Varanasi: पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हमले के मामले में अब 11 को सुनवाई, कोर्ट में पेश हुए सपा विधायक अभय सिंह
बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में विधायक अभय सिंह विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए अवनीश गौतम की कोर्ट में पेश हुए। अदालत में शनिवार को सुनवाई नहीं हो सकी और कोर्ट ने अगली तारीख 11 जुलाई नियत कर दी है।
विस्तार
बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में गोसाईगंज के सपा विधायक अभय सिंह विशेष न्यायाधीश एमपी/एमएलए अवनीश गौतम की कोर्ट में अपने अधिवक्ता अनुज यादव के साथ शनिवार को पेश हुए। एक आरोपी विनोद सिंह के नहीं आने पर अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख 11 जुलाई नियत कर दी।
अदालत ने 11 जुलाई को सभी आरोपियों को उपस्थित रहने को कहा है। पूर्व सांसद धनंजय सिंह चार अक्तूबर 2002 की शाम अपने साथियों के साथ चारपहिया वाहन से परिवार के सदस्य रामजी सिंह की पत्नी को अस्पताल से देखकर वाराणसी से वापस जौनपुर जा रहे थे। धनंजय सिंह नदेसर पहुंचे तो वहां दो चारपहिया वाहन पहले से खड़े थे।
आरोप है कि उन दोनों वाहनों से फैजाबाद के राजेपुर महाराजगंज निवासी अभय सिंह अपने चार-पांच साथियों के साथ स्वचालित असलहे लेकर नीचे उतरे। अभय सिंह ने ललकारते हुए कहा कि धनंजय सिंह को मारो। इसके साथ ही अभय सिंह और उनके साथी फायरिंग करने लगे।
यह भी पढ़ें- Varanasi Accident: CRPF की परीक्षा देने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, दूसरा घायल, मौके पर पहुंची पुलिस
सरेराह हुई फायरिंग से नदेसर बाजार में भगदड़ मच गई। फायरिंग में धनंजय सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह, संतोष सिंह, गनर बासुदेव पांडेय और ड्राइवर दिनेश गुप्ता घायल हो गए। फायरिंग के बीच ही पुलिस आ गई तो अभय सिंह और उनके साथी अपने वाहनों से भाग गए। धनंजय सिंह ने तहरीर में लिखा कि अभय सिंह से छात्र जीवन से ही रंजिश है।
यह भी पढ़ें- सबमर्सिबल विवाद में आया फैसला: गैर इरादतन हत्या में चार दोषी करार, दो को सात साल की सजा
अभय सिंह ने कई बार जान से मारने की कोशिश की है। अभय सिंह का उत्तर प्रदेश में आतंक है। व्यापारियों से रंगदारी वसूलने के साथ ही भाड़े पर हत्या करना और कराना अभय सिंह का काम है। इस मामले में जौनपुर जिले के सिकरारा क्षेत्र के बनसफा गांव निवासी धनंजय सिंह की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। प्रकरण में अभियोजन और बचाव पक्ष की तरफ से गवाही पूरी हो चुकी है।
इस मामले में अभय सिंह का बयान बतौर आरोपी दर्ज करने के लिए शनिवार की तिथि नियत थी। एक अन्य आरोपी विनोद सिंह के पिता की मौत के कारण उसके नहीं आने पर अदालत ने सुनवाई की अगली तिथि 11 जुलाई नियत कर दी। वहीं, अभय सिंह की पेशी के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस कोर्ट परिसर और उसके इर्द-गिर्द तैनात रही।