Varanasi News: एक करोड़ की 514 ग्राम हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार, पुलिस और एएनटीएफ ने की कार्रवाई
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य जानकारियां खंगालेगी। इनके आराधिक रिकाॅर्ड भी जांच किए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।
विस्तार
Varanasi News: जैतपुरा थाने की पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की गाजीपुर इकाई की संयुक्त टीम ने शुक्रवार की रात जलालीपुरा क्षेत्र से 514 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में बिहार के रोहतास जिले के चेनारी का प्रदीप तिवारी व लक्शरीगंज का श्याम किशोर दूबे और सासाराम जिले के मोहल्ला शेरगंज, सोनार गली का मोहम्मद शाहनवाज आलम शामिल है। बरामद हेरोइन की कीमत एक करोड़ रुपये बताई गई है।
डीसीपी क्राइम सरवणन टी ने बताया कि एएनटीएफ के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह को सूचना मिली थी कि जलालीपुरा इलाके में बिहार निवासी तीन लोग हेरोइन की खेप लेकर आने वाले हैं। इस सूचना पर उन्होंने जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्र से संपर्क किया।
इंस्पेक्टर सुरेंद्र और थानाध्यक्ष बृजेश ने अपनी टीम के साथ जलालीपुरा इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया तो अर्धनिर्मित अंडरपास के पास से संदिग्ध प्रतीत हो रहे तीन लोग पकड़े गए।
पुलिस ने की कार्रवाई
तलाशी में तीनों के पास से हेरोइन की खेप बरामद हुई। तीनों को जैतपुरा थाने लाकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्हें रोहतास से एक व्यक्ति हेरोइन देकर जलालीपुरा क्षेत्र स्थित अंडरपास के पास जाकर रुकने के लिए कहा था। वहां एक व्यक्ति व्यक्ति आकर उनसे हेरोइन की खेप ले जाता। इससे ज्यादा उन्हें कोई और जानकारी नहीं है। डीसीपी क्राइम ने कहा कि तीनों आरोपियों से विस्तार से पूछताछ कर उनके अवैध धंधे में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी।