Varanasi News: खुनखुन जी अतिथि गृह में गुजरात से आए बुजुर्ग ने लगाया फंदा, पहुंची पुलिस; परिजनों को दी सूचना
वाराणसी के बुलानाला स्थित खुनखुन जी अतिथि गृह में ठहरे गुजरात के राजकोट निवासी गोपाल जी भाई (73) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
विस्तार
वाराणसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के बुलानाला स्थित खुनखुन जी अतिथि गृह में ठहरे गुजरात के एक बुजुर्ग ने बुधवार शाम फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान गोपाल जी भाई (73) निवासी राजकोट, गुजरात के रूप में हुई है। वह चार दिन पहले काशी भ्रमण के लिए वाराणसी आए थे और बुलानाला स्थित खुनखुन जी अतिथि गृह के कमरा संख्या 118 में ठहरे हुए थे।
बुधवार शाम काफी देर तक गोपाल जी भाई कमरे से बाहर नहीं निकले। इस पर अतिथि गृह के कर्मचारियों ने उन्हें कई बार आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर कर्मचारियों ने कमरे के रोशनदान से झांककर देखा तो वह धोती के सहारे फंदे से लटके दिखाई दिए। यह देखकर कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना अतिथि गृह के प्रबंधक सूर्यबली पांडेय ने तत्काल कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पंचनामा भरने के बाद मंडलीय अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया।
कोतवाली इंस्पेक्टर दया शंकर सिंह ने बताया कि मृतक के पास मिले आधार कार्ड के आधार पर उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शुरुआती जांच में किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है और आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के वाराणसी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद विधिक कार्रवाई पूरी की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।