फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi major news in one click Air India staff misbehaved with student ruckus at gate of Vishwanath Dham

एक क्लिक में वाराणसी की प्रमुख खबरें: छात्रा से एयर इंडिया के स्टाफ ने की बदसलूकी, विश्वनाथ धाम में हंगामा

Fri, 02 Aug 2024 10:17 AM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: अमन विश्वकर्मा Updated Fri, 02 Aug 2024 10:17 AM IST
सार

Varanasi News: दिल्ली से न्यूयॉर्क जा रही वाराणसी की एक छात्रा से एयर इंडिया के स्टाफ ने दुर्व्यवहार कर दिया। छात्रा का आरोप है कि अतिरिक्त पैसा देकर विंडो सीट लेने के बावजूद उसे तीन बार सीट बदलने को कहा गया। छात्रा ने कार्रवाई की मांग की है। वहीं, श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में अतिरिक्त गेट लगाने के विरोध मुस्लिम समाज के लोग धरने पर बैठ गए। आइए जानते हैं अन्य खबरें...

विज्ञापन
Varanasi major news in one click Air India staff misbehaved with student ruckus at gate of Vishwanath Dham
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

दिल्ली से न्यूयॉर्क जाने के दौरान नाटी इमली की रहने वाली एक छात्रा के साथ एयर इंडिया के स्टाफ द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आया है। छात्रा ने एक्स पर वीडियो पोस्ट कर भारत सरकार और एयर इंडिया से कार्रवाई की मांग की है। 

विज्ञापन


छात्रा ने बताया कि अतिरिक्त पैसा देकर विंडो सीट लेने के बावजूद उनकी सीट तीन बार बदली गई। शिकायत करने पर फ्लाइट से बाहर करने की धमकी दी गई और रास्ते में सही से खाना नहीं दिया गया।
विज्ञापन


नाटी इमली क्षेत्र में रहने वाली शैक्षणिक संस्थाओं की प्रबंधक और भाजपा नेता पूजा दीक्षित की बेटी यशोधरा दीक्षित न्यूयॉर्क में पढ़ाई करतीं हैं। यशोधरा दीक्षित ने वीडियो पोस्ट कर कहा कि वह 10 साल से फ्लाइट से यात्रा कर रही हैं। 
विज्ञापन
विज्ञापन


31 जुलाई की भोर दिल्ली से न्यूयॉर्क की यात्रा के लिए उन्होंने अतिरिक्त भुगतान कर 19-ए नंबर सीट बुक कराई थी। बोर्डिंग गेट पर पहुंचने पर एयर इंडिया के स्टाफ ने उन्हें 49 नंबर सीट पर भेज दिया। 49 नंबर सीट पर उन्होंने देखा कि कोई आदमी बैठा हुआ है। 

इसकी जानकारी उन्होंने एयर इंडिया के स्टाफ को दी तो उन्होंने उन्हें दो आदमियों के बीच 50-सी नंबर सीट पर बैठा दिया। साथ ही, कहा कि अगर अब फिर सीट बदलने की मांग करोगी तो फ्लाइट से उतार दिया जाएगा। इसके बाद एयर इंडिया के स्टाफ ने उन पर मनगढ़ंत आरोप लगाए और रास्ते में सही से खाना भी नहीं दिया।

नए द्वार बनाए जाने पर नमाजियों ने किया विरोध
बीते दिन विरोध के बाद कार्य बंद हुआ था। जुम्मे के दिन काफी संख्या में एकत्र होकर विरोध किया। भारी सुरक्षा के बीच शुक्रवार को जुम्मे की नमाज अदा हुई। अन्य दिनों से अधिक नमाजी  पहुंचे थे। इस दौरान आलाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।

शहर ए मुफ़्ती डॉ. बातिन ने कहा कि विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की मंशा सही नहीं लग रही हैं। प्रशासन बीते दिनों ज्ञानवापी में एक द्वार का निर्माण करवा रहा था। इसकी सूचना मुस्लिम कमेटी को लोगों को लगी तो विरोध जताया गया।

