फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi News one lakh fraud involving forged stamp two injured jumping roof escape upon spotting SOG

वाराणसी की खबरें: फर्जी मुहर लगाकर एक लाख की ठगी, एसओजी-2 को देख छत से कूदकर भागने में दो घायल

Mon, 05 Oct 2026 10:08 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Aman Vishwakarma Updated Mon, 05 Oct 2026 10:08 AM IST
सार

वाराणसी में फर्जी मुहर लगाकर एक लाख रुपये की ठगी के मामले में आरोपियों की तलाश में पहुंची एसओजी-2 टीम को देखकर दो युवक छत से कूदकर भागने लगे। इस दौरान दोनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में ठगी से जुड़े दस्तावेज और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
Varanasi News one lakh fraud involving forged stamp two injured jumping roof escape upon spotting SOG
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के ओम नगर कॉलोनी में रविवार शाम किराये के फ्लैट में चल रहे जुए के फड़ पर एसओजी-02 और थाना पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि छत से कूदकर भागने के प्रयास में दो लोग घायल हो गए। 

विज्ञापन


पुलिस ने राजेश जायसवाल उर्फ राजू खीरी, नरेन्द्र यादव और नेत्र मणि तिवारी को गिरफ्तार किया। मौके से 98 हजार रुपये नकद, ताश के 52 पत्ते, दो नई गड्डियां और सात मोबाइल फोन बरामद हुए। एसीपी प्रज्ञा पाठक के अनुसार ओम नगर कॉलोनी की लेन नंबर पांच स्थित मकान के दूसरे तल के फ्लैट में जुआ खेला और खिलाया जा रहा था। 
विज्ञापन


एसओजी-02 और लालपुर पांडेयपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने शाम करीब 4:30 बजे छापा मारा। पुलिस के पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया है। उधर, सारनाथ थाना क्षेत्र के परशुरामपुर में जुआ के फड़ पर शनिवार की रात पुलिस टीम ने छापा मारा। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इस दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। फड़ से 7200 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए गए। सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में परशुरामपुर निवासी गौरव शर्मा, राहुल यादव, राकेश यादव, तूफानी गोंड, बेनीपुर साई मंदिर निवासी चंदन भारद्वाज और भगवती परशुरामपुर निवासी विकास शामिल हैं। 

डीआईजी और एसबीआई की फर्जी मुहर लगाकर एक लाख की ठगी
पुलिस सुरक्षा शुल्क के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी हुई है। डीआईजी और एसबीआई की फर्जी मुहर का उपयोग कर ठगी के मामले में पीड़ित ने शनिवार की रात चौक थाने में यूनियन बैंक के अधिकारियों और रिकवरी एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। 

रमना के साईं धाम कॉलोनी निवासी और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व प्रत्याशी रघु मिश्रा ने पुलिस को बताया कि उनका यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की विशेश्वरगंज शाखा में लोन खाता है। अगस्त 2023 में बैंक की अधिकृत रिकवरी एजेंसी शुभ सिक्योरिटी और बैंक के तत्कालीन अधिकारी राजीव कुमार व अन्य ने मिलकर साजिश रची। आरोपियों ने फर्जीवाड़ा करते हुए डीआईजी वाराणसी और भारतीय स्टेट बैंक की जाली मुहरें तैयार कीं। इ

न जाली मुहरों और पुलिस विभाग के आधिकारिक राजस्व कोड का उपयोग करके एक जाली ट्रेजरी चालान बनाया गया। इसके जरिए पुलिस सुरक्षा शुल्क के नाम पर लोन खाते से 107359 रुपये की कटौती कर ली गई। आरटीआई से मालूम चला कि ऐसी कोई धनराशि जमा ही नहीं हुई थी। चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि रिकवरी एजेंसी, यूनियन बैंक के राजीव कुमार और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

वाराणसी-शारजाह के बीच बढ़ेंगी दो उड़ानें, शेड्यूल भी बदला
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से शारजाह के लिए 25 अक्तूबर से दो और विमान उड़ान भरेंगे। इसका एलान एयर इंडिया एक्सप्रेस की तरफ से किया गया है। साथ ही मौजूदा उड़ान के समय में बदलाव किया गया है। नए शेडयूल के तहत टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी गई है।

नई समय-सारिणी के अनुसार एक उड़ान प्रतिदिन शाम 6:15 बजे वाराणसी से शारजाह के लिए उड़ान भरेगी। दूसरी उड़ान रविवार, सोमवार, बुधवार और शुक्रवार की दोपहर 12:15 बजे वाराणसी से शारजाह के लिए उड़ान भरेगी। इसी तरह सप्ताह में चार दिन यात्रियों को शारजाह के लिए दो उड़ानों के विकल्प भी मिलेंगे।।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती मांग का असर हवाई किराये पर अभी से ही दिखाई देने लगा है। सामान्य दिनों में वाराणसी-शारजाह का किराया करीब 15 से 20 हजार रुपये के आसपास रहता है, लेकिन 25 अक्तूबर को टिकट बुकिंग का किराया करीब 23 हजार रुपये है।

लापरवाही की शिकायत पर मैनेजर की पिटाई
रामनगर स्थित आदित्य विजन स्टोर के मैनेजर अभिषेक कुमार की शनिवार रात पिटाई और गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। पीड़ित की तहरीर पर आरोपी सहकर्मी और उसके 4-5 अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित अभिषेक कुमार ने पुलिस को बताया कि वह आदित्य विजन स्टोर में शाखा प्रबंधक हैं। लॉयड कंपनी का ब्रांड प्रमोटर विक्की कुमार भी स्टोर में काम करता है।

विक्की काम में लापरवाही बरतता था, जिसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से की थी। रात करीब 9 बजे काम खत्म कर घर लौट रहे थे। तभी स्टोर से थोड़ा आगे 4-5 अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी विक्की कुमार और उसके 4-5 अज्ञात साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

