वाराणसी: रंगदारी न देने पर बस पर पथराव, चालक और ढाबा मालिक को धमकी दी; पांच नामजद समेत 20 पर प्राथमिकी
वाराणसी में रंगदारी नहीं देने पर बस पर पथराव करने के मामले में पांच नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने बस को निशाना बनाया और पथराव किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
विस्तार
बस संचालन के नाम पर रंगदारी न देने पर बस में तोड़फोड़ और पथराव के मामले में बस मालिक की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बलवा, रंगदारी, तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
हुकुलगंज-पांडेयपुर निवासी बस मालिक ओंकारनाथ जायसवाल के अनुसार, उनकी बस गोरखपुर से वाराणसी होते हुए नागपुर और हैदराबाद जाती है। बीते 15 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे चालक आनंद जायसवाल बस लेकर मोढ़ैला से निकला था।
मिर्जामुराद पुल से आगे सर्विस लेन पर फुट ओवरब्रिज के पास कई बाइक और स्कूटी सवारों ने बस पर ईंट-पत्थर चलाए। इससे बस के आगे और पीछे के शीशे टूट गए। चालक यात्रियों को सुरक्षित निकालते हुए बस को रूपापुर स्थित लड्डू गोपाल ढाबे पर ले गया और मालिक को घटना की जानकारी दी।
होगी गिरफ्तारी
आरोप है कि मौके पर पहुंचे चालक और ढाबा मालिक को एक युवक ने धमकी दी। मामले में खमहरिया, औराई (भदोही) निवासी अनुपम सिन्हा की स्कूटी का भी जिक्र किया गया है, जिसे पुलिस को सौंपे जाने की बात कही गई है।
बस मालिक ने गणेश गुप्ता, आजाद सोनकर और अनिकेत सोनकर समेत अन्य लोगों पर बस संचालन के नाम पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।