अधिकारियों ने तत्काल कार्य रुकवा दिया। दूसरे दिन यानी शुक्रवार को अन्य दिनों की अपेक्षा और समय से पहले काफी संख्या में नमाजी एकत्र हो गए। कुछ समय तो दबे स्वर मे विरोध जताया, अंदर जाने लगे। लगभग 500 से अधिक नमाजी पहुंचे हुए थे। 

बुजुर्ग महिलाओं को भ्रमित कर गहने लेकर भागने वाले दो उचक्के गिरफ्तार
बुजुर्ग महिलाओं को अनिष्ट का भय दिखा कर उनके गहने उतरवाकर लेकर भागने के आरोप में दो अंतरराज्यीय आरोपी 47 सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से चेतगंज थाने की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए हैं। 

दोनों की पहचान उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर थाना के कोपा ठंढानाला गुलरभोज के सैफ अली और मुजाहिर के रूप में हुई है। दोनों के पास से लगभग छह लाख रुपये मूल्य की सोने की एक चेन, चार कंगन, दो अंगूठी और दो टप्स व उसे बांधने वाली दो जंजीर बरामद की गई है।

एसीपी चेतगंज गौरव कुमार ने बताया कि गत नौ जुलाई को मैदागिन से मॉर्निंग वॉक कर घर जा रही एक वृद्धा को कबीरमठ के पास दो युवक मिले थे। दोनों ने उन्हें अनिष्ट का कारण उनके गहनों को बताते हुए उन्हें उतार कर रूमाल में रखने के लिए कहा था।

 इसके बाद रूमाल को बदल कर दोनों गहने लेकर भाग गए थे। घटना के खुलासे के लिए चेतगंज थानाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार मिश्रा के नेतृत्व में दरोगा सूफियान खान, अभिषेक कुमार त्रिपाठी व पार्थ तिवारी और कांस्टेबल अभ्युदय सिंह की टीम गठित की गई। 

सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों को चिह्नित कर उनकी तलाश शुरू की गई। दोनों को लकड़ी मंडी तिराहा के पास रामलीला मैदान से गिरफ्तार किया गया है।

बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाकर डराते हैं
सैफ अली और मुजाहिर ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि हम लोग अपने बैग में फर्जी रत्न और अंगूठी लेकर बनारस और अन्य शहरों में जाते हैं। गहने पहने हुए बुजुर्ग महिलाएं दिखती हैं तो ज्योतिषी या तांत्रिक बताते हुए उन्हें रोक लेते हैं। फिर उनसे धर्म-कर्म की बातें करते हुए उन्हें उनके बेटे या पति की मौत की बात कर डराते हैं।

महिला जब उन पर विश्वास कर लेती है तो उसे कहते हैं कि आपके सारे गहने ही आपके दुर्भाग्य का कारण हैं। इसलिए उन्हें उतार कर रुमाल या कागज में रख लीजिए। उसी दौरान गहने की पुड़िया बदल कर भाग जाते हैं। दोनों ने बताया कि कबीरमठ की घटना के बाद वह उस इलाके में नहीं गए थे।

काशी विश्वनाथ धाम में अस्थायी गेट पर हंगामा, भड़के मुस्लिम
श्री काशी विश्वनाथ धाम में अस्थायी गेट लगाने के विरोध में मुस्लिम समुदाय धरने पर बैठ गया। मसाजिद कमेटी और अंजुमन इंतेजामिया कमेटी ने सख्त ऐतराज जताते हुए गेट लगाने का काम रुकवा दिया। अधिकारियों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन कमेटी के लोगों ने कहा कि बिना आपसी सहमति के कोई भी नया काम नहीं हो सकता है।

गेट नंबर चार के पास अस्थायी गेट का निर्माण कराया जा रहा था। मजदूरों ने काम शुरू कर दिया था। इसकी जानकारी मसाजिद कमेटी के पदाधिकारियों को हुई तो वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने गेट लगाने का विरोध शुरू कर दिया। 

विरोध की सूचना पर मंदिर के अधिकारी व पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मसाजिद कमेटी व इंतेजामिया कमेटी के पदाधिकारी गेट के पास ही धरने पर बैठ गए। इसके बाद काम को रोक दिया गया। मुस्लिम पक्ष ने पूरी निर्माण सामग्री और अधूरे निर्माण कार्य को हटवाने की मांग की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ, लेकिन मसाजिद कमेटी व इंतेजामिया कमेटी के पदाधिकारी ज्ञानवापी में ही डटे रहे।

शहर ए मुफ्ती डॉ. अब्दुल बातिन नोमानी ने बताया कि ज्ञानवापी क्षेत्र परिसर में कोई भी नया काम होगा तो इसमें मसाजिद कमेटी, अंजुमन इंतेजामिया और मंदिर न्यास की सहमति जरूरी होती है। बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि बिना किसी जानकारी मंदिर प्रशासन की ओर से गेट नंबर चार के पास गेट लगवाया जा रहा था।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि सुरक्षा की दृष्टि से यह गेट लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने गेट और निर्माण कार्य हटवाने का आश्वासन दिया है। जब तक गेट नहीं हटेगा हम लोग मसजिद में ही डटे रहेंगे।

मनबढ़ युवकों ने पीआरवी के दो पुलिस कर्मियों से की बदसलूकी, मारपीट
गौराकला-कमौली मार्ग पर घुघरी बस्ती में रात डायल 112 के पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) के पुलिस कर्मियों के साथ दो मनबढ़ युवकों ने बदसलूकी करते हुए मारपीट की।

 सूचना पाकर एसीपी सारनाथ ने चौबेपुर थानाध्यक्ष के साथ मौके पर जाकर मारपीट में घायल पुलिस कर्मियों को सीएचसी नरपतपुर पहुंचाया। इसके बाद दबिश देकर एक आरोपी को हिरासत में लिया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।

गौराकला बाजार से मनोरथपुर गांव के प्रखर उपाध्याय और मगरू उर्फ बृजेश तिवारी अपने घर जा रहे थे। गौराकला-कमौली मार्ग पर घुघरी बस्ती में विपरीत दिशा से मैजिक आई और उनकी बाइक से टच हो गई। इसे लेकर मैजिक चालक और बाइक सवारों के बीच कहासुनी हुई। 

बाइक सवार दोनों युवकों ने मैजिक चालक रामचंदीपुर गांव के बबलू कुमार को मारपीट कर घायल कर दिया। घायल बबलू ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर हेड कांस्टेबल पप्पू कुमार और होमगार्ड सुरेंद्र कुमार पटेल पीआरवी की बाइक लेकर पहुंचे। 

दोनों ने मगरू और प्रखर को चिरईगांव पुलिस चौकी चलने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात पर नशे में धुत प्रखर और मगरू ने गालीगलौज करते हुए दोनों पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पुलिस कर्मियों को धकेल कर मौके से दोनों आरोपी भाग गए। 

उधर, इस संबंध में एसीपी सारनाथ डॉ. अतुल अनजान त्रिपाठी ने बताया कि घायल दोनों पुलिस कर्मियों का मेडिकल मुआयना कराया गया है। आरोपी मगरू को पकड़ लिया गया है और प्रखर की तलाश की जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ चौबेपुर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करा कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

परिचित समझ कर दे दिए 45 हजार, मुकदमा दर्ज
वाराणसी के खजुरी क्षेत्र की सियाराम इंक्लेव कॉलोनी निवासी सतीशचंद पांडेय से जालसाज ने 45 हजार रुपये ठग लिए। बताया कि उनके पास अनजान नंबर से फोन आया था, उन्हें लगा कि उनके किसी परिचित का फोन है। उसने कहा कि उसके बेटे की जान संकट में है। चिकित्सक के नंबर पर 45 हजार रुपये भेज दें। बाद में उन्हें ठगे जाने का अहसास हुआ तो उन्होंने 1930 नंबर पर शिकायत की।

