यूपी: सहेली के साथ दो दिन से लापता हुईं सगी बहनें, पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई गुहार
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में दो सगी बहने अपनी सहेली के साथ पिधले दो दिनों से लापता हैं। परिजनों ने सोमवार को एसपी से मिलकर उनको ढूंढने की गुहार लगाई है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इसके लिए दो टीमों का गठन कर दिया गया है।
आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी दो बहनें दो दिन से सहेली के साथ लापता हैं। तीनों का पता नहीं चलने पर रविवार को परिजनों ने सिधारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सिधारी थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के अनुसार, 14 मार्च को उसकी 12 और 15 साल की दो बेटियां एक सहेली के बुलाने पर उसके घर गई थीं। दोनों ने बताया था कि सहेली के घर पूजा है। देर रात तक दोनों घर नहीं लौटी तो परिवार के लोग खोजबीन करते हुए उनकी सहेली के घर पहुंचे।
पता चला कि वहां किसी तरह की पूजा का आयोजन नहीं था और सहेली भी घर से गायब थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने रविवार को सिधारी थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
सोमवार को परिवार के सदस्यों ने एसपी से मिलकर तीनों की खोजबीन की गुहार लगाई। सीओ सिटी इला मारन ने बताया कि तीनों का पता लगाया जा रहा है। इसके लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं।