Varanasi News: मिशनरी ऑफ चैरिटी निर्मला शिशु भवन से 14 वर्षीय बालिका लापता, पहुंची पुलिस; इस बात की आशंका
Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर स्थित मिशनरी ऑफ चैरिटी निर्मला शिशु भवन से 14 वर्षीय बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। कमरे से 330 रुपये भी गायब मिले। सीसीटीवी में वह मुख्य गेट से बाहर जाती नहीं दिखी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। संस्था को दीवार फांदकर भागने की आशंका है।
विस्तार
Varanasi News: शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित मिशनरी ऑफ चैरिटी निर्मला शिशु भवन से 14 वर्षीय एक बालिका के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद संस्था प्रबंधन में हड़कंप मच गया। संस्था की अध्यक्ष रोज सरिता की तहरीर पर शिवपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बालिका की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बालिका को जून माह के प्रथम सप्ताह में बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) वाराणसी के आदेश पर निर्मला शिशु भवन में स्थानांतरित किया गया था। तब से वह संस्था में रह रही थी। गुरुवार को वह अचानक लापता हो गई, जिसके बाद प्रबंधन ने उसकी खोजबीन शुरू की।
संस्था की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि 18 जून की सुबह करीब 11:30 बजे कर्मचारियों ने बालिका को भोजन के लिए बुलाने का प्रयास किया। जब वे उसके कमरे में पहुंचे तो वह वहां मौजूद नहीं थी। कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा था और वहां रखे 330 रुपये भी गायब थे। इसके बाद संस्था के कर्मचारियों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
जांच में जुटी पुलिस
संस्था प्रबंधन ने आशंका जताई है कि बालिका अनाथालय के पीछे स्थित बगीचे की ओर से दीवार फांदकर बाहर चली गई होगी। इसी संभावना को देखते हुए पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
पुलिस ने संस्थान के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। प्रारंभिक जांच में बालिका मुख्य गेट से बाहर जाती हुई दिखाई नहीं दी है। इससे दीवार फांदकर बाहर जाने की आशंका और मजबूत हो गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है तथा संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चला रही है।
थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि संस्था की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बालिका की तलाश के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।