UP: 7 माह पहले गर्भपात, बैग में दवाई, युवक के फोन से फोटो-वीडियो; बॉयज हॉस्टल में छात्रा का शव मिलने की कहानी
वाराणसी में नर्सिंग कॉलेज के बॉयज हास्टल की सीढ़ियों पर जीएनएम छात्रा का शव मिला है। पुलिस और परिवार ने दुष्कर्म की आशंका जताई है। साथ पढ़ने वाले युवक को हिरासत में लिया गया है। छात्रा के पिता पुलिस महकमे में तैनात हैं। छात्रा घर से स्वास्थ्य शिविर में जाने की बात कहकर घर से निकली थी।
विस्तार
मूलरूप से बलिया के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में छात्रा के सहपाठी और जौनपुर निवासी युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। छात्रा और युवक एक दूसरे के काफी करीब थे। छात्रा गर्भवती थी। उसका गर्भपात कराया गया था।
रक्तस्त्राव ज्यादा होने की वजह से मौत हो गई। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कॉलेज परिसर के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं।
नर्सिंग कॉलेज के बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर जिस छात्रा का शव मिला उसका परिवार सारनाथ थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहता है। यहीं रहकर छात्रा निजी नर्सिंग कॉलेज में पढ़ती थी। गर्मी की छुट्टी की वजह से दो दिन से कॉलेज बंद था फिर भी छात्रा बुधवार की सुबह घर से निकल गई।
सीढ़ियों पर छात्रा लहूलुहान हाल में मिली
इसी बीच सुबह 9 बजे कॉलेज प्रबंधन की तरफ से सारनाथ थाने की पुलिस को बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर छात्रा के लहूलुहान हाल में मिलने की सूचना दी गई। पुलिस को बताया गया कि इलेक्ट्रिशियन ने छात्रा को देखा और शोर मचाकर निजी सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी।
थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि छात्रा का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। दो डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया है। इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है। पोस्टमार्टम के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। छात्रा बॉयज हॉस्टल कैसे पहुंची और किसके लिए खाना लेकर गई थी इसकी जांच की जा रही है। सीसी कैमरों की जांच की जा रही है। मोबाइल फोन का सीडीआर निकलवा रही है।
जीएनएम द्वितीय वर्ष की छात्रा की मौत के बाद जौनपुर निवासी जिस युवक को हिरासत में लिया गया है वह पिछले डेढ़ साल से छात्रा के संपर्क में था। पुलिस के मुताबिक दोनों एक दूसरे के करीब थे। करीब सात महीने पहले भी छात्रा का गर्भपात कराया गया था। छात्रा का ब्लड प्रेशर अक्सर लो हो जाता था।
कॉलेज परिसर में निजी सुरक्षा कर्मी हैं। इसके बावजूद छात्रा बॉयज हॉस्टल तक पहुंच गई। हॉस्टल वार्डेन या फिर किसी दूसरे कर्मचारी ने भी ध्यान नहीं दिया। बॉयज हास्टल की सीढ़ियों पर लहूलुहान हाल में मिली छात्रा के बैग की जांच भी पुलिस ने की है। पुलिस के मुताबिक छात्रा के बैग से दर्द निवारक दवाइयां मिली हैं।
पुलिस हिरासत में लिए गए युवक के मोबाइल फोन से साक्ष्य मिले हैं। पुलिस के मुताबिक छात्रा के साथ कई फोटो, वीडियो हैं। एक दूसरे से चैटिंग की गई है। पुलिस अब छात्र-छात्राओं से पूछताछ करके और साक्ष्य जुटाएगी।