Varanasi News: ITI में शुरू होंगे AI आधारित नए कोर्स, इसी सत्र से होगी पढ़ाई; जानें खास बातें
आईटीआई में इस सत्र से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित नए कोर्स शुरू किए जाएंगे। छात्रों का रुझान मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल, मैकेनिक ऑटो इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में अधिक देखा जा रहा है। इन कोर्सों का उद्देश्य छात्रों को आधुनिक तकनीक और उद्योग की मांग के अनुसार कुशल बनाना है, जिससे रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकें।
विस्तार
जिले के आईटीआई कॉलेजों में इस सत्र से एआई आधारित कोर्स भी पढ़ाए जाएंगे। इसके लिए लैब का निर्माण भी पहले से कराया जा चुका है। इस सत्र से नई शिक्षा नीति 2020 के तहत यह बदलाव किए जाएंगे। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए छात्रों का रुझान सबसे ज्यादा मैकेनिक ऑटो इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड की ओर है।
आईटीआई कॉलेजों में इस सत्र से एआई आधारित पढ़ाई कराई जाएगी। तकनीक और आधुनिकता की ओर बढ़ते शिक्षा जगत में यह बदलाव नई शिक्षा नीति के तहत किए गए हैं। इसके लिए कॉलेजों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आईटीआई के संयुक्त निदेशक केएम सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण महानिदेशालय (डीजीटी) ने नई तकनीक और आधुनिक मांग के आधार पर 29 नए कोर्स विकसित किए हैं। नए सत्र से सभी राजकीय और निजी आईटीआई संस्थान में इन्हें शुरू करने की तैयारी है। एआई आधारित कोर्स में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 5जी नेटवर्क टेक्नीशियन, साइबर सुरक्षा असिस्टेंट जैसे कोर्स पढ़ने का मौका मिलेगा।
इलेक्ट्रिक व्हीकल से जुड़े कोर्स में छात्रों का रुझान ज्यादा
ईंधन की निर्भरता खत्म करते हुए अब वाहन निर्माता कंपनियां इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने में जुटी हैं। इनकी मांग भी लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए आईटीआई कॉलेजों में इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने उनके पार्ट्स के निर्माण से संबंधित कोर्स भी पढ़ाए जा रहे हैं। आईटीआई करौंदी के शिक्षकों ने बताया कि इलेक्ट्रिक व्हीकल से संबंधित कोर्स में छात्रों का रुझान ज्यादा हैं। इसका एक कारण यह भी है कि इसमें प्लेसमेंट भी ज्यादा होते हैं।
इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस बार इन वाहनों को बनाने का प्रशिक्षण ज्यादा से ज्यादा छात्रों को देने की योजना है। इस ट्रेड की ओर छात्रों का रुझान भी अधिक है। - केएम सिंह, संयुक्त निदेशक, आईटीआई