उधार न देने पर मनबढ़ ने दी जान से मारने की धमकी
सिंधौरा के बजरंग नगर में उधार न देने पर मनबढ़ों ने दुकानदार से गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। दुकानदार ने इसकी शिकायत सिंधौरा थाने की पुलिस से की है।

बजरंग नगर निवासी शिवकुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ सब्जी बेचता है। बताया कि गत तीन दिनों से सहमलपुर निवासी एक मनबढ़ उसके दुकान से उधार सब्जी ले जा रहा था। जब उसने तीसरे दिन बुधवार की रात सब्जी देने से इनकार कर दिया तो वह घर से लाठी लेकर आया और गालीगलौज के साथ मारने के लिए दौड़ाया। 

वह दरवाजा बंद कर घर के अंदर हो गया और मनबढ़ का वीडियो बना लिया। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन देकर उसे वापस भेज दिया। वहीं, पुलिस से शिकायत करने की जानकारी जब मनबढ़ को हुई तो वह फिर धमकी देने लगा।

विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दी, पति-ससुर हिरासत में
बड़ागांव के टीकरी खुर्द गांव में बीती सुबह विवाहिता ने साड़ी का फंदा लगा कर जान दे दी। मायके वालों के दहेज उत्पीड़न की शिकायत पर पुलिस ने विवाहिता के पति और ससुर को हिरासत में लिया है।

टीकरी खुर्द गांव निवासी वीरेंद्र कुमार की शादी लगभग पांच वर्ष पहले शिवपुर थाना क्षेत्र के चुप्पेपुर गांव निवासी रामनारायण पटेल की पुत्री रीता के साथ हुई थी। रीता की जेठानी सुबह के समय उसे दवा लेने जाने के लिए बुलाने गई तो उसे फंदे से लटकता देखा। रीता के भाई राजकुमार पटेल ने पति, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ित कर बहन की हत्या करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। 

बिजली कर्मी से मारपीट करने के दो आरोपी गिरफ्तार
लोहता के कोटवा स्थित बिजली सब स्टेशन पर बिजली की समस्या को लेकर गत 30 जुलाई को एक कर्मचारी और ग्रामीणों में कहासुनी हुई। उसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारी को मारपीट कर घायल कर दिया था। कर्मचारी अमर गिरी की तहरीर पर लोहता थाने में चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 

लोहता थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मोहम्मद वसीम और मोहम्मद इकबाल को कोटवा इलाके के खरका मुहल्ले से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। दो अन्य नामजद अभियुक्त भी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।

दानपेटी से पैसा चुराने का आरोपी गिरफ्तार
रामनगर के रामपुर स्थित शायर माता मंदिर की दानपेटी से पैसा चुराने के एक आरोपी युवक को 24 घंटे में ही पुलिस ने पकड़ लिया। रामनगर थाने की पुलिस ने सीसी फुटेज के आधार पर रत्तापुर रामनगर निवासी सोनू चौहान को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 2104 रुपये बरामद हुआ।

सैन्य कर्मी के घर से आभूषण और कीमती सामान ले गए
सारनाथ के लेढ़ूपुर क्षेत्र की सिद्धि विनायक कॉलोनी स्थित एक सैन्य कर्मी के मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के गहने और कीमती सामान चुरा ले गए। घटना की शिकायत सारनाथ थाने की पुलिस से की गई है।

इंद्रजीत सहदेव अरुणाचल प्रदेश के तवांग में सेना में सूबेदार मेजर के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी अनीता भी बच्चे के साथ अरुणाचल प्रदेश में ही रहती हैं। सिद्धि विनायक कॉलोनी में ही अनीता के पिता जनार्दन सिंह रहते हैं। जनार्दन सिंह अपनी बेटी के मकान में आकर रात में सोते हैं। 

