवाही का परिणाम है। तेरह दिन बीत गए पर न दोषियों पर कार्रवाई हुई, न परिवार को मुआवजा मिला, न नौकरी का आश्वासन। यह सरकार जनता की जान की कोई कीमत नहीं समझती। अजय राय गुरुवार को बड़ी पियरी में हिमांशु के त्रयोदशी संस्कार में श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
बीते दिनों बरसात के दौरान करंट लगने से हिमांशु की मौत गई थी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कहीं सड़क पर गड्ढे में दुर्घटना तो कहीं खुले बिजली तार लोगों की जान ले रहे हैं। सरकार फोटो खिंचवाने और उद्घाटन की राजनीति में मशगूल है। कांग्रेस परिवार हिमांशु के परिवार के साथ है। इस दौरान महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, मनीष मोरोलिया, मनोज वर्मा मनु, अब्दुल हमीद डोडे, आरिफ अहमद मौजूद रहे।
कैंट रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया बांग्लादेशी युवक गया जेल
कैंट रेलवे स्टेशन पर 14 अक्तूबर को जिस बांग्लादेशी युवक को पकड़ा गया था, उससे आईबी, एटीएस, एलआईयू की टीम ने पूछताछ की। इस दौरान उसके पास से पासपोर्ट और वीजा नहीं मिला। लिहाजा जीआरपी थाने पर मुकदमा दर्ज करने के बाद उसको जेल भेज दिया गया।
जम्मूतवी हमसफर एक्सप्रेस 22317 से 14 अक्तूबर को यात्रा कर रहे युवक मो. लाशिद इस्लाम (19) को संदिग्ध अवस्था में जीआरपी स्कोर्ट ड्यूटी, टीटीई के सहयोग से पकड़ा गया। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि इसकी सूचना आईबी, एलआईयू, एटीएस को दी गई।
सुरक्षा एजेंसियों के पूछताछ में युवक ने अपना नाम बांग्लादेश के लालमुनी हाट कालीगंज थाना निवासी मो. लाशिद इस्लाम बताया। जब कोई वैध दस्तावेज पासपोर्ट और वीजा नहीं मिल पा। इस कारण विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में जीआरपी इंस्पेक्टर के साथ ही उपनिरीक्षक सुखबीर सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी सिंह मौजूद रहे।
मलबे, मीट मांस की दुकानों से गंदगी पर लगेगा जुर्माना, केस भी होगा
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियमावली 2016 और उत्तर प्रदेश ठोस अपशिष्ट नियमावली 2021 के तहत सख्त कार्रवाई होगी। मलबे, मीट मांस की दुकानों से होने वाली गंदगी, सीवर पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही एक से अधिक बार उल्लंघन होने पर एफआईआर होगी। दीपावली बाद चालान बुक आ जाएगी। नवंबर से बड़ा अभियान चलाया जाएगा।
100 से लेकर 5000 हजार रुपये का चालान किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर पर्यावरण संरक्षण के तहत कार्रवाई की जाएगी। पहले चरण में लोगों को जागरूक किया जाएगा। प्लॉट में कूड़ा, गंदगी और जलभराव मिलने पर प्लॉट मालिक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में निगरानी करें। किसी भी तरह की उल्लंघन होने पर कार्रवाई कर जुर्माना लगाया जाए।
युवती के गले से चेन छीन कर भागे बदमाश
तिब्बती बौद्ध मंदिर मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह युवती के गले से सोने की चेन छीनकर बदमाश भाग गए। सारनाथ की रहने वाली त्वरिता मिश्रा सुबह टहलने के लिए रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही थीं। सारंगनाथ कॉलोनी के गेट के आगे बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों ने पीछे से आकर युवती के गले से चेन छीन ली। थाना प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शनिवार को भी बेनीपुर के बैंक कॉलोनी में अंजनी सिंह की चेन बदमाश ने छीन ली थी।
तीन महीने में भंडार केंद्र से मिले 42 ट्रांसफॉर्मर
जिले में ट्रांसफार्मर में खराबी की वजह से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। बिजली निगम की ओर से ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने और मरम्मत करवाई जा रही है। मुख्य अभियंता राकेश पांडेय ने बताया कि वितरण खंडों की जरूरत के अनुसार नए ट्रांसफॉर्मर भंडार केंद्र में प्राप्त होते हैं। तीन माह में भंडार केंद्र से 25 केवीए के 42 ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराए गए। इस समय 11 ट्रांसफॉर्मर स्टोर में हैं।
चोरी के मामले में हुई दो साल की जेल
चोरी से जुड़े एक मामले में संकट मोचन क्षेत्र के निवासी सचिन राजभर को न्यायलय ने दो वर्ष जेल की सजा सुनाई। साथ ही 5 हजार का जुर्माना भी लगाया। सिगरा पुलिस और मॉनिटरिंग सेल की ओर से कार्रवाई कर सचिन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था।
