यूपी बोर्ड: अयोध्या-आजमगढ़ मंडल में प्रैक्टिकल कराने के लिए 2705 शिक्षकों की हुई तैनाती, भेजे गए प्रपत्र
Varanasi News: परीक्षा से जुड़े सभी प्रपत्रों के पैकेट विद्यालयवार संबंधित जिलों के जिला विद्यालय निरीक्षकों के कार्यालय भेज दिए गए हैं। विद्यालयों को वहां से प्रपत्र प्राप्त कर परीक्षाएं कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
विस्तार
UP Board Exam: यूपी बोर्ड की ओर से पूरे प्रदेश में दो चरणों में प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी। प्रथम चरण में अयोध्या और आजमगढ़ मंडल में परीक्षाएं कराने के लिए शिक्षकों की तैनाती कर दी गई है। परीक्षाएं कराने के लिए वाराणसी और मिर्जापुर मंडल के 2705 शिक्षकों की तैनाती बोर्ड की ओर से की गई है।
वाराणसी स्थित क्षेत्रीय बोर्ड कार्यालय के सहायक सचिव मनोज कुमार ने बताया कि पहले चरण में अयोध्या और आजमगढ़ मंडल में प्रायोगिक परीक्षाएं कराई जाएंगी। इसके लिए वाराणसी और मिर्जापुर मंडल के 2705 शिक्षकों की तैनाती की गई है। इसमें वाराणसी मंडल में वाराणसी के 478, गाजीपुर के 877, जौनपुर के 732 और चंदौली के 141 शिक्षक हैं। ऐसे ही मिर्जापुर मंडल में मिर्जापुर के 209, सोनभद्र के 129 और भदोही के 139 शिक्षक हैं जिनकी ड्यूटी प्रायोगिक परीक्षा कराने के लिए लगाई गई है।
अध्यापकों को अपने साथ आधार कार्ड या मान्य पहचान पत्र ले जाना जरूरी
बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए नियुक्त परीक्षक अपने साथ आधार कार्ड अथवा मान्य पहचान पत्र आवंटित विद्यालय में अवश्य ले जाएं। साथ ही परीक्षक के उस पहचान पत्र की छायाप्रति आवंटित विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिलेख के रूप में अपने पास सुरक्षित रखें। बिना पहचान पत्र के उन्हें कार्य करने नहीं दिया जाएगा।
सीसीटीवी और वायस रिकॉर्डिंग में होंगे प्रैक्टिकल
बोर्ड ने निर्देश जारी कर कहा है कि विद्यालयों की ओर से प्रयोगात्मक परीक्षाएं अनिवार्य रूप से वायस रिकार्डर युक्त सीसीटीवी की निगरानी में कराई जाएगी। इसकी रिकार्डिंग डीवीआर में संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्यों द्वारा अपने पास सुरक्षित रखना होगा। इसे आवश्यकता पड़ने पर परिषद कार्यालय को उपलब्ध कराना पड़ सकता है।