बीती रात जनार्दन सिंह सोने के लिए नही गए। उसी दौरान चोर बाउंड्री फांद कर अंदर घुसे और तीन कमरे का ताला तोड़ कर आलमारी तोड़े। बदमाश सोने की तीन चेन व दो अंगूठी, बच्चे के सोने-चांदी के आभूषण, चांदी की गणेश मूर्ति, दो एलईडी टीवी, मिक्सर ग्राइंडर मशीन व अन्य सामान और कीमती कपड़े ले गए। 

बीती शाम जब जनार्दन सिंह गेट खोल कर मकान के अंदर गए तो कमरे का दरवाजा टूटा व समान बिखरा था। इस पर उन्होंने सारनाथ थाने की पुलिस को सूचना दी।

अवैध निर्माण पर चौक में एफआईआर दर्ज
वीडीए के अवर अभियंता रविंद्र प्रकाश की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर चौक थाने में अवैध निर्माण पर एफआईआर दर्ज की गई। बगैर नक्शा पास कराए सिताबसराय कच्ची सराय में जबीर हसन ने निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए उन्हें अवैध निर्माण बंद करने का नोटिस दिया गया था। बगैर शमन मानचित्र पेश किए धड़ल्ले से अवैध निर्माण कराया जा रहा है। इस आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। 

34 अवैध प्लाॅटिंग और निर्माण करने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा
अवैध प्लॉटिंग, निर्माण कराने वाले 34 लोगों के खिलाफ वीडीए की ओर से मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई। इसके लिए पुलिस आयुक्त को पत्र भेजा जाएगा। बृहस्पतिवार को वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने समीक्षा की।

वीडीए उपाध्यक्ष के अनुसार शिवपुर, कैंट, लालपुर, लंका, रोहनिया थाने में 1-1 तहरीर दी गई। इनके अलावा चोलापुर में 6, सारनाथ में 3, चौबेपुर में 8, चौक में 4, सिगरा में 2, मुगलसराय में 4 तहरीर दी गई है। इनमें कुछ नामजद हैं तो कुछ अज्ञात हैं। 

वीडीए के अनुसार, अवैध निर्माण कराने वालों में महेंद्र सिंह, आदित्य सर्राफ, गुलाब चंद, जबीर हसन, चमन सेठ, संजय वाही, अनमोल सेठ, सोनल सिंह, प्रतिला सिंह, आद्या पांडेय हैं। 

इसी प्रकार अवैध प्लाटिंग कराने वालों में विनोद राय, गुलाब यादव, मोनू सिंह, ब्रजेश कुमार पांडे, मनोरंजन पांडेय, विनोद कुमार, मोहन सिंह यादव, लालचंद यादव, विनोद राय, सत्येंद्र मौर्या, अमर देव प्रजापति, मनीष मिश्रा, रमेश पटेल, दीपू पटेल हैं। इन सभी पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए थानों में तहरीर दी गई है।

सारनाथ थानाध्यक्ष पर तहरीर बदलवा कर एनसीआर दर्ज कराने का आरोप
थानाध्यक्ष पर तहरीर बदलवाकर नामजद की जगह अज्ञात के खिलाफ एनसीआर दर्ज कराने का आरोप एक युवक ने लगाया है। वहीं, सारनाथ थानाध्यक्ष ने युवक के आरोप को खारिज किया है। 

आशापुर निवासी सनी राजभर ने बताया कि लेढ़ूपुर के पास फुटहवानार स्थित शराब के ठेके के सामने से सेल्समैन और उसके रिश्तेदारों ने उसे रॉड मारकर घायल कर दिया। सारनाथ थानाध्यक्ष परमहंस गुप्ता घायल होने के बावजूद उसे देर रात तक थाने पर बैठाए रहे। फिर डांट-फटकार कर प्रार्थना पत्र से आरोपियों का नाम हटवा दिए। 

उधर, इस संबंध में सारनाथ थानाध्यक्ष परमहंस गुप्ता ने कहा कि युवक का आरोप पूरी तरह से निराधार है। जो तहरीर दी गई थी उसी के आधार पर कार्रवाई की गई है। 

मकान मालिक ने किरायेदार पर मुकदमा दर्ज कराया
वाराणसी के हुकुलगंज के रहने वाले अरुण कुमार अवस्थी का शीलनगर कॉलोनी, महमूरगंज में मकान है। उनके मकान के पिछले हिस्से में रहने वाले राजेश जायसवाल से उनका किरायेदारी का मुकदमा चल रहा है। 

अरुण का आरोप है कि गत 31 जुलाई की शाम सात बजे किरायेदार राजेश जायसवाल की पत्नी प्रीति जायसवाल ने मकान में लगा सीसी कैमरा तोड़ दिया। साथ ही मकान की छत के दरवाजे में लगे ताले को भी तोड़ दिया। भीतर रखा बिजली का तार, टीवी भी गायब कर दिया। भेलूपुर थाने की पुलिस उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है। 

तीन पर गैंगस्टर एक्ट का केस, एक गिरफ्तार
गिरोह बनाकर लूट और चोरी की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के विरुद्ध थानाध्यक्ष बड़ागांव ने गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। 

थानाध्यक्ष अजय पांडेय ने बताया कि गड़खरा (कंचनपुर) का सूरज यादव गिरोह बनाकर जाठी गांव के रोहित यादव और मरुई के सोनू चौरसिया के साथ लूट और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। सोनू चौरसिया को हरहुआ स्थित रिंग रोड चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

रास्ते के विवाद में मारपीट, चार घायल
बड़ागांव के सिसवां गांव में बीती शाम पुरानी जमीन विवाद की रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों की तीन महिलाएं और एक पुरुष घायल हुआ है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। 

नीरज कुमार और राकेश कुमार के बीच रास्ते के विवाद को लेकर पुरानी रंजिश है। मारपीट में एक पक्ष की संतरा देवी व नीरज कुमार और दूसरे पक्ष की दुर्गावती देवी व नीलम घायल हुई है। नीरज और संतरा देवी की हालत गंभीर बताई गई है। संवाद

तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से किसान की मौत
मिर्जामुराद के डंगहरिया गांव में नेशनल हाईवे पर बीती रात एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को युवक की तस्वीर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई। उसके आधार पर मिर्जामुराद थाने पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान बीरबलपुर गांव के गंगाराम दूबे (42) के रूप में की।

परिजनों ने बताया कि गंगाराम शाम सपेहटा गांव स्थित अपने बुआ के घर गए थे। खेती करने वाले गंगाराम एक पुत्र के पिता थे। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। 

दो बाइक की टक्कर में मामा-भांजी घायल
मिर्जामुराद के खजुरी में नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर राजातालाब की ओर जा रहे दो बाइक सवार आपस में टकरा गए। हादसे में एक बाइक पर सवार गौर गांव का मेहताब शाह (22) गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक से सड़क पर गिर कर उसकी दो वर्षीय भांजी साइना भी घायल हो गई। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। 

विकास कार्यों की गति धीमी, बीडीओ ने दी चेतावनी
चिरईगांव के बीडीओ दुर्गा प्रसाद प्रजापति ने ग्राम पंचायत सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट ली। बताया गया कि मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे आठ आवास अधूरे हैं। वहीं चार का निर्माण जमीन विवाद के चलते पूरा नहीं हो पा रहा है। 

उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों को चेतावनी दी कि तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही करने वालों के खिलाफ लिखित कार्रवाई होगी। बैठक में एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह, दुर्गेश सिंह, हवलदार यादव समेत अन्य मौजूद रहे। 

काशी विद्यापीठ में छात्रों ने लिया अंगदान का संकल्प
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के राजनीति विज्ञान विभाग में कार्यक्रम में छात्रों ने अंगदान जागरूकता के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया। विभागाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद आरिफ ने अंगदान पर कहा कि देश में पांच लाख से भी ज्यादा लोग अंगविहीन हैं, जिन्हें अंग मिल जाए तो वह नया जीवन शुरू कर सकते हैं। 

