यूपी बोर्ड: एक को दोस्ती निभानी पड़ी भारी, तीन घटाना चाह रहे थे अपनी उम्र, धरे गए
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, जौनपुर और गाजीपुर कई ऐसे लोगों को हिलासत में लिया गया है, जो उम्र घटाने के लिए परीक्षा दे रहे थे, या फिर किसी और के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे। तो वहीं गाजीपुर में दूरस्थ जिलों के छात्रों को हिरासत में लिया गया है, जो यहां परीक्षा दे रहे थे। पुलिस ने इनसे थाने लाकर पूछताछ की।
गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर क्षेत्र के पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज से 33 एवं रामसनेही दास खटिया बाबा इंटर कॉलेज झोटरी से 13 परीक्षार्थी पकड़े गए जो बागपत, मुजफ्फरनगर, शामली, मेरठ एवं हरिद्वार के रहने वाले थे। आज सुबह की पाली की परीक्षा में जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य और पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह ने परीक्षार्थियों से आधार कार्ड मांगा तो वह आधार कार्ड नहीं दे पाए।
जैसे ही परीक्षा समाप्त हुई सभी 46 परीक्षार्थियों को जांच-पड़ताल के लिए बस में भरकर थाने लाया गया। परीक्षार्थियों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक सहित कई अधिकारियों ने मौके पर जाकर थाने में परीक्षार्थियों से जानकारी जुटाई। शाम को परीक्षार्थियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। इस संबंध में डीआईओएस की तरफ से प्रधानाचार्यों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर दी गई है।
उम्र घटाने के लिए परीक्षा दे रहे तीन परीक्षार्थी पकड़े गए
जौनपुर जिले के महराजगंज के जनता इंटर कॉलेज गद्दोपुर में चेकिंग के दौरान सचल दल ने महेश कुमार और मोहम्मद अरशद को संदेह होने पर पकड़ा। दोनों की उम्र आम परीक्षार्थियों से काफी अधिक लग रही थी। पूछताछ में दोनों ने उम्र घटाने के लिए दोबारा परीक्षा देने की बात स्वीकार की।
उधर, जयराम सिंह इंटर कॉलेज कोहड़ा बड़ेरी से रंजना देवी को भी जन्मतिथि बदलकर परीक्षा देते डीआईओएस की टीम ने पकड़ा। तीनों पर एफआईआर दर्ज कराया गई है। बता दें कि इसके पहले हिंदी की परीक्षा में भी तीन परीक्षार्थियों को मछलीशहर के केंद्र से उम्र घटाकर परीक्षा देते पकड़ा गया था।
दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा मुन्ना भाई पकड़ाया, केस दर्ज
आजमगढ़ जिले में शनिवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। जहानागंज ब्लॉक के शेरपुर कुटी स्थित वैष्णव हरिहर दास इंटर कालेज में केंद्र व्यवस्थापक हरिनाथ सिंह ने एक युवक को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा।
पकड़े गए युवक का नाम मनीष चौहान पुत्र मोहन चौहान निवासी कंचनपुर तरवां बताया जा रहा है। वह अपने दोस्त के स्थान पर परीक्षा दे रहा था। केंद्र व्यवस्थापक ने पकड़े गये युवक को पुलिस के हवाले कर दिया। युवक और मनीष चौहान के खिलाफ जहानागंज थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।