दहेज मांगने, मारपीट के आरोपी को किया गिरफ्तार
दहेज और मारपीट के आरोपी राकेश रोशन को गुरुवार को मंडुआडीह पुलिस ने थाना परिसर से ही गिरफ्तार किया। पत्नी ने उस पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने के साथ गालीगलाैज और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बिजली कर्मियों ने घर पर स्मार्ट मीटर लगाने के विरोध में किया प्रदर्शन
बिजली निगम की ओर से बिजली कर्मियों के घर पर स्मार्ट मीटर लगवाने का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार को कर्मचारियों ने उपकेंद्रों, कार्यालयों पर प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर कर्मचारियों ने कहा कि बिना उपभोक्ताओं के सहमति के बिना ही पोस्टपेड कनेक्शन को प्रीपेड में बदला जा रहा है।
पोस्टपेड कनेक्शन आवेदन करने का विकल्प ही पावर कारपोरेशन द्वारा खत्म कर दिया गया है, जिसके कारण आम उपभोक्ताओं का 1 किलो वाट का कनेक्शन जो पहले 1570 रुपये में मिल जाता था वो अब 6414 रुपये का हो गया है। मीडिया सचिव अंकुर पांडेय ने बताया कि पांडेयपुर में मीटर लगाने गई टीम वापस हो गई। इस दौरान मायाशंकर तिवारी, आरबी यादव, रंजीत कुमार, रंजीत पटेल आदि लोगों ने कर्मचारियों के घर मीटर लगाने के फैसले को गलत बताया।
बंधक बनाई गई संपत्ति का फर्जी कागजात बनाकर बेचने के आरोपी को नहीं मिली जमानत
जिला अदालत ने जालसाजी करते हुए बंधक बनाई गई संपत्ति का फर्जी कागजात बनाकर बेचने के मामले में एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी को जमानत देने से इन्कार कर दिया। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश मृदुला मिश्रा ने साक्ष्यों का अवलोकन व सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अखिलेश सिंह बिसेन सिंह की दलीलों को सुनने के बाद दिया।
वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा निवासी शरद पांडेय पर प्रयागराज के सिविल लाइन थाने में एक हाउसिंग फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक ने मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया था कि शरद पांडेय लोन रिकवरी एजेंट के रूप में कार्य कर रहा था। इस दौरान उसने फर्जी कागजात बनाकर बंधक बनाई गई संपत्ति बेच दी। उसने जमानत के लिए जिला न्यायालय में अर्जी दाखिल की।
आरोपी अधिवक्ता ने अदालत में तर्क दिया था कि शरद पांडेय निर्दोष हैं। उनका बंधक बनाई गई संपत्ति से कोई सीधा संबंध नहीं है। न्यायाधीश ने पाया कि आरोपी पर लगाए गए अपराध अत्यंत गंभीर प्रकृति के हैं। विवेचना के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोपी की संलिप्तता स्पष्ट हो रही है। न्यायालय ने मामले की संपूर्ण प्रकृति और परिस्थितियों को देखते हुए आरोपी को जमानत देने से इन्कार कर दिया।
कैंट रेलवे स्टेशन पर सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी करते पकड़ा
कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी पर लगाम लगाने के लिए जीआरपी ने चौकाघाट ढेलवरिया निवासी गुड्डु (27) को पकड़ा। जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि युवक घूमघूम कर चोरी कर रहा था। 16 अक्तूबर को सुबह 11 बजे गिरफ्तार किया गया। दूसरी ओर मिर्जापुर जिले के ककरहवा नई बस्ती निवासी आशीष उर्फ रविंद्र सोनकर (26) को प्लेटफॉर्म नंबर 1 के पूर्वी छोर के पास मोबाइल के साथ पकड़ा गया। जांच में उसके पास से दो मोबाइल मिले। जिसकी कीमत 50 हजार है।
गाजीपुर से वैष्णो देवी जाने वाली ट्रेन निरस्त
गाजीपुर सिटी से वाराणसी होते हुए माता वैष्णोदेवी जाने वाली 14611 गाजीपुर सिटी-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि गाजीपुर सिटी से माता वैष्णोदेवी जाने वाली और माता वैष्णोदेवी से गाजीपुर सिटी आने वाली 14612 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस अगले आदेश तक निरस्त रहेगी।
उत्तर रेलवे चला रहा स्पेशल ट्रेन, यात्रियों को राहत
दीपावली, छठ के मद्देनजर ट्रेनों में लंबी वेटिंग से समस्या हो रही है। इसको देखते हुए उत्तर रेलवे मुख्यालय की ओर से कई स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रहीं हैं। इससे यात्रियों को राहत होगी। कैंट रेलवे स्टेशन के निदेशक अर्पित गुप्ता ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर टिकट वितरण के आंकड़ों के आंकलन के अनुसार लखनऊ मंडल कार्यालय के आदेशानुसार और भी स्पेशल ट्रेन का संचालन वाराणसी से किया जाएगा।
रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार रेल नीर का नया कम हुआ मूल्य सभी आधिकारिक वेंडरों को नोट करवाया गया है। साथ ही इसकी जानकारी भी सभी को दी गई है। वेंडर द्वारा अधिक मूल्य लेने की घटना की जांच वाणिज्य निरीक्षक द्वारा कराई जा रही है। इसमें जो भी दोषी होगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी।
कच्चे मकान का कमरा गिरा, महिला और भैंस घायल
सेवापुरी थाना क्षेत्र के बरसता (भरहरिया) गांव में बुधवार देर रात एक कच्चे मकान का कमरा गिर गया। महिला मुन्नी देवी मलबे में दबकर घायल हो गईं। इसी कमरे में एक भैंस बंधी थी। वह भी घायल हो गई। महिला को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
मिलावटी घटतौली की शिकायत जांच में गलत मिली
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि पेट्रोल पंपों से मिलावटी घटतौली की शिकायत पर मां कालिका सर्विस सेंटर, राहुल फिलिंग स्टेशन, किसान सेवा केंद्र व लाला ऑटो फ्यूल की जांच-पड़ातल की गई। जांच में इन रिटेल आउटलेट पर मिलावटी/अपमिश्रित पेट्रोल, डीजल व घटतौली प्रकाश में नहीं आया।
चार बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
वीडीए की ओर से नगवां वार्ड के दफलपुर में गगन सिंह की ओर से 4 बीघे में बिना लेआउट स्वीकृत अवैध प्लॉटिंग कराई जा रही थी। उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम के तहत पहले नोटिस दिया गया था। निर्धारित अवधि में ध्वस्त न कराने पर प्लॉटिंग ध्वस्त कराई गई। अवैध प्लाटिंग का बोर्ड भी लगा दिया गया। जोनल अधिकारी संजीव कुमार और अवर अभियंता आदर्श निराला ने कार्रवाई की।
चौक थाने आए दालमंडी के लोगों ने जमा किए कागजात, ली जानकारी
दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत बृहस्पतिवार को चौक थाने में कैंप लगाया गया। इस दौरान किरायेदार और भवन स्वामी आए। इनमें से ज्यादातर लोगों ने पूछताछ की। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि कागजात जमा करने वालों की जांच कर मुआवजा दिया जाएगा। अभी केवल उनके कागजात जमा कराने के साथ उन्हें योजना के बारे में बताया जा रहा है। सड़क कितनी चौड़ी होगी। मुआवजा कितना मिलेगा।
किरायेदार को क्या मिलेगा और भवन स्वामी को क्या मिलेगा। यही सब पूछा जा रहा है। उधर, सुबह से शाम के बीच में कई चक्कर पुलिस प्रशासन की गाड़ी ने अंदर चक्कर लगाए। चौक थाने के बगल से लेकर नई सड़क के लगड़ा हाफिज मस्जिद तक पुलिस की गाड़ी ने चक्रमण किया। इस दौरान लोगों से अपील की कि किसी के बहकावे में न आए। पुलिस प्रशासन से बातचीत कर अपनी समस्या का समाधान कराएं।
28 गांव में 10 हजार लोगों की बिजली समस्या का होगा समाधान
जिले के विद्युत तंत्र प्रणाली के आधुनिकीकरण योजना के तहत रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के महावन गांव में बृहस्पतिवार को भूमि पूजन हुआ। रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने 5.46 करोड़ के नए उपकेंद्र का भूमि पूजन किया। इससे 28 गांव के 10 हजार लोगों की बिजली समस्या का समाधान होगा।
अधिशासी अभियंता मनीष झा ने लाभ के बारे में बताया। विधायक ने कहा कि राजातालाब उपकेंद्र से 7 फीडरों की विद्युत आपूर्ति होती है। जिस पर मुख्य फीडर जक्खिनी और कछवा से 53 गांव की विद्युत आपूर्ति होती है। दोनों फीडरों की दूरी राजातालाब से 35 व 28 किलोमीटर है। गर्मियों में महावन के आसपास के गांव में वोल्टेज की समस्या रहती है।
उपकेंद्र के बनने से बढईनी खुर्द व कला, कंठीपुर, महावन, बुड़ापुर, दीपापुर, असवारी, निएसीपुर, पैडेगांव, परसुपुर, तोहफापुर, कादीचक, कल्याणपुर, भवानीपुर, गोविंदपुर, खगराजपुर, बहोरनपुर, बभनियाव, गजापुर, भीखमपुर, जीतापुर, ढढोरपुर, खेमईपुर, टडिया, कोईलीपुल, राजापुर सहित 28 गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाएगी। इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, प्रदेश महासचिव अजीत पटेल, राजकुमार वर्मा, मानस सिंह, विनोद पटेल, श्याम बली पटेल, गोविंद पटेल मौजूद रहे।
1813 लीटर सरसों व रिफाइंड तेल पकड़े, 4 क्विंटल छेना व मिठाई नष्ट
