Varanasi News: वाराणसी में खनन टीम से जेसीबी छीनकर ले गए दबंग, अवैध खनन की जांच करने पहुंचे थे; धक्कामुक्की
Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर क्षेत्र में अवैध खनन की जांच करने पहुंची पुलिस और खनन विभाग की टीम से आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर जब्त जेसीबी छुड़ाकर भगा ले गए। मामले में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच में 1882.4 घनमीटर अवैध खनन मिलने से सरकार को 7.90 लाख रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है।
विस्तार
चौबेपुर के लूठा कलां गांव में अवैध खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम के साथ आरोपियों ने धक्का-मुक्की कर जब्त की गई जेसीबी मशीन छुड़ाकर भगा ले गए। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद अवैध खनन और प्रशासनिक कार्रवाई में बाधा डालने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
खनन निरीक्षक अनुज कुमार के अनुसार लूठा कलां गांव में अवैध खनन की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान एक जेसीबी मशीन से बलुई मिट्टी का अवैध खनन किया जाता मिला। जांच में जेसीबी का इंजन और पंजीकरण नंबर भी स्पष्ट नहीं पाया गया।
आरोप है कि जेसीबी चालक सिकंदर कुमार (23), निवासी लूठा, टीम को देखकर मशीन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे रोक लिया। इसके बाद पुलिस जेसीबी को जब्त कर थाने ले जाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान लूठा कलां निवासी प्रदीप यादव अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस और खनन विभाग के अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की तथा जब्त की गई जेसीबी मशीन को छुड़ाकर मौके से ले गए।
खनन विभाग की जांच में दो अलग-अलग स्थानों पर कुल 1882.4 घनमीटर बलुई मिट्टी का अवैध खनन पाए जाने की पुष्टि हुई। विभाग के अनुसार इस अवैध खनन से राज्य सरकार को रॉयल्टी और खनिज मूल्य के रूप में लगभग 7,90,608 रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने खनन निरीक्षक की तहरीर पर प्रदीप यादव और सिकंदर कुमार के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।