वाराणसी की खबरें: माई टेबल बार में मारपीट, मस्जिद तक लगाया गया लाल निशान; खाते से साढ़े तीन लाख रुपये उड़ाए
वाराणसी में माई टेबल बार में मारपीट का मामला सामने आया। दूसरी ओर एक मस्जिद तक लाल निशान लगाए जाने से क्षेत्र में चर्चा रही। वहीं साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से साढ़े तीन लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनाओं को लेकर संबंधित थानों में कार्रवाई जारी है।
विस्तार
सिगरा थाना क्षेत्र के विनायक प्लाजा स्थित 'माई टेबल' बार में बीती रात पार्टी के दौरान दो पक्षो में मारपीट हो गई। जानलेवा हमले में 3 युवक घायल हो गए। पीड़ित ने सिद्धिगिरी बाग निवासी आरोपी पीयूष साधवानी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दशाश्वमेघ निवासी रितिक कश्यप ने पुलिस को बताया की वह अपने भाई राहुल और अन्य दोस्तों के साथ मलदहिया स्थित 'माई टेबल' बार में पार्टी करने गया था।
आरोप है कि पार्टी के दौरान ही सिद्धगिरीबाग निवासी पीयूष साधवानी अकारण ही उलझ गया। उनके और दोस्तों राजकुमार व अंकित सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपी पीयूष साधवानी ने अपने हाथ में पहने हुए धारदार कड़े से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकला। एसीपी चेतगंज शुभम जैन ने बताया की सिगरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना स्थल के सीसी कैमरे पुलिस खंगाल रही है। मामले की जांच उप-निरीक्षक मो. जावेद अशरफ को सौंपी गई है। बार के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है।
अनौला तिराहे से लालपुर मस्जिद तक लगाया गया लाल निशान
सड़क चौड़ीकरण में बाधक बने निर्माणों पर शनिवार को नगर निगम की टीम ने निशान लगाया। आजमगढ़ मार्ग पर अनौला तिराहे से लालपुर मस्जिद तक चले अभियान का नेतृत्व सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव ने किया। आपत्ति के लिए रविवार सुबह 10 बजे छोटा लालपुर स्थित मानवासा लॉन में बैठक आयोजित की गई है।
नगर निगम की टीम ने करीब 35 फीट चौड़ी सड़क की नपाई कर दोनों तरफ सड़क की जद में आने वाले मकानों और दुकानों को चिह्नित किया। इस दौरान रमरेपुर के पार्षद संजय जायसवाल और पांडेयपुर के पार्षद अशोक मौर्य मौजूद रहे। दो दिन पूर्व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने क्षेत्र का दौरा किया था। उन्होंने सड़क किनारे हुए निर्माणों को चिह्नित कर जल्द हटाने का निर्देश दिया था। पांडेयपुर के जाम से बचने के लिए शॉर्टकट मार्ग को चौड़ा करने का निर्णय लिया गया है। इसका बजट भी पास हो गया।
इस रोड के बनने से पांडेयपुर में लगने वाले जाम से मुक्ति मिलेगी। लोग पांडेयपुर जाने से पहले ही इस रोड के माध्यम से अर्दली बाजार, भोजूबीर सहित शहर के अंदर जा सकते हैं। लालपुर मस्जिद को भी सड़क की जद में चिह्नित किया गया है। निगम के अनुसार मस्जिद का करीब 11 फीट हिस्सा सड़क की जद में आ रहा है।
न ओटीपी आया, न कोई लिंक, खाते से साढ़े तीन लाख रुपये उड़ाए
लोहता थाना क्षेत्र के कोरौती गांव स्थित सूरजपति कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. अजय कुमार सिंह के बैंक खातों से साइबर ठगों ने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े तीन लाख रुपये निकाल लिए। हैरानी की बात यह रही कि रुपये निकलने से पहले उनके मोबाइल पर न तो कोई ओटीपी आया और न ही किसी तरह का लिंक भेजा गया। खाते से रकम निकलने के बाद बैंक का मैसेज आने पर उन्हें साइबर ठगी की जानकारी हुई।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि उनके बैंक ऑफ बड़ौदा और आईसीआईसीआई बैंक में खाते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे मोबाइल पर रकम निकाले जाने के कई मैसेज आए। इनमें बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते से करीब 99,800 रुपये और आईसीआईसीआई बैंक के खाते से मुर्शिदाबाद में करीब 99,999 रुपये तथा 30-30 हजार रुपये की तीन निकासी किए जाने की जानकारी मिली। कुल रकम करीब साढ़े तीन लाख रुपये है। थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत मिली है। साइबर ठगी के संबंध में जांच की जा रही है।
सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल
वाराणसी-गाजीपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात शाहपुर गांव के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गाजीपुर के बहरियाबाद निवासी शुभम चौहान और उसके दोस्त आशीर्वाद चौहान घायल हो गए। दोनों वाराणसी से बाइक से अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजनाथ राम ने बताया कि शुभम के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अज्ञात वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वृद्धा की 12 ग्राम की सोने की चेन छीनी
चितईपुर थाना क्षेत्र के राजेंद्र विहार कॉलोनी निवासी डॉ. सिद्धू राम पटेल की पत्नी जगपत्ती देवी को बदमाशों ने धक्का देकर गिरा दिया और सोने की चेन छीन ली। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे, लेकिन बदमाश भाग चुके थे। पीड़िता के अनुसार दोनों बदमाश मुंह बांधे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़िता के पति ने बताया कि जगपत्ती किसी काम से शुक्रवार शाम छह बजे घर के बाहर निकली थीं। गेट के पास एक ऑटो में दो युवक कपड़े से मुंह बांधकर बैठे थे। वह थोड़ी आगे बढ़ीं, तभी पीछे से आए एक बदमाश ने उन्हें धक्का दे दिया। जमीन पर गिरते ही दूसरे बदमाश ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली और दोनों पैदल भागे। थाना प्रभारी राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
चोरी के आरोप में बाल अपचारी पकड़ा गया
इलेक्ट्रिक ऑटो चोरी के मामले में बाल अपचारी को आदमपुर पुलिस ने शनिवार को जलालीपुरा क्रासिंग से पकड़ा। पुलिस ने चोरी हुआ इलेक्ट्रिक ऑटो भी बरामद कर लिया। आदमपुर इंस्पेक्टर विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि पंचायती कुआं के पास खड़ी इलेक्ट्रिक ऑटो चोरी हो गई थी।
चोरी का आरोपी गिरफ्तार, 7 साइकिल बरामद
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर समेत आसपास से साइकिल चोरी करने के आरोपी दीपक सेठ को लंका पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर पार्किंग से गिरफ्तार किया। कब्जे से चोरी की सात साइकिल बरामद हुई। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामनगर थाना क्षेत्र का निवासी है। दीपक ट्रॉमा सेंटर पार्किंग में चोरी की फिराक में था। नगवा चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी की टीम ने आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में दीपक ने बताया कि वह नशे का आदी है। नशे के खर्च के लिए वह साइकिलें चोरी करता था। उन्हें राहगीरों को सस्ते दामों में बेचता था। दीपक सेठ का एक लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 10 मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, एनडीपीएस और गिरोहबंद अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं।
मारपीट के आरोपी दो युवक गिरफ्तार
दुर्गाकुंड क्षेत्र के पद्मश्री चौराहे के पास बाइक सवारों पर डंडे से हमला करने वाले दो आरोपियों को भेलूपुर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। सोशल मीडिया पर बाइक सवारों को डंडे मारने का वीडियो भी वायरल है। भेलूपुर पुलिस ने वीडियो की जांच के बाद यह कार्रवाई की है। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि दुर्गाकुंड चौकी प्रभारी ने जांच के दौरान उपद्रव करने वाले दुर्गाकुंड निवासी करन भारती और ऋषभ भारती है। पुलिस दूसरे पक्ष की तलाश कर रही है, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल सका है।
दवा डालने के विरोध में प्रधानपति से मारपीट
लोहता के महमूदपुर गांव में शनिवार को हनुमान मंदिर के पास तालाब में मछलियों की सुरक्षा के लिए दवा डालने पर विवाद हो गया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इम्तियाज हाशमी ने दवा डालने का विरोध किया। इसी बात पर मनोज केसरी से पहले कहासुनी हुई और बाद में दोनों के बीच मारपीट हो गई। घटना में दोनों घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों का मेडिकल कराया। मनोज केसरी की तहरीर पर पुलिस ने इम्तियाज हाशमी के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की। थाना प्रभारी अभिजीत सिंह ने बताया कि इम्तियाज हाशमी ने मनोज केसरी के घर के पास मारपीट की थी, इसलिए फिलहाल एक पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई। इम्तियाज की ओर से भी प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
हमला मामले में आरोपी पिता भेजा गया जेल
भेलूपुर के ककरमत्ता स्थित न्यू कॉलोनी में विवाद के दौरान बेटे पर जानलेवा फायरिंग मामले में आरोपी पिता बिंदा सिंह को पुलिस ने शनिवार को सीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पिता बिंदा सिंह को भेलूपुर पुलिस ने शुक्रवार की रात रानीपुर मोतीझील के पास से गिरफ्तार किया था। घटना में उपयोग .32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली गई है। सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि शुक्रवार को बाप-बेटे के बीच विवाद हुआ। हाथापाई के दौरान पिता ने बेटे प्रवीण सिंह को गोली मार दी। हाथ में लगी गोली से घायल बेटे को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। लोहित रेजिडेंसी न्यू कॉलोनी ककरमत्ता में पिता-पुत्र रहते हैं।
पुलिस कमिश्नर से मिले पीड़ित
लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव में 20 सितंबर की रात बंद मकान का ताला तोड़कर करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और अन्य सामान चोरी होने के मामले में 13 दिन बाद भी खुलासा नहीं होने पर शनिवार को पीड़ित परिवार पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से मिला। परिवार ने पुलिस कमिश्नर को घटना की जानकारी देते हुए अब तक हुई कार्रवाई से अवगत कराया। पुलिस कमिश्नर ने रोहनिया एसीपी को एक सप्ताह के भीतर चोरी का खुलासा करने का निर्देश दिया। उन्होंने घटना के मामले में थानाध्यक्ष के रवैये पर भी असंतोष जताया और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। पीड़ित परिवार ने जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद कराने की मांग की है।
बेसिक शिक्षा विभाग में पदोन्नति के लिए 23 अक्तूबर तक देनी होगी वरिष्ठता सूची
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों की वरिष्ठता सूची तैयार करने का आदेश शनिवार को जारी किया। उन्होंने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों से यह सूची 23 अक्तूबर तक उपलब्ध कराने को कहा है। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि आदेश के क्रम में सबसे पहले जिला स्तर पर अनंतिम वरिष्ठता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद शिक्षकों से आपत्तियां मांग कर उनका निस्तारण किया जाएगा। अंतिम वरिष्ठता सूची बनेगी।
जिले स्तर पर वरिष्ठता सूची तैयार करने की पूरी कार्रवाई तीन सप्ताह में पूरी करने को कहा गया है। सभी कार्रवाई पूरी कर अंतिम वरिष्ठता सूची परिषद कार्यालय को 23 अक्तूबर तक उपलब्ध कराने को कहा गया है। वाराणसी मंडल के चार जिलों में करीब दो हजार शिक्षक योजना के दायरे में आएंगे, जिसमें करीब 650 शिक्षक अकेले वाराणसी के हैं।
उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष सकलदेव सिंह ने बताया कि वर्ष 2016 के बाद से इन शिक्षकों का पदोन्नति नहीं हो सका है। यह आदेश इन शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। उन्होंने बताया कि पहले अदालती मुकदमों के कारण वरिष्ठता निर्धारण में कई जटिलताएं थीं, लेकिन नए निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि फैसलों और नियमावली को ध्यान में रखकर ही सूची बनाई जाएगी।
शिकायत के बाद प्रतिमा पर लगाया पीला रंग
कबीरचौरा तिराहे पर स्थापित कबीर और उनकी मंडली की लगी प्रतिमा को पहले नीला रंग में किया गया था। जब मठ से जुड़े लोगों ने शिकायत दर्ज कराई तो दूसरी बार प्रतिमा का रंग पीला कर दिया। इससे कबीरपंथी नाराज हैं। मठ से जुड़े रविंद्र सहाय कैलाशी ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से आपत्ति दर्ज कराई। यदि इसे ठीक नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा। शहर में चौराहों के सुंदरीकरण कार्य नगर निगम की ओर से कराया जा रहा है। इसी के तहत कबीरचौरा तिराहे पर लगी कबीर की प्रतिमा को पहले नीला रंग में कर दिया था। उधर, नगर निगम के मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र ने बताया कि मठ से जुड़े लोगों ने कोई जानकारी नहीं दी है। इसका पता लगाकर ठीक कराया जाएगा।
56 विद्यालयों में दूर हुई शिक्षकों की कमी
बेसिक शिक्षा विभाग के 4 शून्य और 52 एकल शिक्षकों वाले विद्यालयों के 63 शिक्षकों का समायोजन बृहस्पतिवार को कर दिया गया। सरप्लस शिक्षकों के समायोजन से जुड़ी प्रक्रियाएं सारनाथ के डायट परिसर में पूरी की गई। गांव से शहर के विद्यालयों में समायोजन के बाद कोई भी शून्य शिक्षक वाला नहीं बचा। एकल और कम संख्या वाले विद्यालयों में भी शिक्षकों की कमी पूरी कर दी गई। बीएसए भूपेंद्र सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश और बेसिक शिक्षा विभाग के सचिव के निर्देश पर प्रक्रिया पूरी कराई गई। शिक्षकों की ओर से चुने गए विकल्प के अनुसार और वरिष्ठता के आधार पर तैनाती की गई।
बीएचयू के पूर्व विधि संकाय प्रमुख प्रो. जीपी वर्मा का निधन
बीएचयू के पूर्व विधि संकाय प्रमुख प्रो. जीपी वर्मा (81) का निधन हो गया। वे एक सप्ताह से बीएचयू के सर सुंदरलाल चिकित्सालय में उपचार करवा रहे थे। उनका अंतिम संस्कार हरिश्चंद्रघाट पर किया गया, जहां उनके बेटे अभिषेक वर्मा ने मुखाग्नि दी। प्रो. वर्मा लंका में शिवम कॉम्प्लेक्स में रह रहे थे। प्रो. वर्मा ने बीएचयू में कई महत्वपूर्ण दायित्व संभाला। आईएमएस में विधिक प्रमुख के रूप में सेवाएं दीं और विभिन्न कुलपतियों की शासी समितियों के सदस्य के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (एनएलयू), लखनऊ के संस्थापक कुलपति और भारत सरकार के मानवाधिकार आयोग के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी, लंदन में रह रहे एक पुत्र और दिल्ली में रह रही एक पुत्री हैं।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी के लिए 37 केंद्रों पर 16977 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा रविवार को कराई जाएगी। एक पाली में होने वाली परीक्षा के लिए 37 केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर 16977 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां शनिवार को पूरी कर ली गईं।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परीक्षा सुबह 9.30 से 11.30 बजे तक एक ही पाली में होगी। प्रवेश सुबह 8 बजे से शुरू होगा जबकि सुबह 8:45 बजे प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। हर केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सह केंद्र व्यवस्थापक और बाह्य निरीक्षकों की तैनाती की गई है। केंद्र व्यवस्थापक, स्टाफ और मजिस्ट्रेट को सुबह छह से 6:30 बजे के बीच केंद्र पर पहुंचना होगा। अभ्यर्थियों को ई-प्रवेशपत्र के साथ आधार कार्ड, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से किसी एक का मूल पहचान पत्र, उसकी छायाप्रति और दो फोटो लानी होंगी।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने फूंका चीफ प्रॉक्टर, कुलपति का पुतला
बीएचयू में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं की ओर से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 11वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को केंद्रीय कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने कुलपति और चीफ प्रॉक्टर का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। इस दौरान कार्यकर्ताओं की प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों से नोकझोंक भी हुई। सुरक्षा कर्मियों ने पुतला को छीनने का प्रयास किया।
केंद्रीय कार्यालय पर दोपहर में कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी अपने कार्यालय से निकलकर आवास की ओर जा रहे थे, उसी दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी तेज कर दी है। इस दौरान पुनीत कुमार ने कहा कि पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से जारी अनिश्चितकालीन धरने के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहा है। इसी प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में पुतला दहन किया गया। चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। अभाविप बीएचयू इकाई अध्यक्ष पल्लव सुमन ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
एसटी छात्रों ने उठाया छात्रावास का मुद्दा
बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में विशेष संवाद में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उदयपुर से सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने छात्रों के साथ बात कर सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान छात्रों ने बीएचयू कैंपस में अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए छात्रावास की मांग उठाई। इस दौरान इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी, हेड एवं डीन प्रो. एसके दुबे, डॉ. राम शंकर ओरांव, प्रो. आरएन खरवार, प्रो. निर्मला होरो रहीं।
कांग्रेस ने पीडीए को इंडिया गठबंधन के साथ जोड़ा
एआईसीसी रिसर्च विभाग के राष्ट्रीय समन्वयक गौरव कपूर ने कहा कि नई यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना के साथ काम करने को लेकर आशान्वित हैं। साथ ही कांग्रेस ने पीडीए को इंडिया गठबंधन के सहयोगी समाजवादी पार्टी के साथ जोड़ा है। कांग्रेस नेता ने कहा कि पी से पंडित, डी से दलित और ए से अल्पसंख्यक, संविधान और उसकी संस्थाओं को बचाने के साथ 2027 और उसके बाद 2029 लोकसभा चुनाव का भी प्लेटफॉर्म होगा।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने किया वृक्षारोपण
बैंक ऑफ बड़ौदा ने शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह पहल ‘स्वच्छता ही सेवा’ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत की गई। बैंक ऑफ बड़ौदा के वाराणसी अंचल कार्यालय और क्षेत्रीय कार्यालय ने मिलकर कार्यक्रम को आयोजित किया। इसका उद्देश्य स्वच्छ, स्वस्थ और हरित भारत के निर्माण में योगदान देना है।
कार्यक्रम में बैंक के महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार, उप महाप्रबंधक मनोज कुमार बक्शी और भारत भूषण उपस्थित रहे। इसके साथ ही कार्यक्रम में बीएचयू से डॉ. पुनीत एमएस, अश्वनी कुमार देशवाल, बागवानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और ओम प्रकाशानन्द, सुपरवाइजर भी शामिल हुए। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में पौधे लगाए। महाप्रबंधक मिथिलेश कुमार ने परिसर की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल घरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के संरक्षण से भी जुड़ी है। अधिक वृक्ष लगाकर, उनकी नियमित देखभाल कर और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहकर हम आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित कर सकते हैं।
7 से 9 अक्तूबर तक होगा प्रसूतिकॉन
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय के प्रसूति तंत्र विभाग की ओर से तीन दिवसीय वार्षिक कॉन्फ्रेंस और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में महिलाओं के स्वास्थ्य में जांच और रिसर्च पर चर्चा होगी। 7 से 9 अक्तूबर तक चलने वाले इस आयोजन में देश, विदेश से 500 से ज्यादा प्रतिभागी जुटेंगे। इसमें प्रतिभागी डॉक्टर की ऑपरेशन थिएटर में की गई लाइव सर्जरी देख सकेंगे। विशेषज्ञ अलग-अलग सत्रों में गर्भ संस्कार, बांझपन, मर्म थेरेपी के महत्व पर भी विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. दीपा मिश्रा, प्रो. सुनीता सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सम्मेलन में जानी-मानी महिला बाल सर्जन पद्मश्री प्रो.सरोज चूड़ामणि मुख्य अतिथि होंगी।
अतिरिक्त सदस्य ने किया बरेका का निरीक्षण
रेलवे बोर्ड के अतिरिक्त सदस्य (ट्रैक्शन) सोमेश कुमार ने बरेका का निरीक्षण कर यहां अमृत भारत ट्रेन के इंजन बनते देखा। साथ ही उन्होंने बरेका के लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप, लोको टेस्ट शॉपों का निरीक्षण कर लोको निर्माण की अत्याधुनिक तकनीक, उन्नत उत्पादन प्रक्रियाओं की भी जानकारी ली। इसके बाद प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में समीक्षा बैठक में सोमेश कुमार ने बरेका की उत्पादन गतिविधियों, तकनीकी प्रगति, लोको निर्माण, गुणवत्ता एवं विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, मुख्य विद्युत इंजीनियर (लोको) अरविंद कुमार जैन, मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग गुप्ता रहे।
एक महीने से डूबी शिवधाम नगर कॉलोनी अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग
अमरा चक स्थित शिवधाम नगर कॉलोनी में करीब एक महीने से जलभराव की समस्या बनी हुई है। कॉलोनी की मुख्य सड़क समेत आसपास के आवासीय क्षेत्र में पानी जमा होने से दर्जनों परिवार प्रभावित हैं। सड़क पर पानी भरा होने के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों को जरूरी काम के लिए भी जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। क्षेत्र के विनोद कुमार ने जिलाधिकारी और नगर निगम के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
साथ ही मुख्य सड़क और कॉलोनी में स्थायी नाली का निर्माण कर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि हर बारिश में लोगों को इसी समस्या से न जूझना पड़े। लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण उसमें गंदगी फैल गई है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि जलभराव के कारण घरों के आसपास भी अस्वच्छता की स्थिति बनी हुई है। जलकल के सचिव सुधीर कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्र में जल्द ही सीवर लाइन डलवाई जाएगी।
श्रीराम कथा बच्चों में रोपती है नैतिक संस्कार
श्री हनुमान प्रसाद पोद्दार स्मृति सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में पांच दिवसीय भाईजी जयंती महोत्सव का शनिवार को दुर्गाकुंड स्थित अंध विद्यालय परिसर में शुभारंभ हुआ। 134वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत शनिवार को दीप प्रज्ज्वलन, मंगलाचरण और भाईजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। कथा प्रवक्ता बाल व्यास पंडित शशिशेखर महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा व्यक्ति को मर्यादा में रहकर जीने की प्रेरणा देती है और भावी पीढ़ी, विशेषकर बच्चों में नैतिक संस्कार रोपने के लिए यह कथा अत्यंत आवश्यक है। ट्रस्ट के सचिव अखिलेश खेमका ने बताया कि यह संगीतमय कथा 7 अक्तूबर तक चलेगी।
आनंदमार्गियों ने निकाली प्रभात फेरी
आनंद मार्ग प्रचारक संघ के तीन दिवसीय धर्म महासम्मेलन के दूसरे दिन शनिवार तड़के सुबह प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद संकुल भवन के पास 24 घंटे का अखंड कीर्तन शुरू किया गया। यह कीर्तन रविवार सुबह नौ बजे तक चलेगा। बाबा नाम केवलम् कीर्तन गाते हुए आनंदमार्गियों ने प्रभात फेरी निकाली गई। दोपहर में सामूहिक भजन-कीर्तन और साधना की गई। इसके बाद बाबा के प्रवचन की वीडियो क्लिप दिखाई गई। बाबा ने कहा कि परम पुरुष का कीर्तन करने से शरीर और मन दोनों पवित्र होते हैं। दोपहर बाद पटेल धर्मशाला में एक बैठक हुई।
नीरज केंद्रीय ब्राह्मण महासभा के संगठन मंत्री
केंद्रीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शीतला प्रसाद पांडेय ने समाजसेवी नीरज चौबे सोनू को संगठन का राष्ट्रीय संगठन मंत्री नियुक्त किया है। इसकी जानकारी महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गंगा सहाय पांडेय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि नीरज चौबे को राष्ट्रीय संगठन मंत्री की जिम्मेदारी मिलने से संगठन के विस्तार को मजबूती मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्रा, अनुराग पांडेय, जयश्री पांडेय, रघुनाथ उपाध्याय, नेहरू पांडेय ने नीरज चौबे को बधाई दी।
एमएलसी : शिक्षक सीट के लिए भाजपा के प्रमोद मिश्र सहित तीन ने भरा पर्चा, 11 और ने लिए नामांकन पत्र
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन कुल 11 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। स्नातक खंड से आठ और शिक्षक खंड से तीन लोग शामिल हैं। शिक्षक खंड से भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने तीन सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बेनी माधौ, चंद्रजीत सिंह यादव, देवकुमार, मनोज कुमार वर्मा, ओम प्रकाश सिंह, प्रशांत कुमार, सुशील कुमार सिंह और चंद्र प्रकाश गुप्ता ने नामांकन पत्र लिए।
शिक्षक खंड से धर्मेंद्र कुमार, कपिलदेव और भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र ने नामांकन पत्र लिया। शिक्षक खंड से डॉ. प्रमोद ने दोपहर 12:30 बजे तीन सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के साथ जुलूस निकाला गया। मंत्री अनिल राजभर, दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, रमेश सिंह, शंकर गिरी, अशोक चौरसिया, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, मेयर अशोक तिवारी, पूनम मौर्या, राम सकल पटेल,प्रदीप अग्रहरि और धर्मेंद्र राय शामिल रहे।
हेल्पलाइन पर संपर्क कर घर से हटवाएं ई-वेस्ट
घर से निकलने वाले ई-वेस्ट का समुचित निदान किया जाएगा। नागरिकों को सबसे पहले हेल्पलाइन नंबर 8335955000 से संपर्क करना होगा। इसके बाद पिकअप के लिए सुविधाजनक समय और तिथि निर्धारित की जाएगी। तय समय पर टीम पहुंचकर ई-वेस्ट एकत्र करेगी। उसका उचित मूल्य देगी। पर्यावरण के जानकार आरके सिंह ने बताया कि ई-वेस्ट को लैंडफिल में डालने या खुले में फेंकने से सीसा, पारा, कैडमियम और निकल जैसे विषैले तत्व मिट्टी में मिल जाते हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता नष्ट हो जाती है।
बारिश के पानी के साथ ये हानिकारक रसायन भूजल, नदियों, झीलों और अन्य जल स्रोतों में मिल जाते हैं, जिससे पीने का पानी दूषित होता है। ई-वेस्ट को जलाने पर क्लोरोफ्लोरोकार्बन, बेरियम और अन्य विषैले रसायन हवा में फैल जाते हैं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने काशीवासियों से अपील की है कि वे पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स को कल की समस्या न बनने दें।
ज्ञानवापी मामले में अब 23 को होगी सुनवाई
सिविल जज (सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक) अभिषिक्ता यादव के अवकाश पर होने के कारण शनिवार को ज्ञानवापी के वर्ष 1991 के मुकदमे में सुनवाई नहीं हो सकी। उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। अब 23 अक्तूबर को सुनवाई होगी।
आज तीन घंटे गुल रहेगी बिजली
लाइन शिफ्टिंग की वजह से आजमगढ़, पांडेयपुर सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे खंभों को हटाने का काम रविवार को किया जाएगा। इस वजह से लेढ़ूपुर उपकेंद्र के 11केवी आशापुर और लालपुर से बिजली सुबह 11 से दोपहर दो बजे तक तीन घंटे बिजली बाधित रहेगी।
दो दिन में 4 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में शुक्रवार और शनिवार को 4 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। गोदौलिया, दशाश्वमेध, चौक, लक्सा, अस्सी, राजघाट और मैदागिन क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर के तीन किलोमीटर के दायरे में ज्यादा श्रद्धालु देखने को मिले। एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को 1.75 लाख जबकि शनिवार को 2.25 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वीकेंड के आखिरी दिन यानी रविवार को दर्शनार्थियों की संख्या और अधिक बढ़ने का अनुमान है। सुगम संचालन और सुरक्षा को ध्यान में रख प्रशासन सतर्क है।
