ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर, पहिया से दबकर जीजा-साले की मौत
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक्सीडेंट के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र के कुसुम्हली कला गांव निवासी राजमन ठठेरा का पुत्र मुंशी ठठेरा(25) तीन दिन पहले घर आए आजमगढ़ जिला के लुटवी थाना के लाटघाट निवासी अपने साले रामप्यारे ठठेरा(21) के यहां घर पर आए थे। सोमवार को वह बाइक पर सवार होकर बर्तन खरीदने के लिए जंगीपुर गए थे।
खरीददारी करने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान दिन में करीब 12 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के तलवल मोड़ के पास वाराणसी की तरफ से गाजीपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। ट्रक की जोरदार टक्कर से गिर गए और पिछले पहिए के नीचे आ गए। इस दौरान दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक फरार हो गया। बाइक ट्रक में फंसकर घटनास्थल से करीब पांच सौ मीटर महाराजगंज पेट्रोल पंप के पास तक गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लेते हुए दुर्घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी धनंजय मिश्रा ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर चालक की तलाश शुरू की जाएगी।