Varanasi News: जमीन के विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, आठ घायल, पांच ट्रॉमा सेंटर रेफर; पहुंची पुलिस
Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मिश्रपुरा गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे, रॉड और धारदार हथियार चलने से आठ लोग घायल हो गए। पांच गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
Varanasi Crime: वाराणसी में चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिश्रपुरा में शनिवार सुबह जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियार चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद पांच गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की आबादी की जमीन पर ओमप्रकाश यादव पक्ष के लोग करकट लगा रहे थे। इसी दौरान रामबली गोड़ और उनके परिजनों ने जमीन पर अपना दावा जताते हुए निर्माण कार्य का विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया।
मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस
मारपीट में एक पक्ष के रामबली गोड़ (65), अजीत (42), दीपक (37), विकास (32) और विश्वास (35) घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के ओमप्रकाश यादव (60), राजकुमार (55) और अनुराधा (19) को भी चोटें आईं। ग्रामीणों की सूचना पर चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नरपतपुर भेजा।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल विश्वास, विकास, अजीत, राजकुमार और ओमप्रकाश यादव को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया गया कि विश्वास जीआरपी गोरखपुर में तैनात हैं।
कार्यवाहक थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि एक पक्ष की ओर से सीमा देवी ने 11 लोगों के खिलाफ, जबकि दूसरे पक्ष से विवेक यादव ने छह लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है। दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।