खाद्य विभाग ने गुरुवार को 15 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। साथ ही पांच पर छापा मारा। 1813 लीटर सरसों व रिफाइंड के तेल पकड़े। साथ ही 4 क्विंटल छेना व मिठाई नष्ट कराया। जांच के लिए सात नमूने लिये। खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय/अभिहित अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा के निर्देशन में टीम ने कज्जाकपुरा, दोषीपुरा, लोहता, कछवां रोड, करखियांव में जांच की।
कछवां रोड में एक प्रतिष्ठान से 1440 लीटर सरसों तेल जब्त किए। जो कि 2,25,000 रुपये के थे। मिठाई की दुकान से 60 हजार के दो क्विंटल छेना नष्ट कराया। लोहता में एक दुकान से 373 लीटर रिफाइंड तेल जब्त किया। जिसकी कीमत 62166 रुपये थी। पैगंबरपुर के एक मिठाई की दुकान में 6630 रुपये के 78 किलो बूंदी के लड्डू खराब मिले। दोषीपुरा से 6600 रुपये के 22 किलो छेना नष्ट कराया।
आरओबी के नीचे मिला शव, नहीं हुई पहचान
मंडुवाडीह आरओबी के नीचे गुरुवार की सुबह 48 साल के अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक ने धारीदार शर्ट और डार्क रंग की पैंट पहन रखी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर पहचान की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मंडुवाडीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही उसके पहचान की कोशिश की जा रही है।
सिटी स्टेशन के सामने ऑनलाइन लॉटरी का खुलासा खेल, 12 गिरफ्तार
जैतपुरा थाना क्षेत्र में सिटी स्टेशन के सामने चल रहे अवैध ऑनलाइन लॉटरी का एसओजी 2 टीम ने खुलासा किया है। बृहस्पतिवार शाम टीम ने छापा मारकर 12 लोगों को गिरफ्तार किया। टीम ने 10 हजार रुपये, दो मोबाइल, पेटीएम क्यूआर मशीन और लॉटरी से संबंधित गत्ते पर लिखे नंबर बरामद किए। एसओ बृजेश मिश्रा ने बताया कि मौके से अकबर अली, जमील अहमद, सिराजुद्दीन, साहिल, नसीम, सोमारो, हबीब, शमीम सहित 12 लोग पकड़े गए हैं। सभी जैतपुरा के रहने वाले हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह लॉटरी खेलने के लिए मौके पर जुटे थे। पूछताछ के बाद सभी का चालान किया गया।
दुकानदार को जान से मारने की धमकी, मुकदमा
कैंट के फुलवरिया सरैया के दुकानदार महेश गुप्ता ने बताया कि गांव के विवेक व अजय यादव से बकाए का पैसा मांगा तो उसकी पिटाई कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी दी। कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि जांच कर मुकदमा दर्ज किया गया है।
दहेज की मांग पूरी न करने पर पीटा, मुकदमा दर्ज
बड़ागांव। दहेज में बाइक और चेन की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की पिटाई के मामले में पुलिस कमिश्नर के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कुड़ी गांव निवासी हिना बेगम ने बताया कि उसकी शादी भदोही के सदर थाने के आलमपुर फरीदन का पोखरा निवासी ओलायत के साथ 24 नवंबर 2023 में हुई थी। शादी में मायके वालों ने दहेज दिया था।
इसके बाद पति, ससुर सहित सास रजिया बेगम और ननद साइवा, बहाना, शमा, शकीना और जैनब कम दहेज लाने की बात कहकर पिटाई करते थे। साथ ही बाइक और चेन की मांग करते थे। ससुराल वालों की लापरवाही के चलते मृत बच्चा पैदा हुआ। कोई दवा और इलाज नहीं कराया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी गई है।
प्राथमिक विद्यालय में अध्यापकों में मारपीट, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
प्राथमिक विद्यालय खुटहना में बुधवार की शाम हस्ताक्षर को लेकर दो अध्यापकों में मारपीट हुई थी। इसमें सहायक अध्यापक अशोक कुमार सिंह का सिर फट गया था। इसके बाद प्रधानाध्यापक रिजवान अहमद व हमलावर परमानंद यादव बाइक पर सवार होकर भाग निकले थे। घायल अध्यापक की सूचना पर पहुंची डायल 112 पीआरवी ने सीएचसी नरपतपुर ले जाकर अध्यापक का इलाज कराया था।
अशोक कुमार सिंह ने प्रधानाध्यापक रिजवान अहमद व हमलावर परमानंद यादव के खिलाफ थाने में तहरीर दी। देर रात उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दोनों पक्षों ने सुलह भी कर ली। इससे नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार की सुबह विद्यालय का गेट बंद कर प्रदर्शन किया। इस दौरान काफी देर तक बच्चे बाहर खड़े रहे।
इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंची। ग्रामीणों का कहना था उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाया जाए और आरोपी अध्यापकों को पद से हटाया जाए। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी प्रिती सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि इस मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जांच कर दोषी अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