घर के बाहर से बुलेट चोरी, पुलिस जांच में जुटी
लोहता थाना क्षेत्र के हथियानवीर बाबा कॉलोनी के लेन नंबर सात में शनिवार की रात ओमप्रकाश महतो के घर के बाहर से उनकी बुलेट चोरी हो गई। पीड़ित ने रविवार को लोहता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। भिटारी स्थित हथियानवीर बाबा कॉलोनी (लेन नंबर सात) निवासी पीड़ित ओमप्रकाश ने पुलिस को बताया कि बुलेट घर के बाहर खड़ी थी। रात 1:30 बजे तक बुलेट थी। सुबह जब उठे तो देखा कि बुलेट चोरी हो चुकी थी। लोहता थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह ने बताया कि उस मार्ग पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। 

वृद्धा की अंगूठी-टॉप्स लेकर भागा उचक्का
पहड़िया चौराहे के पास रविवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलीं 60 वर्षीय आशा यादव को बातों में उलझाकर उचक्का अंगूठी और कान का टॉप्स लेकर भाग निकला। उचक्के ने खुद को आशा के मायके कैथी (चौबेपुर) से आने वाला बताया और बातचीत शुरू कर दी। कुछ देर बाद उसने बातों में उलझाकर उनसे आभूषण उतरवा लिए। पहड़िया चौराहे के पास रहने वाली आशा यादव पत्नी दशरथ यादव ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि  प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। 

पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी से हमला
बड़ागांव थाना क्षेत्र के ईसीपुर गांव में शनिवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर लाठी से हमला कर दिया गया। हमले में सुरेंद्र सरोज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल ने बड़ागांव थाने में तहरीर देकर गांव के ही आनंद सरोज पर रास्ते में रोककर पीछे से लाठी से हमला करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

कोर्ट के स्थगन आदेश के बाद भी कब्जे का प्रयास
कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद जमीन पर कब्जे का प्रयास करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सिंधोरा पुलिस ने राजकुमार, किशोर कुमार, मुन्नी देवी समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। सिंधोरा कस्बा निवासी नंदराम शास्त्री के अनुसार, थाना क्षेत्र में स्थित उसकी जमीन के कब्जे को लेकर वर्ष 2018 में न्यायालय में मुकदमा दाखिल किया गया था। पीड़ित का दावा है कि मामले में न्यायालय ने जमीन पर स्थगन आदेश पारित किया है। थाना प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

चाकू से हमला करने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
कैंट थाना क्षेत्र के इमिलिया घाट के पास गाली-गलौज का विरोध करने पर दो युवकों से मारपीट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की। जमानियां, गाजीपुर निवासी अविनाश तिवारी के अनुसार, वह तीन अक्तूबर की रात करीब 10 बजे अपने मित्र मनीष सिंह के साथ इमिलिया घाट के पास मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान नितीश पांडेय, प्रियांश और उनके पांच-छह साथी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। 

अस्पताल के खिलाफ खबरें चलाने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के खजुरी तिराहा स्थित एम्बीशन अस्पताल के संचालक डॉ. राशिद परवेज ने एक यूट्यूबर पर अस्पताल के खिलाफ सोशल मीडिया पर खबरें प्रसारित करने और खबरें नहीं चलाने के एवज में रुपये मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कैंट पुलिस ने तारिक आजमी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। तहरीर के अनुसार, डॉ. राशिद परवेज का आरोप है कि तारिक आजमी पिछले कई महीनों से उनके और अस्पताल के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक एवं गलत तथ्यों वाली खबरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहा था। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। 

4 लाख रुपये दहेज के लिए विवाहिता को पीटा
मिर्जामुराद के मोंगलाबीर गांव निवासी चांदनी राय ने ससुरालवालों पर चार लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। आरोप है कि 26 अगस्त को राजातालाब तहसील में सामान लेने पहुंचने पर ससुरालवालों ने 10-15 लोगों के साथ गालीगलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पति अमित राजभर, ससुर मुन्नालाल, सास गीता देवी, जेठ अश्वनी, जेठानी ललिता, ननद हेमा समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि जांच की जा रही है। 

दरवाजा तोड़कर पांच क्विंटल राशन चोरी
मिर्जामुराद क्षेत्र के डंगहरिया गांव में पुराने मकान का दरवाजा तोड़कर चोर पांच क्विंटल राशन उठा ले गए। मामले में मकान मालिक सुरजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर पड़ोसी के बेटे पर चोरी का संदेह जताया है। सुरजीत सिंह के अनुसार, 15 सितंबर को उनकी 27 वर्षीय बेटी मधु पुराने मकान पर गई थी। वहां पहुंचने पर सीढ़ी, बरामदे और कमरे का दरवाजा टूटा मिला। कमरे में रखा करीब पांच क्विंटल राशन भी गायब था। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

चेन स्नेचिंग के चार आरोपी गिरफ्तार
महिला से चेन स्नैचिंग के मामले में चार आरोपियों को चितईपुर पुलिस ने शनिवार की रात बीएलडब्ल्यू रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से सोने की चेन और घटना में उपयोग पल्सर बाइक भी बरामद की गई है। चितईपुर थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में न्यू कॉलोनी ककरमत्ता निवासी प्रिन्स राजभर, किशन लाल गुप्ता, कृष्णा सेठ और चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के बीलारीडीह महेवा गांव निवासी रामजी राजभर हैं। 2 अक्तूबर को चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर राजेंद्र विहार कॉलोनी में महिला के साथ चेन स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया गया था। 

अपहरण और उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार
नाबालिग लड़की के अपहरण और शारीरिक उत्पीड़न के आरोपी अजय कपाड़िया को सिगरा पुलिस ने रविवार को सिगरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बलिया के जगदीशपुर, सुखपुरा का रहने वाला है। अजय कपाड़िया का आपराधिक इतिहास भी है, जिसमें बलिया के सुखपुरा थाने में भी एक मामला दर्ज है।

युवक ने फंदे से लटक कर दी जान
लंका थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित बंगाली कॉलोनी में रविवार देर शाम नीरज बिंद ने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम की जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नीरज पांच बहनों का इकलौता भाई था और परिवार में तीसरे नंबर पर था। उसकी मां लक्ष्मीना बिंद नमो घाट पर चाय-लस्सी की दुकान चलाती हैं। नीरज अहमदाबाद में एक कंपनी में नौकरी करता था और कुछ दिन पहले ही घर आया था। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

होटल के किचन में लगी आग
लक्सा थाना क्षेत्र में गिरजाघर के पास स्थित सैफ्रॉन होटल के किचन में रविवार को अचानक आग लग गई। आग लगते ही होटल कर्मचारियों ने किचन में रखे अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पा लिया। कर्मचारियों को आग से बचाव और फायर उपकरणों के इस्तेमाल का प्रशिक्षण मिला हुआ था, जिससे समय रहते आग को नियंत्रित कर लिया गया। लक्सा थाना प्रभारी राजू कुमार ने बताया कि आग से कोई नुकसान नहीं हुआ है। 

दहेज उत्पीड़न में पति समेत चार पर प्राथमिकी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के नरायनपुर निवासी प्रीती तिवारी ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के प्रयास का आरोप लगाते हुए पति बृजेश तिवारी, सास लालती तिवारी, देवर जयशंकर तिवारी और जेठ अजय तिवारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। प्रीती के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2010 में ग्राम मदनी, मनोरथपुर, डोमनपुर निवासी बृजेश तिवारी के साथ हुई। 

आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग तीन लाख रुपये दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि सात फरवरी की रात करीब नौ बजे ससुराल में चारों लोगों ने मिलकर उसकी हत्या का प्रयास किया। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पति समेत चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। 

स्कूल जाने के लिए घर से निकली किशोरी लापता
चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी दो सितंबर को स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इस संबंध में किशोरी के पिता ने चौबेपुर थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस किशोरी के मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर उसकी तलाश कर रही है। 

सेल्स हेड विमल शाह का हुआ अंतिम संस्कार
ऑटोमोबाइल्स शोरूम के सेल्स हेड विमल शाह (65 वर्ष) का रविवार की सुबह हरिश्चंद्र घाट पर अंतिम संस्कार हुआ। बेटे गर्व शाह ने उन्हें मुखाग्नि दी। बेटी भी यूएस से मंडुवाडीह स्थित विराट एमएस अपार्टमेंट पहुंची। शोकाकुल परिजनों को रिश्तेदारों और शोरूम के अधिकारियों ने ढांढ़स बंधाया। मंडुवाडीह चौराहा स्थित विराट एमएस अपार्टमेंट के बी ब्लाक के 503 नंबर फ्लैट निवासी विमल शाह रोहनिया स्थित ऑटोमोबाइल्स शोरूम में सेल्स हेड थे।  डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि इस संबंध में किसी ने भी मंडुवाडीह पुलिस से संपर्क नहीं किया है। 

विवाहिता से मारपीट, 3 लाख मांगने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और सोशल मीडिया के जरिये आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। विवाहिता के अनुसार उसकी शादी सात जून 2022 को दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी दिलशाद अहमद से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे परेशान करने लगे। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच की जा रही है। 

403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
लोकजन सोशलिस्ट पार्टी की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रविवार को बाबतपुर स्थित केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विरेन्द्र विश्वकर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी को लेकर चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव दिनेश शर्मा, राष्ट्रीय प्रमुख राजेश विश्वकर्मा, राधेश्याम विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे। 

रक्षामंत्री ने भाजपा नेता के निधन पर जताया शोक
भाजपा नेता सुरेश सिंह गौतम के निधन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भतीजे जिला महामंत्री संजीव सिंह गौतम से फोन पर शोक संवेदना प्रकट की। परिवार वालों को ढाढ़स बंधाया। बता दें कि गौर गांव निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य व संघ के वरिष्ठ नेता सुरेश सिंह गौतम को एक बार भाजपा ने गंगापुर विधानसभा से प्रत्याशी बनाया था। उस दौरान प्रदेश की राजनीति कर रहे राजनाथ सिंह को जनसभा में बुलाया था। उस दौरान सुरेश सिंह और राजनाथ सिंह आरएएस की बैठकों में भाग लेते थे।

विश्वकर्मा समाज ने प्रदेश सचिव का किया स्वागत
सपा के प्रदेश सचिव विष्णु शर्मा का रविवार को नमो घाट पर प्राचीन पंचमुखी विश्वकर्मा मंदिर ट्रस्ट और विश्वकर्मा समाज के लोगों ने स्वागत किया। प्रदेश सचिव ने कहा कि उन्हें प्राप्त यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि विश्वकर्मा समाज के लोगों का सम्मान है। समाज के लोगों की ओर से दिए गए स्नेह और सम्मान से उन्हें सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। इस मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष नंदलाल दास, सोनू विश्वकर्मा, प्रबंधक भारत लाल विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष डॉ. राम अधार शर्मा आदि ने स्वागत किया। 

आनंद बने समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष
समाजवादी पार्टी के युवा नेता आनंद कुमार यादव को छात्र सभा का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की संस्तुति पर छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा ने सारनाथ निवासी आनंद कुमार यादव को ये जिम्मेदारी दी है। कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई। प्रदेश सचिव राधाकृष्ण संजय यादव, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव, हीरालाल मौर्य, जिला प्रवक्ता संतोष यादव आनंद मौर्य आदि ने उन्हें बधाई दी है। 

काशी पहुंचे सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल 
फतेहपुर के सपा सांसद नरेश उत्तम पटेल रविवार को काशी पहुंचे। कैंट स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। प्रदेश सचिव विष्णु शर्मा ने कहा कि वाराणसी प्रवास के दौरान स्नातक सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा एवं शिक्षक खंड सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव का नामांकन कराएंगे। स्वागत करने वालों में वरिष्ठ नेता हरिनारायण सिंह, रितेश केसरी, पूजा यादव, संजू विश्वकर्मा, अखिलेश यादव, मन्नू अंसारी आदि मौजूद रहे। 

