वाराणसी में सनसनीखेज वारदात: हाथ से संपत्ति निकली तो बेटे ने पिता और बहन की सिर कूंचकर की हत्या, गिरफ्तार
Varanasi Crime News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में संपत्ति के विवाद में दो लोगों की ईंट- पत्थर से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना से मौके पर हड़कंप मचा है।
विस्तार
वाराणसी जिले के कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर प्रतापनगर कॉलोनी में मंगलवार सुबह संपत्ति के विवाद में बेटे राजेश ने सिलबट्टे और रॉड से बुजुर्ग पिता रुपचंद्र भारद्वाज (78) और बहन शिवकुमारी (50) की सिर कूंच कर हत्या कर दी। आरोपी बेटे राजेश को पुलिस ने घटनास्थल से गिरफ्तार किया है। कैंट पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने छानबीन में खून लगा रॉड, सिलबट्टा बरामद किया। आठ महीने पहले प्रताप नगर की तीन बिस्वा जमीन बहन के नाम रजिस्ट्री करने से राजेश आहत था। पिता से आए दिन उसकी नोकझोंक होती थी।
इसे भी पढ़ें; Jaunpur News: दोस्तों के साथ शीतला चौकियां धाम में दर्शन करने गया था युवक, तालाब में डूबने से हुई मौत
मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र के उमनी गांव निवासी रूपचंद्र भारद्वाज जलकल विभाग से 18 साल पहले चालक पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने टकटकपुर के प्रताप नगर इंदिरा नगर कॉलोनी में तीन बिस्वा जमीन खरीदी और मकान बनवाकर बेटे, बहू के साथ रहने लगे। बेटी शिवकुमारी की शादी गाजीपुर के दुल्लहपुर खुर्द हरिदास निवासी ओमप्रकाश से की थी। सात साल पहले मां की मौत के बाद बेटी अकसर ही पिता रामचंद्र की देखभाल के लिए कॉलोनी में आवाजाही करती थी।
पिता रूपचंद्र ने आठ माह पहले प्रताप नगर की तीन बिस्वा जमीन बेटी के नाम रजिस्ट्री कर दी थी, जिसे लेकर बेटे राजेश ने रजिस्ट्री कैंसिल के लिए कोर्ट में डीड दाखिल की। इसके बाद ही बहन को कोर्ट से नोटिस गया। मंगलवार को कोर्ट में शिवकुमारी को अधिवक्ता के साथ पक्ष रखना था। गाजीपुर के घर से शिवकुमारी सुबह 6.30 बजे निकली और 9.30 बजे प्रताप नगर कॉलोनी पहुंची। बहन को घर में घुसता देख राजेश का गुस्सा पारा हाई हो गया। घर के बाहर प्लॉट में बैठे पिता से राजेश का विवाद शुरू हुआ।
आक्रोशित राजेश ने पास में पड़े रॉड से पिता के सिर पर हमला कर दिया। पिता की चीख सुनकर बहन शिवकुमारी घर के अंदर से बाहर आई। पिता को लहूलुहान देख शोर मचाने लगी। तभी राजेश ने उसे भी दौड़ाया और घर के अंदर सिलबट्टे से उसका सिर कूंच दिया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर कैंट पुलिस जब पहुंची तो प्लॉट में खून से लथपथ पिता का शव पड़ा था और कमरे में बहन का खून से सना शव मिला। दूसरे कमरे में राजेश, उसकी पत्नी इंदू और एक बेटी थी। घटनास्थल पर पहुंचे कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने फॉरेंसिक टीम समेत उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। अपर पुलिस आयुक्त अपराध राजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरी मीणा, एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन, कैंट एसीपी नितिन तनेजा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.