Varanasi News: गर्मी से राहत...जिला अस्पताल में ओपीडी के बाहर ही मिलेगा ओआरएस, जल्द बनेगा कोल्ड रूम; तैयारी
Varanasi News: वाराणसी के जिला अस्पताल में गर्मी को देखते हुए ओआरएस का अलग काउंटर शुरू किया गया है। डॉ. आर. एस. राम ने बताया कि इससे मरीजों को लाइन से राहत मिलेगी। हीट वेव से निपटने के लिए जल्द ही कोल्ड रूम भी बनाया जाएगा।
विस्तार
पांडेयपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में बढ़ती गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए मरीजों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों को त्वरित राहत देने के उद्देश्य से एक अलग ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) काउंटर की शुरुआत की है, जिससे अब मरीजों को लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. एस. राम ने बताया कि गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन, लू और अन्य मौसमी बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ते हैं। ऐसे में मरीजों को तुरंत ओआरएस उपलब्ध कराना बेहद जरूरी हो जाता है। पहले मरीजों को ओआरएस के लिए मुख्य दवा काउंटर पर जाना पड़ता था, जहां काफी भीड़ रहती थी और उन्हें इंतजार करना पड़ता था।
जल्द होगी व्यवस्था

अस्पताल प्रशासन ने बताया कि गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अन्य तैयारियां भी की जा रही हैं। हीट वेव की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए जल्द ही अस्पताल परिसर में एक कोल्ड रूम स्थापित किया जाएगा, जहां गंभीर रूप से प्रभावित मरीजों को तत्काल ठंडा वातावरण देकर उपचार किया जा सकेगा।
अस्पताल में पेयजल की समुचित व्यवस्था, पंखों और कूलरों की संख्या बढ़ाने जैसे कदम भी उठाए जा रहे हैं, ताकि मरीजों और तीमारदारों को गर्मी से राहत मिल सके। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की व्यवस्थाओं से गर्मी से होने वाली बीमारियों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।