सपा की महानगर इकाई का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग रखी 
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए रविवार को महानगर समाजवादी पार्टी ने प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भेलूपुर थाना अध्यक्ष को सौंपा। पार्टी के महानगर अध्यक्ष दिलीप डे के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने घसियारी टोला स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति से पदयात्रा शुरू की। आगे बढ़ने पर पुलिस ने दुर्गाकुंड मंदिर के पास उन्हें रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं से पुलिस की नोकझोंक भी हुई। पार्टी के कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग से संबंधित तख्तियां लेकर चल रहे थे। मार्च में रामजी यादव, बहादुर सिंह यादव, रीबू श्रीवास्तव, रजत बाल्मीकि, आरती यादव, दीप चंद गुप्ता, संगीता पटेल आदि मौजूद रहे।

जोनल अधिकारियों को दी पंडाल के पास व्यवस्था की जिम्मेदारी
नवरात्र और दुर्गा पूजा को ध्यान में रखकर पंडालों के आसपास बेहतर व्यवस्था करने की की जिम्मेदारी नगर निगम के जोनल अधिकारियों को दी गई। मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त कि हिमांशु नागपाल ने कहा कि जोनल अधिकारी अपने-अपने जोन के पूजा पंडाल समिति के पदाधिकारियों से बात कर सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइटें, नाली और खड़ंजे आदि की व्यवस्था बेहतर कराएं। 

मेयर ने कहा कि उत्सव को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। नवरात्र से पूर्व सभी पूजा पंडालों तक जाने वाले मार्गों को दुरुस्त करने, स्ट्रीट लाइटों को सुचारु रखने, सीवर व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। मां दुर्गा की प्रतिमाओं के सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विसर्जन के लिए चिह्नित अस्थायी सरोवरों और विसर्जन कुंडों के आसपास विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उधर, नगर आयुक्त ने भी अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी। 

राष्ट्रीय सेवा भारती के स्वावलंबन प्रशिक्षण में 182 लोगों ने लिया हिस्सा
राष्ट्रीय सेवा भारती की ओर से अखिल भारतीय स्वावलंबन प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल कोईराजपुर, हरहुआ, वाराणसी में हुआ। इसमें देश के सभी प्रांतों से कुल 182 प्रतिभागी उपस्थित रहे। इनमें 103 महिला प्रतिभागी रहीं। प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन पराग अभ्यंकर, अखिल भारतीय सेवा प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने किया। 

समापन सैंथिल कुमार, अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने किया। दो दिनों में वर्ग कुल आठ सत्रों में आयोजित हुआ। जिसमें सेवा का उद्देश्य, स्वावलंबन की संकल्पना एवं सम्भावनाएं, वैभव स्वयं सहायता समूह, सोशल मीडिया, मार्केटिंग, सफलता की कहानी आदि विषयों पर चर्चा हुई । राष्ट्रीय सेवा भारती की ओर से देश में रोजगार की सम्भावनाएं, स्वावलंबन के साथ-साथ संस्कार, समाज में समरसता का निर्माण, राष्ट्र प्रथम भावना का जागरण आदि विषयों के साथ समाज में सेवा भाव के जागरण का कार्य करती है। 

एनेस्थिसियोलॉजी के क्षेत्र में तकनीक के साथ आगे बढ़ना होगा
इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थिसियोलॉजिस्ट्स का तीन दिवसीय वार्षिक सम्मेलन, यूपीआईएसएकॉन 2026 रविवार को समाप्त हो गया। तीन दिन तक चले सम्मेलन में 300 से ज्यादा प्रतिभागियों ने चिकित्सा जगत में एनेस्थीसिया की भूमिका सहित अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। केएन उडुप्पा सभागार में हुए समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों ने एनेस्थिसियोलॉजी के क्षेत्र में तकनीक के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। इस दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को एनेस्थिसियोलॉजिकल केयर को आगे बढ़ाने के लिए समय-समय पर मंथन को उपयोगी बताया। सम्मेलन के प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान आयोजन समिति से डॉ. निलेश श्रीवास्तव, डॉ. राजेश मीणा, डॉ. सतीश पटेल, डॉ. अमिया बारिक मौजूद रहे। 

पेंशन सलाहकार समिति की मांगों को लागू करने पर चर्चा
वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान की मासिक बैठक रविवार को कचहरी के कोषागार परिसर में हुई। इसकी अध्यक्षता कर रहे संस्थान के अध्यक्ष राजेश्वर पांडेय ने कहा कि राज्य पेंशन सलाहकार समिति की बैठक में रखी गई मांगों को लागू किया जाए। इसमें कोरोना काल के फ्रीज डीए का भुगतान करने, 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पर पेंशनर्स को 5 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन प्रदान करने, वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में छूट बहाल करने की मांग की गई। चिकित्सा प्रतिपूर्ति की पुरानी व्यवस्था को ही लागू करने को कहा गया। 4 से 9 अक्तूबर तक ऑनलाइन प्रशिक्षण के आदेश से बुजुर्ग पेंशनर्स को हो रही कठिनाइयों पर रोष जताया। संचालन जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने किया। इस अवसर पर केआर शास्त्री, आनन्द लाल, संतलाल यादव, बंशी लाल जायसवाल, सीबी सिंह, उमेश बहादुर सिंह मौजूद रहे।

हर महीने 178 भवनों के नक्शे पास कर रहा वीडीए, 93 ले आउट भी पास
वीडीए अब हर महीने 178 भवनों का नक्शा पास कर रहा है। अब तक 2000 भवनों के मानचित्रों को स्वीकृति दी गई है। इनमें 1,073 कंपाउंडिंग मानचित्र और बाकी नए ऑनलाइन भवन मानचित्र स्वीकृत किए गए हैं। 93 ले-आउट, 22 ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं और 39 होटल परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। 

वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने बताया कि होटल परियोजनाओं से वाराणसी की होटल क्षमता में लगभग 1900 नए कमरे जुड़ेंगे। ग्रुप एवं किफायती आवास क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है। स्वीकृत 22 ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं में कई बड़े डेवलपर्स की परियोजनाएं शामिल हैं। इनके माध्यम से कुल 2,283 आवासीय इकाइयों का निर्माण होगा। इससे वाराणसी की बढ़ती आबादी के लिए नियोजित एवं विधिक रूप से स्वीकृत आवास की उपलब्धता बढ़ेगी और घर खरीदारों को अधिक विकल्प एवं सुरक्षा प्राप्त होगी। 

वर्तमान में वीडीए का कार्यक्षेत्र लगभग 1000 वर्ग किलोमीटर में विस्तृत है, जिसमें वाराणसी, चंदौली एवं मिर्जापुर जनपदों के 800 से अधिक गांव शामिल हैं। वीडीए की ओर से अब तक लगभग 350 एकड़ भूमि अर्जित की जा चुकी है, जिसका लागत मूल्य लगभग 1200 करोड़ रुपये है। इस भूमि का नियोजित टाउनशिप के रूप में विकास किया जाएगा। इन प्रस्तावित टाउनशिप में केवल आवासीय कॉलोनियां नहीं हैं।

छात्र-छात्राओं ने खून से लिखा पत्र
बीएचयू में अनिश्चितकालीन धरने के 12वें दिन रविवार को छात्र और छात्राओं दोनों ने अपने-अपने खून से पत्र लिखकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि चीफ प्रॉक्टर के इस्तीफा सहित उनकी अन्य 10 सूत्री मांगों को स्वीकार नहीं किया गया। कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई ऐसे में सोमवार को बड़ी बैठक कर प्रशासन की उदासीनता के विरोध की दिशा और दशा तय करनी होगी। इस पत्र के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन का ध्यान छात्रों की लंबित समस्याओं को गिनाया। इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि छात्रों को अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार आंदोलन करना पड़ रहा है। बीते पांच दिनों में विवि प्रशासन की ओर से छात्रों से बातचीत करने के लिए केवल एक व्यक्ति का आना प्रशासन की गंभीरता और संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है। 

पर्यटकों को किया जागरूक
विश्व पशु दिवस पर सारनाथ डियर पार्क में रविवार को 137 सीईटीएफ 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स ने पशु संरक्षण पर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पर्यटकों को संबोधित करते हुए सूबेदार धनेश यादव और जगदीश चंद ने कहा कि पशु प्रकृति का संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से वनीय व जलीय जीवों के प्रति दया और करुणा का भाव रखने तथा अपने भोजन का एक अंश बेजुबान जीवों को देने की अपील की। 

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना : अब 11 की जगह 25 ट्रेडों का मिलेगा लाभ
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत अब 11 की जगह कुल 25 ट्रेडों के कारीगरों को लाभ मिलेगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक और आधुनिक क्षेत्रों के कामगारों को प्रशिक्षण, टूलकिट और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उपायुक्त उद्योग अभिषेक प्रियदर्शी ने बताया कि लाभार्थियों को निशुल्क प्रशिक्षण, प्रमाणपत्र और अधिकतम 15 हजार रुपये तक की टूलकिट उपलब्ध कराई जाएगी। 

प्रशिक्षण 10 दिनों का होगा। इस दौरान प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को प्रतिदिन 500 रुपये मानदेय डीबीटी के माध्यम से दिया जाएगा। 5,000 रुपये का मानदेय मिलेगा। इसके लिए आईटीआई, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड तथा संबंधित संस्थाओं की मदद ली जाएगी। कारीगरों को ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म और जेम पोर्टल से जुड़ने में मदद मिलेगी। स्वरोजगार शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक का ऋण बिना गारंटी और बिना ब्याज उपलब्ध कराया जाएगा। 

इन ट्रेड वालों को लाभ : योजना में पहले से बढ़ई, दर्जी, कुम्हार, लोहार, नाई, राजमिस्त्री, सुनार, टोकरी बुनकर, हलवाई, मोची और धोबी थे। योजना 2.0 में पांच नए पारंपरिक ट्रेड जोड़ी गई हैं। इनमें मूर्तिकार, मालाकार, दूधवाला, भरभुजा और मछुआरा शामिल हैं। इनमें नौ आधुनिक ट्रेड जैसे मोबाइल मरम्मत, ऑटोमोबाइल मरम्मत, प्लंबर, कंप्यूटर मरम्मत और डिजिटल फोटोग्राफी भी शामिल हैं। 

35 फीट सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने पर सहमति
छोटा लालपुर मस्जिद से अनौला तिराहे तक प्रस्तावित 35 फीट सड़क चौड़ीकरण को लेकर रविवार को छोटा लालपुर स्थित लॉन में क्षेत्रीय लोगों की बैठक हुई। इसमें पांडेयपुर के पार्षद अशोक मौर्य, रमरेपुर के पार्षद संजय जायसवाल, व्यापार मंडल के नेता हृदय गुप्ता ने लोगों से चौड़ीकरण के दौरान होने वाली समस्याओं और उनकी आपत्तियों की जानकारी ली। बैठक में लाल निशान की जद में आए मकानों को नहीं तोड़ने और दुकानों को नुकसान से बचाने की मांग उठी। 

इस पर पार्षद अशोक मौर्य ने कहा कि किसी का मकान नहीं तोड़ा जाएगा, लेकिन मकानों और दुकानों के आगे अतिक्रमण कर लगाए गए टीन शेड और सीढ़ियों को हटाना होगा। इस पर कुछ लोगों ने सहमति जताई, जबकि कुछ ने इन्कार कर दिया। उन्होंने लोगों से समाज हित में कम से कम 30 फीट तक सड़क चौड़ीकरण में सहयोग करने की अपील की। नेताओं ने कहा कि सड़क चौड़ी होने से पांडेयपुर क्षेत्र में लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है। 

राज्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से किया संवाद
आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने रविवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम परिसर में पधारे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से संवाद किया। संवाद के दौरान श्रद्धालुओं ने धाम के कायाकल्प की मुक्तकंठ से सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि जहां पहले संकरी गलियों और भीड़भाड़ से होकर बाबा के दर्शन के लिए गुजरना पड़ता था, वहीं आज धाम के भव्य और दिव्य स्वरूप के बाद बाबा के दर्शन अत्यंत सुलभ, सुविधाजनक और अलौकिक हो गए हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है। बाबा विश्वनाथ धाम का यह दिव्य और भव्य स्वरूप प्रधानमंत्री के विजन का परिणाम है, जिसने काशी की प्राचीन विरासत को संजोते हुए उसे विश्वस्तरीय सुविधाओं से जोड़ा है। 

तीन दिवसीय धर्म महासम्मेलन का समापन 
चौकाघाट स्थित गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में आयोजित तीन दिवसीय आनंदमार्ग धर्म महासम्मेलन का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन तड़के सुबह 100 से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा नाम केवलम् संकीर्तन के साथ प्रभात फेरी निकाली। साथ ही पिछले 24 घंटे से चल रहे अखंड कीर्तन का समापन हुआ। महासम्मेलन में देश-विदेश से आए 3,000 से अधिक संन्यासियों और गृहस्थ मार्गियों ने सामूहिक भजन, कीर्तन और साधना में भाग लिया। सत्र के दौरान आनंदमूर्ति (बाबा) के प्रवचन का वीडियो प्रसारित किया गया। दोपहर में संकुल से एक विशाल कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान दयाशिखरानंद अवधूत, अमरनाथ सेठ, आचार्य सत्यप्रकाश, अनिमेषानंद अवधूत मौजूद रहे। 

अपना घर आश्रम में प्रभुजनों के लिए किया अन्नदान
रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ ने रविवार को सामने घाट स्थित अपना घर आश्रम में 631 प्रभुजनों को भोजन कराया। सदस्यों की ओर से सेवाकार्य के लिए 1.50 लाख रुपये की राशि का अन्नदान किया। साथ ही क्लब ने आश्रम में मौजूद प्रभुजनों के लिए दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था की। क्लब के सदस्य प्रदीप जालान ने अपनी पत्नी दिवंगत विनीता जालान की स्मृति में अपना घर आश्रम में यह आयोजन किया। 

क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं बल्कि समाज में मानवीय मूल्यों और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। अन्नदान से बड़ा कोई दान नहीं है। दिवंगत विनीता जालान की स्मृति में किया गया यह कार्य उनकी स्मृति को हमेशा जीवित रखने वाला कार्य है। यह सच्ची श्रद्धांजलि के साथ ही साथ समाज के लिए एक प्रेरणादायी संदेश भी है। कार्यक्रम में सुरेश खंडेलवाल, इंद्रसेन सिंह, डॉ. अनूप मिश्रा, चित्रा मिश्रा सहित क्लब अध्यक्ष अशोक सुल्तानिया और सचिव डॉ. आरके जायसवाल मौजूद रहे। 

सुनील मेहरोत्रा बने खत्री समाज के अध्यक्ष
वाराणसी। शहर के प्रमुख साड़ी व्यवसायी सुनील मेहरोत्रा को खत्री हितकारिणी सभा वाराणसी का अध्यक्ष चुना गया है। उन्हें आगामी दो वर्षों 2027-28 के लिए सर्वसम्मति से इस पद के लिए नियुक्त किया गया। बनारस क्लब में हुई आम सभा में मुख्य चुनाव अधिकारी मुकुंद लाल टंडन ने यह घोषणा की। मनीष कपूर कोषाध्यक्ष चुने गए। विजय मेहरोत्रा मंटू, रोहित कपूर, राजीव खन्ना, नवनीत सेठ बिल्लू और मनीष मेहरोत्रा उपाध्यक्ष बने। संरक्षकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और टीम को बधाई दी। 

डॉ. श्रीनाथ मिश्र की जयंती पर दी श्रद्धांजलि
रवींद्रपुरी स्थित श्रीनाथ भक्ति संस्थान के सभागार में रविवार को काशी विद्वत परिषद न्यास के तत्वावधान में मानसरत्न डॉ. श्रीनाथ मिश्र का हीरक जयंती महोत्सव मनाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें अखिल भारतीय विद्वानों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर विचार व्यक्त किए। ब्रह्मचारी शंभूप्रेमानंद ने संगोष्ठी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गुरु और गौमाता में सच्ची निष्ठा रखकर ही श्रीनाथ मिश्र को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है। इस दौरान प्रो. शैलेश तिवारी, प्रो. कमलाकांत त्रिपाठी, सुरेंद्र नाथ मिश्र, श्रीश दत्त शुक्ल मौजूद रहे। 

छात्राओं ने समझी स्वच्छता की अहमियत
श्री राधा कृष्ण बनवासी छात्रावास चुनार में रविवार को किशोरियों को मासिक धर्म, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। सखी पहल के अंतर्गत डिडवानिया ग्रुप के सीएसआर निधि के सहयोग से ललिता, लायंस क्लब वाराणसी अर्जुन और लायंस क्लब वाराणसी पर्ल के संयुक्त प्रयास से ये कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि आईआरएस राहुल सर्राफ ने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि पीडीजी बलबीर सिंह बग्गा रहे। रसिकलाल डिडवानिया ने छात्राओं को सेनेटरी नैपकिन के सही उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता और मासिक धर्म के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के विषय में जानकारी दी।

श्रीराम कथा अज्ञान और मोह को दूर करती है: बालव्यास 
दुर्गाकुंड स्थित अंध विद्यालय सभागार में चल रहे भाई जी की 134वीं जयंती महोत्सव कथा के दूसरे दिन रविवार को बालव्यास शशि शेखर महाराज ने श्रीराम कथा का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा अज्ञान और मोह को दूर करती है, जिससे मनुष्य में भगवान राम के प्रति दृढ़ प्रेम और भक्ति उत्पन्न होती है। यह कथा हृदय को शुद्ध कर जीवन का परम लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक है। 

झांसी से पधारे बालव्यास ने संतों की संगति को जीवन की सच्ची दिशा बताया। उन्होंने संतों की संगति मानव को भटकाव से बचाकर प्रभु से जोड़ती है। भगवान की कथा और संत महात्माओं का संग ही मोक्ष का मार्ग है। श्रीराम कथा भक्ति का मार्ग प्रशस्त करती है, जिससे भगवान पर पूरा भरोसा होता है। यह मनुष्य के चरित्र को सुधारने वाला दर्पण है। इस दौरान श्याम सुंदर प्रसाद, नागर प्रसाद दाधिच, यदुराज कानोड़िया, विजय कुमार मिश्र मौजूद रहे। 

गरबा में केवल सनातनी श्रद्धालुओं को प्रवेश, मर्यादित वेशभूषा अनिवार्य
शारदीय नवरात्र में गरबा, डांडिया, दुर्गा पूजा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा और मर्यादा बनाए रखने के लिए रविवार को हिंदू संगठनों, सामाजिक प्रतिनिधियों और पूजा समिति की एक बैठक हुई। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) काशी महानगर कार्यालय में आयोजित इस बैठक में विभिन्न संगठनों ने हिस्सा लिया और आयोजकों के साथ-साथ प्रशासन के लिए कई सख्त दिशा-निर्देश तय किए।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गरबा महज मनोरंजन या व्यवसाय का जरिया नहीं, बल्कि मां दुर्गा की उपासना का एक पवित्र धार्मिक अनुष्ठान है। ऐसे में इन आयोजनों को केवल पारंपरिक दुर्गा पूजा पंडालों तक ही सीमित रखा जाना चाहिए। 

केंद्रीय पूजा समिति के अध्यक्ष तिलकराज मिश्रा ने बताया कि आयोजनों में केवल सनातनी श्रद्धालुओं को ही प्रवेश दिया जाएगा। विहिप प्रचार-प्रसार विभाग काशी के प्रमुख विपुल कुमार पाठक ने बताया कि फिल्मी और अश्लील गानों पर रोक लगाते हुए केवल पारंपरिक, लोक और भक्ति गीतों की अनुमति देने की मांग की गई है। आयोजनों में शामिल होने वालों के लिए मर्यादित वेशभूषा अनिवार्य होगी। साथ ही कार्यक्रमों की शुरुआत मां दुर्गा की आरती, तिलक और रक्षासूत्र बांधकर करने का आग्रह किया गया। 

गीता के श्लोक मनुष्य को कर्म की ओर करते हैं प्रेरित
गीता भारतीय परंपरा का वह शास्त्र है जो सहस्राब्दियों से मानव मात्र को कर्म की ओर प्रेरित करता रहा है। क्या करना है क्या नहीं, इन सबकी प्रतिपादक गीता ही है। रविवार को मालवीय भवन में गीता प्रवचन में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदांत विभाग के आचार्य प्रो. सुधाकर मिश्र ने ये बातें कहीं। उन्होंने बताया कि गीता के अध्ययन और उसके चिंतन-मनन से मनुष्य सभी तरह के भ्रमों से मुक्त हो जाता है। अतिथियों का स्वागत प्रो. उपेंद्र कुमार त्रिपाठी ने किया। 

पांच वर्ष बाद मानस्तंभ का महामस्तकाभिषेक
श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन तीर्थ भेलूपुर में रविवार को पांच वर्ष बाद मानस्तंभ की प्रतिमाओं का महामस्तकाभिषेक किया गया। इसमें आचार्य विद्यासागर महाराज से दीक्षित मुनि धर्म सागर और मुनि भाव सागर का सान्निध्य रहा। इससे पहले शनिवार को एक शाम प्रभु के नाम भजन संध्या और कल्याण मंदिर दीप अर्चना हुई। इस कार्यक्रम में दिल्ली सहित भारत के अनेक नगरों से श्रद्धालु शामिल हुए। मुनि धर्म सागर ने धर्म सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मानस्तंभ मान कषाय को स्तंभ करने वाला होता है। मुनि भाव सागर ने कहा कि महापुरुष विघ्न बाधा आने पर अभिषेक करवाते थे। 

बनारसी ठाठ-बाट के बीच सजी विभूतियों की महफिल
लायंस क्लब वाराणसी सिल्क सिटी की 27वीं चार्टर नाइट का आयोजन रविवार को चौकाघाट स्थित एक होटल में हुआ। इस वर्ष समारोह की मुख्य थीम ‘विभूतिया - एक शाम अपने रत्नों के नाम’ रखी गई थी। समारोह स्थल को पारंपरिक बनारसी छटा में सजाया गया था, जिसमें काशी के घाट, बनारसी छतरी, पान-कचौड़ी के स्टॉल और प्रमुख मंदिरों (बाबा विश्वनाथ, मां अन्नपूर्णा, संकट मोचन, दुर्गा जी व काल भैरव) की मनमोहक झलक आकर्षण का केंद्र रही।

बीएचयू आर्थोपेडिक टीम ने क्योटो में पढ़ा शोध पत्र
आईएमएस बीएचयू के ऑर्थोपेडिक विभाग की टीम ने जापान के क्योटो में वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में शोध पत्र पढ़ा। टीम का नेतृत्व प्रो.अजीत ने किया। उनके साथ प्रो.शिवम और डॉ. संजय भी टीम में शामिल रहे। बीएचयू की टीम ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कई शोध पत्र प्रस्तुत किए तथा विभिन्न शैक्षणिक प्रस्तुतियां भी दीं। विभाग के रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी की। विभाग के सदस्यों ने कहा कि इस तरह के सम्मेलन में प्रतिभाग से विभाग में शोध गतिविधियों को और बढ़ावा मिलेगा और वैश्विक स्तर पर अकादमिक सहयोग के नए अवसर मिलेंगे। 

स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं पर पूछे गए सवाल
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से रविवार को कराई गई स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा में 37 केंद्रों पर 16 हजार अभ्यर्थी शामिल हुए। वाराणसी सहित आसपास के जिलों से आए अभ्यर्थियों के अनुसार पेपर आसान रहा। इसमें सामान्य अध्ययन, इतिहास, मैथ के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं पर आधारित सवाल पूछे गए। इसमें अलावा आशा, एएनएम के कार्य संबंधी सवाल भी आए थे।