इंजीनियर ने पत्नी को दहेज के लिए पीटा, मुकदमा
लंका थाना क्षेत्र के डाफी टोल प्लाजा पर कार्यरत इंजीनियर दीपक कुमार ने पत्नी की दहेज के लिए पिटाई कर दी। पत्नी अंशु की शिकायत पर जान से मारने की नीयत से हमला करने और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता का आरोप है कि 13 और 15 अक्तूबर की सुबह आरोपी ने बेरहमी से पिटाई की। आरोप लगाया कि पति का किसी और लड़की से भी संबंध है। इंजीनियर मूलरूप से फैजल्लापुर भजनार बुलंदशहर का रहने वाला है। डाफी में किराये पर रहता है। थाना प्रभारी लंका राजकुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
अलग-अलग मामलों में दो पर हमला, दो पर केस
बड़ागांव थाना क्षेत्र के भीटी (बिरांव) और कुड़ी गांव में मारपीट की दो अलग-अलग घटनाओं में दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। पहली घटना में पुलिस आयुक्त वाराणसी को दिए गए शिकायती पत्र में भीटी (बिरांव) गांव निवासी सेवानिवृत्त सैन्य कर्मी गुलाब राजभर ने आरोप लगाया कि गांव के गुलाब, विशाल, अभिषेक ने घर में घुसकर गाली दी।
विरोध करने पर लाठी से हमला कर घायल कर दिया। कुड़ी गांव में 14 अक्तूबर की रात मारपीट में मूलचंद राजभर को गांव के सुरेंद्र ने घर लौटते समय रास्ते में रोका। बिना वजह गालीगलौज की और डंडे से घायल कर दिया। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
नाबालिग को बहला फुसला रख लिए जेवर, मुकदमा
लंका थाना क्षेत्र के सामने घाट के सत्यम नगर कॉलोनी की पूनम चौबे ने ज्वैलर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पूनम ने बताया कि उसके 13 के साल के बेटे को बहलाकर मदरवा मारुति नगर कॉलोनी स्थित काव्या ऑर्नामेंट संचालक ने उसके 5 लाख के जेवर ले लिए। 10 अक्तूबर को करवा चौथ के दिन जेवर खोजने लगी तो नहीं मिले। बेटे से गहने के बारे में पूछताछ की।
उसने बताया कि दोस्तों ने बहला-फुसला कर घर के सारे जेवर मंगवाए। जिसके बाद संचालक ने उसे अपने पास रख लिया। महिला की शिकायत पर काव्या ऑर्नामेंट के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि संचालक रविशंकर और उसके कर्मचारी अनमोल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। वहीं, एक किशोर को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
किसानों को दिए मटर, गाजर, राजमा व पालक के बीज
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में गुरुवार को किसानों में रबी सीजन की सब्जियों के निशुल्क बीज का वितरण हुआ। शीतकालीन सब्जियों में मटर, गाजर, राजमा फली, बथुआ साग, पालक आदि उन्नत बीज उन्हें दिए गए। उनको सब्जी की फसलों में लगने वाले कीटों एवं रोगों के रोकथाम के बारे में जानकारी दी गई। अनुसूचित जाति उप-योजना के संयोजक डॉ. नागेंद्र राय के निर्देशन में जिले के धानापुर, पनियारा, लशकरिया, भवानीपुर, जयापुर एवं चंदापुर गांव के किसान को बीज मिले।
गांव के आठ लोगों पर एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छतेरी गांव में दो दिन पहले सोनकर बस्ती की महिला ममता सोनकर के साथ गालीगलौज कर रहे लोगों ने बचाव में आए बेटे सचिन की पिटाई कर दी। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। ममता सोनकर ने डायल 112 नंबर पर सूचना दी। इसके बाद भी गांव के लोग महिला के साथ गालीगलौज से बाज नहीं आए।
महिला ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर गांव के दीपक केसरी,अमन, चिंतामनी, प्रियांश, नीरज, गुल्लू, राजमनी और विकास के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी मिर्जामुराद प्रमोद कुमार पांडे ने बताया कि एससी-एसटी एक्ट के साथ अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेचना एसीपी राजातालाब करेंगे।
छात्रा से सिक्योरिटी गार्ड ने की छेड़खानी
मंडुवाडीह क्षेत्र के लहरतारा के एक स्कूल में गुरुवार सुबह एक छात्रा कराटे सीखने पहुंची। कराटे की ड्रेस पहनने के बाद वह विद्यालय परिसर में ही अभ्यास के लिए तैयार हो रही थी। इसी दौरान विद्यालय में तैनात सुरक्षाकर्मी पहुंचा और बातों-बातों में छात्रा का हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचने लगा। साथ ही अश्लील शब्दों का प्रयोग करने लगा। छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया और सुरक्षाकर्मी को धक्का देकर भाग निकली। छात्रा ने शिक्षिका और अन्य छात्राओं को जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी अजयराज वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
