यूपी बोर्ड परीक्षा कल से: वाराणसी में बनाए गए 131 केंद्र, व्यवस्थागत खामियों की वजह से हो सकती है परेशानी
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की 24 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए वाराणसी जिले में 131 केंद्र बनाए गए हैं। जिले के कई विद्यालयाें में ऑनलाइन कक्ष निरीक्षकों की सूची तो मिल गई है, लेकिन अब तक कक्ष निरीक्षक विद्यालय पहुंचकर रिपोर्ट नहीं कर सके हैं।
विस्तार
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की 24 मार्च से शुरू होने वाली परीक्षा में केवल एक दिन ही बाकी है, लेकिन व्यवस्थागत खामियों की वजह से परीक्षा संचालन में परेशानी हो सकती है। सबसे बड़ी समस्या केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से केंद्रवार ऑनलाइन तैनाती के बाद भी अब तक कई केंद्रों पर छात्र संख्या के हिसाब से कक्ष निरीक्षक नहीं मिल सके। इसके अलावा छात्रों को मिले प्रवेशपत्र में भी कई तरह की गड़बड़ियां मिल रही है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 131 केंद्र बनाए गए हैं। जिले के कई विद्यालयाें में ऑनलाइन कक्ष निरीक्षकों की सूची तो मिल गई है, लेकिन अब तक कक्ष निरीक्षक विद्यालय पहुंचकर रिपोर्ट नहीं कर सके हैं। अब जबकि केवल आज का दिन ही बचा है, ऐसे में केंद्राध्यक्षों की परेशानी बढ़ गई है।
प्रधानाचार्यों को भी बनाया गया केंद्राध्यक्ष
बताया कि जिन शिक्षकों को विद्यालय में रहकर परीक्षा ड्यूटी करनी थी, उन्हें भी दूसरे केंद्रों पर भेज दिया गया है। यहीं नहीं प्रधानाचार्यों को भी केंद्राध्यक्ष बनाया गया है। ऐसे में परीक्षा का संचालन करना चुनौती होगी।
उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश संयोजक डॉ. विश्वनाथ दूबे ने कहा कि कक्ष निरीक्षकों की ऑनलाइन तैनाती की सूची तो मिल गई है, लेकिन वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक नहीं पहुंचे हैं। प्रधानाचार्यों की भी ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के तौर पर लगा दी गई है। प्रवेशपत्र में नाम की गड़बड़ी भी मिल रही है। परिषद की ओर से शासन को अवगत कराया गया है।
प्रवेश पत्र में नाम की गड़बड़ी सबसे अधिक
प्रवेश पत्र में नाम की गड़बड़ी वाली समस्या अधिक है। कहीं स्पेलिंग गड़बड़ है तो किसी के माता-पिता के नाम में गड़बड़ी है। सेवापुरी क्षेत्र में बने केंद्रों पर परीक्षा देने वाले कई विद्यार्थियों के प्रवेशपत्र पर विषय गड़बड़ प्रकाशित हो गया है। इसके अलावा कुछ विद्यार्थियों के नाम में भी गड़बड़ी है। राजातालाब क्षेत्र के चमेला देवी बालिका विद्यालय बिरसिंहपुर और श्रद्धा इंटर कॉलेज रानी बाजार की छात्रा आराधना, सरिता, रामेश्वरी, प्रियंका ने बताया कि उनके नाम में स्पेलिंग गड़बड़ है। प्रधानाचार्य को जानकारी दे दी है।
कहीं पहुंच गई पुलिस, कहीं करना पड़ा इंतजार
बोर्ड परीक्षा के लिए डबल लॉक में रखे गए पेपर की निगरानी के लिए कहीं पुलिस पहुंच गई है जबकि कुछ जगहों पर इंतजार करना पड़ रहा है। सुरक्षा के लिहाज से केंद्राें पर दो-दो पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। रोहनिया के जगतपुर इंटर कॉलेज, महामना इंटर कॉलेज बच्छाव, स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती इंटर कॉलेज सहित अन्य केंद्रों पर सीसी कैमरे से निगरानी के साथ ही पुलिस को भी तैनात कर दिया गया है।
लोहता क्षेत्र में जगनारायन इंटर कॉलेज समेत चार केंद्रों पर दो-दो पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे हैं। सेवापुरी के कालिकाधाम इंटर कॉलेज, सेवा भारती इंटर कॉलेज, सर्वोदय इंटर कॉलेज आदि केंद्रों पर पेपर पहुंचने के बाद भी पुलिसकर्मी नहीं पहुंचे।
विशेषज्ञों की सलाह: परीक्षा के पहले न लें तनाव, पैटर्न और सिलेबस को समझें
बोर्ड परीक्षाओं के नजदीक आते ही मन में एक डर सा बैठ जाता है। परीक्षार्थियों के साथ अभिभावक भी चिंतित होने लगते हैं। हालांकि, परीक्षा के चंद दिनों पहले विशेषज्ञ छात्र-छात्राओं को तनाव लेने की जगह परीक्षा का पैटर्न और सिलेबस को समझने के टिप्स दे रहे हैं।
कमलाकर चौबे आदर्श इंटर कॉलेज में भौतिकी विषय में प्रवक्ता मनराज यादव ने कहा कि सबसे पहले प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ें। जो प्रश्न आ रहा हो या आसान लगे उसे पहले हल करें। आंकिक प्रश्नों में आंकिक मान के साथ उसकी मात्रा अवश्य लिखें। परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्रों को पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्रों में जो सवाल पूछे जाएं, उसी का उत्तर दें। सही समय का चुनाव करना बहुत महत्वपूर्ण होता है। विद्यार्थी के लिए पढ़ाई से लेकर खाना, पीना, खेलना सब जरूरी है। पढ़ाई करने के लिए एक टाइम टेबल अवश्य बनाएं। सुबह हमारा दिमाग एक केंद्र में रहता है। हम जो भी पड़ते हैं वह सब दिमाग में फिट हो जाता है। ऐसे में सुबह उठकर जरूर पढ़ें।