वाराणसी: काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, 172 विजेता खिलाड़ियों को रोहनिया विधायक ने किया सम्मानित
वाराणसी के रोहनिया क्षेत्र स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का समापन हुआ। दूसरे दिन 1678 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और 172 खिलाड़ियों को विजेता घोषित किया गया। कबड्डी, खो-खो और रस्साकशी सहित 19 प्रकार के खेलों में विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विस्तार
रोहनिया क्षेत्र के जगतपुर इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता 2026 का समापन हो गया। दूसरे दिन प्रतियोगिताओं में 1678 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 172 खिलाड़ियों को विजेता घोषित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि रोहनिया विधायक डॉ. सुनील सिंह पटेल और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के तहत ब्लॉक स्तर पर कुल 19 प्रकार के खेलों का आयोजन किया गया। दूसरे दिन पांच आयु वर्गों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो और रस्साकशी सहित विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कबड्डी में बेनीपुर, कचनार और खेवली ने मारी बाजी
कबड्डी के अंडर-11 बालक वर्ग में बेनीपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालक वर्ग में कचनार की टीम विजेता रही, जबकि बालिका वर्ग में बेनीपुर ने पहला स्थान हासिल किया। 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग में खेवली की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खो-खो और रस्साकशी में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम
खो-खो के अंडर-11 बालक वर्ग में पयागपुर की टीम प्रथम रही। वहीं, बालिका वर्ग में कचनार की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। रस्साकशी के अंडर-11 वर्ग में प्रतापपुर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विभिन्न खेलों में विजेता खिलाड़ियों और टीमों को अतिथियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
आयोजन में इनकी रही मौजूदगी
समापन समारोह में युवा मंच अध्यक्ष अपना दल मानस सिंह, प्रांतीय महासचिव उमेश पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र यादव, जगतपुर इंटर कॉलेज के प्रबंधक अजय कुमार सिंह और प्रधानाचार्य विपिन कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में चंद्रमणि पांडेय, आनंद कुमार सिंह और सभी नोडल संकुल खेल अनुदेशकों ने सहयोग किया।