खेत से लौट रही बुजुर्ग महिला का स्कूटी सवारों ने मंगलसूत्र छीना
शिवपुर थाना क्षेत्र के गांव परमानंद निवासी फूलपत्ती देवी (60) खेत से काम कर लौट रही थी। पूछताछ के बहाने स्कूटी सवारों ने उनका मंगलसूत्र छीन लिया। बेटे आशीष पटेल ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 14 अक्तूबर शाम 5.30 बजे मां खेत से लौट रही थीं। रास्ते में सफेद रंग की स्कूटी सवार युवक ने चेहरे पर मास्क लगाया था, मास्क पर स्माइल बना हुआ था।
बदमाश ने मां से पूछा कि आपके गांव में कोई ओझा है, मैं बहुत परेशान हूं। मां ने कहा नहीं मालूम इतने में मौका देख बदमाश ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया। फिर परमानंदपुर मेन रोड की ओर भाग निकला। मामले की सूचना 14 अक्तूबर शाम 7 बजे डायल 112 नंबर कर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोला की मामले की शिकायत थाने पर कर दीजिए। पीड़िता ने शिवपुर थाने पर सूचना दी। 15 अक्तूबर की दोपहर पीड़िता के घर छानबीन की। थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश का पता लगाया जा रहा है। मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
आंबेडकर प्रतिमा लगाने के लिए दो पक्षों में तनाव, पुलिस तैनात
चौबेपुर क्षेत्र के मुनारी (बकैनी) गांव में गुरुवार सुबह साढ़े दस बजे दलित बस्ती के लोगों ने एक भूमि पर झंडा लगाकर आंबेडकर की प्रतिमा लगाने के लिए पूजन शुरू किया। पास के राजभर समाज के लोगों ने विरोध किया। कहा कि जमीन हमारे नंबर में है। दलित समाज के लोग जमीन को बंजर बता रहे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर प्रतिमा लगाने का काम रोक दिया। गांव में तनाव देख पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि मौके पर शांति है। दोनों पक्षों को कुछ भी न करने का निर्देश दिया है। मामला राजस्व विभाग का है। समाधान के बाद ही कोई काम होगा।
लिंक भेजकर खाते से उड़ाये 34 हजार रुपये
चौक थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा निवासी शीला देवी के खाते से ठगों ने लिंक भेजकर 34 हजार रुपये उड़ा लिए। शीला देवी ने बताया कि 15 अक्तूबर को उनके फोन पर एक व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर कॉल किया। कहा कि उनके खाते में 10 हजार रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस चालू है, जिसे बंद कराने के लिए एक लिंक भेजा जा रहा है। कॉलर के कहने पर जैसे ही उन्होंने लिंक खोला और फॉर्म भरा, खाते से 17-17 हजार रुपये दो बार में कट गए। पीड़िता ने ऑनलाइन साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
कांग्रेस नेता ने स्मार्ट मीटर, बिल में गड़बड़ी का उठाया मुद्दा
उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पूर्वी जोन के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता और उपाध्यक्ष संजय चौबे ने बिजली निगम की ओर से लगवाए जा रहे स्मार्ट मीटर, बिल में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है। इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराते हुए जांच की मांग की है। कचहरी स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रेसवार्ता में संजय चौबे ने कहा कि स्मार्ट मीटर, प्रीपेड मीटर, सोलर पैनल लगाने के बाद बिजली बिल में गड़बड़ी आ रही है। जो भी स्मार्ट मीटर लगवाए जा रहे हैं, उसके तेज चलने सहित अन्य गड़बड़ी के बाद जो चेक मीटर लगवाया जा रहा है।
दोनों के मीटर चलने के अंतर को भी पावर काॅरपोरेशन की वेबसाइट पर नहीं डाला जा रहा है। चेतावनी दी कि अगर इस तरह की गड़बड़ी दूर नहीं की गई तो सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा। यूपीपीसीएल की वेबसाइट पर केवल जुलाई तक ही पूरे प्रदेश में 26979055 स्मार्ट मीटर लगे हैं उनमें से 139667 जागरूक उपभोक्ताओं ने अपने यहां चेक मीटर लगवाया।
उप निदेशक ने बच्चों संग प्रार्थना सभा में लिया हिस्सा
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग वाराणसी के उपनिदेशक संजय कुमार मिश्रा ने चौबेपुर क्षेत्र के चंद्रावती गांव में आंगनबाड़ी केंद्र, आरआरसी और पंचायत भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि को गांव की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर का नियमित छिड़काव कराने को कहा।
प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान बच्चों की प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया। उन्होंने बच्चों की अंग्रेजी और संस्कृत में बोलने की क्षमता की सराहना की। विद्यालय की शिक्षिका डॉ. सुमन कुमारी की ओर से चलाए जा रहे प्लास्टिक मुक्त अभियान की भी प्रशंसा की। उपनिदेशक ने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण, अनुशासन और स्वच्छता को उत्कृष्ट बताया।
बीएचयू खाद्य मेले में 40 स्टॉलों पर सजी हाई प्रोटीन पापड़ी और मोती बाजरा
बीएचयू के डेयरी विज्ञान और खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में बेहतर भोजन और बेहतर भविष्य के लिए हाथ में हाथ विषय पर खाद्य मेला लगा। मेले में 40 से ज्यादा स्टॉल लगे थे। इनमें बाजरा-आधारित स्नैक्स और बेकरी आइटम, दाल से बने खाद्य पदार्थ, फलाहारी और पारंपरिक भारतीय खाद्य पदार्थ, कार्यात्मक पेय पदार्थ और डेयरी-आधारित चीजे थीं।
हाई प्रोटीन पापड़ी, मोती बाजरा पोषण बार, बाजरा सलाद बार, गुड़ की चाय, चुकंदर और इडली को भी स्टॉल पर सजाया गया। इसमें 250 से ज्यादा लोग शामिल हुए। अग्रसेन कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय ने अपने टीम के साथ मूंग दाल नमकीन, फलाहारी ऊर्जा भोजन और बाजरा लड्डू जैसे उत्पादों का प्रदर्शन किया। मेले में छात्र, संकाय सदस्य और उद्योग के पेशेवरों एक साथ एक मंच पर संवाद किया।
मुख्य अतिथि रेक्टर प्रो. संजय कुमार ने कुपोषण और जलवायु परिवर्तन की समस्या को दूर करने में बाजरा, दालों और कम उपयोग वाली फसलों को लगाने की बात कही। उन्होंने कहा आज खाद्य प्रौद्योगिकीविदों को परंपरा और इनोवेशन के बीच पुल का काम करना होगा। पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ विकसित करने होंगे जो किफायती और पर्यावरण के प्रति जागरूक हों।
चितईपुर में बनेगी स्ट्राॅम वाटर ड्रेन
पीडब्ल्यूडी की ओर से चितईपुर चौराहा से अखारी बाईपास मार्ग के दोनों ओर जल निकासी के लिए स्ट्राॅम वाटर ड्रेन का निर्माण कराएगा। यहां बारिश से होने वाले जलभराव के चलते यह फैसला लिया गया। सड़क के दोनों किनारे स्ट्राॅम वाटर ड्रेन बनाई जाएगी। चितईपुर में बारिश के मौसम के बाद से सड़क काफी खराब है। इसको लेकर स्यानीय लोग कई बार प्रदर्शन भी कर चुके हैं।
रोहनिया में बनेंगी दो इंटरलॉकिंग सड़कें
ढाई करोड़ रुपये की लागत से रोहनिया में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए बुधवार को खेवशीपुर गांव में अपना दल एस के रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने भूमि पूजन किया। इसके तहत 30.82 लाख और 43.53 लाख से सड़क बनेगी। 87.34 लाख से छितौनी पिसौर पुर, 55.48 लाख की लागत से गोपालपुर सीटकहवा बाबा मंदिर तक जल निकासी कार्य होंगे। खेवसीपुर में 16.98 लाख से भूमिगत नाली निर्माण कार्य और खेवली में 9.01 लाख से जल निकासी कार्य किया जाएगा।
वीडीए बनाएगा 1000 रिचार्जिंग पिट
वाराणसी। वीडीए की ओर से शहरी क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों के कैंपस, पार्कों में वर्षा जल पुनर्भरण के लिए रिचार्जिंग पिट बनाए जा रहे हैं। 5 फीट लम्बा, 5 फीट चौड़ा एवं 4 फीट गहरा गड्ढा खोदकर बोल्डर फिलिंग के माध्यम से रिचार्जिंग पिट यूनिट तैयार की जा रही है। 59 लाख की लागत से कुल 1000 रिचार्जिंग पिट बनाए जाएंगे। अब तक बीएचयू परिसर में 185 पिट, यूपी कॉलेज में 165 पिट, सेंट्रल जेल आवासीय परिसर एवं सेंट्रल जेल में 582 पिट बनाए जा चुके हैं।
स्वदेशी जागरण मंच ने निकाली स्वदेशी संदेश यात्रा
स्वदेशी जागरण मंच काशी महानगर की ओर से गुरुवार को स्वदेशी संदेश यात्रा निकाली गई। संदेश यात्रा को धर्मसंघ शिक्षा मंडल के महामंत्री जगजीतन पांडेय ने रवाना किया। भारत माता स्वरूप अंशिका सिंह को दीप दिखाकर अखंड एवं आत्म निर्भर भारत का संकल्प दोहराया गया। यात्रा का उद्घाटन एडवोकेट राजेंद्र प्रताप पांडेय, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, कुमकुम पाठक, दीपा और कल्पना विश्वकर्मा ने किया। संयोजन विजय मिश्रा और कविता मालवीय ने किया। इस दौरान सत्येंद्र सिंह, निर्मला पांडेय, सुमन पटेल, अनीता प्रजापति मौजूद रहे।
अस्पतालों की इमरजेंसी में जांच, इलाज की निगरानी जरूरी
