वाराणसी में दर्दनाक हादसा: डिवाइडर से टकराकर 50 मीटर तक घसीटती गई कार, BSF जवान सहित तीन की मौत; एक गंभीर
UP Accident News: अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। मौके पर अफरातफरी मच गई। मौके पर एक की मौत हो गई और तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में दो अन्य की भी मौत हो गई। हादसे में कुल तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
विस्तार
Road Accident in Varanasi: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठटरा गांव स्थित वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर बने अंडरपास ब्रिज पर चढ़ते ही मां शारदा मंदिर पॉइंट के पास दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। सर्विस मार्ग पर शनिवार की दोपहर करीब 11 बजे प्रयागराज की ओर से आ रही एक कार ट्रक से टकराकर डिवाइडर पर चढ़ गई।
इसके बाद सड़क पर करीब 50 मीटर तक घसीटती गई। सर्विस मार्ग पर नाचते हुए एक दुकान के पास जाकर रुक गई। कार में सवार चार लोग की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुन ग्रामीणों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सरकारी एंबुलेंस बुलाकर घायलों को स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। एंबुलेंस पहले कछवां स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया था।
परिजनों में मचा कोहराम
ठटरा गांव में शनिवार को नेशनल हाईवे के अंडरपास ब्रिज पर चढ़ते ही एक ट्रक की टक्कर से कार डिवाइडर से टकरा कर सर्विस रोड पर पहुंच गई। हादसे में बीएसएफ के एक जवान सहित तीन युवकों की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना पाकर मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया।
प्रयागराज के सराय इनायत थाना क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी अमन यादव (25) बीएसएफ के जवान थे। अमन दिल्ली में तैनात थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रयागराज के झूंसी निवासी विनय यादव (24) ने पुलिस को बताया कि अमन यादव, अफजल उर्फ फैजल (24) और अरबाज (27) उनके दोस्त थे।
झूंसी निवासी अफजल उर्फ फैजल और अरबाज चचेरे भाई थे। अमन को वाराणसी में रेलवे से संबंधित कोई प्रतियोगी परीक्षा देनी थी। अफजल ने अपने एक दोस्त की कार ली। कार से उन्हें, विनय और झूंसी के अरबाज (27) को लेकर फैजल वाराणसी के लिए निकला।
परीक्षा देने जा रहा था अमन
ठटरा गांव नेशनल हाईवे के अंडरपास ब्रिज पर चढ़ते ही ओवरटेक के दौरान एक ट्रक की टक्कर से उनकी कार डिवाइडर से टकरा कर फिरंगी के जैसे घूमते हुए सर्विस रोड पर पहुंच गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और चारों को अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में अमन, अफजल उर्फ फैजल और अरबाज को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
उधर, हादसे के बाद ठटरा में प्रयागराज-वाराणसी हाईवे की सर्विस लेन पर कुछ देरी के लिए जाम लग गया था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से हटवा कर अपने कब्जे में लिया। इसके बाद आवागमन सामान्य हुआ। उधर, मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों युवकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। सीसी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले ट्रक को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
एंबुलेंस जल्दी आई होती तो शायद बच जाती जान
ठटरा में जहां हादसा हुआ, उसके समीप एक लाइब्रेरी है। हादसा होने के बाद लाइब्रेरी के छात्र ही सबसे पहले घायल युवकों की मदद के लिए पहुंचे थे। छात्रों ने कहा कि उन्होंने चार बार फोन किया, लेकिन सरकारी एंबुलेंस नहीं आई। घटनास्थल पर पुलिस आई और फोन किया तो लगभग 45 मिनट की देरी से एंबुलेंस आई। छात्रों का कहना था कि यदि एंबुलेंस जल्दी आ गई होती तो शायद घायल युवकों का उपचार और पहले शुरू हो जाता। इससे शायद युवकों की जान बच जाती।