आदित्य का थाइलैंड में ट्रेनिंग के लिए चयन
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में विधि विभाग के बीएएलएलबी सप्तम सेमेस्टर के छात्र आदित्य मिश्रा का चियांग मी, थाईलैंड में 43वें अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए चयन हुआ है। प्रशिक्षण थाइलैंड में 7 अक्तूबर से है। आदित्य की उपलब्धि पर विभागाध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार, डाॅ. शिल्पी ने बधाई दी।
मानव संसाधन प्रबंधन के बदलाव को जानना जरूरी
काशी विद्यापीठ समाज कार्य विभाग में शनिवार को विशेष व्याख्यान, परिचय सत्र में विद्यार्थियों को मानव संसाधन प्रबंधन से जुड़ी जानकारी दी गई। पुरातन छात्र आलोक कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों को मानव संसाधन प्रबंधन के क्षेत्र में होने वाले बदलावों के बारे में जानकारी जरूरी है। समन्वयक प्रो. शैल परवीन ने पाठ्यक्रम की संरचना, महत्व, उद्देश्य के बारे में बताया। प्रो. अनिल कुमार चौधरी ने व्याख्यान दिया।
अर्थनीति पर संवाद में शेल्ली को पहला स्थान
डीएवी पीजी कॉलेज के वाणिज्य विभाग में विद्यार्थियों ने अर्थनीति पर संवाद में बजट पर बात रखी। पहले राउंड में 125 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। शेल्ली बनर्जी प्रथम, सक्षम राय और आंचल भदौरिया दूसरे और अर्णव दुबे और जान्हवी पांडेय तृतीय स्थान पर रहे। आदित्य यादव और रसिक लोहिया चौथे, शौर्य प्रकाश को पांचवां स्थान मिला। विजेताओं को प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने प्रमाणपत्र दिया।
पूर्वदशम और दशमोत्तर के 5531 छात्रों को छात्रवृत्ति
पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत जिले के 5531 छात्र-छात्राओं को कुल 8.76 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लखनऊ के लोक भवन सचिवालय में छात्रवृत्ति बांटीं। सजीव प्रसारण वाराणसी के शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को दिखाया गया। आर्य महिला इंटर कॉलेज चेतगंज में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल और हंसराज विश्वकर्मा ने 60 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र बांटा।
तीन महीनों में 5 बड़ी प्रतियोगी परीक्षाएं
तीन महीने लगातार प्रतियोगी परीक्षाएं होंगी। अक्तूबर में दो, नवंबर में दो और दिसंबर में एक परीक्षा है। 25-30 अक्तूबर और एक नवंबर को उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा कराई जाएगी। 3 नवंबर को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से विशेष टीईटी की परीक्षा है। 19 और 20 नवंबर को सहायक आचार्य परीक्षा कराई जाएगी। 6 दिसंबर को लोक सेवा आयोग पीसीएस प्री की परीक्षा कराएगा।
डिग्री सफलता की गारंटी नहीं, सीखने की क्षमता जरूरी
बीएचयू के छात्र अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के प्रति जागरूक किया गया। जेनजेड के सपने, कौशल और सफलता विषय पर खुलकर बातचीत की गई। छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने कहा कि डिग्री पाना ही केवल सफलता की गारंटी नहीं है। सीखने की क्षमता सफलता का आधार है। मनोविज्ञान विभाग के प्रो. तुषार सिंह ने बदलती परिस्थितियों पर बात की।
प्रो. बीराम को मिला रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड
आईएमएस बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में द्रव्य गुण विभाग के अध्यक्ष प्रो. बीराम को रिसर्च एक्सीलेंस अवॉर्ड से नवाजा गया है। वीडीगुड प्रोफेशनल एसोसिएशन भारत की ओर से आयुर्वेद और सिद्ध चिकित्सा 2026 के 6वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रो. बी राम को उत्कृष्ट शोध के लिए ''रिसर्च एक्सीलेंस इन आयुर्वेद / सिद्ध मेडिसिन अवॉर्ड दिया गया है।