UP Nikay Chunav: ईमानदारी से हुई मतगणना तो होगा कांग्रेस का मेयर, बनारस पहुंचे बृजलाल खाबरी ने किया दावा
यूपी निकाय चुनाव परिणाम से पहले बुधवार को वाराणसी पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बनारस में अगर ईमानदारी से मतगणना हो गई तो यहां पहली बार कांग्रेस मेयर पद पर अपनी जीत दर्ज करेगी।
विस्तार
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि यूपी के निकाय चुनाव में कांग्रेस इस बार बेहतर प्रदर्शन करेगी। दो से तीन नगर निगम में कांग्रेस के मेयर होंगे। बनारस में अगर ईमानदारी से मतगणना हो गई तो यहां पहली बार कांग्रेस मेयर पद पर अपनी जीत दर्ज करेगी।
बुधवार की शाम को अपने निजी कार्यक्रम से वाराणसी पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यूपी के निकाय चुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन बेहतर है। हमने बहुत अच्छा किया है। कई जगह हम जीत रहे हैं और कई जगह सीधी लड़ाई है। ऐसा लग रहा है कि दो से तीन मेयर की सीटें कांग्रेस को मिलेंगी। जनता ने भाजपा को नकार दिया है।
कर्नाटक में कांग्रेस बनाएगी बहुमत से सरकार
खाबरी ने कहा कि बनारस में जिस तरह के रुझान मिले हैं, इससे लगता है कि हम यहां भी जीत सकते हैं, लेकिन मतगणना अगर ईमानदारी से हो। कर्नाटक चुनाव पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस बार 140 से अधिक सीटें जीत रही है। हम लोग बहुमत से अपनी सरकार बनाएंगे।
ये भी पढ़ें: छानबे विधानसभा उपचुनाव में मतदाताओं में नहीं दिखा उत्साह, 50 फीसदी से कम हुआ मतदान
कांग्रेस अध्यक्ष ने शाम को सारनाथ में भगवान बुद्ध का दर्शन पूजन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल और महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे आदि मौजूद रहे।
वार्ड वार आएंगे रुझान, शाम चार बजे तक मतगणना होगी पूरी
नगर निकाय के लिए हुए चुनाव के मतों की गणना 13 मई को कराने की तैयारी अंतिम दौर में चल रही है। इसके लिए मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण भी दिया गया। वहीं, अधिकारियों के स्तर से जिस हिसाब से तैयारी की गई है उसके मुताबिक 27 चरणों में मतगणना होगी, जबकि एक साथ 50 वार्डों के ईवीएम खोले जाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह के मुताबिक निकाय चुनाव के लिए होने वाली मतगणना 27 चरणों में होगी, जो सुबह आठ बजे से शुरू की जाएगी। इसके लिए कुल 50 टेबलों पर एक साथ 50 वार्डों के ईवीएम खोले जाएंगे। जिन वार्डों के ईवीएम खुलेंगे, मतगणना स्थल पर लगे सूचना बोर्ड पर उसकी सूचना अंकित कर दी जाएगी। इसके अलावा मेयर और पार्षद प्रत्याशियों व उनके अभिकर्ताओं को भी सूचित किया जाएगा। सुबह दस बजे से वार्ड वार रुझान आना शुरू हो जाएंगे। शाम चार बजे तक मतगणना पूरी होगी।