लोकसेवा आयोग की ओर से सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक कराई गई परीक्षा के लिए 8 बजे से ही प्रवेश मिलना शुरू हुआ। सीसी कैमरे की निगरानी में अभ्यर्थियों की जांच के बाद 8.45 बजे तक अंदर जाने मिला। हर केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सह केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य निरीक्षकों की तैनाती रही। प्रयागराज की पूजा मिश्रा ने बताया कि सरकार की ओर से मरीजों, आशा, एएनएम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं पर सवाल पूछे गए। देवरिया के नीतिश शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में दूर-दराज केंद्र बनने से परेशानी होती है।

फार्मेसी शिक्षा में नई शिक्षा नीति का प्रयोग लाभकारी
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया नई दिल्ली के उपाध्यक्ष जशुभाई एच चौधरी ने कहा कि फार्मेसी शिक्षा को बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करना बेहद जरूरी है। इसमें नई शिक्षा नीति का प्रयोग भी लाभकारी साबित होगी। एनईपी-2020 के अनुरूप बीफार्मा पाठ्यक्रम-2026 का प्रभावी क्रियान्वयन शिक्षकों और संस्थानों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

ये बातें उन्होंने अशोका इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम में नई शिक्षा नीति की उपयोगिता पर चर्चा के दाैरान कहीं। 
कार्यक्रम में पूर्वी उत्तर प्रदेश के 31 फार्मेसी कॉलेजों से आए 200 से अधिक शिक्षकों ने हिस्सा लिया। काउंसिल से प्रो. विभु साहनी ने फार्मेसी शिक्षा में गुणवत्तापूर्ण एवं परिणाम आधारित शिक्षा को जरूरी बताया। तकनीकी सत्रों में एआई और नए सिलेबस पर चर्चा की गई। 

संस्थान के अध्यक्ष ई.अंकित मौर्या और उपाध्यक्ष डॉ. अमित मौर्या ने अतिथियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। संचालन सहायक प्रोफेसर मौलश्री भण्डारी, मनीष दुबे, धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अवनीश श्रीवास्तव ने किया। 

एकल प्रदर्शनी यूनिफाइड विजन-2 का शुभारंभ
बीएचयू के दृश्य कला संकाय स्थित अहिवासी कला दीर्घा में रविवार को यूनिफाइड विजन-2 का शुभारंभ हुआ। इसमें ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति, सामाजिक गतिविधियों, सामुदायिक जीवन और मानवीय व्यवहार को दिखाया गया है। दो अलग-अलग तस्वीरों को एक साथ रखकर उनमें छिपे संबंध के आधार पर नई दृश्य-कथा तैयार की गई है। प्रदर्शनी में कुम्हारों का काम, ग्रामीण महिलाएं, लोक आयोजन गतिविधियां शामिल हैं। इस दौरान प्रो. जसमिंदर कौर, प्रो. मनीष अरोड़ा ने ‘फोटो वीडियो एक्सपो’ के पोस्टर का भी लोकार्पण प्रदर्शनी गुजरात स्टेट ललित कला अकादमी द्वारा प्रायोजित है। 

रिसर्च और बिजनेस टायकून के बनने के बीच ये आठ स्टेप जरूरी
आईआईटी बीएचयू के ट्रैक्शन कार्यक्रम में टेक्नोसेवियों को रिसर्च और बिजनेस टायकून बनने के बीच आठ बड़े स्टेप को पूरा करने की बात बताई गई। रविवार को समापन सत्र में प्रतिभागियों ने समस्या की पहचान, सत्यापन, ग्राहक खोजना, मिनिमम वायबल प्रोडक्ट, उत्पाद निर्माण, बिजनेस मॉडल, गो-टू-मार्केट रणनीति और फंडिंग की तैयारी जैसे कामों को जाना। प्रतिभागियों को अपने विचारों को ग्राहकों के सामने परखने और उनमें जरूरी बदलाव करने का मौका मिला। 

कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. मुकेश मेश्राम ने बताया कि आईआईटी के पूर्व छात्रों और उद्योग विशेषज्ञों की भागीदारी रही। इनमें सीरियल आंत्रप्रेन्योर राजीव गुप्ता, फर्स्टक्राई और एक्सप्रेसबीज के संस्थापक अमितावा साहा, टेरी एसएएस के डॉ. आनंद जायसवाल, इंद्रा एस्ट्रा के सीटीओ धीरज डागा, मैग्ना हायर के सीईओ अकस्मत प्रधान और ट्रिफेक्टा कैपिटल के पार्टनर सौरभ सिंह सहित कई विशेषज्ञों ने बिजनेस तैयार करने का तरीका सुझाया। 

नशे के सेवन से पीछे हैं पंजाब के युवा : कुलपति
काशी विद्यापीठ समाजशास्त्र विभाग और मद्य निषेध विभाग की ओर से हुई संगोष्ठी में वक्ताओं ने नशा मुक्त युवा विषय पर अपनी बात रखी। कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि भारत के समृद्ध पंजाब राज्य के युवा नशे के सेवन की वजह से जीवन और विकास में पिछड़ गए हैं। इस पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है। नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम में कुलपति ने कहा कि आईआईटी कानपुर के छात्र जीवन से लेकर पंजाब में अपने सेवाकाल के दौरान वास्तविक अनुभवों को छात्र-छात्राओं से साझा किया।  

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पंजाब भारत में नशे के दुष्परिणामों से संघर्ष करता हुआ एक पिछड़ा राज्य है। जिला आबकारी अधिकारी कमल कुमार शुक्ला ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर जीवन निर्माण और राष्ट्र निर्माण में सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस दौरान कुलपति ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। स्वागत कार्यक्रम संयोजिका प्रो. अमिता सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय मद्य निषेध अधिकारी, डॉ. अंकुर पांडेय, कृष्ण कुमार मिश्र रहे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed