Varanasi: 1.25 करोड़ की ठगी का आरोपी अरेस्ट, दर्ज हैं 73 FIR; OLX पर AC समेत अन्य सामान बेचने का देता था झांसा
Varanasi News: ओएलएक्स पर एसी व अन्य सामान बेचने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले आंध्र प्रदेश निवासी आरोपी को वाराणसी साइबर सेल की प्रतिबिंब टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी 2015 से सक्रिय था और अब तक करीब 1.25 करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 73 मुकदमे दर्ज हैं।
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी के सिगरा स्थित होटल प्लाजा इन से ओएलएक्स पर एसी व अन्य सामान बेचने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने के आरोपी जलादी नागराजू को साइबर सेल की प्रतिबिंब टीम ने बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार किया। शुक्रवार को कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया। आरोपी अब तक लगभग 1.25 करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ विभिन्न राज्यों में 73 प्राथमिकी दर्ज हैं।
एसीपी साइबर विदुष सक्सेना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के चेब्रोलु मंडल स्थित नरकोडुर का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओएलएक्स और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एसी व अन्य सामान बेचने के नाम पर फर्जी विज्ञापन पोस्ट करता था। ग्राहकों को कम कीमत का लालच देकर ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करता था और भुगतान मिलते ही मोबाइल नंबर बंद कर देता था।
पुलिस ने की कार्रवाई
आरोपी विभिन्न मोबाइल नंबर, सिम और आईएमईआई का प्रयोग कर अपनी पहचान छिपाता था। भुगतान प्राप्त करने के लिए गेमिंग-बेटिंग प्लेटफॉर्म से प्राप्त क्यूआर कोड का उपयोग करता था, ताकि वास्तविक बैंक खातों की जानकारी छिपी रहे। आरोपी विभिन्न शहरों में घूम-घूमकर होटलों में ठहरते हुए इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को अंजाम देता था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2015 से इस प्रकार की ऑनलाइन ठगी कर रहा है। विभिन्न राज्यों में उसके खिलाफ ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं।
साइबर सेल प्रभारी मनोज कुमार तिवारी ने बताया कि अब तक कुल 73 मामले सामने आए हैं। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई से संबंधित शिकायतों के समन्वय पोर्टल पर डिजिटल अरेस्ट से जुड़ी शिकायतों की जानकारी भी मिली है, जिसकी गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। अब तक सामने आए मामलों में लगभग 1.25 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने की बात प्रकाश में आई है। प्रतिबिंब टीम के एसआई हिमांशु त्रिपाठी, एसआई आलोक यादव और एसआई दिव्या भदौरिया ने आरोपी को गिरफ्तार किया।