यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: डिबार केंद्रों की सूची पहले होगी जारी, 29 अक्तूबर को अंतिम सूची; पढ़ें- पूरी जानकारी
यूपी बोर्ड की ओर से इस बार डिबार केंद्रों की सूची पहले जारी होगी। 29 अक्तूबर को केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी। वहीं बोर्ड की ओर से इस बार कराई जाने वाली बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन ऑनलाइन किया जाएगा।
विस्तार
यूपी बोर्ड की ओर से वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के केंद्र निर्धारण की समय-सारिणी में आंशिक संशोधन किया गया है। नकलविहीन और शुचितापूर्ण परीक्षा कराने के लिए केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया अब 24 सितंबर से 29 अक्तूबर 2026 तक पूरी होगी। इस बार डिबार केंद्रों की सूची पहले जारी होगी। 29 अक्तूबर को केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी। इस बार पहली बार ऐसा होगा जब विज्ञान और गृह विज्ञान की प्रैक्टिकल परीक्षा होगी। कॉपियां ऑनलाइन जांची जाएंगी।
क्षेत्रीय अपर सचिव भास्कर मिश्रा ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालय 24 सितंबर को आधारभूत सूचनाएं अपलोड करेंगे। विद्यालयों के भौतिक सत्यापन की अंतिम तिथि तीन सितंबर और सत्यापित आख्या वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि 12 सितंबर निर्धारित की गई है।
चयनित परीक्षा केंद्रों की सूची 21 सितंबर को जारी होगी, जबकि डिबार केंद्रों की सूची 23 सितंबर को प्रदर्शित की जाएगी। केंद्रों को लेकर आपत्तियां 28 सितंबर तक ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक इन आपत्तियों का निस्तारण 8 अक्तूबर तक करेंगे। इसके बाद संशोधित केंद्र सूची 17 अक्तूबर को अपलोड की जाएगी। मानक से अधिक आवंटन को लेकर आपत्तियां 22 अक्तूबर तक ली जाएंगी। अंततः परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची 29 अक्तूबर 2026 को जारी की जाएगी।
यूपी बोर्ड की ओर से इस बार कराई जाने वाली बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन ऑनलाइन किया जाएगा। 2026 की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का प्रयोग के तौर पर वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, बरेली और गोरखपुर में मूल्यांकन किया गया, जो सफल रहा। इसका लाभ यह हुआ कि परिणाम भी जल्दी घोषित किए गए।
विज्ञान और गृह विज्ञान विषय के होंगे प्रैक्टिकल
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल परीक्षा की व्यवस्था में एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव किया है। इसके तहत अब हाईस्कूल स्तर पर विज्ञान और गृह विज्ञान विषयों के लिए स्कूलों के स्तर पर होने वाला आंतरिक मूल्यांकन समाप्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर परिषद की ओर से प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाएंगी। दूसरी ओर, विज्ञान तथा गृह विज्ञान विषय के परीक्षार्थियों के लिए 30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा परिषद स्वयं आयोजित कराएगा। परीक्षा के उपरांत विद्यार्थियों की ओर से अर्जित अंक एवं ग्रेड उनके अंतिम अंकपत्र सह प्रमाणपत्र में दर्ज किए जाएंगे।
ऑनलाइन जांची जाएंगी कॉपियां
यूपी बोर्ड की ओर से इस बार कराई जाने वाली बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन ऑनलाइन किया जाएगा। 2026 की बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का प्रयोग के तौर पर वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, बरेली और गोरखपुर में मूल्यांकन किया गया, जो सफल रहा। इसका लाभ यह हुआ कि परिणाम भी जल्दी घोषित किए गए। परीक्षा भी महज 15 दिनों में समाप्त हो गई थी। इस बार भी बोर्ड की ओर से कुछ ऐसी ही तैयारियां की जा रही हैं।