यूपी चुनाव 2022: वाराणसी समेत इन चार जिलों में पुलिस की सख्ती, 58558 लोगों की निगरानी, अवैध शराब और लाइसेंसी शस्त्र हो रहे जब्त
विधानसभा चुनाव को देखते हुए वाराणसी रेंज में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी बढ़ा दी है, साथ ही खलल डालने और अशांति फैलाने वालों से भी सख्ती से निपट रही है। चंदौली में सबसे अधिक शराब जब्त की गई है।
विस्तार
विधानसभा चुनाव में खलल डालने और अशांति फैलाने वालों से पुलिस सख्ती से निपट रही है। वाराणसी परिक्षेत्र के चार जिलों में पुलिस ने एक माह के अंदर 107,116 के तहत कार्रवाई करते हुए 58,558 लोगों को पाबंद किया और उनकी निगरानी बढ़ा दी है। इसमें सबसे अधिक संख्या गाजीपुर की है।
इसके बाद दूसरे नंबर पर चंदौली में 14624 लोग, तीसरे नंबर पर जौनपुर में 12742 और चौथे नंबर पर वाराणसी ग्रामीण है, जिसमें 12388 लोग पाबंद किए गए हैं। चंदौली में सबसे अधिक अवैध शराब और बीयर की खेप भी पकड़ी जा चुकी है।
आईजी रेंज के. सत्यनारायण के अनुसार, शांति भंग की आशंका में जौनपुर और गाजीपुर में 22 शस्त्र निलंबित करने की संस्तुति रिपोर्ट भेजी गई। गाजीपुर में तीन और जौनपुर में 19 शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई। विधानसभा चुनाव में शराब और बीयर खपाने की मंशा भी तस्करों की पुलिस विफल कर रही है। चंदौली पुलिस ने तस्करों पर कार्रवाई करते हुए एक करोड़ 87 लाख 28 हजार की शराब जब्त की।
इस कार्रवाई में देसी, अंग्रेजी और बीयर भी शामिल है। इसके बाद जौनपुर पुलिस ने 11 लाख 21 हजार 400 रुपये मूल्य की अवैध शराब व बीयर जब्त की। वाराणसी ग्रामीण में 657450 की शराब और गाजीपुर में 248460 मूल्य की अवैध शराब व बीयर जब्त की जा चुकी है।
शस्त्र जमा करने में गाजीपुर अव्वल
चुनाव प्रभावित न हों, इसलिए लाइसेंसी शस्त्र भी जमा कराए जा रहे हैं। अब तक गाजीपुर में सबसे अधिक 9081 शस्त्र जमा हो चुके हैं। इसके बाद जौनपुर में 8733, चंदौली में 5010 और वाराणसी ग्रामीण में 3794 लाइसेंसी शस्त्र जमा हुए। शस्त्र जमा करने मामले में गाजीपुर अव्वल आया है।
चुनाव में हिस्ट्रीशीटर पर गड़बड़ी करने की आशंका ज्यादा होती है। हर दिन उनकी पेशी कराई जा रही है। किसी भी खुलासे के बाद हम गैंग की पहचान करने उनके नेटवर्क पर वर्किंग कर रहे हैं, ताकि सिस्टम को ठीक किया जा सके। - के सत्यनारायण, आईजी रेंज, वाराणसी