आजमगढ़ में अवैध असलहे बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, नौ तमंचे के साथ दो गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ पुलिस को मंगलवार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौरा (नीबी खुर्द) गांव में तमसा नदी के किनारे झाड़ियों में चल रही अवैध तमंचा फैक्ट्री पर मंगलवार की सुबह पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जबकि एक आरोपी फरार हो गया।
एसपी प्रो. त्रिवेणी सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मुबारकपुर थाने के बम्हौर गांव निवासी बच्चे लाल पुत्र देवनाथ और मोहब्बतपुर गांव निवासी सुभाष राजभर पुत्र बृज का नाम शामिल है। जबकि फरार होने वाला बदमाश प्रकाश यादव पुत्र लालचंद है।
एसपी के मुताबिक प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर अखिलेश कुमार मिश्रा ने मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम के साथ बम्हौर (नीबी खुर्द) गांव में स्थित तमसा नदी के किनारे झाड़ी में चल रही अवैध तमंचा फैक्ट्री पर छापेमारी की। बच्चे लाल और सुभाष गिरफ्तार कर लिए गए जबकि प्रकाश यादव फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से 315 बोर का पांच तमंचा, 303 बोर का चार तैयार तमंचा, पांच अर्द्धनिर्मित तमंचा, चार जोड़ी तमंचा की बॉडी, दो कारतूस, दो खोखा, एक भट्ठी, कोयला, पांच लोहे की छेनी, एक निहाई, दो लोहे का वर्मा, 11 कांटी, दो लोहे की प्लेट आदि बरामद किया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे यहां काफी दिनों से तमंचे बना रहे थे। यहीं पर ग्राहक बुलाकर तुरंत बेच भी दिया करते थे। एसपी ने बताया कि अवैध असलहा बनाने और बेचने वालों के ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस अब तक 124 से अधिक असलहे बरामद कर चुकी है।
पुलिस उन लोगों की भी तलाश में जुटी हुई है, जिन लोगों ने इनके यहां से अवैध असलहा खरीदा है। एसपी ने मुबारकपुर पुलिस टीम को दस हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।