UPSC: द्वितीय प्रश्नपत्र के सवालों ने उलझाया, 47 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा; मंडलायुक्त ने जाना हाल
Varanasi News: यूपीएससी की प्रीलिम्स परीक्षा में रविवार को जिले में 47 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 50 केंद्रों पर कुल 24000 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से पहली पाली में 11105 और दूसरी पाली में 11192 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 53.73 और दूसरी पाली में 53.37 फीसदी परीक्षार्थी ही उपस्थित रहे। पहली पाली में 12895 और दूसरी पाली में 12808 अभ्यर्थियों ने यूपीएससी की प्री परीक्षा दी।
विस्तार
संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा में केंद्रों पर चेकिंग के दौरान कई असमानताएं दिखीं। कुछ केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सादी घड़ी (इलेक्ट्रॉनिक वाच नहीं) पहनकर परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति नहीं दी गई तो कुछ पर परीक्षार्थी चले गए। कई परीक्षा केंद्रों पर महिलाकर्मियों का अभाव रहा। इससे छात्राओं का महज प्रवेश पत्र देखकर अंदर जाने की अनुमति पुरुष परीक्षकों को ही देनी पड़ी।
रविवार को जिले के 50 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक सामान्य अध्ययन के दो प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं कराई गईं। इस दौरान सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे।
19 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में हुई परीक्षा पर दिल्ली से आए तीन आब्जर्वरों ने लगातार नजर रखी। जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने भी केंद्रों का दौरा कर यूपीएससी परीक्षा का जायजा लिया।
मुख्य द्वार पर बारीकी से चेक कर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र पर संतोष जताया। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों का कहना था कि द्वितीय प्रश्नपत्र के सवालों ने मुश्किलें बढ़ाई। इस बार सामान्य गणित के प्रश्नों की संख्या और स्तर ठीकठाक था।
यूपी कॉलेज में परीक्षा देकर निकले आकिब ने कहा कि द्वितीय प्रश्नपत्र के कुछ सवाल उलझाऊ थे। अमीषा और आंचल यादव का कहना था कि रीजनिंग के सवालों का कठिनाई स्तर ज्यादा लग रहा था।
मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण
मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा ने शहर में आयोजित हो रही यूपीएससी सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2024 के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में मंडलायुक्त द्वारा कचहरी स्थित जेपी मेहता इंटर कॉलेज, नदेसर स्थित कटिंग मेमोरियल, खजूरी स्थित हैप्पी होम इंग्लिश स्कूल तथा सारनाथ स्थित धर्मचक्र विहार इंटर कॉलेज व एमपी इंग्लिश स्कूल का दौरा करते हुए आयोजित हो रही परीक्षा के संबंध में केंद्र व्यवस्थापकों से जानकारी ली।
गौरतलब है की यूपीएससी द्वारा आज आयोजित हो रही सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा का आयोजन दो पालियों में हो रहा है जिसके लिये ऑब्जर्वर मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को बनाया गया है।