Varanasi News: एयरपोर्ट पर यात्री के पास से मिला मशीन गन का बट, पुलिस ने लिया हिरासत में; आठ घंटे पूछताछ
वाराणसी स्थित अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लाइट मशीन गन का बट यात्री के पास मिलते ही सुरक्षाकर्मी अलर्ट मोड में आ गए। जांच-पड़ताल करने के बाद यात्री को हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
Varanasi Crime News: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर पर रविवार की सुबह 9.25 बजे एयर इंडिया के यात्री और आजमगढ़ निवासी अंकित कुमार राय के पास से लाइट मशीन गन (एलएमजी) का बट बरामद हुआ है। अंकित सामान के साथ बट लेकर जा रहा था। फूलपुर पुलिस, एलआईयू की स्पेशल टीम, एटीएस, आर्मी इंटेलिजेंस ने लगभग आठ घंटे तक पूछताछ के बाद देर शाम में उसे छोड़ दिया गया। वह गुजरात के आर्डिनेस फैक्ट्री में स्पिन क्राप्ट कंपनी में क्वालिटी मैनेजर है।
एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने बताया कि आजमगढ़ निवासी अंकित कुमार राय एयर इंडिया के विमान संख्या एआई-2462 से मुंबई होते हुए अहमदाबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। सीआईएसएफ ने जांच की तो सामान से एलएमजी का बट बरामद हुआ। सीआईएसएफ की तरफ से मामले की सूचना बाबतपुर पुलिस चौकी को दी गई।
यात्री के पास से एलएमजी का बट मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। एटीएस, सुरक्षाकर्मियों के साथ ही आर्मी इंटेलिजेंस और एलआईयू की स्पेशल टीम ने लगभग आठ घंटे तक पूछताछ की। इस बीच पूछताछ और पूरी तहकीकात में पता चला कि वह राजकोट में ऑर्डिनेंस फैक्टरी में स्पिन क्राप्ट कंपनी में क्वालिटी मैनेजर है।
पुलिस ने की कार्रवाई
यह कंपनी बेयरिंग के साथ ही अन्य कई पार्ट बनाती है। जुलाई में कानपुर की आर्डिनेस फैक्टरी ने एलएमजी की बॉडी बनाने का टेंडर राजकोट की कंपनी को 1.6480 करोड़ में मिला था। 126 एलएमजी की बॉडी बनानी थी। अंकित अपने बेटे के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए आजमगढ़ आ गया।
आठ अगस्त को कंपनी से फोन आया कि कानपुर आर्डिनेस फैक्टरी से सैंपल लिया। कूरियर और पार्सल वालों ने राजकोट सैंपल भेजने से इंकार कर दिया। ऐसे में वह बैग में एलएमजी का बट लेकर एयरपोर्ट पहुंचा और टर्मिनल भवन में प्रवेश करते ही बैगेज चेकिंग काउंटर पर सीआईएसएफ कर्मियों ने हिरासत में ले लिया।