मार्च में आएंगी यूपी बोर्ड की कॉपियां, तैयारियां शुरू, क्वींस कॉलेज बनेगा नोडल सेंटर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा की तिथि और केंद्रों की संख्या फाइनल होने के बाद वाराणसी में अब केंद्रों पर कॉपी-पेपर रखे जाने सहित अन्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। 24 अप्रैल से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से मार्च से नोडल सेंटर पर कॉपियां भेजी जाएंगी। इसके बाद जिला स्तर पर बने नोडल सेंटर से इसका वितरण अलग-अलग तिथियों में कराया जाएगा।
जिले में इस बार कुल 1,03,940 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसमें हाईस्कूल में 52873 और इंटरमीडिएट में 51067 परीक्षार्थी शामिल हैं। इधर 12 फरवरी से जिले के विद्यालयों में इंटरमीडिएट के प्रैक्टिकल चल रहे हैं। सोमवार को भी विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में प्रैक्टिकल कराया गया। अब केंद्रों पर परीक्षा संबंधी तैयारियां भी तेज हो गई है। परिषद के नियमानुसार हाईस्कूल में एक छात्र छह कॉपियों का प्रयोग करता है जबकि इंटरमीडिएट में यह संख्या प्रति छात्र पांच हैं।
इसके अलावा जरूरत पड़ने पर बी कॉपी भी छात्र लिखते हैं। आंकड़ों के अनुसार हाईस्कूल में करीब 2.70 लाख और इंटरमीडिएट में 2.55 लाख कापियों की जरूरत लगेगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज को नोडल सेंटर बनाया गया है। मार्च के दूसरे सप्ताह से ही यहां कापियां आने लगेंगी, इसके बाद इसका वितरण कराया जाएगा। परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्रों से कापियां यहीं पर जमा भी कराई जाएंगी। बताया कि पारदर्शिता के लिहाज से हाईस्कूल, इंटरमीडिएट की कॉपियों का रंग भी बदला बदला रहेगा।