मानव जब अंगदान करेगा तो मानवता भी अभिमान करेगा। इस दौरान शोध, परास्नातक और स्नातक के विद्यार्थियों ने प्रतिज्ञा में भाग लिया। साथ ही दूसरों को भी अंगदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रो. सूर्यभान प्रसाद, डॉ. रेशम लाल, डॉ. विजय कुमार, डॉ. रवि प्रकाश सिंह, डॉ. पीयूष मणि त्रिपाठी, डॉ. जयदेव पांडेय, डॉ. मिथिलेश कुमार मौजूद रहे।

स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम ने कूड़ा प्लांटों का किया निरीक्षण
स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम ने कूड़ा निस्तारण प्लांटों का निरीक्षण किया। नगर निगम के वेस्ट टू चारकोल, वेस्ट टू कंपोस्ट और सुंदरपुर स्थित एक हॉस्पिटल के मेडिकल वेस्ट का निरीक्षण किया। 

इस दौरान नगर निगम के अधिकारियों ने स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए प्लांट के संचालन और क्षमता आदि के बारे में जानकारी दी। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण की टीम ने आम जनता से फीडबैक भी लिया। यह टीम यहां स्वच्छता के लिए किए जा रहे कार्यों की रिपोर्ट बनाकर शहरी मंत्रालय को देगी। इसके आधार पर नगर निगम को अंक दिया जाएगा। जिसके बाद स्वच्छता रैकिंग तैयार की जाएगी। बीते साल नगर निगम की स्वच्छता रैकिंग 41 रही।

पौधरोपण और नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक
बरेका कंचनपुर कॉलोनी में कर्मचारी परिषद और सिविल विभाग की ओर से एक पेड़ मां के नाम लगाओ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। परिषद के संयुक्त सचिव श्रीकांत यादव, सदस्य संजय कुमार, नवीन सिन्हा, अमित कुमार, अमित कुमार यादव, मनीष सिंह आदि ने पौधरोपण किया और पर्यावरण का संदेश दिया। 

उधर, बरेका केंद्रीय चिकित्सालय और जन संपर्क विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक के माध्यम से डेंगू और चिकनगुनिया बीमारी के रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया। चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने डेंगू से बचाव के बारे में बताया। वहीं, कंचनपुर रेलवे कॉलोनी के मुख्यद्वार पर रेलवे सुरक्षा बल पिकेट का उद्घाटन महाप्रबंधक अभय बाकरे ने फीता काटकर किया। 

Varanasi major news in one click Air India staff misbehaved with student ruckus at gate of Vishwanath Dham
विधान परिषद में एमएलसी आशुतोष सिन्हा। - फोटो : अमर उजाला

पत्रकार सुरक्षा कानून के साथ 25 हजार रुपये महीना मिले गुजारा भत्ता :आशुतोष सिन्हा
विधान परिषद में एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने पत्रकारों की सुरक्षा और वित्तीय स्थिति से जुड़ा मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लगातार भ्रष्ट सरकारी तंत्र और अराजक तत्वो के खिलाफ खबरें लिखते हैं। उन्हें धमकियां मिलती हैं और कई तो अपनी जान गवां चुके हैं। उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय है। इसे देखते हुए उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ लागू करने की मांग की।

वाराणसी में पत्रकारों को सर्किट हाउस में जाने से रोकने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही के साथ सभी पत्रकारों को 20 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज, नए पत्रकारों को 10 हजार और 20 वर्ष पुराने पत्रकारों को 25 हजार रुपये महीना भत्ता देने की मांग की। साथ ही पत्रकारों को एक करोड़ रुपये का बीमा, आवास विकास या विकास प्राधिकरण के जरिए नो प्राफिट-नो लॉस के माध्यम से आवास या भूखंड देने की मांग भी की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed