फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi BHU women shine in basketball Vidyapith emerges victorious in hockey read other news

वाराणसी: बास्केटबॉल में बीएचयू की बेटियां चमकीं, हॉकी में विद्यापीठ विजेता; पढ़ें अन्य खबरें

Sat, 17 Oct 2026 04:27 PM IST
किशन चौबे अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी Published by: किशन चौबे Updated Sat, 17 Oct 2026 04:27 PM IST
सार

काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में बीएचयू की महिला बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। हॉकी और पुरुष बास्केटबॉल में काशी विद्यापीठ की टीम विजेता रही। इसके अलावा वाराणसी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महादेव पीजी कॉलेज ने तैराकी में चैंपियनशिप जीती, हिंदुस्तान क्रिकेट क्लब ने एक विकेट से मुकाबला जीता और वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने प्रादेशिक कुश्ती में 16 पदक हासिल किए।

विज्ञापन
Varanasi BHU women shine in basketball Vidyapith emerges victorious in hockey read other news
काशी सांसद, खेलकूद वाराणसी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बीएचयू के एंफीथियेटर मैदान में आयोजित काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में हॉकी और बास्केटबॉल के मुकाबले हुए। बास्केटबॉल के महिला वर्ग में बीएचयू की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की, जबकि पुरुष वर्ग की हॉकी और बास्केटबॉल में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीम विजेता रही। विजेता टीमें अब जिलास्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

विज्ञापन


हॉकी में विद्यापीठ ने बीएचयू को 2-0 से हराया
हॉकी मुकाबले में टॉस जीतकर बीएचयू की टीम ने पहले बॉल हिट करने का फैसला किया, जबकि काशी विद्यापीठ की टीम ने मैदान का चुनाव किया। मैच शुरू होते ही दोनों टीमों ने एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर हमले किए, लेकिन पहले हाफ में कोई गोल नहीं हो सका। दूसरे हाफ में विद्यापीठ की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। चौथे क्वार्टर में विद्यापीठ की ओर से वैभव और गोलू ने एक-एक गोल कर टीम को 2-0 से जीत दिलाई।
विज्ञापन

 

Trending Videos

बास्केटबॉल में बीएचयू और विद्यापीठ का दबदबा
बास्केटबॉल प्रभारी डॉ. धीरेंद्र तिवारी ने बताया कि पुरुष वर्ग के पहले मैच में बीएचयू ने केंद्रीय तिब्बती विश्वविद्यालय को 42-17 से हराया। दूसरे मुकाबले में काशी विद्यापीठ ने केंद्रीय तिब्बती विश्वविद्यालय को 48-42 से शिकस्त दी।

महिला वर्ग में बीएचयू विजेता
महिला वर्ग में केंद्रीय तिब्बती विश्वविद्यालय ने बीएचयू को 25-3 से हराया। इसके बाद बीएचयू ने काशी विद्यापीठ को 39-19 से मात दी। तीसरे मैच में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ ने केंद्रीय तिब्बती विश्वविद्यालय को 19-3 से हराया। मैचों के प्रदर्शन के आधार पर बीएचयू को विजेता, काशी विद्यापीठ को उपविजेता और केंद्रीय तिब्बती विश्वविद्यालय को तीसरा स्थान मिला।


 
विज्ञापन

1264 प्रतिभागियों में 172 विजेता
रोहनिया। जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में काशी सांसद खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेलकूद का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने किया। मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह और संदीप सिंह मिंटू रहे। प्रतियोगिता का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव और खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र यादव की ओर से किया गया। प्रबंधक अजय कुमार सिंह और प्रधानाचार्य बिपिन कुमार सिंह का विशेष सहयोग रहा।
ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में 1264 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 172 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। पांच आयु वर्गों में 100 मीटर दौड़ के अंडर-11 में महगांव, 11 से 14 वर्ष में हरदत्तपुर और 14 से 18 वर्ष में रामसिंहपुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में अंडर-11 में महगांव, 14 वर्ष में हरदत्तपुर, 18 वर्ष में रामसिंहपुर और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतापपुर विजेता रहा। वॉलीबॉल में बसंतपुर प्रयागपुर, बैडमिंटन में बसंतपुर, चिनअप में कचनार-बेनीपुर-खेवली-भवानीपुर, लंबी कूद में कुरौना कचनार और योगासन में हरदत्तपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बैडमिंटन : चार मुकाबलों में 2-0 से जीतीं टीमें
वाराणसी। विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से डॉ. विभूति नारायण इंडोर स्टेडियम में अंतर-संकाय बैडमिंटन प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले हुए। महिला वर्ग के चारों मुकाबलों का फैसला 2-0 से हुआ, जबकि पुरुष वर्ग में कला संकाय की टीम ने 3-1 से जीत दर्ज की।
डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि महिला वर्ग के पहले मुकाबले में डीएवी पीजी कॉलेज ने कला संकाय को 2-0 से, महिला महाविद्यालय ने सामाजिक विज्ञान को 2-0 से और विज्ञान संस्थान ने दृश्य कला संकाय को 2-0 से हराया। राजघाट की टीम ने वाणिज्य संकाय को 2-0 से पराजित किया।


 
विज्ञापन

पांच किलोमीटर की दौड़ 26 अक्तूबर को
चिरईगांव। जाल्हूपुर स्थित श्री कच्चा बाबा फिजिकल एकेडमी के खेल मैदान पर 26 अक्तूबर को सुबह छह बजे से पांच किलोमीटर की दौड़ प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में किसी भी आयु वर्ग के बालक हिस्सा ले सकेंगे।
एकेडमी के प्रशिक्षक राम अवतार विश्वकर्मा ने बताया कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 2100 रुपये, द्वितीय को 1500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 1100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

टॉप पर आजमगढ़, काशी को मिला एक पदक
वाराणसी। लालपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में प्रादेशिक सब जूनियर समन्वय एथलेटिक्स प्रतियोगिता शुरू हुई। दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन नौ स्पर्धाओं का आयोजन हुआ। पहले दिन आजमगढ़ ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि दो स्वर्ण के साथ प्रयागराज दूसरे स्थान पर रहा।
जिला क्रीड़ा अधिकारी नवीन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के 230 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। 100 मीटर हर्डल में आजमगढ़ के मुकेश कन्नोजिया, ऊंची कूद में अनुकल्प गुप्ता और डिस्कस थ्रो में यश यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर आजमगढ़ को शीर्ष पर पहुंचाया।

 

हिंदुस्तान क्रिकेट क्लब एक विकेट से जीता
वाराणसी। वाराणसी क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से विवेक सिंह स्टेडियम में आयोजित बाबू तैलंग मेमोरियल सीनियर जिला क्रिकेट लीग के रोमांचक मुकाबले में हिंदुस्तान क्रिकेट क्लब ने सुभाष चंद्र स्पोर्ट्स क्लब को एक विकेट से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सुभाष चंद्र स्पोर्ट्स क्लब ने 34.5 ओवर में 210 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हिंदुस्तान क्रिकेट क्लब की टीम ने 32.2 ओवर में नौ विकेट खोकर 211 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सौरभ सिंह ने 66 रन की पारी खेली।

तैराकी में महादेव पीजी कॉलेज चैंपियन
चिरईगांव। विद्यापीठ से संबद्ध कॉलेजों की अंतर महाविद्यालयीय तैराकी प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को बीएचयू के स्वीमिंग पूल में हुई। महादेव पीजी कॉलेज, बारियासनपुर ने बालक वर्ग में 48 और महिला वर्ग में 41 अंक हासिल कर चैंपियनशिप ट्रॉफी जीती।
महिला वर्ग में गीता देवी, रितु निषाद, कलावती निषाद और शिखा ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुष वर्ग में विराट, अतुल मौर्य, जयराज श्रीवास्तव, अभिषेक साहनी, अंकित यादव और प्रदीप निषाद ने स्वर्ण पदक हासिल किए। कॉलेज के खेल सचिव भीम शंकर मिश्र ने बताया कि बॉक्सिंग के बाद तैराकी में भी महादेव पीजी कॉलेज चैंपियन बना है।


 

आयुष बने वॉलीबॉल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
वाराणसी। सिगरा स्थित डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित अंडर-17 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में डालिम्स रोहनिया की टीम चैंपियन बनी। टीम के कप्तान आयुष यादव को चार मैचों में 13 स्कोर करने पर सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार दिया गया।
बालक वर्ग में आठ और बालिका वर्ग में चार टीमों समेत कुल 12 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। डालिम्स रोहनिया के कोच विक्रम सिंह ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिता में उतारा था। बृहस्पतिवार को स्कूल में खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

वाराणसी मंडल ने तीन प्रादेशिक मुकाबलों में जीते 16 पदक
वाराणसी। प्रादेशिक कुश्ती प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 भारवर्गों में पदक हासिल किए। मंडल की टीम ने 2026-27 में अब तक तीन प्रादेशिक मुकाबलों में हिस्सा लिया है और तीनों में बेहतर प्रदर्शन किया है।
मिर्जापुर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय कुश्ती प्रतियोगिता में मंडल के खिलाड़ियों ने आठ स्वर्ण, चार रजत और चार कांस्य पदक जीते। कुश्ती कोच गोरख यादव ने बताया कि मंडलीय टीम में गाजीपुर के दो और चंदौली का एक खिलाड़ी शामिल है।
जिला कुश्ती संघ की कोशिश खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मुकाबलों में उतारकर उन्हें दबाव में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए तैयार करने की है। यह बात वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह ने कही।

निशानेबाजी : 20वें पदक के लिए जापान में निशाना साधेंगी सुमेधा
वाराणसी। काशी की बेटी सुमेधा पाठक एशियाई पैरा खेलों में हिस्सा लेने के लिए बृहस्पतिवार को जापान के आईची नागोया पहुंच गईं। वह अपने करियर के 20वें पदक के लिए 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में निशाना साधेंगी।
सुमेधा दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में रोज छह घंटे अभ्यास कर रही थीं। मानस नगर एक्सटेंशन निवासी सुमेधा ने 2013 में 10 मीटर पिस्टल से निशानेबाजी शुरू की थी। 2026 का उनका पहला पदक सितंबर में कोरिया में हुई विश्व पैरा निशानेबाजी की टीम स्पर्धा में रजत रहा था।
सुमेधा ने बताया कि वह जापान में पदक का रंग बदलने के इरादे से उतरेंगी। एशियाई पैरा खेलों की प्रतियोगिता नागोया में 14 से 24 अक्तूबर तक हो रही है। सुमेधा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। शूटिंग रेंज दूर होने के कारण उनके पिता ब्रजेश पाठक ने घर में ही 10 मीटर पिस्टल का रेंज बनवाया है, जहां वह रोज कम से कम तीन घंटे अभ्यास करती हैं।

प्रांजना ने राष्ट्रीय निशानेबाजी में जीता कांस्य
वाराणसी। सनबीम स्कूल भगवानपुर की कक्षा 11 की छात्रा प्रांजना सिंह ने राष्ट्रीय सीबीएसई स्कूल निशानेबाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता है। उन्होंने 17 वर्ष आयु वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में यह उपलब्धि हासिल की।
प्रतियोगिता 11 से 14 अक्तूबर तक दिल्ली पब्लिक स्कूल नचाराम, सिकंदराबाद में हुई थी। सनबीम स्कूल समूह के अध्यक्ष दीपक मधोक ने प्रांजना के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed