सड़क हादसाः जौनपुर में ड्यूटी से घर जा रहे होमगार्ड और आजमगढ़ में दो युवकों की मौत, गाजीपुर में मिस्त्री की गई जान
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और जौनपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कुल तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के शिकार हुए तीनों लोग साइकिल सवार थे। दो लोगों की मौत मंगलवार रात को हुई वहीं एक अन्य ने बुधवार को दम तोड़ा।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और जौनपुर में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कुल तीन लोगों की मौत हो गई। पहली घटना आजमगढ़ की है जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों रिश्तेदारी में आयोजित तेरही भोज में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इधर, बुधवार सुबह जौनपुर के सरायख्वाजा थाने में तैनात होमगार्ड की खानपुर गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई।
ड्यूटी से घर लौटते समय वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। परसनी गांव निवासी रमाकांत पांडेय (57) होमगार्ड के पद पर तैनात थे। मंगलवार रात उनकी ड्यूटी थाने पर थी। सुबह ड्यूटी पूरा करने के बाद वह साइकिल से घर जा रहे थे। खानपुर गांव के पास किसी वाहन ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद वाहन उन्हें कुचलते हुए निकल गया।
बाद में आसपास के लोगों को जानकारी हुई तो उन्होंने थाने पर सूचना दी। पुलिस घायल होमगार्ड को जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर रमाकांत के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। रो-रोकर उनका बुरा हाल था। एसओ जगदीश कुशवाहा ने बताया कि ड्यूटी पूरा कर लौटते समय हादसा हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तेरही भोज में शामिल होकर लौट रहे थे घर
आजमगढ़ के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के चिवटही मार्ग पर कोनौली गांव के पास मंगलवार की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
गंभीरपुर निवासी शिवशंकर (23) पुत्र जयप्रकाश यादव व बेलऊ गांव निवासी सुधीर (26)पुत्र महाजन मंगलवार को रिश्तेदारी में तेरही भोज में शामिल होने के लिए सिंघड़ा गांव गए थे। देर रात लगभग 12 बजे दोनों साइकिल से घर लौट रहे थे। चिवटही मार्ग पर कोनौली गांव के पास ही पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों से सूचना मिलने के बाद गंभीरपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। वहीं घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को हुई तो कोहराम मच गया। मृतक शिवशंकर तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर और एक पुत्र का पिता था। वहीं सुधीर तीन भाई व एक बहन में सबसे छोटा था।
झोपड़ी में घुसी कार, कुचलकर मिस्त्री की मौत
गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद-मरदह मार्ग स्थित खोजवा गांव के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार कार सड़क किनारे झोपड़ी में घुस गई और उसमें सो रहे मिस्त्री की कुचलने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने भाग रहे कार सवार को दबोच लिया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।
गांव निवासी सुग्रीव चौहान (55) किसी दुकान में खराद मशीन पर काम करता था। रात में वह सड़क से दस मीटर दूर झोपड़ी में सो रहा था। देर रात 11 बजे तेज रफ्तार कार झोपड़ी में घुस गई और सो रहे सुग्रीव को कुचलते हुए जेनरेटर से टकराकर रुक गई। आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो चालक सहित कार में सवार लोग भागने लगे।
ग्रामीणों ने एक को दौड़ाकर पकड़ लिया। बाद में थानाध्यक्ष पन्नेलाल और जलालाबाद चौकी प्रभारी जितेंद कुमार पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल मिस्त्री की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। शव घर आते ही कोहराम मच गया।
मृतक के पुत्र सुशील की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष पन्नेलाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही एक व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की जा रही है।