Varanasi News: वाराणसी में 70 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर अरेस्ट, बिहार से लेकर आया था; छोटी-छोटी पुड़िया बरामद
Varanasi News: वाराणसी में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और शिवपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में 70 लाख रुपये मूल्य की 325 ग्राम हेरोइन के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी बिहार से सस्ते दाम पर हेरोइन लाकर वाराणसी में सप्लाई करता था और छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचता था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
विस्तार
Varanasi News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और शिवपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 325 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान नीरज सेठ (32) के रूप में हुई है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को लेकर एक बार फिर पुलिस की सक्रियता सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, हरिहरपुर चौराहे के पास नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से 325 ग्राम हेरोइन, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन और 820 रुपये नकद बरामद हुए। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना पता रसूलपुर, थाना बड़ागांव क्षेत्र का निवासी बताया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बिहार से कम कीमत पर हेरोइन खरीदकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। वह इस नशीले पदार्थ को छोटे-छोटे पैकेटों यानी पुड़िया में तैयार कर ग्राहकों को अधिक दामों पर बेचता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय था और इससे होने वाली कमाई का उपयोग अपने शौक और निजी खर्चों में करता था।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क, सप्लाई चेन और संपर्कों की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन-किन लोगों को नशे की सप्लाई करता था और इसके पीछे कौन सा बड़ा गिरोह सक्रिय है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स वाराणसी इकाई के अधिकारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने कहा कि आरोपी को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है तथा पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।