Varanasi News: वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खर्च कर दिए 1.60 करोड़, वाराणसी मंडल के अधिकारी लखनऊ तलब
Varanasi News: वाराणसी जिले में पिछले साल 10 से 14 दिसंबर तक बीएचयू में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता में 1.60 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए। इसका बिल शासन को भेज दिया गया। मामले में वाराणसी मंडल के अधिकारियों को लखनऊ तलब किया गया है।
विस्तार
अंडर-14 राष्ट्रीय स्कूली वॉलीबॉल प्रतियोगिता के आयोजन में नियमों को दरकिनार कर करोड़ों रुपये के भुगतान का मामला सामने आया है। पिछले साल 10 से 14 दिसंबर तक प्रतियोगिता में एक करोड़ 60 लाख से अधिक खर्च किए गए। ये खर्च जेम पोर्टल के माध्यम से न कर ऑफलाइन किया गया, जिसका बिल शासन को भेज दिया गया।
इस मामले में वाराणसी मंडल के अधिकारियों को लखनऊ तलब किया गया है। प्रतियोगिता बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में हुई थी। इसमें कई राज्यों से 43 टीमों के 1200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। खिलाड़ियों के रहने, खाने और स्टेशन पर स्वागत के बाद होटलों और गेस्ट हाउस तक पहुंचाने की व्यवस्था पर भी खर्च किया गया था।
भुगतान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वाराणसी मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक, जिला विद्यालय निरीक्षक और वित्त एवं लेखा अधिकारी को 25 मार्च को लखनऊ तलब किया गया है। अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक होगी।
इसे भी पढ़ें; लापरवाही की हद: फॉगिंग मशीन का पेट्रोल बाइक में डाला, नगर आयुक्त ने लिया एक्शन; वेतन रोका, एक की सेवा समाप्त
क्या बोले अधिकारी
खेल के दौरान जेम पोर्टल से किसी भी खरीद को पूरी प्रोसेसिंग करने में काफी समय लग रहा था। खेल भी समय से कराना था। कुछ बिल ऑफलाइन माध्यम से जारी किए गए हैं। खेल के दौरान तैनात शिक्षकों के टीए भुगतान के लिए 25 लाख रुपये का ग्रांट मिला है। 31 मार्च से पहले सभी लोगों के बकाया का भुगतान कर दिया जाएगा। -राम शरण सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा परिषद वाराणसी
करोड़ों खर्च फिर भी निर्णायकों का भुगतान लंबित
31 निर्णायकों की मदद ली गई। तीन महीने बाद भी टीए का भुगतान माध्यमिक शिक्षा विभाग ने नहीं किया गया है। प्रतियोगिता स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से की गई थी। इसमें 14 वर्ष से कम उम्र के बालक और बालिकाओं ने भाग लिया। उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया था। प्रतियोगिता की व्यवस्था, खिलाड़ियों, टीम मैनेजर, कोच और अन्य कर्मियों के ठहरने के लिए बीएचयू के एलडी गेस्ट हाउस और परिसर के आसपास के होटलों में 325 कमरों को आरक्षित किया गया था।