दीपावली, भाई दूज, छठ पर्व को देख स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों की इमरजेंसी में बेड रिजर्व करवाने के साथ ही जांच, इलाज की व्यवस्था रहेगी। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने एसआईसी/सीएमएस को जांच, इलाज की सुविधाओं की निगरानी करने को कहा। बताया कि दीपावली पर पटाखों से वायु प्रदूषण की संभावना रहती है। श्वास के रोगियों के लिए उपचार की विशेष व्यवस्था रहेगी। संचारी रोगों के मामले आ रहे हैं। इमरजेंसी ड्यूटी में लगे चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ को ड्रेस कोड में अस्पताल में रहना होगा।
जूनियर कंसल्टेंट के आवेदन की अंतिम तिथि आज
राजकीय महिला पाॅलिटेक्निक वाराणसी में सीडीटीपी योजना के तहत अस्थायी तौर पर जूनियर कन्सल्टेंट रखा जाएगा। इस पद के लिए सेकेंड क्लास डिप्लोमा इन इंजीनियरिंग या सेकेंड क्लास बैचलर डिग्री होना अनिवार्य होगा। प्रधानाचार्य पीके सिंह ने बताया कि जूनियर कन्सल्टेंट को 12 हजार रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा। इस पद के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 17 अक्तूबर है।
तीन दिनों से बैठा सर्वर, देर रात तक हुई 360 रजिस्ट्री
निबंधन विभाग में गुरुवार को भी रजिस्ट्री के लिए सर्वर ने लोगों को खूब छकाया। इसे देखते हुए निबंधन कार्यालय देर रात तक खुला रहा। गुरुवार की शाम तक जितने भी फाइलें लंबित थी, सभी रजिस्ट्री करा दी गईं। एआईजी निबंधन डीके सैनी ने बताया कि देर रात तक 360 रजिस्ट्री की गईं। निबंधन कार्यालय में तीन दिन से सर्वर खराब है। मंगलवार से खराबी के कारण रोज 40 फीसदी रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है।
लोगों को सुबह से शाम तक निबंधन कार्यालय में बैठना पड़ रहा है। कार्यालय में प्रतिदिन 250 से 300 रजिस्ट्री होती है। दीपावली व धनतेरस पर हर साल लोग बड़ी संख्या में जमीन की रजिस्ट्री कराते हैं। एआईजी निबंधन डीके सैनी ने बताया कि सर्वर पर काम चल रहा है। जल्द ही इसे ठीक कर लिया जाएगा। फिलहाल जितनी रजिस्ट्री लंबित थी सभी करा दी गई हैं।
सुबह ए बनारस का मंच रमेश के गायन से सजा
सुबह ए बनारस के मंच पर पं. रमेश शर्मा का गायन हुआ। रमेश शर्मा ने गायन की शुरुआत राग गुर्जरी तोड़ी में विलंबित एकताल में निबद्ध रचना गगरी सिर धरे...से की। इसके बाद द्रुत लय में निबद्ध रचना जग जीवन सुंदर सपना...के बाद गायन का समापन सीताराम-सीताराम से हुआ। तबला संगति अनंग गुप्ता और संवादिनी पर हर्षित उपाध्याय ने साथ दिया। कलाकार को प्रमाणपत्र सुबह ए बनारस के संस्थापक सचिव डॉ. रत्नेश वर्मा ने दिया।
53 गांवों में नहीं हो सका फसलों का डिजिटल सर्वे
शासन स्तर पर क्राॅप डिजिटल सर्वे पूरा हो चुका है, लेकिन जिले में 53 गांवों में सर्वे नहीं हो पाया है। इसमें बारिश बाधक बन गई। इन खेतों में भरा बारिश का पानी खत्म होने के बाद लेखपाल मैनुअल सर्वे करेंगे। उप निदेशक कृषि अमित जायसवाल ने बताया कि पिछले दिनों भारी बारिश से खेतों में पानी भर जाने से सर्वे पूरा नहीं हो पाया है। जिले के 1167 राजस्व गांवों में 759182 गाटा सर्वे करना था। इसमें 695963 सर्वे हुए हैं।
चांदपुर में रावण दहन के साथ सजा विजयादशमी का मेला
प्राचीन चांदपुर चौराहा का विजयदशमी मेला गुरुवार को लगा। रावण दहन के साथ लोगों ने आतिशबाजी का भी लुत्फ उठाया। विजयदशमी मेले में देर रात निकले लाग विमान हर किसी के आकर्षण का केंद्र रहे। 80 से अधिक लाग विमान पर सजे देव स्वरूपों और कलाकारों की झांकियां देखने के लिए देर रात तक लोग सड़क और गलियों में डटे रहे।
बृहस्पतिवार की शाम को श्रीरामलीला समिति की ओर से 57वें साल विजयादशमी मेले का आयोजन हुआ। रावण दहन विजयदशमी मेले में लगभग 80 लाग विमान झांकियां के साथ-साथ माता काली, मां दुर्गा, महिषासुर मर्दिनी, शिव तांडव व अन्य कलाओं का प्रदर्शन बाजे व आतिशबाजी के साथ संपन्न हुआ।
झूले, गुब्बारे और खिलौने की दुकानें सजी हुई थीं। ग्रामीण परिवेश वाले मेले में चौराहे से लेकर मंडुवाडीह और लोहता जाने वाली सड़क पर तरह-तरह की दुकानें सजी हुई थीं। खाने-पीने के सामानों के साथ ही घरेलू सामान की दुकानों पर लोग खरीदारी कर रहे थे। मेला संपन्न कराने में आरडी यादव, गंगाराम पटेल , अध्यक्ष रामश्रय पाल, अनिल पटेल, विवेक गुप्ता ,रामलाल यादव के साथ समिति के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।