Varanasi News: सोने के नकली सिक्के देकर ऐंठ लिए सात लाख रुपये, भुक्तभोगी ने दर्ज कराया FIR; जानें मामला
शातिर लोगों ने भुक्तभोगी से कहा था कि अयोध्या में खोदाई के दाैरान ये सिक्के मिले हैं। एक किलो सिक्के सात लाख रुपये में देने की बात कहकर चला गया। ज्यादा रुपये की लालच में वह ठगी का शिकार हो गया।
विस्तार
UP Crime: सोने का एक किलो नकली सिक्का थमाकर एक महिला सहित तीन लोगों ने एक युवक से सात लाख रुपये ऐंठ लिए। भुक्तभोगी ने आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। कुशीनगर के पकड़ी बुजुर्ग गांव के मूल निवासी प्रदीप कुमार चंदौली के जलीलपुर में रहकर एफ्को इंफ्राटेक में काम करते हैं।
प्रदीप ने बयया कि उन्होंने बैंक से सात लाख रुपये लोन जमीन खरीदने के लिए लिया था। उन्हें काशी रेलवे ब्रिज के पास प्रजापति नाम का एक व्यक्ति मिला। कहा कि उसकी मां की तबीयत खराब है और खेत गिरवी है। मां के इलाज के लिए पैसे की बहुत जरूरत है।
अयोध्या में खोदाई के दौरान उसे सोने के सिक्के मिले हैं, उन्हें लेकर नकदी दे दें। प्रदीप ने बताया कि उन्होंने दो दिन का समय मांगा। कम पैसे में अधिक सोना पाने के लालच में उस व्यक्ति की बातों में आ गए। उस व्यक्ति को काशी रेलवे ब्रिज के ऊपर बुलाया तो वह एक महिला और लड़के के साथ आए। उन्हें वह सात लाख रुपये देकर एक किलो सोने के सिक्के ले लिए। कुछ देर बाद तनिष्क शोरूम में जांच कराया तो सिक्के नकली निकले।
मुगलसराय और आदमपुर थाने का चक्कर काटते रहे
प्रदीप ने बताया कि उनके साथ ठगी की घटना 14 फरवरी की है। वह पहले चंदौली के मुगलसराय थाने गए। वहां उन्हें कहा गया कि घटनास्थल वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र में है। इसलिए वहां जाकर तहरीर दें। वह आदमपुर थाने गए तो वहां उनकी तहरीर पर मुकदमा नहीं दर्ज हुआ। उन्होंने उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई तब जाकर आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।