Varanasi Weather: हवा की रफ्तार थमने से गलन से राहत, दो दिन बाद फिर बिगड़ सकता है मौसम
वाराणसी में पिछले तीन-चार दिनों से कड़ाके की ठंड और कोहरे से बुधवार को थोड़ी राहत मिली। दिन में नम हवाओं की रफ्तार भी कम रही और धूप का असर भी अधिक रहा। यही कारण है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक अभी दो दिन तक फिलहाल मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है। 22 जनवरी के बाद से एक बार फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। चार-पांच दिनों से तापमान में उतार-चढ़ाव का क्रम बना हुआ है और दिन में कभी पछुआ हवा तो कभी-कभी नम पुरवा हवाएं चल रही हैं। इस वजह से ठंड भी अधिक लग रही थी।
जनवरी में औसत तापमान अधिकतम 20 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री से भी कम तापमान होना इसकी मुख्य वजह थी। इधर बुधवार को मौसम का मिजाज अचानक तेजी से बदल गया और दिन में तेज धूप होने की वजह से ही लोगों ने राहत महसूस की। अन्य दिनों के मुकाबले बुधवार का मौसम थोड़ा सामान्य रहा। शाम को हवा की रफ्तार भी बिल्कुल थम गई।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय के मुताबिक वाराणसी और उसके आसपास से वार्म फ्रंट के गुजरने की वजह से ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान जहां जनवरी के औसत तापमान से 4 डिग्री अधिक है वहीं न्यूनतम तापमान भी 2 डिग्री बढ़ा हुआ है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों तक मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। इसके बाद मौसम का मिजाज तेजी से बदलेगा और घना कोहरा छा सकता है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री की तुलना में बुधवार को 24.6 रिकार्ड किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 8.2 से बढ़कर 10.4 तक पहुंच गया।