7th Phase Election: पूर्वांचल की 54 में कम से कम 45-47 सीटें हम जीतेंगे, मतदान के बीच ओमप्रकाश राजभर ने किया दावा
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, अंबेडकर नगर और बलिया में एक भी सीट न भाजपा को मिलेगी न बसपा को मिलेगी। वाराणसी की 8 में से पांच सीटें हम जीतेंगे।
विस्तार
यूपी चुनाव के अंतिम चरण में पूर्वांचल के नौ जिलों की 54 विधानसभा सीटों के लिए मतदान जारी है। चुनाव परिणाम 10 मार्च को जारी होगा। इस बीच सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रही सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने 54 में से 45-47 सीटें जीतने का दावा किया है।
गाजीपुर के कासिमाबाद में एक मतदान केंद्र के बाहर उन्होंने कहा कि गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, अंबेडकर नगर और बलिया में एक भी सीट न भाजपा को मिलेगी न बसपा को मिलेगी। बनारस में 8 में से पांच सीटें हम जीतेंगे। पूर्वांचल में 54 सीटों का चुनाव हो रहा है इसमें हम कम से कम 45-47 सीटें जीतेंगे। चंदौली के चार में तीन, जौनपुर में सात सीट पर भी सपा गठबंधन की जीत का दावा किया।
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर इस चुनाव में भी सपा गठबंधन से लेकर चुनाव प्रचार तक लगातार सुर्खियों में रहें। इस चुनाव में सपा से गठबंधन से पूर्व इन्होंने भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया था। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने पर 18 सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिला। ओमप्रकाश राजभर खुद गाजीपुर के जहूराबाद सीट से चुनावी मैदान में हैं।
'भाजपा 100-150 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी'
राजभर इसी सीट से 2017 में चुनाव जीते थे। तब उनकी पार्टी ने भाजपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। उन्हें 18,000 से अधिक वोटों से जीत मिली थी लेकिन इसबार उनकी राह आसान नहीं है। भाजपा उम्मीदवार कालीचरण राजभर और बसपा उम्मीदवार शादाब फातिमा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
वहीं गाजीपुर में बसपा सांसद अफजल अंसारी ने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोज़गारी, डबल इंजन की सरकार की विफलता का मुद्दा सबसे बड़ा है। भाजपा अपने कुकर्मों को छिपाने के लिए दूसरे पर आरोप लगाती है लेकिन जनता सब जानती है और इसका फैसला जनता करेगी।
भाजपा 100-150 सीटों पर सिमटकर रह जाएगी। यूपी विधानसभा चुनाव के आखिरी चरण में वाराणसी, आजमगढ़ और मीरजापुर मंडलों के नौ जिलों वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, आजमगढ़, मऊ, मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही की 54 सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह 11 बजे तक 54 सीटों पर 21.55 फीसदी मतदान हुआ है।
'पिछली बार से ज्यादा बड़ी होगी भाजपा की जीत'
केंद्रीय मंत्री व अपना दल (एस) नेता अनुप्रिया सिंह पटेल ने मिर्जापुर में मतदान किया। उन्होंने कहा कि मैं पूरी तरीके से आश्वस्त हूं कि यहां हम सभी पांचों सीटे जीतेंगे। लोकतंत्र के इस महापर्व में मिर्जापुर एनडीए गठबंधन की जीत ही सुनिश्चित करने जा रहा है। विकास की दृष्टि से मिर्जापुर ने कई परियोजनाओं को आते हुए देखा है।
पिछले पांच वर्षों में विकास की दृष्टि से देखें तो बाण सागर परियोजना, जल जीवन मिशन के तहत कार्य, मेडिकल कॉलेज आदि विकास की श्रृंखला को देखते हुए भाजपा गठबंधन की जीत सुनिश्चित है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री राम शंकर सिंह पटेल ने मिर्जापुर में वोट डाला।
उन्होंने कहा कि पिछली बार हम 46,000 वोटों से जीते थे, इस बार हमें उम्मीद है कि हम पिछली बार से दोगुना वोटों से जीतेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नीलकंठ तिवारी ने वाराणसी में कहा कि सबसे आग्रह है कि घरों से निकलकर मतदान करें। जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काम को देख रही है और हमारा अनुमान है कि हम पिछली बार से ज़्यादा सीटे जीतेंगे।